Wednesday, August 25, 2021

29 सूरह अन अनक़बूत

सूरह अन अनक़बूत मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 69 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अलिफ़ लाम मीम. 
2. क्या लोग इस गुमान में हैं कि उनके सिर्फ़ यह कह देने से कि हम ईमान ले आए, उन्हें छोड़ दिया जाएगा और उनकी आज़माइश नहीं की जाएगी.
3. और बेशक हमने उन लोगों को भी आज़माया था, जो उनसे पहले गुज़र चुके हैं. यक़ीनन अल्लाह आज़माइश के ज़रिये उन लोगों को भी ज़ाहिर कर देगा, जो ईमान के सच्चे और उन्हें भी जो झूठे हैं. 
4. जो लोग बुरे काम करते हैं, क्या वे इस गुमान में हैं कि वे हमसे बचकर निकल जाएंगे. वे लोग कितने बुरे फ़ैसले करते हैं.
5. जो शख़्स अल्लाह से मुलाक़ात की उम्मीद रखता है, तो बेशक अल्लाह का मुक़र्रर किया हुआ वक़्त आने वाला है. और वह ख़ूब सुनने वाला बड़ा साहिबे इल्म है.
6. और जो शख़्स राहे हक़ में जद्दोजहद करता है, तो अपने फ़ायदे के लिए ही मेहनत करता है. बेशक अल्लाह तमाम आलमों से बेनियाज़ है.
7. और जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो हम उनकी सारी ख़तायें उनके आमालनामे से मिटा देंगे. और बेशक हम उन्हें उनके आमाल की अच्छी जज़ा देंगे.
8. और हमने इंसान को अपने वालिदैन के साथ हुस्ने सुलूक करने का हुक्म दिया है. और अगर तेरे वालिदैन हमारे साथ किसी को शरीक बनाएं, जिसका तुझे इल्म न हो, तो उनका कहना मत मानना. तुम सबको हमारी तरफ़ ही लौटना है. हम तुम्हें उन आमाल से आगाह कर देंगे, जो तुम किया करते हो. 
9. और जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो हम उन्हें नेक लोगों में शामिल करेंगे. 
10. और कुछ लोग ऐसे भी हैं जो कहते हैं कि हम अल्लाह पर ईमान लाए. फिर जब उन्हें अल्लाह की राह में कोई तकलीफ़ पहुंचती है, तो वे लोगों की दी हुई अज़ीयत को अल्लाह का अज़ाब समझते हैं. और अगर तुम्हारे पास तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से मदद पहुंचती है, तो यक़ीनन वे कहते हैं कि हम तो तुम्हारे साथ ही हैं. क्या अल्लाह उन उन बातों से वाक़िफ़ नहीं है, जो आलम वालों के दिलों में पोशीदा हैं.
11. और अल्लाह उन लोगों को ज़रूर ज़ाहिर कर देगा, जो दिल से ईमान लाए हैं और वह उन्हें भी ज़ाहिर कर देगा, जो मुनाफ़िक़ हैं. 
12. और कुफ़्र करने वाले लोग ईमान लाने वाले लोगों से कहते हैं कि तुम हमारी राह की पैरवी करो. हम तुम्हारी ख़ताओं का बोझ उठा लेंगे. हालांकि वे लोग उनके गुनाहों का कुछ भी बोझ नहीं उठाएंगे. बेशक वे लोग झूठे हैं.
13. और यक़ीनन वे लोग अपने गुनाह के बोझ उठाएंगे और अपने बोझों के साथ अपने ऊपर लादे दूसरों के बोझ भी उठाएंगे. और क़यामत के दिन उनसे उन बोहतानों के बारे में भी पूछगछ होगी, जो वे गढ़ा करते थे.  
14. और बेशक हमने नूह अलैहिस्सलाम को उनकी क़ौम के पास भेजा, तो वे उनमें पचास बरस कम एक हज़ार बरस रहे. फिर उन्हें तूफ़ान ने अपनी गिरफ़्त में ले लिया. और वे ज़ालिम थे.
15. फिर हमने नूह अलैहिस्सलाम और कश्ती वालों को बचा लिया और हमने इसे तमाम आलमों के लोगों के लिए निशानी बना दिया.
16. और इब्राहीम अलैहिस्सलाम को याद करो कि जब उन्होंने अपनी क़ौम से कहा कि अल्लाह की इबादत करो और उससे डरो. यह तुम्हारे हक़ में बेहतर है. अगर तुम जानते हो.
17. बेशक तुम अल्लाह के सिवा बुतों को पुकारते हो और झूठी बातें गढ़ते हो. बेशक तुम अल्लाह के सिवा जिन्हें पुकारते हो, वे तुम्हें रिज़्क़ देने का कुछ भी इख़्तियार नहीं रखते. फिर तुम सिर्फ़ अल्लाह की बारगाह से रिज़्क़ तलब किया करो और उसी की इबादत करो और उसका शुक्र अदा करो. तुम्हें उसकी तरफ़ ही लौटना है.
18. और अगर तुमने हक़ को झुठलाया, तो तुमसे पहले भी बहुत सी उम्मतें झुठला चुकी हैं. और रसूल की ज़िम्मेदारी सिर्फ़ वाज़ेह तौर पर अहकाम पहुंचाने तक ही है.
19. क्या उन्होंने नहीं देखा कि अल्लाह किस तरह मख़लूक़ को पहली मर्तबा पैदा करता है. फिर वही उसे दोबारा पैदा करेगा. बेशक अल्लाह के लिए यह बहुत आसान है.
20. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि ज़मीन में चल फिर कर देखो कि अल्लाह ने किस तरह मख़लूक़ को पहली मर्तबा पैदा किया. फिर अल्लाह ही उन्हें दोबारा ज़िन्दा करके उठाएगा. बेशक अल्लाह हर चीज़ पर क़ादिर है.
21. अल्लाह जिस पर चाहे अज़ाब नाज़िल करे और जिस पर चाहे रहम करे. और तुम्हें उसकी तरफ़ ही लौटना है.
22. और तुम अल्लाह को न ज़मीन में आजिज़ कर सकते हो और न आसमानों में. और अल्लाह के सिवा तुम्हारा न कोई कारसाज़ है और न कोई मददगार है. 
23. और जिन लोगों ने अल्लाह की आयतों और उससे मिलने से कुफ़्र यानी इनकार किया. वे लोग हमारी रहमत से मायूस हो गए. और उन्हीं लोगों के लिए दर्दनाक अज़ाब है.
24. फिर इब्राहीम अलैहिस्सलाम की क़ौम का जवाब इसके सिवा कुछ नहीं था कि वे लोग आपस में कहने लगे कि इन्हें क़त्ल कर दो या इन्हें जला दो. फिर अल्लाह ने उन्हें आग से निजात दी. बेशक इसमें उस क़ौम के लिए बहुत सी निशानियां हैं, जो ईमान वाली है. 
25. और इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने अपनी क़ौम से कहा कि फिर तुमने अल्लाह के सिवा बुत बना लिए हैं, जिनसे तुम्हारी मुहब्बत दुनिया की ज़िन्दगी तक ही है. फिर क़यामत के दिन तुम एक दूसरे से इनकार करोगे और एक दूसरे पर लानत भेजोगे. और तुम्हारा ठिकाना दोज़ख़ है और तुम्हारा कोई मददगार भी नहीं होगा.
26. फिर लूत अलैहिस्सलाम उन पर यानी इब्राहीम अलैहिस्सलाम पर ईमान लाए और उन्होंने कहा कि मैं अपने परवरदिगार की तरफ़ हिजरत करने वाला हूं. बेशक वह बड़ा ग़ालिब बड़ा हिकमत वाला है.
27. और हमने इब्राहीम अलैहिस्सलाम को इसहाक़ अलैहिस्सलाम और याक़ूब अलैहिस्सलाम अता किए. और हमने इब्राहीम अलैहिस्सलाम की औलादों को नबुवत और किताब अता की. और हमने उन्हें दुनिया में भी अच्छा अज्र दिया और बेशक वे आख़िरत में भी हमारे स्वाहिलीन बन्दों में से हैं.
28. और जब लूत अलैहिस्सलाम ने अपनी क़ौम से कहा कि बेशक तुम बेहयाई के काम करते हो. तुमसे पहले तमाम आलम में किसी ने ऐसा नहीं किया.
29. क्या तुम लोग अपनी शहवत पूरी करने के लिए मर्दों के पास जाते हो और राहज़नी करते हो और अपनी महफ़िलों में नाशाइस्ता हरकतें करते हो, तो उनकी क़ौम का जवाब भी इसके सिवा कुछ नहीं था कि वे कहने लगे कि तुम हम पर अज़ाब ले आओ. अगर तुम सच्चे हो.
30. लूत अलैहिस्सलाम ने अर्ज़ किया कि ऐ हमारे परवरदिगार ! इन मुफ़सिद क़ौम के मुक़ाबले में मेरी मदद फ़रमा.
31. और जब हमारे भेजे हुए फ़रिश्ते इब्राहीम अलैहिस्सलाम के पास ख़ुशख़बरी लेकर आए, तो वे यह भी कहने लगे कि बेशक हम बस्ती के बाशिन्दों को हलाक करने वाले हैं, क्योंकि बेशक इस बस्ती के बाशिन्दे ज़ालिम हैं. 
32. इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने कहा कि बेशक इस बस्ती में लूत अलैहिस्सलाम भी हैं. वे कहने लगे कि हम इस बस्ती के बाशिन्दों को ख़ूब जानते हैं. हम उन्हें और उनके घरवालों को बचा लेंगे, सिवाय उनकी बीवी के, जो पीछे रह जाने वालों में से है.
33. और जब हमारे भेजे हुए फ़रिश्ते लूत अलैहिस्सलाम के पास आए, तो वे उनके आने से ग़मगीन और तंग दिल हो गए. फ़रिश्तों ने कहा कि तुम न ख़ौफ़ज़दा हो और न ग़मज़दा हो. बेशक हम तुम्हें और तुम्हारे घरवालों को बचा लेंगे, सिवाय तुम्हारी बीवी के, जो पीछे रह जाने वालों में से है.
34. बेशक हम उस बस्ती के बाशिन्दों पर आसमान से अज़ाब नाज़िल करने वाले हैं, क्योंकि वे लोग नाफ़रमानी किया करते थे.
35. और बेशक हमने उस बस्ती के वीरान मकानों को उस क़ौम के लिए एक वाज़ेह निशानी के तौर पर बरक़रार रखा है, जो अक़्ल से काम लेती है.
36. और हमने मदीन की तरफ़ उनके क़ौमी भाई शुऐब अलैहिस्सलाम को भेजा. फिर उन्होंने कहा कि ऐ मेरी क़ौम ! अल्लाह की इबादत किया करो और रोज़े आख़िरत के दिन की उम्मीद रखो और ज़मीन में फ़साद फैलाते मत फिरो.
37. फिर उन्होंने शुऐब अलैहिस्सलाम को झुठलाया, तो उन्हें ज़लज़ले के अज़ाब ने अपनी गिरफ़्त में ले लिया और वे अपने घरों में औंधे पड़े रह गए.
38. और हूद अलैहिस्सलाम की क़ौम आद और सालेह अलैहिस्सलाम की क़ौम समूद को भी हलाक कर दिया. और उनके कुछ उजड़े हुए मकान तुम्हारे सामने हैं. और शैतान ने उनके बुरे आमाल को उन्हें आरास्ता करके दिखाया था. फिर उन्हें सीधे रास्ते पर चलने से रोक दिया था. हालांकि वे लोग सूझबूझ वाले थे.
39. और हमने क़ारून और फ़िरऔन और हामान को भी हलाक कर दिया. उनके पास मूसा अलैहिस्सलाम वाजे़ह निशानियां लेकर आए थे, तो उन्होंने ज़मीन में तकब्बुर किया और वे हद से तजावुज़ करने वाले थे.
40. फिर हमने उनके गुनाहों के सबब उन्हें गिरफ़्त में ले लिया. उनमें से कुछ लोगों पर पत्थर वाली आंधी चलाई और कुछ लोगों को एक सख़्त चीख़ ने अपनी गिरफ़्त में ले लिया और कुछ लोगों को ज़मीन में धंसा दिया और कुछ लोगों को ग़र्क कर दिया. और हरगिज़ ऐसा नहीं था कि अल्लाह उन पर ज़ुल्म करे, बल्कि उन लोगों ने ख़ुद ही अपनी जानों पर ज़ुल्म किया.  
41. जिन लोगों ने अल्लाह को छोड़कर दूसरे सरपरस्त बना रखे हैं, उनकी मिसाल उस मकड़ी जैसी है जो अपने लिए जाले का घर बनाती. और बेशक तमाम घरों से ज़्यादा कमज़ोर मकड़ी का घर होता है. काश ! वे लोग जानते.
42. बेशक अल्लाह उन लोगों से ख़ूब वाक़िफ़ हैं, जो उसके सिवा दूसरों को पुकारते हैं. और वह बड़ा ग़ालिब बड़ा हिकमत वाला है.
43. और हम ये मिसालें लोगों को समझाने के लिए बयान करते हैं. और इन्हें आलिमों के सिवा कोई नहीं समझता.
44. अल्लाह ने आसमानों और ज़मीन की हिकमत के साथ तख़लीक़ की है. बेशक मोमिनों के लिए इसमें बड़ी निशानी है.
45. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम उस किताब की तिलावत किया करो, जो तुम्हारे पास वही की गई है. और पाबंदी से नमाज़ पढ़ो. बेशक नमाज़ बेहयाई और बुराई से रोकती है. और अल्लाह का ज़िक्र सबसे बड़ा है. और अल्लाह उन कामों को जानता है, जिन्हें तुम अंजाम देते हो.
46. और ऐ ईमान वालो ! अहले किताब से झगड़ा मत किया करो. अगर बात करो, तो अच्छे तरीक़े से करो. लेकिन उनमें से जिन लोगों ने तुम पर ज़ुल्म किया है, उनसे कह दो कि जो किताब हम पर नाज़िल हुई और जो किताबें तुम पर नाज़िल हुई हैं, हम उन सब पर ईमान लाए हैं और हमारा और तुम्हारा माबूद एक ही है और हम उसी के फ़रमाबरदार हैं.
47. और उसी तरह हमने तुम पर किताब यानी क़ुरआन नाज़िल किया है. हमने पहले जिन लोगों को किताबें अता की थीं, वे इस पर ईमान ले आए. और अहले मक्का में से भी कुछ लोग इस पर ईमान लाए हैं. और हमारी आयतों से काफ़िरों के सिवा कोई इनकार नहीं करता.
48. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुमने इससे पहले कोई किताब नहीं पढ़ी थी और न अपने हाथ से तुमने कुछ लिखा था. अगर ऐसा होता, तो झूठे लोग शक में मुब्तिला हो जाते.
49. बल्कि वे क़ुरआन की वाज़ेह आयतें हैं, जो उन लोगों के दिलों में महफ़ूज़ हैं, जिन्हें इल्म अता किया गया है. और हमारी आयतों से ज़ालिमों के सिवा कोई इनकार नहीं करता.. 
50. और काफ़िर कहते हैं कि उन पर यानी रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के परवरदिगार की तरफ़ से निशानियां नाज़िल क्यों नहीं की गईं. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम उनसे कह दो कि निशानियां तो सिर्फ़ अल्लाह ही के पास हैं और मैं तो सिर्फ़ सरीह अज़ाब से ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर हूं. 
51. क्या उन लोगों के लिए यह निशानी काफ़ी नहीं कि हमने तुम पर किताब यानी क़ुरआन नाज़िल किया है, जो उनके सामने पढ़ा जाता है. बेशक इसमें उस क़ौम के लिए रहमत और ज़िक्र है, जो ईमान वाली है..
52. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मेरे और तुम्हारे दरम्यान गवाही के लिए अल्लाह ही काफ़ी है. वह सब जानता है, जो कुछ आसमानों और ज़मीन में है. और जिन लोगों ने बातिल को माना और अल्लाह से कुफ़्र यानी इनकार किया, वही नुक़सान उठाने वाले हैं.
53. और वे लोग तुमसे अज़ाब के लिए जल्दी कर रहे हैं. अगर अज़ाब का वक़्त मुक़र्रर नहीं होता, तो उन पर अज़ाब आ चुका होता. और वह उन पर अचानक आएगा और उन्हें इसका शऊर भी नहीं होगा.
54. वे लोग तुमसे अज़ाब के लिए जल्दी करते हैं और बेशक जहन्नुम काफ़िरों को घेरने वाली है.
55. जिस दिन अज़ाब उन्हें ऊपर और नीचे से ढक लेगा और उनसे कहा जाएगा कि अब उसका ज़ायक़ा चखो, जो कुछ तुम किया करते थे.
56. ऐ हमारे बन्दो ! अगर तुम ईमान लाए हो, तो बेशक हमारी ज़मीन वसीह है. फिर तुम हमारी ही इबादत किया करो.
57. हर शख़्स मौत का ज़ायक़ा चखने वाला है. फिर तुम्हें हमारी तरफ़ ही लौटना है.
58. और जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो उन्हें हम जन्नत के ऊंचे महलों में जगह देंगे, जिनके नीचे नहरें बहती हैं. वे हमेशा उनमें रहेंगे. यह नेक अमल करने वालों का बहुत ही अच्छा अज्र है. 
59. यही वे लोग हैं, जिन्होंने सब्र किया और वे अपने परवरदिगार पर भरोसा करते हैं.
60. और बहुत से जानवर अपना रिज़्क़ उठाये नहीं फिरते. अल्लाह उन्हें भी रिज़्क़ देता है और तुम्हें भी. और वह ख़ूब सुनने वाला बड़ा साहिबे इल्म है.
61. और अगर तुम उनसे दरयाफ़्त करो कि आसमानों और ज़मीन की किसने तख़लीक़ की है और चांद और सूरज को किसने काम में लगाया है, तो वे कह देंगे कि अल्लाह ने. फिर वे लोग कहां भटक रहे हैं?
62. अल्लाह ही अपने बन्दों में से जिसके लिए चाहता है रिज़्क़ कुशादा कर देता है और जिसके लिए चाहता है तंग कर देता है. बेशक अल्लाह हर चीज़ का जानने वाला है.
63. और अगर तुम उनसे दरयाफ़्त करो कि किसने आसमान से पानी बरसाया. फिर उसके ज़रिये मुर्दा ज़मीन को ज़िन्दा यानी बंजर ज़मीन को शादाब किया, तो वे कह देंगे कि अल्लाह ने. तुम कह दो कि अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं, बल्कि उनमें से बहुत से लोग नहीं समझते.
64. और यह दुनिया की ज़िन्दगी खेल और तमाशे के सिवा कुछ नहीं है. और बेशक आख़िरत का घर ही असली ज़िन्दगी है. काश ! वे लोग जानते. 
65. फिर जब वे लोग कश्ती में सवार होते हैं, तो अल्लाह को पुकारते हैं और उसकी ख़ालिस इबादत करने लगते हैं. फिर जब वह उन्हें ख़ुश्की में पहुंचा कर निजात दे देता है, तो वे फ़ौरन शिर्क करने लगते हैं.
66. ताकि उस नेअमत की नाशुक्री करें, जो हमने उन्हें अता की है. और वे फ़ायदा उठाते रहें. फिर वे अनक़रीब ही अपना अंजाम जान लेंगे.
67. क्या उन्होंने नहीं देखा कि बेशक हमने हरम को अमन की जगह बनाया. और उसके आसपास के लोग उचक लिए जाते हैं, तो क्या वे लोग फिर भी बातिल पर यक़ीन रखते हैं और अल्लाह की नेअमतों की नाशुक्री करते हैं.
68. और उससे बढ़कर ज़ालिम कौन हो सकता है, जो अल्लाह के बारे में झूठ बोहतान बांधे या जब हक़ उसके पास आए, तो उसे झुठला दे. क्या काफ़िरों का ठिकाना जहन्नुम में नहीं है?
69. और जो लोग हमारी राह में जिहाद करते हैं, तो हम यक़ीनन उन्हें अपनी राह दिखा देते हैं. और बेशक अल्लाह मोहसिनों के साथ है.

Tuesday, August 24, 2021

30 सूरह अर रूम

सूरह अर रूम मक्का मदीना में नाज़िल हुई और इसकी 60 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अलिफ़ लाम मीम.
2.  अहले रूम फ़ारस से मग़लूब हो गए.
3. नज़दीक के मुल्क में और वे अपने मग़लूब हो जाने के बाद अनक़रीब ग़ालिब हो जाएंगे.
4. कुछ ही साल में. हर काम अल्लाह ही का है. वे पहले फ़ारस में भी और उसके बाद रूम में भी ग़ालिब होंगे. और उस दिन मोमिन ख़ुश हो जाएंगे.
5. अल्लाह की मदद से. वह जिसकी चाहता है मदद करता है. और वह बड़ा ग़ालिब बड़ा मेहरबान है.
6. यह अल्लाह का वादा है. अल्लाह वादा ख़िलाफ़ी नहीं करता. लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते.
7. वे लोग सिर्फ़ दुनिया की ज़ाहिरी ज़िन्दगी को ही जानते हैं और आख़िरत से बिल्कुल ग़ाफ़िल हैं.
8. क्या उन्होंने अपने दिल में इतना भी ग़ौर नहीं किया कि अल्लाह ने आसमानों और ज़मीन और जो कुछ इन दोनों के दरम्यान है, उन्हें हक़ के साथ एक मुक़र्रर मुद्दत के लिए ही तख़लीक़ किया है. और बेशक बहुत से लोग अपने परवरदिगार से मिलने से कुफ़्र यानी इनकार करते हैं. 
9. क्या उन लोगों ने ज़मीन में चल फिर कर नहीं देखा कि जो लोग उनसे पहले गुज़र चुके हैं, उनका क्या अंजाम हुआ. वे लोग क़ूवत में उनसे कहीं बढ़कर थे और उन्होंने उनसे ज़्यादा ज़मीन में काश्त की और उसे आबाद किया था. और उनके पास भी रसूल वाज़ेह निशानियां लेकर आए थे. ऐसा नहीं था कि अल्लाह उन पर कोई ज़ुल्म करता, लेकिन वे ख़ुद ही अपनी जानों पर ज़ुल्म करते रहे.
10. फिर जिन लोगों ने बुराई की, उनका अंजाम बहुत ही बुरा हुआ, क्योंकि उन्होंने अल्लाह की आयतों को झुठलाया और उनका मज़ाक़ उड़ाया था.
11. अल्लाह ही है, जिसने मख़लूक़ को पहली मर्तबा पैदा किया. फिर वही उसे दोबारा पैदा करेगा. फिर तुम्हें उसकी तरफ़ ही लौटना है. 
12. और जिस दिन क़यामत बरपा होगी, तो गुनाहगार लोग मायूस हो जाएंगे.
13. और उनके मनगढ़ंत शरीकों में से कोई भी उनका सिफ़ारिशी नहीं होगा और वे अपने शरीकों को मानने से कुफ़्र यानी इनकार कर देंगे. 
14. और जिस दिन क़यामत बरपा होगी, तो उस दिन लोगों के जुदा-जुदा फ़िरक़े हो जाएंगे.
15. फिर जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो वे जन्नत के बाग़ों में ख़ुशहाल होंगे.
16. और जिन लोगों ने कुफ़्र किया और हमारी आयतों और आख़िरत के मिलने को झुठलाया, तो उन्हें अज़ाब में हाज़िर किया जाएगा. 
17. फिर तुम सुबह व शाम अल्लाह की तस्बीह किया रहो. 
18. और आसमानों और ज़मीन में अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है, यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं. और तुम तस्बीह किया करो तीसरे पहर और दोपहर में भी.
19. वह अल्लाह ही है, जो ज़िन्दा को मुर्दे से निकालता है और मुर्दे को ज़िन्दा से निकालता है. और वही मुर्दा ज़मीन को ज़िन्दा करता है, यानी बंजर ज़मीन को शादाब करता है. इसी तरह तुम क़ब्रों में से निकाले जाओगे.
20. और अल्लाह की क़ुदरत की निशानियों में यह भी है कि उसने तुम्हें मिट्टी से पैदा किया. फिर तुम आदमी बनकर ज़मीन में फैले हुए हो.
21. और अल्लाह की क़़ुदरत की निशानियों में से यह भी है कि उसने तुम्हारे लिए तुम्हारी ही जिन्स के जोड़े बनाए, ताकि तुम चैन से रहो. और तुम्हारे दरम्यान मुहब्बत और रहमत पैदा कर दी. बेशक इसमें उस क़ौम के लिए बहुत सी निशानियां हैं, जो ग़ौर व फ़िक्र करती है.
22. और अल्लाह की क़़ुदरत की निशानियों में आसमानों और ज़मीन की तख़लीक़ भी है और तुम्हारी ज़बानों और रंग का मुख़्तलिफ़ होना भी है. बेशक आलिमों के लिए इसमें बहुत सी निशानियां हैं.
23. और अल्लाह की क़ुदरत की निशानियों में रात और दिन में तुम्हारा सोना और उसका फ़ज़ल यानी रिज़्क़ का तलाश करना भी है. बेशक इसमें उस क़ौम के लिए बहुत सी निशानियां हैं, जो ग़ौर से सुनती है.
24. और अल्लाह की क़़ुदरत की निशानियों में से यह भी है कि वह तुम्हें ख़ौफ़ और उम्मीद दिलाने के लिए बिजली दिखाता है और आसमान से बारिश बरसाता है. फिर उसके ज़रिये मुर्दा ज़मीन को ज़िन्दा यानी बंजर ज़मीन को शादाब करता है. बेशक इसमें उस क़ौम के लिए बहुत सी निशानियां हैं, जो अक़्ल से काम लेती है.
25. और अल्लाह की क़़ुदरत की निशानियों में से यह भी है कि आसमान और ज़मीन उसके हुक्म से क़ायम हैं. फिर जब वह तुम्हें आवाज़ देगा, तो तुम सब ज़मीन में से बाहर निकल आओगे.
26. और जो कुछ आसमानों और ज़मीन में है, सब उसी का है और सब उसी के फ़रमाबरदार हैं.
27. और वह अल्लाह ही है, जो पहली मर्तबा तख़लीक़ करता है. फिर वही दोबारा तख़लीक़ करेगा. और उसके लिए यह बहुत आसान है. और आसमानों और ज़मीन में वही आलीशान है. और वह बड़ा ग़ालिब बड़ा हिकमत वाला है.
28. उसी अल्लाह ने तुम्हारे लिए तुम्हारी ही एक मिसाल बयान की है. हमने जो कुछ तुम्हें अता किया है, क्या उसमें तुम्हारे ग़ुलाम भी शरीक हैं कि तुम मिल्कियत में सब बराबर हो जाओ. क्या तुम उनसे ऐसा ही ख़ौफ़ रखते हो जैसा तुम्हें अपने घरवालों से होता है? हम अक़्लमंद क़ौम के लिए अपनी निशानियां तफ़सील से बयान करते हैं. यानी अल्लाह का कोई शरीक नहीं है. वही वाहिद है.
29. बल्कि ज़ुल्म करने वाले लोग बग़ैर इल्म के अपनी ख़्वाहिशों की पैरवी करते हैं. फिर अल्लाह जिसे गुमराही में छोड़ दे, तो उसे कौन हिदायत दे सकता है. और उन लोगों का कोई मददगार भी नहीं है. 
30. फिर तुम एक तरफ़ होकर अपना रुख़ दीन पर क़ायम रखो. यह अल्लाह की फ़ितरत है, जिस पर उसने लोगों को पैदा किया है. अल्लाह की तख़लीक़ में कोई तबदीली नहीं होगी. यही सीधा दीन है. लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते.
31. तुम सब उसी अल्लाह की तरफ़ रुजू किए रहो और उसी से डरते रहो और नमाज़ पढ़ते रहो और मुशरिकों में से न हो जाना,
32. उन यहूद और नसारा में से भी न होना, जिन्होंने अपने दीन के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और ख़ुद को फ़िरक़ों में तक़सीम कर लिया. और सब फ़िरक़े उसी से ख़ुश हैं, जो उनके पास है. 
33. और जब लोगों को कोई तकलीफ़ पहुंचती है, तो वे अपने परवरदिगार की तरफ़ रुजू होकर उसे पुकारते हैं. फिर जब वह उन्हें अपनी रहमत का ज़ायक़ा चखा देता है, तो फिर उन्हीं में से कुछ लोग अपने परवरदिगार के साथ शिर्क करने लगते हैं.
34. ताकि उस नेअमत की नाशुक्री करें, जो हमने उन्हें अता की है. फिर तुम कुछ वक़्त दुनिया में फ़ायदा उठा लो. फिर अनक़रीब तुम अपने अंजाम को जान लोगे.
35. क्या हमने उन पर कोई ऐसी दलील नाज़िल की है, जो उन्हें अल्लाह के साथ शिर्क करना बताती है. 
36. और जब हम लोगों को अपनी रहमत का ज़ायक़ा चखाते हैं, तो वे उससे ख़ुश हो जाते हैं. और अगर उन्हें उनके ही हाथों हुए बुरे आमाल की वजह से कोई तकलीफ़ पहुंचती है, तो वे फ़ौरन मायूस हो जाते हैं.
37. क्या उन्होंने नहीं देखा कि अल्लाह जिसके लिए चाहता है रिज़्क़ कुशादा कर देता है और जिसके लिए चाहता है तंग कर देता है. बेशक इसमें उस क़ौम के लिए बहुत सी निशानियां हैं, जो ईमान वाली है. 
38. फिर तुम अपने रिश्तेदारों और मिस्कीनों और मुसाफ़िरों को उनका हक़ देते रहो. यह उन लोगों के हक़ में बेहतर है, जो अल्लाह की ख़ुशनूदी चाहते हैं. और वही लोग कामयाबी पाने वाले हैं.
39. और तुम जो माल ब्याज़ पर देते हो, ताकि वह लोगों के माल में मिलकर बढ़ता रहे, तो वह अल्लाह के नज़दीक नहीं बढ़ेगा. और तुम जो माल अल्लाह की ख़ुशनूदी की चाह में ज़कात व ख़ैरात के तौर पर देते हो, तो वही लोग अपना माल बढ़ाने वाले हैं.
40. अल्लाह ही है, जिसने तुम्हें पैदा किया. फिर तुम्हें रिज़्क़ दिया. फिर वही तुम्हें मौत देता है और फिर वही तुम्हें दोबारा ज़िन्दगी बख़्शेगा. क्या तुम्हारे मनगढ़ंत शरीकों में से कोई ऐसा है, जो इनमें से कुछ भी कर सके. अल्लाह उन चीज़ों से पाक और आला है, जिन्हें वे उसका शरीक ठहराते हैं. 
41. ख़ुश्की और तरी यानी ज़मीन और पानी में उन गुनाहों की वजह से फ़साद फैल गया, जो लोगों ने अपने हाथों कमाये थे, ताकि अल्लाह उन्हें उनके कुछ आमाल का मज़ा चखा दे कि वे बाज़ आ जाएं. 
42. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि ज़मीन में चल फिर कर देखो कि जो लोग तुमसे पहले गुज़र चुके हैं, उनका क्या अंजाम हुआ. उनमें ज़्यादातर मुशरिक थे. 
43. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर तुम दीन के रास्ते पर अपना रुख़ क़ायम रखो, इससे पहले कि अल्लाह की तरफ़ से वह दिन आ जाए, जिसे कोई रोक नहीं सकता. उस दिन सब लोग जुदा-जुदा हो जाएंगे.
44. जिसने कुफ़्र किया, तो उसके कुफ़्र का वबाल उसी पर होगा और जो नेक अमल कर रहे हैं, तो वे अपनी आरामगाहें पुरसुकून कर रहे हैं.
45. ताकि अल्लाह अपने फ़ज़ल से उन लोगों को नेक यानी अच्छी जज़ा दे, जो ईमान लाए और नेक अमल करते रहे. बेशक वह काफ़िरों को पसंद नहीं करता.
46. और अल्लाह की क़ुदरत की निशानियों में से यह भी है कि वह ख़ुशख़बरी देने वाली हवायें चलाता है, ताकि तुम्हें अपनी रहमत का ज़ायक़ा चखाए और उसके हुक्म से कश्तियां और जहाज़ चलें. और यह इसलिए है कि तुम उसका फ़ज़ल यानी रिज़्क़ तलाश करो और उसके शुक्रगुज़ार रहो.
47. और बेशक हमने तुमसे पहले भी बहुत से रसूल उनकी क़ौमों के पास भेजे, जो वाज़ेह निशानियां लेकर आए. फिर हमने उन झुठलाने वाले गुनाहगारों से इंतक़ाम ले लिया और हम पर मोमिनों की मदद करना लाज़िम था.
48. अल्लाह ही है, जो हवायें चलाता है, तो वे बादलों को उड़ाये-उड़ाये फिरती हैं. फिर वह उन्हें जिस तरह चाहता है आसमान में फैला देता है और उन्हें टुकड़े-टुकड़े या घना कर देता है. फिर तुम देखते हो कि उनके दरम्यान में से बूंदें निकलती हैं. फिर वह उन्हें अपने बन्दों में से जिन पर चाहता है बरसा देता है, तो वे लोग फ़ौरन ख़ुश हो जाते हैं.
49. और अगरचे वे ख़ुद पर बारिश बरसने से पहले मायूस हो रहे थे. 
50. फिर तुम अल्लाह की रहमत की तरफ़ देखो कि वह किस तरह मुर्दा ज़मीन को ज़िन्दा यानी बंजर ज़मीन को शादाब करता है. बेशक वह मुर्दों को ज़िन्दा करने वाला है. और वह हर चीज़ पर क़ादिर है.
51. और अगर हम ऐसी हवायें भेजें, जिससे वे लोग खेती को ज़र्द होता हुआ देख लें, तो उसके बाद वे नाशुक्री करने लगेंगे.
52. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम अपनी आवाज़ न मुर्दों को सुना सकते हो और न बहरों को सुना सकते हो, ख़ासकर जब वे लोग पीठ फेरकर चल दें.
53. और न तुम अंधों को उनकी गुमराही से निकालकर हिदायत के रास्ते पर ला सकते हो. तुम सिर्फ़ उन्हीं लोगों को नसीहतें सुना सकते हो, जो हमारी आयतों पर ईमान लाते हैं. बस वही लोग मुसलमान यानी फ़रमाबरदार हैं.
54. अल्लाह ही है, जिसने तुम्हें कमज़ोर चीज़ से पैदा किया. फिर उसी ने तुम्हें कमज़ोरी के बाद क़ूवत अता की. फिर उसी ने तुम्हें क़ूवत के बाद कमज़ोरी और बुढ़ापा दिया. वह जो चाहता पैदा करता है. और वह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा क़ुदरत वाला है.
55. और जिस दिन क़यामत बरपा होगी, उस वक़्त गुनाहगार लोग क़समें खाएंगे कि वे दुनिया में एक घड़ी के सिवा ठहरे ही नहीं थे. इसी तरह वे लोग दुनिया में भी फिरे रहे. 
56. और जिन लोगों को इल्म और ईमान से नवाज़ा गया है, वे कहेंगे कि अल्लाह की किताब के मुताबिक़ तुम क़यामत के दिन तक दुनिया में रहे. फिर यह दोबारा ज़िन्दा होकर उठने का ही दिन है, लेकिन तुम जानते ही नहीं थे.
57. फिर उस दिन ज़ुल्म करने वाले लोगों को उनकी माज़रत कोई नफ़ा नहीं देगी और उन्हें अल्लाह को राज़ी करने का मौक़ा भी नहीं दिया जाएगा.
58. और बेशक हमने लोगों के लिए क़ुरआन में हर तरह की मिसाल बयान की है. और अगर तुम उनके सामने कोई सरीह निशानी पेश करो, तो वे लोग कह देंगे कि तुम बिल्कुल झूठे हो. 
59. इसी तरह अल्लाह उनके दिलों पर मुहर लगा देता है, जो हक़ को नहीं जानते.
60. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम सब्र करो. बेशक अल्लाह का वादा बरहक़ है. और वे लोग तुम्हें कमज़ोर न करे दें, जो यक़ीन नहीं रखते. 

Monday, August 23, 2021

31 सूरह लुक़मान

सूरह लुक़मान मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 34 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अलिफ़ लाम मीम.
2. ये हिकमत वाली किताब की आयतें हैं.
3. जो मोहसिनों के लिए हिदायत और रहमत है,
4. जो लोग पाबंदी से नमाज़ पढ़ते हैं और ज़कात देते हैं और जो आख़िरत पर यक़ीन रखते हैं.
5. यही लोग अपने परवरदिगार की तरफ़ से हिदायत पर हैं और यही लोग कामयाबी पाने वाले हैं.
6. और कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो बेहूदा बातें ख़रीदते हैं, ताकि बग़ैर किसी इल्म के लोगों को अल्लाह के रास्ते से भटका दें और उस राह का मज़ाक़ उड़ायें. इन्हीं लोगों के लिए रुसवा करने वाला अज़ाब है.  
7. और जब उसके सामने हमारी आयतें पढ़ी जाती हैं, तो वह तकब्बुर करते हुए मुंह फेर लेता है, गोया वह बहरा हो और उसने कुछ सुना ही नहीं, तो तुम उसे दर्दनाक अज़ाब की ख़बर दे दो.
8. बेशक जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, उनके लिए जन्नत के नेअमत वाले बाग़ हैं.
9. वे हमेशा उनमें रहेंगे. अल्लाह का वादा बरहक़ है. और वह बड़ा ग़ालिब बड़ा हिकमत वाला है.
10. अल्लाह ने आसमानों को बग़ैर सुतूनों के बनाया है, जैसा कि तुम उन्हें देख रहे हो. और उसने ज़मीन में पहाड़ रख दिए, ताकि वह तुम्हें हिला न दे. और उसने इसमें हर क़िस्म के जानवर फैला दिए. और हमने ही आसमान से पानी बरसाया और फिर उसमें हर क़िस्म की उम्दा चीज़ें उगाईं.   
11. यह अल्लाह की ख़िलक़त हैं. फिर ऐ मुशरिको ! तुम हमें दिखाओ के अल्लाह के सिवा दूसरों ने क्या पैदा किया है, बल्कि ज़ालिम सरीह गुमराही में मुब्तिला हैं.
12. और बेशक हमने लुक़मान को हिकमत व दानाई बख़्शी कि अल्लाह का शुक्र अदा करो. और जो अल्लाह का शुक्र अदा करता है, तो वह अपने भले के लिए शुक्र अदा करता है. और जो नाशुक्री करता है, तो बेशक अल्लाह बेनियाज़ है, सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं.  
13. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और याद करो कि जब लुक़मान ने अपने बेटे को नसीहत करते हुए कहा कि ऐ मेरे बेटे ! अल्लाह के साथ शिर्क नहीं करना. बेशक शिर्क बहुत बड़ा ज़ुल्म है.
14. और हमने इंसान को उसके वालिदैन के मामले में नेकी करने का हुक्म दिया कि उसकी मां ने तकलीफ़ पर तकलीफ़ बर्दाश्त करके उसे पेट में रखा और दो बरस में उसका दूध छुड़ाया. तुम हमारा शुक्र अदा करते रहो और अपने वालिदैन का भी शुक्र अदा करो. तुम्हें हमारी तरफ़ ही लौटना है.   
15. और अगर वे दोनों तुम्हारे घर पर हों और हमारे साथ किसी को शरीक करें, जिसका तुम्हें कोई इल्म न हो, तो उनका कहना मत मानना. और दुनिया में उनका अच्छी तरह साथ देना और जो हमारी तरफ़ रुजू करे, तो उसके रास्ते पर चलना. फिर तुम्हें हमारी तरफ़ ही लौटना है. हम तुम्हें उन आमाल से आगाह कर देंगे, जो तुम किया करते हो.   
16. लुक़मान ने अपने बेटे से कहा कि ऐ मेरे बेटे ! बेशक अगर कोई अमल राई के दाने के बराबर हो, अगरचे वह किसी पहाड़ के अंदर पोशीदा हो या आसमान में हो या ज़मीन में हो, तब भी अल्लाह क़यामत के दिन हिसाब के लिए उसे हाज़िर कर देगा. बेशक अल्लाह बड़ा लतीफ़ बड़ा बाख़बर है.
17. लुक़मान ने अपने बेटे से कहा कि ऐ मेरे बेटे ! तुम पाबंदी से नमाज़ पढ़ना. और लोगों को अच्छाई की ताकीद करना और बुराई से रोकना. और तकलीफ़ पहुंचने पर सब्र करना. और बेशक ये बड़ी हिम्मत के काम हैं.
18. और लोगों से मुंह न बनाना और ज़मीन पर अकड़ कर मत चलना. बेशक अल्लाह किसी इतराने वाले शेख़ीबाज़ को पसंद नहीं करता.
19. और चाल दरमियाना और आवाज़ धीमी रखना. बेशक सबसे बुरी आवाज़ गधों की है.  
20. ऐ लोगो ! क्या तुमने नहीं देखा कि अल्लाह ने तमाम चीज़ों को तुम्हारे काम में लगा रखा है, जो कुछ आसमानों और जो कुछ ज़मीन में हैं. और उसने अपनी ज़ाहिरी और पोशीदा नेअमतें तुम पर पूरी कर दी हैं. और कुछ लोग ऐसे हैं, जो अल्लाह के बारे में झगड़ा करते हैं बग़ैर किसी इल्म के और बग़ैर हिदायत के और बग़ैर रौशन किताब की दलील के.   
21. और जब उनसे कहा जाता है कि अल्लाह की तरफ़ से नाज़िल हुई किताब की पैरवी करो, तो वे कहते हैं कि हम तो उसी की पैरवी करेंगे, जिसे हमारे बाप दादा मानते थे. और अगरचे शैतान उन्हें दोज़ख़ के अज़ाब की तरफ़ बुलाता रहे.
22. और जो अल्लाह की इताअत की तरफ़ अपना रुख़ झुका दे और मोहसिन यानी नेक भी हो, तो उसने मज़बूत सहारा थाम लिया. और सब कामों का अंजाम अल्लाह ही की तरफ़ है. 
23. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और जो कुफ़्र करे, तो उसका कुफ़्र तुम्हें ग़मगीन न कर दे. उन्हें हमारी तरफ़ ही लौटना है. फिर हम उन्हें उन आमाल से आगाह कर देंगे, जो वे लोग किया करते हैं. बेशक अल्लाह दिलों में पोशीदा राज़ों से भी ख़ूब वाक़िफ़ है. 
24. हम उन्हें दुनिया में थोड़ा सा फ़ायदा पहुंचाएंगे और फिर हम उन्हें मजबूर करके सख़्त अज़ाब की तरफ़ ले जाएंगे. 
25. और अगर तुम उन लोगों से दरयाफ़्त करोगे कि आसमानों और ज़मीन की किसने तख़लीक़ की है, तो वे ज़रूर कह देंगे कि अल्लाह ने की है. तुम कह दो कि अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं, बल्कि उनमें से बहुत से लोग नहीं जानते.
26. जो कुछ आसमानों और ज़मीन में है, सब अल्लाह ही का है. बेशक अल्लाह बेनियाज़ है, सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं.
27. और अगर ज़मीन में जितने भी दरख़्त हैं, उन सबकी क़लम हों और समन्दर के सारे पानी की रौशनाई हो. उसके बाद सातों समन्दरों का पानी भी मज़ीद बढ़ा दिया जाए. फिर अल्लाह की अज़मत के बारे में लिखा जाए, तब भी कलाम ख़त्म नहीं होगा. बेशक अल्लाह बड़ा ग़ालिब बड़ा हिकमत वाला है.
28. अल्लाह के लिए तुम सबको पैदा करना और उठाना यानी ज़िन्दा करना एक जान के बराबर है. बेशक अल्लाह ख़ूब सुनने वाला ख़ूब देखने वाला है.
29. क्या तुमने नहीं देखा कि अल्लाह ही रात को दिन में दाख़िल करता है और दिन को रात में दाख़िल करता है. उसने सूरज और चांद को काम में लगा रखा है. हर एक अपने मुक़र्रर वक़्त पर चल रहा है. और यह कि जो आमाल तुम किया करते हो, अल्लाह उनसे बाख़बर है. 
30. यह इसलिए है कि अल्लाह बरहक़ है. और जिन्हें वे लोग अल्लाह के सिवा पुकारते हैं, वे सब बातिल हैं. और बेशक अल्लाह बड़ा आला मर्तबा बड़ा कबीर है.
31. क्या तुमने नहीं देखा कि अल्लाह ही की नेअमत से कश्तियां समन्दरों में चलती हैं, ताकि वह तुम्हें अपनी निशानियां दिखाए. बेशक इसमें हर सब्र और शुक्र करने वाले के लिए निशानियां हैं.
32. और जब समन्दर की मौजें उन पर पहाड़ों या बादलों के साये की मानिन्द छा जाती हैं, तो वे काफ़िर और मुशरिक अल्लाह को पुकारते हैं और उसकी ख़ालिस इबादत करने लगते हैं. फिर जब वह उन्हें बचाकर ख़ुश्की यानी किनारे पर पहुंचा देता है, तो उनमें से कुछ लोग अक़ीदे पर क़ायम रहते हैं. हमारी आयतों से कोई इनकार नहीं करता सिवाय अहद तोड़ने वाले और कुफ़्र करने वाले के.  
33. ऐ इंसानो ! अपने परवरदिगार से डरो और उस दिन का ख़ौफ़ करो जब न बाप अपने बेटे के कुछ काम आएगा और न बेटा बाप के काम आ सकेगा. बेशक अल्लाह का वादा बरहक़ है. फिर दुनियावी ज़िन्दगी तुम्हें हरगिज़ धोखे में न डाल दे और न फ़रेब देने वाला शैतान तुम्हें अल्लाह के बारे में किसी तरह का धोखा दे. 
34. बेशक अल्लाह ही को क़यामत का इल्म है. और वही बारिश बरसाता है. और वही पेट की चीज़ों को जानता है. और कोई नहीं जानता कि वह कल क्या करेगा. और कोई नहीं जानता कि किस सरज़मीन में उसे मौत आएगी. बेशक अल्लाह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा बाख़बर है. 

Sunday, August 22, 2021

32 सूरह अस सजदा

सूरह अस सजदा मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 30 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अलिफ़ लाम मीम.
2. बेशक यह किताब तमाम आलमों के परवरदिगार की तरफ़ से नाज़िल हुई है. 
3. क्या वे लोग यह कहते हैं कि इसे उस रसूल ने ख़ुद ही गढ़ लिया है, बल्कि यह तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से हक़ है, ताकि तुम उस क़ौम को ख़बरदार करो, जिसके पास तुमसे पहले कोई ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर नहीं आया, ताकि वे हिदायत पाएं.
4. अल्लाह ही है, जिसने आसमानों और ज़मीन और जो कुछ इनके दरम्यान हैं, उसकी छह दिन में तख़लीक़ की. फिर उसने अर्श पर अपना इख़्तेदार क़ायम किया. उसके सिवा तुम्हारा न कोई कारसाज़ है और न कोई शफ़ाअत करने वाला. क्या फिर भी तुम ग़ौर व फ़िक्र नहीं करते.
5. वही अल्लाह आसमान से ज़मीन तक हर काम की तदबीर करता है. फिर वह अमर एक दिन में उसकी तरफ़ चढ़ता है, जिसकी मिक़दार तुम्हारे शुमार में हज़ार बरस होगी.
6. वही अल्लाह ग़ैब और ज़ाहिर का जानने वाला, ग़ालिब व मेहरबान है.
7. वह अल्लाह ही है, जिसने हर चीज़ को बहुत अच्छी तरह बनाया और उसने इंसान की इब्तिदाई तख़लीक़ मिट्टी से की. 
8. फिर उसकी नस्ल निचोड़े हुए हक़ीर पानी से चलाई.
9. फिर उसे दुरुस्त किया और उसमें अपनी तरफ़ से रूह फूंकी और तुम्हारे कान और आंखें और दिल व दिमाग़ बनाए. तुम लोग बहुत ही कम शुक्र अदा करते हो.
10. और वे लोग कहते हैं कि जब हम ज़मीन की ख़ाक में मिल जाएंगे तो क्या फिर से पैदा किए जाएंगे, बल्कि वे लोग अपने परवरदिगार से मिलने से कुफ़्र यानी इनकार करते हैं.
11. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि तुम पर मुक़र्रर मौत का फ़रिश्ता जब तुम्हारी रूहें क़ब्ज़ कर लेगा, तो फिर तुम अपने परवरदिगार की तरफ़ लौटाये जाओगे.   
12. और तुम्हें अफ़सोस होगा अगर तुम देखोगे कि गुनाहगार लोग अपने परवरदिगार के हुज़ूर में अपने सर झुकाए खड़े होंगे और कहेंगे कि ऐ हमारे परवरदिगार ! हमने देख लिया और हमने सुन लिया. तू हमें दुनिया में वापस भेज दे कि हम नेक अमल करें. बेशक हम यक़ीन करने वाले हैं. 
13. और अगर हम चाहते तो हर शख़्स को ख़ुद ही हिदायत दे देते, लेकिन हमारी तरफ़ से यह क़ौल साबित हो चुका है कि जहन्नुम को काफ़िर जिन्नों और इंसानों से भरेंगे.
14. फिर तुम ज़ायक़ा चखो कि पहले तुमने इस दिन की पेशी को भुला दिया था. बेशक अब हमने तुम्हें भुला दिया है. और उन आमाल के बदले दाइमी अज़ाब का ज़ायक़ा चखो, जो तुम किया करते थे.
15. बेशक हमारी आयतों पर वही लोग ईमान लाते हैं, जिन्हें उन आयतों के ज़रिये नसीहत की जाती है, तो वे फ़ौरन सजदा करते हैं और अपने परवरदिगार की हम्दो सना की तस्बीह करते हैं और तकब्बुर नहीं करते.
16. उनके पहलू उनकी ख़्वाबगाहों यानी बिछौनों से अलग होते हैं और वे ख़ौफ़ और उम्मीद से अपने परवरदिगार की इबादत करते हैं और हमने जो रिज़्क़ उन्हें अता किया है, उसमें से अल्लाह की राह में ख़र्च करते हैं.
17. फिर यह कोई नहीं जानता कि उनके लिए आंखों की ठंडक पोशीदा रखी गई है. यह उनके नेक आमाल की जज़ा होगी, जो वे किया करते थे.
18. फिर क्या मोमिन उस शख़्स के बराबर हो सकता है, जो नाफ़रमान है. नहीं, ये दोनों बराबर नहीं हो सकते.
19. जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, उनके लिए जन्नत के बाग़ हैं. यह मेहमानी उनके नेक आमाल का सिला है, जो वे किया करते थे.
20. और जिन लोगों ने नाफ़रमानी की, उनका ठिकाना दोज़ख़ है. वे लोग जब भी उसमें से निकलकर भागना चाहेंगे, तो उन्हें फिर से उसी में लौटा दिया जाएगा. उनसे कहा जाएगा कि अब उस दोज़ख़ के अज़ाब का ज़ायक़ा चखो, जिसे तुम झुठलाया करते थे.
21. और हम उन्हें यक़ीनन आख़िरत के बड़े अज़ाब से पहले दुनिया में भी अज़ाब का मज़ा चखाएंगे, ताकि वे कुफ़्र से बाज़ आएं.
22. और उस शख़्स से बढ़कर ज़ालिम कौन हो सकता है, जिसे उसके परवरदिगार की आयतों से नसीहत की जाए. फिर वह उनसे मुंह फेर ले. बेशक हम गुनाहगारों से इंतक़ाम लेकर रहेंगे.
23. और हमने मूसा अलैहिस्सलाम को किताब यानी तौरात अता की थी. फिर तुम उनकी मुलाक़ात की निस्बत शक में मुब्तिला न रहो. और हमने उन्हें बनी इस्राईल के लिए हिदायत बनाया था.
24. और उनमें से हमने कुछ इमाम बना दिए, जो हमारे हुक्म से हिदायत करते रहे. वे सब्र करते थे और वे हमारी आयतों पर यक़ीन रखते थे.   
25. बेशक तुम्हारा परवरदिगार क़यामत के दिन उनके दरम्यान फ़ैसला कर देगा, जिन बातों में वे लोग इख़्तिलाफ़ करते थे.
26. और क्या उन्हें इस बात से हिदायत नहीं मिली कि हमने उनसे पहले कितनी ही उम्मतों को हलाक कर दिया था, जिनके घरों में ये लोग चल फिर रहे हैं. बेशक इसमें बहुत सी निशानियां हैं, तो क्या वे लोग सुनते नहीं हैं.
27. और क्या उन्होंने नहीं देखा कि हम पानी को बंजर ज़मीन की तरफ़ पानी बहा ले जाते हैं. फिर हम उससे खेती करते हैं, जिसे उनके चौपाये भी खाते हैं और वे ख़ुद भी खाते हैं, तो क्या वे लोग देखते नहीं हैं.
28. और वे लोग कहते है कि फ़ैसले का दिन कब आएगा ? अगर तुम लोग सच्चे हो. 
29. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि फ़ैसले के दिन काफ़िरों को उनका ईमान लाना कुछ भी नफ़ा नहीं देगा और न उन्हें इसकी मोहलत ही दी जाएगी.
30. फिर तुम उनसे मुंह फेर लो और इंतज़ार करो. और वे लोग भी मुंतज़िर हैं.

Saturday, August 21, 2021

33 सूरह अल अहज़ाब

सूरह अल अहज़ाब मदीना में नाज़िल हुई और इसकी 73 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. ऐ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम! तुम अल्लाह से डरते रहो यानी पहले की तरह ही तक़वे पर क़ायम रहो और काफ़िरों और मुनाफ़िक़ों का कहना मत मानना. बेशक अल्लाह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा हिकमत वाला है.
2. और बस उसी की पैरवी करना, जो वही तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से तुम्हारे पास आती है. बेशक तुम जिन कामों को अंजाम दे रहो हो, अल्लाह उससे बाख़बर है.
3. और तुम अल्लाह पर भरोसा करो और कारसाज़ अल्लाह ही काफ़ी है.
4. अल्लाह ने किसी आदमी के सीने में दो दिल नहीं बनाए और न उसने तुम्हारी बीवियों को तुम्हारी मां बनाया, जिनसे तुम जे़हार करते हो यानी उन्हें मां कह देते हो. और न उसने तुम्हारे मुंह बोले बेटों को तुम्हारे हक़ीक़ी बेटे बनाया है. ये सब तुम्हारी मुंह बोली बातें हैं. और अल्लाह हक़ फ़रमाता है और वही सीधा रास्ता दिखाता है.
5. तुम मुंह बोले बेटों को उनके असली वालिद के नाम से पुकारा करो. अल्लाह के नज़दीक यही इंसाफ़ है. फिर अगर तुम्हें उनके असली वालिद के नाम मालूम नहीं हैं, तो वे तुम्हारे दीनी भाई और दोस्त हैं. अगर अनजाने में तुमसे कोई भूल चूक हो जाए, तो उसका तुम पर कोई गुनाह नहीं है, लेकिन जानबूझ कर ग़लती करोगे, तो गुनाह है. और अल्लाह बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
6. ये नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम तो मोमिनों पर उनकी जानों से भी ज़्यादा हक़ रखते हैं और नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की बीवियां उनकी मांयें हैं. और अल्लाह के आईन के मुताबिक़ मोमिन और मुहाजिरों के मुक़ाबले में रिश्तेदार आपस में ज़्यादा हक़दार हैं, सिवाय इसके कि तुम अपने दोस्तों पर अहसान करना चाहो. यह हुक्म किताबे इलाही में लिखा हुआ है. 
7. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और याद करो जब हमने नबी नूह अलैहिस्सलाम और इब्राहीम अलैहिस्सलाम और मूसा अलैहिस्सलाम और मरयम के बेटे ईसा अलैहिस्सलाम से अहद लिया और पुख़्ता अहद लिया. 
8. ताकि अल्लाह सादिक़ों से उनके सच के बारे में दरयाफ़्त करे और उसने काफ़िरों के लिए दर्दनाक अज़ाब तैयार कर रखा है.
9. ऐ ईमान वालो ! अल्लाह की उन नेअमतों का ज़िक्र करो, जो उसने तुम पर नाज़िल की हैं. जब काफ़िरों का लश्कर तुम पर हमला करने के लिए आया, तो हमने उन पर आंधी भेजी और फ़रिश्तों के ऐसे लश्कर भेजे, जिन्हें तुम देख नहीं सकते. और जो कुछ तुम करते हो, अल्लाह उसे देख रहा है.
10. जब वे लोग वादी के ऊपर से मशरिक़ी जानिब से और वादी के नीचे से मग़रिबी जानिब से तुम पर चढ़ गए और ख़ौफ़ से तुम्हारी आंखें पथरा गईं और कलेजे मुंह को आ गए, तो तुम अल्लाह के बारे में मुख़्तलिफ़ गुमान करने लगे. 
11. यहां पर मोमिनों की आज़माइश की गई और उन्हें ख़ूब झिंझोड़ा गया.
12. और जब मुनाफ़िक़ और वे लोग जिनके दिलों में मर्ज़ यानी शक व शुबहा था, कहने लगे कि अल्लाह और उसके रसूल ने हमसे फ़रेब के लिए फ़तह का वादा किया था.
13. और जब उनमें से एक तबक़ा कहने लगा कि ऐ अहले यसरिब यानी मदीने वालो ! अब तुम्हारे लिए कहीं जगह नहीं है, इसलिए लौट चलो. उनमें से एक फ़रीक़ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम से इजाज़त मांगते हुए कहने लगा कि हमारे घर बिल्कुल खुले पड़े हैं. हालांकि वे खुले नहीं थे. वे लोग सिर्फ़ भागना चाहते थे.
14. और अगर उन पर मदीने के अतराफ़ से ऐसे ही लश्कर आ जाते और उनसे फ़ितने के लिए कहा जाता, तो वे लोग उसके लिए फ़ौरन तैयार हो जाते और ज़रा भी देर नहीं करते.
15. और बेशक उन्होंने इससे पहले अल्लाह से अहद किया था कि वे पीठ नहीं फेरेंगे. और अल्लाह से अहद की पूछगछ तो होकर ही रहेगी.
16. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि अगर तुम मौत और क़त्ल किए जाने के ख़ौफ़ से भागे हो, तो यह तुम्हें थोड़ी सी मुद्दत के सिवा कुछ भी फ़ायदा नहीं देगा.
17. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि ऐसा कौन है, जो तुम्हें बचा सकता है. अगर अल्लाह तुम्हारे साथ बुरा करना चाहे या तुम पर मेहरबानी करना चाहे. और वे लोग अल्लाह के सिवा न किसी को अपना कारसाज़ पाएंगे और न मददगार.
18. बेशक अल्लाह तुममें से उन लोगों को ख़ूब जानता है, जो दूसरों को जिहाद से रोकते हैं और अपने भाइयों से कहते हैं कि हमारे पास चले आओ और वे खु़द भी लड़ाई में कम ही जाते हैं. 
19. वे लोग तुम्हारे हक़ में बुख़्ल करते हैं. फिर जब वे ख़ौफ़ में होते हैं, तो तुम उन्हें देखोगे कि वे तुम्हारी तरफ़ देख रहे हैं. उनकी आंखें इस तरह घूम रही हैं, जैसे उन पर मौत की बेहोशी छा रही हो. जब ख़ौफ़ जाता रहे, तो वे तुमसे ज़बानदराज़ी करेंगे और माल में बुख़्ल करेंगे. दरअसल वे लोग ईमान लाए ही नहीं थे. अल्लाह ने उनके आमाल बर्बाद कर दिए और अल्लाह के लिए यह बहुत आसान है.
20. वे लोग गुमान करते हैं कि काफ़िरों के लश्कर अभी तक वापस नहीं गए. और अगर कहीं लश्कर दोबारा आ गए, तो वे चाहेंगे कि वे देहातियों में जाकर बस जाएं और तुम्हारी ख़बरें दरयाफ़्त करते रहें. और अगर तुम्हारे साथ हों, तो वे जंग नहीं करेंगे. 
21. ऐ ईमान वालो ! हक़ीक़त में तुम्हारे लिए अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की बेहतरीन मिसाल मौजूद है. हर उस शख़्स के लिए जो अल्लाह और आख़िरत की उम्मीद रखता हो और अल्लाह का ज़िक्र कसरत से करता हो.
22. और जब मोमिनों ने काफ़िरों के लश्कर देखे, तो कहने लगे कि यह वही है, जिसका अल्लाह और उसके रसूल ने वादा किया था. अल्लाह और उसके रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने बिल्कुल सच कहा था और इससे उनके ईमान और इताअत में मज़ीद इज़ाफ़ा हुआ.
23. मोमिनों में से बहुत से लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने अल्लाह से किए अपने अहद को पूरा कर दिखाया. उनमें से कुछ लोग ऐसे हैं, जो अपना वक़्त पूरा करके चले गए और उनमें से कुछ ऐसे हैं, जो इंतज़ार कर रहे हैं और उन्होंने अपना क़ौल ज़रा भी तबदील नहीं किया.
24. ताकि अल्लाह सादिक़ों को उनकी सच्चाई की जज़ा दे और अगर वह चाहे तो मुनाफ़िक़ों को अज़ाब दे या उनकी तौबा क़बूल करे. बेशक अल्लाह बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
25. और अल्लाह ने क़ाफिरों को उनके ग़ुस्से के साथ मदीना से वापस लौटा दिया, ताकि वे कोई कामयाबी न पा सकें. और अल्लाह ने मोमिनों को जंग से बचा लिया. और अल्लाह बड़ा क़ूवत वाला बड़ा ग़ालिब है.
26. और बनू क़ुरैज़ा के जिन अहले किताब ने उन काफ़िरों की मदद की थी, अल्लाह ने उन्हें भी उनके क़िलों से नीचे उतार दिया और उनके दिलों में ऐसा रौब डाल दिया कि तुम उनमें से एक फ़रीक़ को क़त्ल करने लगे और एक फ़रीक़ को क़ैदी बनाने लगे. 
27. और अल्लाह ने तुम्हें उनकी ज़मीन और उनके घरों और उनके माल व दौलत और उस ज़मीन का वारिस बना दिया, जिस ज़मीन में तुमने कभी क़दम भी नहीं रखा था. और अल्लाह हर चीज़ पर क़ादिर है.
28. ऐ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! अपनी बीवियों से कह दो कि अगर तुम दुनियावी ज़िन्दगी और उसकी ज़ीनत और आराइश की ख़्वाहिशमंद हो तो आओ, मैं तुम्हें कुछ माल व दौलत दूं और तुम्हें हुस्ने सुलूक के साथ रुख़सत कर दूं.
29. और अगर तुम अल्लाह और उसके रसूल और आख़िरत के घर की ख़्वाहिशमंद हो, तो बेशक अल्लाह ने तुममें से नेक औरतों के लिए बड़ा अज्र रखा हुआ है.
30. ऐ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की बीवियो ! तुममें से जो कोई सरीह नाशाइस्ता सुलूक करेगी, तो उसे दोहरा अज़ाब दिया जाएगा और अल्लाह के लिए यह बहुत आसान है.
31. और तुममें से जो अल्लाह और उसके रसूल की इताअत करेंगी और नेक अमल करती रहेंगी, तो हम उन्हें दोगुना अज्र देंगे. और हमने उनके लिए जन्नत में इज़्ज़त का रिज़्क़ तैयार कर रखा है.
32. ऐ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की बीवियो ! तुम आम औरतों की तरह नहीं हो. अगर तुम परहेज़गारी इख़्तियार करना चाहती हो, तो नरम लहजे में बात न किया करो, ताकि जिसके दिल में निफ़ाक़ का मर्ज़ है कहीं वह लालच करने लगे. और तुम हमेशा मारूफ़ बात ही किया करो.  
33. और तुम अपने घरों में रहा करो. पहले की तरह अपना बनाव सिंगार न दिखाती फिरो. और तुम पाबंदी से नमाज़ पढ़ो और ज़कात देती रहो. और अल्लाह और उसके रसूल की इताअत करो. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के अहले बैत ! अल्लाह चाहता है कि तुमसे नापाकी दूर करके तुम्हें बिल्कुल पाकीज़ा कर दे. 
34. ऐ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की बीवियो ! और तुम्हारे घरों में अल्लाह की जो आयतें पढ़ी जाती हैं और हिकमत की बातें कहीं जाती हैं, तुम उनका ज़िक्र करो यानी उन्हें याद रखो. बेशक अल्लाह बड़ा लतीफ़ है.
35. बेशक मुसलमान मर्द और मुसलमान औरतें, मोमिन मर्द और मोमिन औरतें, फ़रमाबरदार मर्द और फ़रमाबरदार औरतें, सच्चे मर्द और सच्ची औरतें, सब्र करने वाले मर्द और सब्र करने वाली औरतें, आजिज़ी करने वाले मर्द और आजिज़ी करने वाली औरतें, सदक़ा करने वाले मर्द और सदक़ा करने वाली औरतें, रोज़ा रखने वाले मर्द और रोज़ा रखने वाली औरतें, अपनी शर्मगाहों की हिफ़ाज़त करने वाले मर्द और हिफ़ाज़त करने वाली औरतें, कसरत से अल्लाह का ज़िक्र करने वाले मर्द और अल्लाह का ज़िक्र करने वाली औरतें. बेशक इन सबके लिए अल्लाह ने मग़फ़िरत और बड़ा अज्र रखा है.
36. और किसी मोमिन मर्द और किसी मोमिन औरत को यह हक़ नहीं है कि जब अल्लाह और उसके रसूल किसी काम का फ़ैसला कर दें या हुक्म दें, तो वे उस काम को करने या न करने का अपना भी कुछ इख़्तियार समझें. जिस शख़्स ने अल्लाह और उसके रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की नाफ़रमानी की, तो वह सरीह गुमराही में मुब्तिला हो गया.
37. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और याद करो, जब तुम उस शख़्स से कह रहे थे जिसे अल्लाह ने ईनाम अता किया और तुमने भी ईनाम अता किया कि अपनी बीवी ज़ैनब को अपने पास रहने दो और अल्लाह से डरो. और तुम अपने दिल में वह बात पोशीदा रख रहे थे, जिसे अल्लाह ज़ाहिर करने वाला था. और तुम लोगों के तानों से डरते थे. अल्लाह ही इसका ज़्यादा मुस्तहक़ है कि तुम उससे डरो. और जब ज़ैद ने उससे कोई ग़र्ज़ न रखी, तो हमने तुमसे उसका निकाह कर दिया, ताकि मोमिनों के लिए अपने मुंह बोले बेटों की बीवियों से निकाह करने में कोई हर्ज न रहे, जबकि वे उनसे कोई ग़र्ज़ न रखें, यानी उन्हें तलाक़ दे दें. और अल्लाह का हुक्म तो पूरा होकर ही रहता है.
38. और नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम पर उस काम में कोई हर्ज नहीं, जो अल्लाह ने उनके लिए फ़र्ज़ कर दिया हो. और अल्लाह का यह दस्तूर उन लोगों के बारे में भी रहा, जो उनसे पहले गुज़र चुके हैं. और अल्लाह का हुक्म तो पूरा हो चुका है.
39. पहले के वे लोग अल्लाह के पैग़ाम पहुंचाते थे और उससे ख़ौफ़ रखते थे और अल्लाह के सिवा किसी से नहीं डरते थे. और हिसाब लेने के लिए अल्लाह ही काफ़ी है.
40. ऐ लोगो ! मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम तुम्हारे मर्दों में से किसी के वालिद नहीं हैं, लेकिन वे अल्लाह के रसूलों और नबियों के आख़िर हैं यानी उनके सिलसिले को ख़त्म करने वाले आख़िरी नबी हैं. और अल्लाह हर चीज़ को ख़ूब जानने वाला है.
41. ऐ ईमान वालो ! तुम कसरत से अल्लाह का ज़िक्र किया करो 
42. और सुबह व शाम उसकी तस्बीह करते रहो.
43. अल्लाह ही है, जो तुम पर रहमत भेजता है और उसके फ़रिश्ते भी दुआएं मांगते हैं, ताकि तुम्हें अंधेरों से निकालकर नूर की तरफ़ ले आए. और अल्लाह मोमिनों पर बड़ा मेहरबान है.
44. जिस दिन वे मोमिन अल्लाह से मिलेंगे, तो उनका तोहफ़ा सलाम होगा. और अल्लाह ने उनके लिए बड़ा अज्र तैयार रखा है.
45. ऐ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! बेशक हमने तुम्हें गवाही देने वाला और बशारत देने वाला और अज़ाब से ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर बनाकर भेजा है. 
46. और अल्लाह के हुक्म से उसकी तरफ़ से बुलाने वाला और आफ़ताब बनाकर भेजा है.
47. और तुम मोमिनों को बशारत दे दो कि उनके लिए अल्लाह की तरफ़ से बड़ा फ़ज़ल है.
48. और तुम काफ़िरों और मुनाफ़िक़ों का कहना हरगिज़ मत मानना. तुम उनकी दी हुई अज़ीयत का ख़्याल छोड़ दो और अल्लाह पर भरोसा करो. और कारसाज़ अल्लाह ही काफ़ी है.
49. ऐ ईमान वालो ! जब तुम मोमिन औरतों से निकाह करो और फिर तुम उन्हें हाथ लगाने से पहले ही तलाक़ दे दो, तो फिर तुम्हें हक़ नहीं कि उनसे इद्दत पूरी कराओ. फिर तुम उन्हें कुछ माल व दौलत देकर हुस्ने सुलूक के साथ रुख़सत कर दो.
50. ऐ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! बेशक हमने तुम्हारे लिए तुम्हारी उन बीवियों को हलाल कर दिया है, जिन्हें तुम महर दे चुके हो और तुम्हारी उन लौंडियों को भी जो अल्लाह ने तुम्हें माले ग़नीमत में अता की हैं और तुम्हारे चचा की बेटियां और तुम्हारी फूफियों की बेटियां और तुम्हारे मामू की बेटियां और तुम्हारी ख़ालाओं की बेटियां जो तुम्हारे साथ हिजरत करके आई हैं और वह मोमिन औरत जो ख़ुद को नबी के लिए दे दे और नबी भी उससे निकाह करना चाहते हों. लेकिन ऐ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! यह इजाज़त सिर्फ़ तुम्हारे लिए है और मोमिनों के लिए नहीं है. हमें मालूम है जो कुछ हमने उनकी बीवियों और लौंडियों के बारे में मुक़र्रर किया है. यह इसलिए किया गया, ताकि तुम्हें कोई तंगी न हो. और अल्लाह बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
51. और इनमें से जिसे चाहो अलग रखो और जिसे चाहो अपने पास रखो. जिसे तुमने अलग कर दिया था, अगर उसे फिर से बुलाना चाहो, तो तुम पर कोई इल्ज़ाम नहीं है. ऐसा इसलिए है कि तुम्हारी बीवियों की आंखें ठंडी रहें और उन्हें ग़म न हो. जो कुछ तुम उन्हें दो, उसे लेकर सब ख़ुश रहें. जो कुछ तुम्हारे दिलों में है अल्लाह उससे ख़ूब वाक़िफ़ है. और अल्लाह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा हलीम है.
52. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! इनके बाद और औरतें तुम्हारे लिए हलाल नहीं हैं और न यह जायज़ है कि तुम उनकी जगह और बीवियां कर लो अगरचे उनका हुस्न तुम्हें कितना ही अच्छा लगे. लेकिन तुम्हारी लौंडियां इसके बाद भी जायज़ हैं. और अल्लाह हर चीज़ का रक़ीब यानी निगेहबान है.
53. ऐ ईमान वालो ! तुम नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के घरों में न जाया करो सिवाय इसके कि तुम्हें खाने के लिए इजाज़त दी जाए और उसके पकने का भी इंतज़ार न करना पड़े. लेकिन जब तुम्हें दावत दी जाए, तो जाओ और जब खाना खा चुको, तो उठकर चले जाओ और बातों में न लगे रहो. इससे नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम को अज़ीयत होती है, लेकिन वे तुम्हारा लिहाज़ करते हैं. अल्लाह सच्ची बात कहने में शर्म नहीं करता. जब नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की बीवियों से कुछ मांगना हो, तो पर्दे के बाहर से मांगा करो. यह तुम्हारे और उनके दिलों के लिए पाकीज़गी की बात है. तुम्हारे लिए यह जायज़ नहीं है कि अल्लाह के नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम और उनकी बीवियों को अज़ीयत दो और न यह जायज़ है कि उनके बाद उनकी बीवियों से निकाह करो. बेशक यह अल्लाह के नज़दीक बहुत बड़ा गुनाह है.
54. अगरचे तुम किसी चीज़ को ज़ाहिर करो या उसे पोशीदा रखो. बेशक अल्लाह हर चीज़ का जानने वाला है. 
55. औरतों को न अपने बाप दादाओं के सामने आने में कोई गुनाह है और न अपने बेटों के और न अपने भाइयों के और न अपने भतीजों के और न अपने भांजों के और न मुस्लिम औरतों के और न अपनी लौंडियों के सामने आने में कोई गुनाह है. तुम अल्लाह से डरती रहो. बेशक अल्लाह हर चीज़ का गवाह है.
56. बेशक अल्लाह और उसके फ़रिश्ते नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम पर दुरूद भेजते रहते हैं. ऐ ईमान वालो ! तुम भी उन पर पर दुरूद और सलाम भेजते रहा करो.
57. बेशक जो लोग अल्लाह और उसके रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम को अज़ीयत देते हैं, अल्लाह उन पर दुनिया और आख़िरत में लानत करता है और उसने उनके लिए ज़िल्लत अंगेज़ अज़ाब तैयार कर रखा है.
58. जो लोग मोमिन मर्दों और मोमिन औरतों को बग़ैर किसी ख़ता के अज़ीयत देते हैं, तो उन्होंने बोहतान और सरीह गुनाह का बोझ अपने सर पर रख लिया है.
59. ऐ नबी ए मुकर्रम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! अपनी बीवियों और अपनी साहिबज़ादियों और मोमिनों की औरतों से कह दो कि बाहर निकलते वक़्त अपने ऊपर चादरें डाल लिया करें, ताकि वे पहचान ली जाएं और सताई न जाएं. और अल्लाह बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
60. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! अगर मुनाफ़िक़ और वे लोग जिनके दिलों में मर्ज़ यानी कुफ़्र है और जो लोग मदीने में अफ़वाहें फैलाया करते हैं, वे सब बाज़ नहीं आए, तो हम तुम्हें उन पर ज़रूर मुसल्लत कर देंगे. फिर वे मदीने में तुम्हारे पड़ौस में कुछ दिन भी नहीं ठहर सकेंगे.
61. ये लानत किए हुए लोग जहां कहीं भी मिलें, तो पकड़े जाएं और फिर बुरी तरह क़त्ल कर दिए जाएं.
62. जो लोग पहले गुज़र चुके हैं, उनके बारे में भी अल्लाह का यही दस्तूर रहा है. तुम अल्लाह के दस्तूर में ज़रा भी तबदीली नहीं पाओगे.
63. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! लोग तुमसे क़यामत के बारे में पूछा करते हैं. तुम कह दो कि उसका इल्म सिर्फ़ अल्लाह ही को है. तुम्हें क्या मालूम कि शायद क़यामत क़रीब ही आ गई हो.
64. बेशक अल्लाह ने काफ़िरों पर लानत की है और उनके लिए दोज़ख़ की भड़कती हुई आग तैयार कर रखी है.
65. इसमें वे लोग हमेशा-हमेशा रहेंगे और वे न किसी को अपना सरपरस्त पाएंगे और न मददगार.
66. जिस दिन उनके मुंह दोज़ख़ की आग में लटकाए जाएंगे, तो वे कहेंगे कि काश ! हमने अल्लाह की इताअत की होती और रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की इताअत की होती.
67. और वे लोग कहेंगे कि ऐ हमारे परवरदिगार ! बेशक हमने अपने सरदारों और बड़े लोगों का कहना माना, तो उन्होंने हमें गुमराह कर दिया.
68. वे लोग कहेंगे कि ऐ हमारे परवरदिगार ! उन लोगों पर दोगुना अज़ाब नाज़िल कर और उन पर बड़ी लानत कर.
69. ऐ ईमान वालो ! तुम लोग उनके जैसे न हो जाना, जिन्होंने मूसा अलैहिस्सलाम को अज़ीयतें दीं, तो अल्लाह ने मूसा अलैहिस्सलाम को तोहमतों से बरी कर दिया. और वे अल्लाह के नज़दीक बड़ी इज़्ज़त वाले पैग़म्बर थे.
70. ऐ ईमान वालो ! अल्लाह से डरते रहो और सही और सीधी बात कहा करो.
71. वह अल्लाह तुम्हारे सब आमाल दुरुस्त कर देगा और तुम्हारे गुनाह बख़्श देगा. जिस शख़्स ने अल्लाह और उसके रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की इताअत की, तो वह बड़ी कामयाबी हासिल करेगा.
72. बेशक हमने इताअत की अमानत को आसमानों और ज़मीन के सामने पेश किया, तो उन्होंने उसका वज़न उठाने से इनकार कर दिया और उससे डर गए. लेकिन इंसान ने उसे उठा लिया. बेशक इंसान बड़ा ज़ालिम और नादान है. यानी इंसान को गुमान है कि वह अमानत की इताअत कर लेगा, लेकिन वह इताअत की अदायगी में कोताही के अंजाम से बिल्कुल अनजान है.  
73. यह इसलिए है कि अल्लाह मुनाफ़िक़ मर्दों और मुनाफ़िक़ औरतों और मुशरिक मर्दों और मुशरिक औरतों को अज़ाब देगा और मोमिन मर्दों और मोमिन औरतों की तौबा क़ुबूल करेगा. और अल्लाह बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.

Friday, August 20, 2021

34 सूरह सबा

सूरह सबा मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 54 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं. जो कुछ आसमानों और ज़मीन में है, सब उसी का है. आख़िरत में भी वही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं. और वह बड़ा हिकमत वाला बड़ा बाख़बर है. 
2. जो कुछ ज़मीन में दाख़िल होता है और जो कुछ इसमें से निकलता है, और जो कुछ आसमान से नाज़िल होता है और जो कुछ उस पर चढ़ता है, वह सब जानता है. और वह बड़ा मेहरबान बड़ा बख़्शने वाला है.
3. और कुफ़्र करने वाले लोग कहते हैं कि क़यामत कभी नहीं आएगी. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि क्यों नहीं? मुझे अपने परवरदिगार की क़सम है कि वह तुम पर ज़रूर आकर रहेगी. वह ग़ैब का जानने वाला है, जिससे आसमानों और ज़मीन की कोई चीज़ पोशीदा नहीं है. सभी छोटी और बड़ी चीज़ें रौशन किताब यानी लौहे महफ़ूज़ में लिखी हुई हैं.
4. ताकि जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, उन्हें अल्लाह पूरी जज़ा दे. यही वे लोग हैं, जिनके लिए मग़फ़िरत और इज़्ज़त का रिज़्क़ है.
5. और जिन लोगों ने हमारी आयतों को लेकर हमसे मुक़ाबला किया, उनके लिए दर्दनाक अज़ाब की सज़ा है. 
6. और जिन लोगों को इल्म दिया गया है, वे जानते हैं कि जो क़ुरआन तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से तुम पर नाज़िल हुआ है, वह बरहक़ है और वह अल्लाह की राह दिखाता है, जो बड़ा ग़ालिब सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं.
7. और कुफ़्र करने वाले लोग कहते हैं कि क्या हम तुम्हें ऐसे शख़्स यानी रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम बताएं, जो तुमसे बयान करेंगेकि जब तुम मरकर बिल्कुल रेज़ा-रेज़ा हो जाओगे, तो बेशक तुम्हें नई पैदाइश मिलेगी.
8. उस शख़्स यानी रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने अल्लाह के बारे में झूठ बोला या उन्हें जुनून है. दरअसल जो लोग आख़िरत पर ईमान नहीं रखते, वे अज़ाब और परले दर्जे की गुमराही में मुब्तिला हैं. 
9. क्या उन्होंने आसमान और ज़मीन की तरफ़ नहीं देखा, जो उनके आगे और उनके पीछे है यानी उन्हें घेरे हुए है. अगर हम चाहें, तो उन्हें ज़मीन में धंसा दें या उन पर आसमान का कोई टुकड़ा ही गिरा दें. इसमें रुजू करने वाले बन्दों के लिए बड़ी निशानी है.
10. और बेशक हमने दाऊद अलैहिस्सलाम को अपनी बारगाह से फ़ज़ल अता किया. हमने पहाड़ों को हुक्म दिया कि ऐ पहाड़ो ! उनके साथ तस्बीह करो और परिन्दों को भी उनके ताबे कर दिया. और उनके लिए लोहे को नरम कर दिया.
11. कि कुशादा ज़िरहें बनाओ और कड़ियों को सही अंदाज़ से जोड़ो. और ऐ आले दाऊद ! तुम सब नेक अमल करते रहो. जो अमल तुम करते हो, हम उन्हें देख रहे हैं.
12. और हमने हवा को सुलेमान अलैहिस्सलाम के ताबे कर दिया, जिसकी सुबह की मसाफ़त एक माह की राह थी और शाम की मसाफ़त भी एक माह की राह थी. हमने उनके लिए पिघले हुए तांबे का चश्मा जारी किया और कुछ जिन्नों को उनके ताबे कर दिया, जो उनके परवरदिगार के हुक्म से उनके सामने काम करते थे. और उनसे कह दिया गया था कि जो हमारे हुक्म से फिरेगा, उसे हम दोज़ख़ की भड़कती हुई आग के अज़ाब का ज़ायक़ा चखाएंगे.
13. सुलेमान अलैहिस्सलाम जो चाहते थे, वे जिन्न उनके लिए बना देते थे, जिनमें महराबों वाली इमारतें यानी मस्जिदें, महल, क़िले और तस्वीरें और बड़े-बड़े लगन जैसे हौज़ें और एक जगह गड़ी हुई लंगरों वाली देग़ें. ऐ आले दाऊद ! हमारा शुक्र अदा करते रहो. और हमारे बन्दों में शुक्रगुज़ार बहुत ही कम हैं.
14. फिर जब हमने सुलेमान अलैहिस्सलाम की मौत का हुक्म सादिर किया, तो जिन्नों को इसकी कोई ख़बर नहीं हुई, सिवाय ज़मीन की दीमक के, जो उनके असा को खाने लगी. फिर जब उनका जिस्म ज़मीन पर आ गया, तो जिन्नों पर ज़ाहिर हो गया कि अगर वे ग़ैब के जानने वाले होते, तो इस ज़िल्लत अंगेज़ अज़ाब में मुब्तिला न रहते.
15. दरहक़ीक़त क़ौमे सबा के लिए उन्हीं की बस्ती में अल्लाह की क़ुदरत की एक बड़ी निशानी थी. वहां दो बाग़ थे. दायीं तरफ़ और बायीं तरफ़. उनसे कहा गया कि तुम अपने परवरदिगार का रिज़्क़ खाओ और उसका शुक्र अदा करो. यहां तुम्हारे लिए पाकीज़ा बस्ती है और आख़िरत में बड़ा बख़्शने वाला परवरदिगार है. 
16. फिर उन लोगों ने मुंह फेर लिया, तो हमने उन पर ज़बरदस्त सैलाब भेज दिया और हमने उनके दोनों बाग़ों के बदले उन्हें ऐसे दो बाग़ दिए, जिनके फल बदमज़ा थे और उनमें कुछ झाड़ियां और थोड़ी सी बेरियां थीं. 
17. ये हमने उन्हें उनके कुफ़्र का बदला दिया. और हम बड़े नाशुक्रों के सिवा किसी को सज़ा नहीं देते.
18. और हमने उनके और उनकी जिन बस्तियों के दरम्यान बरकत अता की थी, वहां चन्द बस्तियां बसाईं. यानी यमन से शाम तक बस्तियां आबाद कर दीं. हमने उनमें आमद और रफ़्त के दरम्यान आराम करने की मंज़िलें मुक़र्रर कर दीं कि लोग उनमें रात और दिन में अमन के साथ बिना ख़ौफ़ के चलें फिरें.
19. फिर वे लोग कहने लगे कि ऐ हमारे परवरदिगार ! हमारे सफ़र में फ़ासले पैदा कर दे. और उन्होंने खु़द पर ज़ुल्म किया, तो हमने भी उन्हें तबाह करके उनके फ़साने बना दिए और हमने उन्हें टुकड़े-टुकड़े करके बिखेर दिया. बेशक इसमें सब्र और शुक्र करने वाले लोगों के लिए बड़ी निशानियां हैं.
20. और बेशक इबलीस ने उनके बारे में अपना गुमान सच कर दिखाया, तो उन लोगों ने उसकी पैरवी की
सिवाय एक फ़रीक़ के, जो मोमिन थे.
21. और इबलीस का उन लोगों पर कुछ भी ज़ोर नहीं था, लेकिन हम ज़ाहिर करना चाहते थे कि कौन आख़िरत पर यक़ीन रखता है और कौन इसे लेकर शक में मुब्तिला है. और तुम्हारा परवरदिगार हर चीज़ पर निगेहबान है.
22. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि जिन्हें तुम अल्लाह के सिवा पुकारते हो, उन्हें बुलाओ. वे न आसमानों में ज़र्रा भर के मालिक हैं और न ज़मीन में. और न उनकी इन दोनों में कोई शिरकत है और न उनमें से कोई अल्लाह का मददगार है.
23. और अल्लाह के हुज़ूर में किसी की सिफ़ारिश कुछ नफ़ा नहीं देगी, सिवाय उसके जिसके लिए वह खु़द इजाज़त दे, यहां तक कि जब उनके दिलों से इज़्तिराब ख़त्म कर दिया जाएगा, तो वे लोग कहेंगे कि तुम्हारे परवरदिगार ने क्या फ़रमाया? फ़रिश्ते जवाब देंगे कि हक़ फ़रमाया. और वह बड़ा आला मर्तबा बड़ा कबीर है.
24. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि भला तुम्हें आसमानों और ज़मीन से कौन रिज़्क़ देता है? तुम ख़ुद कह दो कि अल्लाह देता है. और बेशक मैं या तुम हिदायत पर हैं या सरीह गुमराही में मुब्तिला हैं.
25. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि तुमसे उस गुनाह के बारे में नहीं पूछा जाएगा, जो तुम्हारे गुमान में मुझसे हुआ है और न मुझसे तुम्हारे आमाल के बारे में ही पूछगछ होगी.
26. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि हमारा परवरदिगार क़यामत के दिन हम सबको जमा करेगा. फिर हमारे दरम्यान हक़ के साथ फ़ैसला कर देगा. और वह ख़ूब फ़ैसला करने वाला साहिबे इल्म है.
27. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मुझे भी दिखाओ, जिन्हें तुमने अल्लाह का शरीक ठहराया बनाया है. हरगिज़ कोई शरीक नहीं है, बल्कि अल्लाह ही बड़ा ग़ालिब बड़ा हिकमत वाला है.
28. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हमने तुम्हें तमाम लोगों के लिए बशारत देने वाला और अज़ाब से ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर बनाकर भेजा है, लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते.
29. और वे लोग कहते हैं कि क़यामत का या वादा कब पूरा होगा ? अगर तुम सच्चे हो.
30. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि तुम्हारे लिए वादे का दिन मुक़र्रर है. तुम उससे न एक पल पीछे रहोगे और न आगे ही बढ़ सकोगे.
31. और कुफ़्र करने वाले लोग कहते हैं कि हम इस क़ुरआन पर ईमान नहीं लाएंगे और न उन किताबों पर, जो इससे पहले की हैं. और तुम देखोगे कि जब ज़ालिम क़यामत के दिन अपने परवरदिगार के सामने खड़े किए जाएंगे और वे आपस में एक दूसरे पर तोहमत लगा रहे होंगे. कमज़ोर लोग, बड़े मुताकब्बिर लोगों से कहेंगे कि अगर तुम न होते, तो हम भी ज़रूर मोमिन होते.
32. मुताकब्बिर लोग, कमज़ोर लोगों से कहेंगे कि जब तुम्हारे पास अल्लाह की हिदायत आई थी, तो क्या उसके बाद हमने तुम्हें रोका था? बल्कि तुम खु़द ही गुनाहगार थे.
33. और कमज़ोर लोग, मुताकब्बिर लोगों से कहेंगे कि तुम्हारे रात दिन के मकर ने हमें रोका था. तुम हमें अल्लाह से कुफ़्र करने और उसका शरीक ठहराने को कहते थे. जब ये लोग अज़ाब को देख लेंगे, तो दिल ही दिल में बहुत पछताएंगे. हम काफ़िरों की गर्दनों में तौक़ डाल देंगे. जो कुछ ये लोग करते थे, उन्हें उसकी सज़ा दी जाएगी.
34. और हमने किसी बस्ती में कोई ख़बरदार करने वाला ऐसा पैग़म्बर नहीं भेजा, जहां के ख़ुशहाल लोगों ने यह न कहा हो कि तुम्हें जो अहकाम देकर भेजा गया है, हम उससे कुफ़्र करते हैं यानी उससे इनकार करते हैं.
35. और वे लोग कहने लगे कि हमारे पास बहुत सा माल और औलाद है. और हम पर अज़ाब नहीं आएगा. 
36. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मेरा परवरदिगार जिसके लिए चाहता है रिज़्क़ कुशादा कर देता है और जिसके लिए चाहता है रिज़्क़ तंग कर देता है, लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते हैं.
37. और तुम्हारा माल और औलाद इस क़ाबिल नहीं कि तुम्हें हमारा मुक़र्रिब बना दें, लेकिन जो ईमान लाया और नेक अमल करता रहा, तो ऐसे लोगों के लिए कई गुना जज़ा है और वे जन्नत के बाला ख़ानों में अमन यानी चैन व सुकून से रहेंगे.
38. जो लोग हमारी आयतों को लेकर हमसे मुक़ाबला करते हैं और हमें आजिज़ करने के गुमान में हैं. वे सब लोग अज़ाब में हाज़िर किए जाएंगे.
39. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि बेशक मेरा परवरदिगार अपने बन्दों में से जिसके लिए चाहता है रिज़्क़ कुशादा कर देता है और जिसके लिए चाहता है, तंग कर देता है. और जो कुछ तुम लोग अल्लाह की राह में ख़र्च करोगे, वह उसके बदले तुम्हें और ज़्यादा देगा. वह बेहतरीन रिज़्क़ देने वाला है.
40. और जिस दिन वह अल्लाह सब लोगों को जमा करेगा. फिर फ़रिश्तों से फ़रमाएगा कि क्या ये लोग तुम्हें पुकारा करते थे? 
41. फ़रिश्ते अर्ज़ करेंगे कि तू पाक है. तू ही हमारा कारसाज़ है न कि ये लोग, बल्कि ये लोग जिन्नों को पुकारते थे और इनमें से बहुत से लोग उन्हीं पर ईमान रखते थे.
42. तब अल्लाह फ़रमाएगा कि आज तुममें से कोई भी किसी को नफ़ा या नुक़सान पहुंचाने का इख़्तियार नहीं रखता है. और हम ज़ालिमों से कहेंगे कि दोज़ख़ के अज़ाब के मज़े चखो, जिसे तुम झुठलाया करते थे.
43. और जब उनके सामने हमारी रौशन आयतें पढ़ी जाती हैं, तो वे कहते हैं कि ये रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ऐसे शख़्स हैं, जो तुम्हें उनसे तुम्हें रोकना चाहते हैं, जिन्हें तुम्हारे बाप दादा पुकारते थे. और वे यह भी कहते हैं कि क़ुरआन मनगढ़ंत झूठ है. और जब काफ़िरों के पास हक़ आया, तो उसके बारे में कहने लगे कि यह सिर्फ़ सरीह जादू है.
44. और हमने उन अहले मक्का को न आसमानी किताबें अता की थीं, जिन्हें वे लोग पढ़ते हैं और न तुमसे पहले उनके पास कोई ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर भेजा था. 
45. और उनसे पहले के लोगों ने भी पैग़म्बरों को झुठलाया था. और वे लोग अभी उसके दसवें हिस्से को भी नहीं पहुंचे, जो कुछ हमने उनसे पहले के लोगों को अता किया था. फिर उन्होंने भी हमारे रसूलों को झुठलाया, तो हमारा इनकार कैसा इबरतनाक हुआ.
46. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मैं तुम्हें सिर्फ़ एक बात की नसीहत करता हूं कि तुम अल्लाह के लिए दो-दो मिलकर और तन्हा-तन्हा करके क़याम करो और फिर अच्छी तरह ग़ौर व फ़िक्र करो कि तुम्हारे रफ़ीक़ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम को कोई जुनून नहीं है, वह तो महज़ तुम्हें एक सख़्त अज़ाब से ख़बरदार करने वाले पैग़म्बर हैं.
47. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मैंने तुमसे कोई उजरत चाही हो, तो वह भी तुम्हीं को दे दी. मेरा अज्र सिर्फ़ अल्लाह के ज़िम्मे है. और वह हर चीज़ का गवाह है. 
48. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि बेशक मेरा परवरदिगार हक़ नाज़िल करता है. वह ग़ैब का जानने वाला है. 
49. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि हक़ आ चुका है. और बातिल न तो पहली बार कुछ पैदा कर सकता है न वह किसी को दोबारा लौटा सकता है.
50. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि अगर मैं बहक जाऊं, तो मेरे बहकने का वबाल मुझ पर ही होगा. और अगर मैं हिदायत पर हूं, तो उस वही की वजह से हूं, जो मेरा परवरदिगार मेरी तरफ़ भेजता है. बेशक वह ख़ूब सुनने वाला और बहुत क़रीब है.
51. और अगर तुम देखो कि जब वे लोग घबरा हुए होंगे, तो अज़ाब से बच नहीं सकेंगे और वे क़रीब से ही गिरफ़्त में ले लिए जाएंगे.
52. और उस वक़्त वे लोग कहेंगे कि हम ईमान लाते हैं. लेकिन अब वे लोग ईमान को इतनी दूर से कहां पा सकते हैं.
53. और इससे पहले वे लोग कुफ़्र करते रहे और बिन देखे दूर से ही बातिल गुमान के तीर चलाते रहे.   
54. और अब उनके और उनकी ख़्वाहिशों के दरम्यान पर्दा डाल दिया गया है, जैसा उनसे पहले उनके मिसल के लोगों पर डाला गया था. बेशक वे धोखे में डालने वाले शक और शुबहा में मुब्तिला थे.

Thursday, August 19, 2021

35 सूरह अल फ़ातिर

सूरह अल फ़ातिर मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 45 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें ही के लिए हैं, जो आसमानों और ज़मीन की तख़लीक़ करने वाला है. फ़रिश्तों को अपना क़ासिद बनाने वाला है, जिनके दो-दो और तीन-तीन और चार-चार पर हैं. और वह अपनी तख़लीक़ में जिस क़द्र चाहता है, इज़ाफ़ा कर लेता है. बेशक अल्लाह हर चीज़ पर क़ादिर है.
2. अल्लाह इंसानों के लिए अपनी रहमत के दरवाजे़ खोल दे, तो कोई उसे रोकने करने वाला नहीं है. और अगर वह रोक ले, तो कोई उसे भेजने वाला नहीं है. और वह बड़ा ग़ालिब, बड़ा हिकमत वाला है.
3. ऐ इंसानो ! अल्लाह ने तुम्हें जो नेअमतें अता की हैं, उसे याद करो. क्या अल्लाह के सिवा कोई और ख़ालिक है, जो तुम्हें आसमान और ज़मीन से रिज़्क़ दे. उसके सिवा कोई माबूद नहीं. फिर तुम कहां भटक रहे हो.
4. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और अगर वे लोग तुम्हें झुठलाएं, तो अजब नहीं. तुमसे पहले के रसूलों को भी झुठलाया गया है. और तमाम काम अल्लाह ही की तरफ़ रुजू करते हैं. 
5. ऐ इंसानो ! बेशक अल्लाह का वादा बरहक़ है. फिर कहीं दुनियावी ज़िन्दगी तुम्हें धोखे में न डाल दे और वह फ़रेबी शैतान अल्लाह के नाम पर तुम्हें धोखे न दे.
6. बेशक शैतान तुम्हारा दुश्मन है. फिर तुम भी उसे अपना दुश्मन ही समझो. वह अपने गिरोह को सिर्फ़ इसलिए बुलाता है, ताकि वे असहाबे दोज़ख़ बन जाएं.
7. जिन लोगों ने कुफ़्र किया, उनके लिए सख़्त अज़ाब है और जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, उनके लिए मग़फ़िरत और बड़ा अज्र है.
8. जिस शख़्स को उसके बुरे अमल आरास्ता करके दिखाए जाएं, फिर वह उन्हें अच्छा समझने लगे, क्या वह नेक काम करने वाले के बराबर हो सकता है. फिर बेशक अल्ल्लाह जिसे चाहता है गुमराही में छोड़ देता है और जिसे चाहता है हिदायत देता है. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! कहीं उनकी हसरत यानी फ़िक्र में तुम्हारी जान ही न चली जाए. बेशक अल्लाह उन आमाल से ख़ूब वाक़िफ़ है, जो वे लोग किया करते हैं.
9. और वह अल्लाह ही है, जो हवाओं को भेजता है, तो वे बादलों को उड़ाये फिरती हैं. फिर हम उन बादलों को बंजर इलाक़े की तरफ़ भेज देते हैं. फिर हम उसके ज़रिये मुर्दा ज़मीन को ज़िन्दा यानी बंजर ज़मीन को शादाब कर देते हैं. इसी तरह मुर्दों को ज़िन्दा होकर उठना है.
10. जो शख़्स इज़्ज़त चाहता है, तो सब इज़्ज़त अल्लाह ही के लिए है. उसी की बारगाह में पाकीज़ा कलाम पहुंचता है और वही नेक अमल को बुलंद करता है. और जो लोग मकर करते हैं, उनके लिए बहुत बुरा अज़ाब है और उनका यह मकर नाबूद हो जाएगा.
11. और वह अल्लाह ही है, जिसने तुम्हें पहले मिट्टी से पैदा किया. फिर नुत्फ़े से तुम्हें नर और मादा बनाया. और उसके इल्म के बग़ैर न कोई मादा हामिला होती है और न वह बच्चे को जन्म देती है और न किसी की उम्र ज़्यादा होती है और न किसी की उम्र कम की जाती है. यह सब किताब यानी लौहे-महफ़ूज़ में लिखा हुआ है. बेशक यह अल्लाह के लिए बहुत आसान है.
12. और दो समन्दर बराबर नहीं हो सकते. एक का पानी मीठा प्यास बुझाने वाला, ख़ुशगवार है और दूसरे का पानी खारा व कड़वा है. और तुम हर एक में से ताज़ा गोश्त खाते हो और अपने लिए ज़ेवर यानी मोती, मरजान और मूंगे वग़ैरह निकालते हो, जिन्हें तुम पहनते हो. और तुम उसमें कश्तियों और जहाज़ों को देखते हो, जो पानी को फाड़ते हुए चले जाते हैं, ताकि तुम तिजारत के ज़रिये अल्लाह का फ़ज़ल यानी रिज़्क़ तलाश करो और उसके शुक्रगुज़ार रहो.
13. अल्लाह ही रात को दिन में दाख़िल करता है और दिन को रात में दाख़िल करता है. और उसी ने सूरज और चांद को काम में लगा रखा है. हर एक सय्यारा अपने मुक़र्रर वक़्त पर चलता रहता है. वही अल्लाह तुम्हारा परवरदिगार है और उसी की तमाम बादशाहत है. ऐ मुशरिको ! और उसके सिवा तुम जिन्हें पुकारते हो, वे खजूर की गुठली के बारीक छिलके के बराबर भी इख़्तियार नहीं रखते.
14. अगर तुम उन्हें पुकारो, तो वह तुम्हारी पुकार को सुन नहीं सकते. और अगर सुन भी लें, तो तुम्हारी बात का जवाब नहीं दे सकते. और वे क़यामत के दिन तुम्हारे शिर्क से इनकार कर देंगे. और तुम्हें बाख़बर अल्लाह की तरह कोई ख़बर नहीं दे सकता.
15. ऐ इंसानो ! तुम सब अल्लाह के मोहताज हो और अल्लाह ही बेनियाज़ और सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं.
16. अगर वह चाहे तो तुम लोगों को नाबूद कर दे और एक नई ख़िलक़त आबाद कर दे. 
17. और अल्लाह के लिए कुछ भी मुश्किल नहीं है.
18. और कोई शख़्स किसी दूसरे के गुनाह का बोझ नहीं उठाएगा. अगर बोझ में दबा हुआ कोई शख़्स अपना बोझ बटाने के लिए किसी को बुलाएगा, तो वह कुछ भी नहीं उठा सकेगा, अगरचे वह उसका रिश्तेदार ही क्यों न हो. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम उन्हीं लोगों को नसीहत कर सकते हो, जो ग़ायबाना अपने परवरदिगार से डरते हैं और पाबंदी से नमाज़ पढ़ते हैं. और जो शख़्स पाकीज़गी हासिल करता है, तो वह अपने फ़ायदे के लिए ही पाक होता है. और सबको अल्लाह की तरफ़ ही लौटना है.
19. और नाबीना और आंखों वाले लोग बराबर नहीं हो सकते.
20. और न तारीकियां और नूर बराबर हो सकते हैं.
21 और न छांव और धूप बराबर हो सकते हैं.
22. और न ज़िन्दा लोग और मुर्दे बराबर हो सकते हैं. बेशक अल्लाह जिसे चाहता है, सुना देता है. और तुम उन्हें नहीं सुना सकते, जो क़ब्रों में दफ़न हैं.  
23. तुम सिर्फ़ ख़बरदार करने वाले हो.
24. बेशक हमने तुम्हें हक़ के साथ बशारत देने वाला और अज़ाब से ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर बनाकर भेजा है. और कोई उम्मत ऐसी नहीं गुज़री, जिसके पास हमारा ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर न आया हो.
25. और अगर वे लोग तुम्हें झुठलाएं, तो परवाह मत करो. बेशक तुमसे पहले के पैग़म्बरों को भी झुठलाया गया है. उनके पास भी उनके रसूल वाज़ेह निशानियां और सहीफ़े और रौशन किताबें लेकर आए थे.  
26. फिर हमने कुफ़्र करने वाले लोगों को अपने अज़ाब की गिरफ़्त में ले लिया. फिर हमसे इनकार किया जाना कैसा था. 
27. क्या तुमने नहीं देखा कि अल्लाह ने आसमान से पानी बरसाया. फिर हमने उसके ज़रिये रंग-बिरंगे फल व मेवे उगाए और पहाड़ों में मुख़्तलिफ़ रंगों की घाटियां हैं, कुछ सफ़ेद, कुछ सुर्ख़ और कुछ बिल्कुल गहरी स्याह हैं.
28. और इंसानों और जानवरों और चौपायों के भी इसी तरह मुख़्तलिफ़ रंग हैं. बेशक अल्लाह से उसके बन्दों में से सिर्फ़ वही ख़ौफ़ रखते हैं, जो इल्म वाले हैं. बेशक अल्लाह बड़ा ग़ालिब, बड़ा बख़्शने वाला है.
29. बेशक जो लोग अल्लाह की किताब की तिलावत करते हैं और पाबंदी से नमाज़ पढ़ते हैं और हमने जो कुछ उन्हें अता किया है उसमें से पोशीदा और ज़ाहिरी तौर पर अल्लाह की राह में ख़र्च करते हैं, वह उस तिजारत के उम्मीदवार हैं, जो कभी नुक़सान में नहीं होगी.
30. ताकि अल्लाह उन्हें पूरा अज्र दे और अपने फ़ज़ल से उन्हें मज़ीद अता करे. बेशक अल्लाह बड़ा बख़्शने वाला, बड़ा शुक्र क़ुबूल करने वाला है.
31. और हमने जो किताब यानी क़ुरआन तुम पर नाज़िल किया है, वह बरहक़ है और उससे पहले की किताबों की तसदीक़ करता है. बेशक अल्लाह बन्दों से बाख़बर है, उन्हें देखने वाला है.
32. फिर हमने उन लोगों को किताब यानी क़ुरआन का वारिस बनाया, जिन्हें अपने बन्दों में से मुंतख़िब किया.
उनमें से कुछ तो अपनी जानों पर ज़ुल्म करने वाले हैं. और कुछ दरम्यान में रहने वाले हैं और कुछ अल्लाह के हुक्म से नेकियों में आगे बढ़ जाने वाले हैं. यह अल्लाह का बहुत बड़ा फ़ज़ल है.
33. उन लोगों के लिए जन्नत के सदाबहार बाग़ हैं, जिनमें वे दाख़िल होंगे. उसमें उन्हें सोने और मोतियों के कंगन पहनाए जाएंगे और वहां उनका लिबास रेशम का होगा.
34. वे लोग कहेंगे कि अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं, जिसने हमें ग़म से निजात दी. बेशक हमारा परवरदिगार बड़ा बख़्शने वाला, शुक्र क़ुबूल करने वाला है.
35. जिस अल्लाह ने हमें अपने फ़ज़ल से दाइमी मक़ाम के घर में उतार दिया, जहां हमें न कोई तकलीफ़ पहुंचेगी और न थकान ही होगी.
36. और कुफ़्र करने वाले लोगों के लिए जहन्नुम की आग है. उन्हें न मौत आएगी कि वे मर जाएं और न उनके अज़ाब में कुछ कमी की जाएगी. इसी तरह हम हर कुफ़्र करने वाले को जज़ा दिया करते हैं.
37. और वे लोग जहन्नुम में पड़े चिल्लाएंगे कि ऐ हमारे परवरदिगार ! हमें यहां से निकाल दे. अब हम नेक अमल करेंगे. उसे छोड़कर, जो कुछ हम किया करते थे. और उनसे कहा जाएगा कि क्या हमने तुम्हें इतनी उम्र नहीं दी थी कि तुम उसमें नसीहत हासिल करना चाहते, तो नसीहत हासिल कर लेते. तुम्हारे पास अज़ाब से ख़बरदार करने वाले पैग़म्बर भी आए थे. इसलिए अब अज़ाब का ज़ायक़ा चखो. फिर ज़ालिमों का कोई मददगार नहीं होगा. 
38. बेशक अल्लाह ही आसमानों और ज़मीन की पोशीदा चीज़ों को जानने वाला है. वह दिलों में पोशीदा राज़ों से भी ख़ूब वाक़िफ़ है.
39. वह अल्लाह ही है, जिसने तुम्हें ज़मीन में गुज़श्ता लोगों का ख़लीफ़ा बनाया. फिर जिसने कुफ़्र किया, उसके कुफ़्र का वबाल उसी पर होगा. और काफ़िरों के हक़ में उनके कुफ़्र से उनके परवरदिगार के हुज़ूर में ग़ज़ब के सिवा कुछ नहीं बढ़ता. और काफ़िरों को उनका कुफ़्र नुक़सान ही पहुंचाता है.
40. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम उनसे कह दो कि क्या तुमने उन्हें देखा है, जिन्हें तुम अल्लाह के सिवा पुकारते हो, मुझे भी दिखाओ कि उन्होंने ज़मीन में कौन सी चीज़ पैदा की है या आसमानों की तख़लीक़ में उनकी कुछ शिरकत है. या हमने उन्हें कोई किताब दी है कि वे उसकी दलील रखते हैं, बल्कि ज़ालिम एक दूसरे से धोखे के सिवा कोई वादा नहीं करते.
41. बेशक अल्लाह ही आसमानों और ज़मीन को रोके हुए है कि कहीं वे अपनी जगह से हिल न जाएं. और अगर वे अपनी जगह से हट जाएं, तो उस अल्लाह के बाद कोई उन्हें रोक नहीं सकता. बेशक वह बड़ा हलीम, बड़ा बख़्शने वाला है.
42. और वे लोग अल्लाह की बड़ी क़समें खाते हैं कि अगर उनके पास कोई ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर आएगा, तो वे हर एक उम्मत से ज़्यादा हिदायतयाफ़्ता होंगे. फिर जब उनके पास ख़बरदार करने वाले पैग़म्बर आए, तो उससे उनकी हक़ से नफ़रत में मज़ीद इज़ाफ़ा ही हुआ. 
43 उन्होंने ज़मीन में तकब्बुर किया और मक्कारी की. मक्कारी का वबाल मक्कार पर ही पड़ता है. वे पिछले लोगों की रविश यानी अज़ाब के सिवा किसी चीज़ के मुंतज़िर नहीं हैं. और तुम अल्लाह के दस्तूर में कोई तब्दीली नहीं पाओगे और न अल्लाह के दस्तूर को कभी टलते होते हुए देखोगे.    
44. क्या वे लोग ज़मीन में चले फिरे नहीं कि देखते कि उनका कैसा अंजाम हुआ, जो लोग उनसे पहले गुज़रे हैं. हालांकि वे क़ूवत में उनसे कहीं बढ़कर थे. और अल्लाह ऐसा नहीं है कि आसमानों और ज़मीन में कोई चीज़ उसे आजिज़ कर सके. बेशक वह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा क़ुदरत वाला है.
45. और अगर अल्लाह लोगों को उनके आमाल की वजह से गिरफ़्त में लेने लगे, जो उन्होंने कमा रखे हैं, तो ज़मीन में एक भी चलने फिरने वाले को नहीं छोड़े, लेकिन उसने उन्हें एक मुक़र्रर वक़्त तक मोहलत दे रखी है. फिर जब उनका वक़्त आ पहुंचेगा, तो उन्हें उनके आमाल का पूरा-पूरा बदला दे दिया जाएगा. फिर बेशक अल्लाह अपने बन्दों को देखने वाला है.