Saturday, September 11, 2021

12 सूरह अल यूसुफ़

सूरह अल यूसुफ़ मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 111 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अलिफ़ लाम रा. ये रौशन किताब की आयतें हैं.
2. बेशक हमने इस किताब को क़ुरआन की सूरत में अरबी में नाज़िल किया है, ताकि तुम समझ सको.
3. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! हम तुमसे एक बेहतरीन क़िस्सा बयान करते हैं इस क़ुरआन के ज़रिये जिसे हमने तुम पर नाज़िल किया है. अगरचे तुम इससे पहले इस क़िस्से से बिल्कुल बेख़बर थे.
4. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! वह वक़्त याद करो कि जब यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने अपने वालिद याक़ूब अलैहिस्सलाम से कहा कि ऐ मेरे अब्बा ! मैंने ख़्वाब में ग्यारह सितारों और सूरज और चांद को देखा है, जो मुझे सजदा कर रहे हैं.
5. याक़ूब अलैहिस्सलाम ने कहा कि ऐ मेरे बेटे ! अपना यह ख़्वाब अपने भाइयों के सामने बयान मत करना, वरना वे तुम्हारे ख़िलाफ़ मक्कारी की तदबीर करने लगेंगे. बेशक शैतान इंसान का सरीह  दुश्मन है.
6. और इसी तरह तुम्हारा परवरदिगार तुम्हें रिसालत के लिए मुंतख़िब करेगा और तुम्हें ख़्वाबों की ताबीर का इल्म अता करेगा. और तुम पर और याक़ूब अलैहिस्सलाम की औलाद पर अपनी नेअमत पूरी करेगा, जैसे उसने इससे पहले तुम्हारे परदादा इब्राहीम अलैहिस्सलाम और दादा इसहाक़ अलैहिस्सलाम पर अपनी नेअमत पूरी की थी. और तुम्हारा परवरदिगार बड़ा साहिबे इल्म बड़ा हिकमत वाला है.
7. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! बेशक यूसुफ़ अलैहिस्सलाम और उनके भाइयों के क़िस्से में सवाल करने वालों के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
8. और वह वक़्त भी याद करो कि जब यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के भाइयों ने कहा कि यूसुफ़ अलैहिस्सलाम और उनके हक़ीक़ी भाई बिन यामीन हमारे वालिद को हमसे ज़्यादा महबूब हैं, जबकि हम ज़्यादा क़ूवत वाली जमात हैं. बेशक हमारे वालिद सरीह ग़लत फ़हमी में मुब्तिला हैं.
9. अब यही हल है कि यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को क़त्ल कर दो या उसे किसी अनजान जगह छोड़ आओ. इस तरह तुम्हारे वालिद की तवज्जो तुम्हारी तरफ़ हो जाएगी. और उसके बाद तुम तौबा करके स्वाहिलीन क़ौम में शामिल हो जाओगे.
10. उनमें से लावी नाम का एक भाई कहने लगा कि यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को क़त्ल मत करो. उसे किसी तारीकी कुएं में डाल दो. कोई राहगीर उसे निकालकर ले जाएगा. अगर तुम कुछ करने वाले हो.
11. सब भाइयों ने याक़ूब अलैहिस्सलाम से कहा कि ऐ हमारे अब्बा ! आख़िर इसकी क्या वजह है कि आप यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के बारे में हम पर ऐतबार नहीं करते. और यक़ीनन हम उसके ख़ैरख़्वाह हैं. 
12. आप उसे हमारे साथ भेज दो कि वह ख़ूब खाये और खेले कूदें. और बेशक हम उसके मुहाफ़िज़ हैं. 
13. याक़ूब अलैहिस्सलाम ने कहा कि बेशक मुझे यह ख़्याल ग़मगीन करता है कि तुम उसे ले जाओ और मैं इस ख़्याल से भी ख़ौफ़ज़दा हूं कि उसे भेड़िया खा जाए और तुम उससे ग़ाफ़िल रहो.
14. वे कहने लगे कि अगर उसे भेड़िया खा जाए हालांकि हम क़वी जमात मौजूद हों, तो बेशक हम बिल्कुल नाकारा हुए.
15. फिर जब वे यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को ले गए और इस पर इत्तेफ़ाक़ कर लिया कि उन्हें तारीकी कुएं में डाल दें. तब हमने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के पास वही भेजी कि ऐ यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ! घबराओ नहीं. एक वक़्त आएगा कि तुम यक़ीनन उन्हें उनके इस काम से आगाह करोगे और उन्हें शऊर भी नहीं होगा.
16. और वे यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को तारीकी कुएं में डालकर रात के वक़्त अपने वालिद याक़ूब अलैहिस्सलाम के पास रोते हुए आए.
17. वे कहने लगे कि ऐ हमारे अब्बा ! हम लोग दौड़ते हुए आगे निकल गए और यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को अपने सामान के पास छोड़ दिया. फिर उसे भेड़िया खा गया. और आप हमारी बात का यक़ीन भी नहीं करेंगे, अगरचे हम सच्चे ही हों.
18. और वे यूसुफ़ अलैहिस्सलाम की क़मीज़ पर झूठ मूठ का ख़ून लगाकर लाए थे. याक़ूब अलैहिस्सलाम ने कहा कि यह हक़ीक़त नहीं है, बल्कि तुम्हारे नफ़्सों ने एक काम को तुम्हारे लिए जमील बना दिया है. यानी उन्हें भेड़िये ने खाया होता, तो क़मीज़ फटी हुई होती. फिर सब्र ही मेरे लिए बेहतर है. और मैं उस पर अल्लाह ही से मदद चाहता हूं, जो कुछ तुम बयान कर रहे हो. 
19. और राहगीरों का एक क़ाफ़िला वहां आया. उन्होंने अपने पानी भरने वाले को पानी लेने के लिए भेजा. उसने कुएं में डोल लटकाया, तो यूसुफ़ अलैहिस्सलाम उसमें बैठकर बाहर आ गए. उसने कहा कि ख़ुशी की बात है कि यह एक लड़का है. क़ाफ़िले वालों ने उन्हें क़ीमती सरमाया समझकर छुपा लिया. और अल्लाह उन आमाल से ख़ूब वाक़िफ़ था, जो वे कर रहे थे.
20. (यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के भाई छुपकर यह सब देख रहे थे.) और उन्होंने अपने भाई को भगा हुआ ग़ुलाम बताकर बहुत कम दिरहम के बदले बेच दिया. और वे लोग यूसुफ़ अलैहिस्सलाम से बेज़ार हो रहे थे. 
21. (क़ाफ़िले वालों ने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को मिस्र में ले जाकर बड़े नफ़े में बेच दिया. मिस्र के वज़ीरे ख़ज़ाना क़तफ़ीर ने उन्हें ख़रीदा, जिसे अज़ीज़े मिस्र कहा जाता था.) और उसने अपनी बीवी ज़ुलैख़ा से कहा कि इसे इज़्ज़त व इकराम से रखो, शायद यह हमें कुछ नफ़ा पहुंचाए या हम इसे अपना बेटा ही बना लें. और इस तरह हमने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को मिस्र की सरज़मीन में पनाह दी. और हमने उन्हें ख़्वाब की ताबीर का इल्म सिखाया. अल्लाह अपने हर काम पर ग़ालिब है, लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते.
22. और जब यूसुफ़ अलैहिस्सलाम बालिग़ होकर अपने शबाब पर पहुंचे, तो हमने उन्हें हिकमत यानी नबुवत  और इल्म अता किया. और हम मोहसिनों को ऐसे ही जज़ा दिया करते हैं.
23. और जिस औरत ज़ुलैख़ा के घर में यूसुफ़ अलैहिस्सलाम रहते थे, उसने उनसे अपनी ख़्वाहिश पूरी करनी चाही और सब दरवाज़े भी बंद कर दिए और कहने लगी कि जल्दी आओ. यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि अल्लाह की पनाह. वह तुम्हारा शौहर मेरा मरबी यानी बादशाह है. उसने मुझे बहुत अच्छी तरह रखा है. बेशक ज़ालिम लोग कभी कामयाब नहीं होते. 
24. और बेशक उस ज़ुलैख़ा ने तो उन्हें हासिल करने का इरादा कर ही लिया था. शायद वह भी इसका क़सद कर लेते अगर उन्होंने अपने परवरदिगार की रौशन दलील न देखी होती. ऐसा इसलिए किया गया कि हम उनसे बुराई और बेहयाई को दूर रखें. बेशक वह हमारे मुख़लिस बन्दों में से थे.
25. और दोनों दरवाजे़ की तरफ़ दौड़ पड़े और ज़ुलैख़ा ने पीछे से उनकी क़मीज़ पकड़ कर खींच ली, जिससे वह फट गई. और दोनों ने ज़ुलैख़ा के शौहर को दरवाज़े के क़रीब खड़ा पाया. वह अपने शौहर से कहने लगी कि जो तुम्हारी बीवी के साथ बुराई का इरादा करे, उसकी सज़ा इसके सिवा और क्या हो सकती है कि उसे ज़िन्दान में डाल दिया जाए या दर्दनाक अज़ाब में मुब्तिला कर दिया जाए.
26. यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि उसने ख़ुद मुझसे ख़्वाहिश की थी. और ज़ुलैख़ा के कुनबे वालों में से एक दूध पीते बच्चे ने गवाही दी कि अगर उनकी क़मीज़ आगे से फटी हुई है, तो यह सच्ची है और वे झूठों में से हैं. 
27. और अगर उनकी क़मीज़ पीछे से फटी हुई है, तो यह झूठी है और वे सादिक़ों में से हैं. 
28. फिर जब अज़ीजे़ मिस्र ने उनकी क़मीज़ पीछे से फटी हुई देखी, तो अपनी बीवी ज़ुलैख़ा से कहने लगा कि बेशक यह तुम औरतों का फ़रेब है. बेशक तुम औरतों के फ़रेब बड़े ग़ज़ब के होते हैं.
29. उसने कहा कि ऐ यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ! तुम इससे दरगुज़र करो और अपनी बीवी ज़ुलैख़ा से कहा कि तू अपने गुनाह की मुआफ़ी मांग, क्योंकि बेशक तू ही ख़तावारों में से है.
30. और शहर में कुछ औरतें कहने लगीं कि अज़ीज़े मिस्र की बीवी ज़ुलैख़ा अपने ग़ुलाम की ख़्वाहिशमंद है. उस ग़ुलाम की मुहब्बत उसके दिल में बस गई है. बेशक हम उसे सरीह गुमराही में मुब्तिला देख रही हैं. 
31. फिर जब ज़ुलैख़ा ने उनकी मक्कारी की बातें सुनीं, तो उसने उन औरतों को बुलवाया और उनके लिए एक महफ़िल आरास्ता की. और उसमें से हर एक औरत के हाथ में एक छुरी और एक नारंगी दे दी और उनसे कह दिया कि जब यूसुफ़ अलैहिस्सलाम तुम्हारे सामने आएं, तो इसे काट दे देना. और यूसुफ़ अलैहिस्सलाम से उनके सामने से गुज़रने को कहा. जब उन औरतों ने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को देखा, तो उनके हुस्न व जमाल की तारीफ़ करने लगीं और बेख़ुदी के आलम में नारंगी काटने के बजाय अपने हाथ काट लिए और कहने लगीं कि अल्लाह की पनाह ! ये इंसान नहीं हैं, बल्कि ये एक मुअज़्ज़िज़ फ़रिश्ते हैं.
32. फिर ज़ुलैख़ा उन औरतों से कहने लगी कि ये वही हैं, जिनकी वजह से तुम सब मुझे तानें दिया करती थीं और बेशक मैं उनकी ख़्वाहिशमंद थी, लेकिन वे सरापा अस्मत ही रहे. और अगर उन्होंने अब भी मेरा हुक्म नहीं माना, तो ज़रूर ज़िन्दान में डाले जाएंगे और उन्हें बेआबरू किया जाएगा. 
33. मिस्र की औरतें भी उनकी ख़्वाहिशमंद हो गईं, तो यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने हमारी बारगाह में अर्ज़ किया कि ऐ मेरे परवरदिगार ! ये औरतें मुझसे ख़्वाहिश रखती हैं. मुझे ज़िन्दान उस काम से ज़्यादा पसंद है, जिसकी तरफ़ ये मुझे बुलाती हैं. और अगर तूने इनके मकर को मुझसे नहीं फेरा, तो शायद मैं भी उनकी तरफ़ माइल हो जाऊं और इस तरह नादानों में से हो जाऊं.
34. फिर उनके परवरदिगार ने उनकी दुआ क़ुबूल की और उन औरतों के मकर को उनसे फ़ेर दिया. बेशक वह ख़ूब सुनने वाला बड़ा साहिबे इल्म है.
35. फिर अज़ीज़े मिस्र ने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम की पाक दामिनी की निशानियां देख लेने के बावजूद उन्हें एक मुद्दत तक ज़िन्दान में डालना ही मुनासिब समझा. 
36. और उनके साथ दो जवान भी ज़िन्दान में दाख़िल हुए. कुछ दिन के बाद उनमें से एक क़ैदी ने कहा कि मैंने ख़्वाब में देखा है कि मैं शराब बनाने के लिए अंगूर निचोड़ रहा हूं और दूसरे ने कहा कि मैंने ख़्वाब में देखा है कि मैं अपने सर पर रोटियां उठाए हुए हूं और उसमें से परिन्दे खा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐ यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ! हमें इनकी ताबीर बताओ. बेशक हम आपको मोहसिनों में से मानते हैं.
37. यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि जो खाना तुम्हें दिया जाता है, उसके तुम्हारे पास आने से पहले ही मैं तुम्हें उनकी ताबीर बताऊंगा. ये ताबीरें ख़्वाब भी उन इल्मों में से है, जो मेरे परवरदिगार ने मुझे सिखाए हैं. बेशक मैंने उस क़ौम का दीन शुरू से ही छोड़ रखा है, जो अल्लाह पर ईमान नहीं लाती और वे लोग आख़िरत से भी कुफ़्र करते हैं.
38. और मैं तो अपने बाप दादाओं इब्राहीम अलैहिस्सलाम और इसहाक़ अलैहिस्सलाम और याक़ूब अलैहिस्सलाम के दीन की पैरवी करता हूं. हमारे लिए यह मुनासिब नहीं कि हम किसी चीज़ को अल्लाह के साथ शरीक ठहराएं. यह हम पर और तमाम लोगों पर अल्लाह का बहुत बड़ा फ़ज़ल है. लेकिन बहुत से लोग उसका शुक्र अदा नहीं करते. 
39. ऐ मेरे ज़िन्दान के दोनों साथियों ! ज़रा ग़ौर करो कि क्या बहुत से मुख़्तलिफ़ सरपरस्त बेहतर हैं या वाहिद अल्लाह, जो सब पर ग़ालिब है.  
40. तुम लोग अल्लाह के सिवा उन्हें पुकारते हो, जिनके नाम तुम्हारे बाप दादाओं ने ख़ुद गढ़ लिए हैं. अल्लाह ने उनके लिए कोई दलील नाज़िल नहीं की. हुक्म का इख़्तियार तो सिर्फ़ अल्लाह ही को है. उसी ने हुक्म दिया है कि तुम उसके सिवा किसी की इबादत न करो. यही सीधा दीन है. लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते.
41. ऐ मेरे ज़िन्दान के दोनों साथियों ! तुममें से जिसने अंगूर देखे हैं, वह रिहा होकर अपने मरबी यानी बादशाह को शराब पिलाने का काम करेगा और दूसरा जिसने रोटियां सर पर रखी देखी हैं, तो उसे सूली पर चढ़ाया जाएगा और परिन्दे उसके सर को नोच-नोच कर खाएंगे. उसका फ़ैसला कर दिया गया है, जो तुम दोनों दरयाफ़्त कर रहे थे.
42. और उन दोनों में से रिहाई पाने वाले से यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि अपने मरबी यानी बादशाह से मेरा ज़िक्र करना कि एक बेगुनाह ज़िन्दान में है. फिर शैतान ने उसे अपने मरबी से ज़िक्र करना भुला दिया. फिर यूसुफ़ अलैहिस्सलाम कई बरस ज़िन्दान में ही रहे.
43. और एक दिन बादशाह ने कहा कि मैंने ख़्वाब में देखा है कि सात मोटी ताज़ी गाय हैं और उन्हें सात दुबली पतली गाय खा रही हैं और सात ताज़ी सब्ज़ बालियां हैं और फिर सात सूखी बालियां हैं. ऐ मेरे दरबार के सरदारो ! तुम सब मेरे ख़्वाब के बारे में बताओ, अगर तुम ख़्वाब की ताबीर जानते हो. 
44. उन लोगों ने कहा कि ये परेशान क़िस्म के ख़्वाब हैं और हम ऐसे ख़्वाबों की ताबीर नहीं जानते.
45. और उन दो क़ैदियों में से जिसने रिहाई पाई थी और उसे एक मुद्दत के बाद यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के साथ किया हुआ अपना वादा याद आया, तो उसने कहा कि मैं आपको इसकी ताबीर बता दूंगा. मुझे यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के पास जाने की इजाज़त दो.
46. वह उनके पास गया और कहने लगा कि ऐ यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ! ऐ सादिक़, मुझे इस ख़्वाब बताएं कि सात मोटी ताज़ी गाय हैं, जिन्हें सात पतली गाय खा रही हैं और सात सब्ज़ बालियां हैं और फिर सात सूखी बालियां हैं, ताकि मैं उन लोगों के पास वापस जाकर बयान करूं. शायद वे आपकी क़द्र जान लें. 
47. यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि इस ख़्वाब की ताबीर यह है कि तुम लोग मुसलसल सात बरस काश्त करोगे. फिर जो फ़सल तुम काटागे उसे उसकी बालियों में ही रहने देना. लेकिन इतने थोड़े दाने निकालना जितने तुम साल भर खा लो.
48. फिर उसके बाद सात बरस सख़्त सूखे के आएंगे, वह उसे खा जाएंगे, जो तुमने उन सातों बरसों के लिए पहले से जमा करके रखा होगा. लेकिन तुम बीज के लिए थोड़ा सा अनाज बचाकर रखना. 
49. फिर उसके बाद एक साल ऐसा आएगा, जिसमें ख़ूब बारिशें होंगी और इतने अंगूर होंगे कि लोग उन्हें शराब के लिए निचोड़ेंगे.
50. और यह ताबीर सुनते ही बादशाह ने हुक्म दिया कि यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को मेरे पास लेकर आओ. फिर जब शाही क़ासिद यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के पास आया, तो उन्होंने कहा कि तुम अपने बादशाह के पास लौट जाओ और उनसे दरयाफ़्त करो कि उन औरतों का अब क्या हाल है, जिन्होंने मुझे देखकर अपने हाथ काट लिए थे. बेशक मेरा परवरदिगार ही उनके मकर से ख़ूब वाक़िफ़ है. 
51. बादशाह ने ज़ुलैख़ा समेत सभी औरतों को बुलवाकर दरयाफ़्त किया कि क्या वाक़िया है जब तुम सबने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम से अपनी ख़्वाहिश हासिल करनी चाही थी. उन सबने कहा कि अल्लाह की पनाह ! हमने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम में किसी तरह की कोई बुराई नहीं पाई. तब अज़ीज़े मिस्र की बीवी ज़ुलैख़ा कहने लगी कि अब हक़ सब पर ज़ाहिर हो ही चुका है. हक़ीक़त यह है कि मैंने ख़ुद ही उनसे अपनी ख़्वाहिश हासिल करने की कोशिश की थी. और बेशक वे सादिक़ों में से हैं. 
52. यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि मैंने ऐसा इसलिए किया, ताकि अज़ीज़े मिस्र जान लें कि मैंने उनके पीठ पीछे उनकी अमानत में ख़यानत नहीं की. और बेशक अल्लाह ख़यानत करने वालों के फ़रेब को चलने नहीं देता.
53. और मैं अपने नफ़्स की पाकीज़गी बयान नहीं करता. बेशक नफ़्स बुराई सिखाता है, सिवाय उसके जिस पर परवरदिगार रहम करे. बेशक मेरा परवरदिगार बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
54. और बादशाह ने हुक्म दिया कि यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को मेरे पास लेकर आओ. मैं उन्हें अपना ख़ास मुशीर बना लूं. फिर जब बादशाह ने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम से गुफ़्तगू करके उनकी आला क़ाबिलियत जान ली, तो उनसे कहा कि बेशक तुम आज से हमारे बावक़ार अमीन हो. यानी इख़्तेदार में बराबर के शरीक हो.
55. यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने बादशाह से कहा कि अगर आप मुझसे ख़ास काम लेना ही चाहते हैं, तो मुझे सरज़मीन मिस्र के ख़ज़ानों पर मुक़र्रर कर दें. बेशक मैं उनकी ख़ूब हिफ़ाज़त करने वाला और उसके हिसाब व किताब से भी ख़ूब वाक़िफ़ हूं. 
56. और हमने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को इस तरह मुल्क पर इख़्तेदार अता किया, ताकि उसमें जहां चाहें, वहां रहें. हम जिसे चाहते हैं, अपनी रहमत से सरफ़राज़ कर देते हैं. और हम मोहसिनों का अज्र ज़ाया नहीं करते.
57. और यक़ीनन उन लोगों के लिए आख़िरत का बेहतर अज्र है, जो ईमान लाए और परहेज़गार रहे.
58. और क़हत के वक़्त यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के सौतेले भाई ग़ल्ला लेने के लिए मिस्र आए, तो उनके पास गए. फिर यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने उन्हें पहचान लिया और उनके भाई उन्हें न पहचान सके.
59. और जब यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने उन्हें सामान मुहैया करवा दिया, तो उनसे कहा कि अगली बार आना तो अपने सौतेले भाई बिन यामीन को मेरे पास लेकर आना. क्या तुम नहीं देखते कि मैं ग़ल्ला पूरा नाप कर देता हूं और बेहतरीन मेहमान नवाज़ भी हूं. 
60. फिर अगर तुम उसे मेरे पास नहीं लाओगे, तो तुम्हारे लिए मेरे पास न ग़ल्ले का कोई पैमाना होगा और न तुम लोग मेरे क़रीब ही आ सकोगे.
61. वे लोग कहने लगे कि हम इस बारे में वालिद से ज़रूर दरख़्वास्त करेंगे, ताकि वे उसे हमारे साथ भेज दें. और हम यक़ीनन ऐसा करेंगे.
62. और यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने अपने ख़िदमतदारों को हुक्म दिया कि उनकी रक़म उनके बोरो में रख दो, ताकि जब वे लोग अपने घरवालों के पास लौटकर जाएं, तो उसे पहचान लें. शायद वे इसकी वजह से ही वापस आ जाएं. 
63. फिर जब वे लोग अपने वालिद के पास वापस आए, तो कहने लगे कि ऐ हमारे अब्बा ! हमें आइन्दा ग़ल्ला देने से मना कर दिया गया है. आप हमारे साथ हमारे भाई बिन यामीन को भेज दें, ताकि हम ग़ल्ला ले आएं.  और यक़ीनन हम उसकी हिफ़ाज़त करेंगे. 
64. याक़ूब अलैहिस्सलाम ने कहा कि क्या मैं उसके बारे में भी तुम पर उसी तरह ऐतमाद कर लूं, जैसा इससे पहले उसके भाई यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के बारे में ऐतमाद किया था. फिर अल्लाह ही बेहतर हिफ़ाज़त करने वाला है. और वही सब मेहरबानों से ज़्यादा मेहरबान है. 
65. और जब उन्होंने अपना सामान खोला, तो उसमें अपनी रक़म को देखा, जो उन्हें वापस कर दी गई थी. वे अपने वालिद से कहने लगे कि ऐ हमारे अब्बा ! हमें और क्या चाहिए. यह हमारी रक़म भी हमें वापस दे दी गई है और अब तो हम अपने घरवालों के लिए ग़ल्ला ज़रूर लाएंगे. और हम अपने भाई की पूरी हिफ़ाज़त करेंगे. और एक ऊंट का बोझ यानी ग़ल्ला और लाएंगे. और पहले का यह ग़ल्ला थोड़ा है.
66. याकूब अलैहिस्सलाम ने कहा कि मैं उसे हरगिज़ तुम्हारे साथ नहीं भेजूंगा, यहां तक कि तुम अल्लाह की क़सम खाकर मुझसे पुख़्ता अहद नहीं करोगे कि तुम उसे ज़रूर सही सलामत मेरे पास लाओगे, सिवाय इसके कि तुम सब घेर लिए जाओ. जब उन्होंने पुख़्ता अहद कर लिया, तो उन्होंने कहा कि जो कुछ हम कह रहे हैं, अल्लाह उसका निगेहबान है. 
67. और याक़ूब अलैहिस्सलाम ने रवानगी के वक़्त कहा कि ऐ मेरे बेटों ! शहर में तुम सब एक ही दरवाजे़ से दाख़िल न होना, बल्कि मुख़्तलिफ़ दरवाज़ों से दाख़िल होना. और मैं उसे नहीं टाल सकता, जो हुक्म अल्लाह की तरफ़ से सादिर हो. मैंने अल्लाह पर भरोसा किया है और भरोसा करने वालों को उसी पर भरोसा करना चाहिए.
68. और जब वे सब भाई उसी तरह मिस्र में दाख़िल हुए जिस तरह उनके वालिद ने हुक्म दिया था. लेकिन हुक्म अल्लाह की तरफ़ से आने वाला था, जिसे याक़ूब अलैहिस्सलाम नहीं टाल सकते थे. लेकिन यह याक़ूब अलैहिस्सलाम की दिली ख़्वाहिश थी, जिसे उसने पूरा किया. बेशक याक़ूब अलैहिस्सलाम साहिबे इल्म थे. हमने उन्हें इल्म अता किया था. लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते. 
69. और जब वे लोग यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के पास आए, तो उन्होंने अपने सगे भाई बिन यामीन को अपने पास जगह दी और आहिस्ता से कहा कि बेशक मैं तुम्हारा भाई यूसुफ़ अलैहिस्सलाम हूं. फिर तुम उसका ग़म न करो, जो कुछ वे तुम्हारे साथ करते रहे हैं, 
70. फिर जब यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने उन्हें सामान मुहैया करवा दिया, तो अपने भाई बिन यामीन के सामान में शाही प्याला रखवा दिया. फिर मुनादी करने वाले ने ऐलान किया कि ऐ क़ाफ़िले वालो ! ठहरो, यक़ीनन तुम्हीं लोग चोर लगते हो.
71. यह सुनकर वे लोग उनकी तरफ़ मुतावाज्जे हुए और कहने लगे कि तुम्हारी क्या चीज़ गुम हो गई है.
72. उन्होंने जवाब दिया कि हमें बादशाह का प्याला नहीं मिल रहा है. और जो उसे तलाश कर ले आएगा, तो उसे एक ऊंट के बोझ के बराबर ग़ल्ला ईनाम में मिलेगा. और हम इसके ज़िम्मेदार हैं.
73. वे लोग कहने लगे कि अल्लाह की क़सम. बेशक तुम जानते हो कि हम तुम्हारी सरज़मीन में इसलिए नहीं आए कि फ़साद करें और न हम चोर हैं.
74. ख़िदमतगार कहने लगे कि अगर तुम झूठे निकले, तो फिर चोर की क्या सज़ा होगी.
75. वे कहने लगे कि उसकी सज़ा यह है कि जिसके सामान में प्याला बरामद हो, तो वह ख़ुद ही उसका बदला है. यानी माल के बदले में उसे ग़ुलाम बना लिया जाए. हम ज़ालिमों को इसी तरह सज़ा दिया करते हैं.
76. फिर यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने अपने भाई बिन यामीन की बोरी से पहले दूसरे भाइयों के बोरों से तलाशी शुरू की. फिर उस प्याले को अपने भाई बिन यामीन की बोरी से बरामद किया. इस तरह हमने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को भाई बिन यामीन को रोकने की तदबीर बताई. वह अपने भाई बिन यामीन को मिस्र के बादशाह के क़ानून के मुताबिक़ रोक नहीं सकते थे, सिवाय उसके जिसे अल्लाह चाहे. हम जिसे चाहते हैं, उसके दर्जात बुलंद कर देते हैं. और दुनिया में हर साहिबे इल्म से बढ़कर एक और आलिम है.
77. बिन यामीन रोक लिए गए, तो वे लोग कहने लगे कि अगर उसने चोरी की है, तो कोई ताज्जुब की बात नहीं है. बेशक इससे पहले इसका भाई यूसुफ़ भी चोरी कर चुका है. फिर यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने इस बात को अपने दिल में पोशीदा रखा और उन पर ज़ाहिर नहीं होने दिया. लेकिन यह कह दिया कि तुम्हारा हाल बहुत बुरा है. और अल्लाह उससे ख़ूब वाक़िफ़ है, जो कुछ तुम बयान कर रहे हो. 
78. इस पर वे लोग कहने लगे कि ऐ अज़ीज़े मिस्र ! इसके वालिद बहुत ज़ईफ़ हैं और इसे बहुत चाहते हैं. आप उसके बदले में हम में से किसी को रख लें और इसे छोड़ दें. बेशक हम देखते हैं कि आप मोहसिनों में से हैं. 
79. यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि अल्लाह की पनाह ! हमने जिसके पास से अपना सामान बरामद किया है, अगर उसे छोड़कर किसी दूसरे को गिरफ़्त में लेंगे, तो बेशक हम ज़ालिमों में से हो जाएंगे. 
80. फिर जब वे लोग यूसुफ़ अलैहिस्सलाम की तरफ़ से मायूस हो गए, तो अलग खड़े होकर आपस में मशवरा करने लगे. उनके बड़े भाई लावी ने कहा कि क्या तुम नहीं जानते कि तुम्हारे वालिद ने तुमसे अल्लाह की क़सम लेकर अहद करवा लिया था और इससे पहले तुम लोग यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के हक़ में ज़्यादतियां कर चुके हो. इसलिए मैं इस सरज़मीन से हरगिज़ नहीं जाऊंगा, जब तक मेरे वालिद मुझे इजाज़त न दें या अल्लाह मुझे कोई हुक्म न दे. और अल्लाह बेहतरीन हुक्म देने वाला है.
81. तुम अपने वालिद के पास लौट जाओ और उनसे कहना कि ऐ हमारे अब्बा !  बेशक आपके बेटे ने चोरी की है. और हमने सिर्फ़ उसी बात की गवाही दी थी, जो हमें मालूम थी. और हम ग़ैब के मुहाफ़िज़ नहीं थे.
82. और आप बस्ती वालों से दरयाफ़्त कर लें और इस क़ाफ़िले वालों से भी मालूम कर लें. और बेशक हम बिल्कुल सच्चे हैं.
83. यह सुनकर याक़ूब अलैहिस्सलाम न कहा कि ऐसा नहीं है, बल्कि तुम्हारे नफ़्सों ने यह बात तुम्हारे लिए गढ़ ली है. फिर सब्र ही बेहतर है. उम्मीद है कि अल्लाह उन सबको मेरे पास ले आए. बेशक वह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा हिकमत वाला है.
84. और याक़ूब अलैहिस्सलाम ने उन लोगों की तरफ़ से मुंह फेर लिया और कहने लगे कि अफ़सोस ! यूसुफ़ अलैहिस्सलाम की जुदाई पर और ग़म से उनकी आंखें सफ़ेद हो गईं. और वह रंज व ग़म को ज़ब्त किए हुए थे. 
85. यह देखकर उनके बेटे कहने लगे कि अल्लाह की क़सम ! आप हमेशा यूसुफ़ अलैहिस्सलाम को ही याद करते रहेंगे, यहां तक कि बीमार हो जाएं या हलाक ही हो जाएं. 
86. याक़ूब अलैहिस्सलाम ने कहा कि बेशक मैं तो अपनी बेक़रारी और ग़म की फ़रियाद सिर्फ़ अल्लाह ही से करता हूं और मैं अल्लाह की तरफ़ से जो कुछ जानता हूं, उसे तुम नहीं जानते.
87. उन्होंने कहा कि ऐ मेरे बेटो ! एक बार फिर मिस्र जाओ और यूसुफ़ अलैहिस्सलाम और उसके भाई को तलाश करके ले आओ और अल्लाह की रहमत से मायूस न होना. बेशक अल्लाह की रहमत से सिर्फ़ वही क़ौम मायूस होती है, जो काफ़िर है. 
88. फिर जब वे लोग यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के पास गए, तो कहने लगे कि ऐ अज़ीज़े मिस्र ! हम और हमारे घरवाले क़हत की वजह से बड़ी मुसीबत में मुब्तिला हैं. और हम यह थोड़ी सी रक़म लेकर आए हैं, तो हमें इसके बदले में पूरा ग़ल्ला दिलवा दो. और इसके अलावा हम पर कुछ सदक़ा भी कर दें. बेशक अल्लाह सदक़ा करने वालों को जज़ा देता है.
89. यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि क्या तुम जानते हो कि तुमने यूसुफ़ अलैहिस्सलाम और उसके भाई बिन यामिन के साथ क्या सुलूक किया था, जब तुम जहालत में मुब्तिला थे.
90. यह सुनकर वे कहने लगे कि क्या वाक़ई तुम ही यूसुफ़ हो ? यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि हां, मैं ही यूसुफ़ अलैहिस्सलाम हूं और यह मेरा भाई बिन यामीन है. बेशक अल्लाह ने हम पर अहसान किया है. बेशक जो शख़्स उससे डरता है और सब्र करता है, तो यक़ीनन अल्लाह मोहसिनों का अज्र ज़ाया नहीं करता.
91. वे लोग कहने लगे कि अल्लाह की क़सम ! बेशक अल्लाह ने तुम्हें हम पर फ़ज़ीलत दी है और बेशक हम ही ख़तावार थे.
92. यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि आज से तुम पर कोई मलामत नहीं है. अल्लाह तुम्हें बख़्शे और वह सब मेहरबानों से ज़्यादा मेहरबान है. 
93. और तुम मेरी क़मीज़ ले जाओ और उसे अब्बा के चेहरे पर डाल देना. फिर वह बीना हो जाएंगे और देखने लगेंगे. और फिर तुम अपने सब घरवालों को मेरे पास ले आओ.
94. और जब क़ाफ़िला मिस्र से रवाना हुआ, तो कनआन में उनके वालिद याक़ूब अलैहिस्सलाम ने अपने घरवालों से कहा कि मैं यूसुफ़ की ख़ुशबू महसूस कर रहा हूं. अगर तुम मुझे ज़ईफ़ी की वजह से बहका हुआ न समझो. 
95. वे लोग कहने लगे कि अल्लाह की क़सम ! बेशक आप क़दीमी मुहब्बत में मुब्तिला हैं. 
96. फिर जब यूसुफ़ अलैहिस्सलाम की ख़ुशख़बरी देने वाला आया और उसने उनकी क़मीज़ को उनके चेहरे पर डाल दिया, तो याक़ूब अलैहिस्सलाम की बीनाई लौट आई. उन्होंने बेटों से कहा कि क्या मैंने तुमसे नहीं कहा था कि बेशक मैं अल्लाह की तरफ़ से जो कुछ जानता हूं, उसे तुम नहीं जानते. 
97. वे कहने लगे कि ऐ हमारे अब्बा ! हमारे लिए अल्लाह से हमारे गुनाहों के लिए मग़फ़िरत की दुआ मांगो. बेशक हम ही ख़तावार थे. 
98. याक़ूब अलैहिस्सलाम ने कहा कि अनक़रीब ही मैं अपने परवरदिगार से तुम्हारे लिए मग़फ़िरत की दुआ मांगूंगा. बेशक वह बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
99. फिर जब वे सब लोग यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के पास आए, तो यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने शहर से बाहर आकर शाही जुलूस की सूरत में उनका इस्तक़बाल किया और अपने वालिद की ताज़ीम करते हुए उन्हें अपने पास जगह दी. और ख़ुश आमदीद कहते हुए कहा कि अब इंशा अल्लाह अमन के साथ मिस्र में क़याम करो. 
100. और मिस्र पहुंचकर यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने अपने वालिदैन को ऊंचे तख़्त पर बिठाया और वे सब यूसुफ़ अलैहिस्सलाम की ताज़ीम के लिए सजदे में गिर पड़े. और उस वक़्त यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने कहा कि ऐ मेरे अब्बा ! यह मेरे उस ख़्वाब की ताबीर है, जो मैंने बहुत पहले देखा था. और बेशक मेरे परवरदिगार ने उसे सच कर दिखाया. और बेशक उसने मुझ पर बड़ा अहसान किया, जब उसने मुझे ज़िन्दान से निकाला और तुम सबको यहां ले आया. इसके बावजूद कि शैतान ने मेरे और मेरे भाइयों के दरम्यान फ़साद पैदा कर दिया था. और बेशक मेरा परवरदिगार जिस चीज़ को चाहे आसान कर दे. बेशक वह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा हिकमत वाला है. 
101. उसके बाद यूसुफ़ अलैहिस्सलाम ने अर्ज़ किया कि ऐ मेरे परवरदिगार ! बेशक तूने मुझे मुल्क की बादशाहत अता की और मुझे ख़्वाबों की ताबीर का इल्म सिखाया. ऐ आसमान और ज़मीन की तख़लीक़ करने वाले ! तू ही दुनिया और आख़िरत में मेरा कारसाज़ है. तू मुझे मुसलमान होने की हाल में वफ़ात देना और मुझे स्वालिहीन बन्दों में शामिल करना. 
102. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! यह क़िस्सा ग़ैब की ख़बरों में से है, जिसे हम तुम्हारे पास वही के ज़रिये भेज रहे हैं. और तुम उस वक़्त उनके पास नहीं थे, जब यूसुफ़ अलैहिस्सलाम के भाई साज़िश के लिए जमा हो रहे थे और वे मकर कर रहे थे कि उन्हें कुएं में डालेंगे. 
103. और बहुत से लोग ईमान लाने वाले नहीं हैं, अगरचे तुम कितना ही चाहो. 
104. और तुम उनसे कोई उजरत नहीं चाहते. यह क़ुरआन तमाम आलमों के लिए ज़िक्र यानी नसीहत है.
105. और आसमानों और ज़मीन में अल्लाह की क़ुदरत की कितनी ही निशनियां हैं, जिन पर वे लोग गुज़रते हैं. लेकिन वे उनसे मुंह फेरे रहते हैं.
106. और उनमें से बहुत से लोग अल्लाह पर ईमान नहीं लाते, लेकिन वे मुशरिक हैं.
107. फिर क्या वे लोग इस बात से बेख़ौफ़ हो गए हैं कि उन पर अल्लाह के अज़ाब की छा जाने वाली आफ़त आ जाए या उन पर अचानक क़यामत ही आ जाए और उन्हें शऊर भी न हो.
108. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि यही मेरा रास्ता है कि मैं लोगों को अल्लाह की तरफ़ बुलाता हूं. मैं बसीरत पर क़ायम हूं. मैं भी और वह भी, जो मेरी इताअत करता है. और अल्लाह पाक ज़ात है और मैं मुशरिकों में से नहीं हूं.
109. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हमने तुमसे पहले भी मुख़्तलिफ़ बस्तियों में कुछ मर्दों को पैग़म्बर बनाकर भेजा था, जिन पर हम वही नाज़िल करते थे. क्या उन लोगों ने ज़मीन में चल फिर कर नहीं देखा कि जो लोग उनसे पहले गुज़रे हैं, उनका क्या अंजाम हुआ. और बेशक आख़िरत का घर ही परहेज़गारी इख़्तियार करने वाले लोगों के लिए बेहतर है. क्या फिर भी तुम नहीं समझते.
110. यहां तक कि जब रसूल मायूस हो गए और उन मुनकिर क़ौमों ने गुमान कर लिया कि उनसे झूठ बोला गया है. यानी उन पर कोई अज़ाब नहीं आएगा, तो उन रसूलों को हमारी मदद मिली. फिर हमने जिसे चाहा निजात दी. और गुनाहगार क़ौम से हमारा अज़ाब टाला नहीं जाता. 
111. बेशक उनके क़िस्सों में अक़्लमंद लोगों के लिए इबरत है. यह क़ुरआन ऐसी हदीस यानी कलाम नहीं है, जिसे गढ़ लिया जाए. यह तो आसमानी किताबों की तसदीक़ है, जो इससे पहले नाज़िल हुई हैं और हर चीज़ की तफ़सील है और हिदायत है और रहमत है उस क़ौम के लिए, जो ईमान लाती है.

Friday, September 10, 2021

13 सूरह अर रअद

सूरह अर रअद मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 43 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अलिफ़ लाम मीम रा. ये अल्लाह की किताब की आयतें हैं. और जो कुछ तुम्हारे परवरदिगार की जानिब से तुम्हारी तरफ़ नाज़िल किया गया है, वह हक़ है, लेकिन बहुत से लोग ईमान नहीं लाते.
2. अल्लाह ही है, जिसने आसमानों को बग़ैर किसी सुतून के बुलंद किया, जैसा कि तुम देख रहे हो. पूरी कायनात को बनाने के बाद उसने अर्श पर इख़्तेदार क़ायम किया. और उसने सूरज और चांद को निज़ाम का पाबंद बनाया कि हर एक मुक़र्रर वक़्त में अपने दायरे में घूम रहा है. वही सारी कायनात के तमाम कामों की तदबीर करता है. वह अपनी आयतों को तफ़सील से बयान करता है कि तुम लोग अपने परवरदिगार के सामने हाज़िर होने का यक़ीन करो.
3. और वह अल्लाह ही है, जिसने ज़मीन को बिछाया और उसमें पहाड़ और दरिया बनाए. और उसने हर तरह के फल व मेवों की दो-दो क़िस्में बनाईं. वही रात से दिन को ढक देता है. बेशक इसमें ग़ौर व फ़िक्र करने वाली क़ौम के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
4. और ज़मीन में मुख़्तलिफ़ क़िस्म के क़तआत हैं, जो एक दूसरे के क़रीब हैं. और अंगूरों के बाग़ और खेतियां और खजूर के दरख़्त हैं, जिनमें कुछ की एक जड़ और दो शाख़ें हैं और कुछ एक ही शाख़ वाले हैं. सबको एक ही पानी से सेराब किया जाता है. और हम फलों के ज़ायक़े में कुछ को दूसरों पर फ़ज़ीलत देते हैं. बेशक इसमें अक़्लमंद क़ौम के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
5. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और अगर तुम काफ़िरों के इनकार पर ताज्जुब करो, तो उनका यह कहना अजीब है कि जब हम मरकर ख़ाक हो जाएंगे, तो क्या हम फिर नये सिरे से पैदा किए जाएंगे. यही वे लोग हैं, जिन्होंने अपने परवरदिगार के साथ कुफ़्र किया और उनकी गर्दनों में क़यामत के दिन तौक़ पड़े होंगे और यही लोग असहाबे दोज़ख़ हैं. वे उसमें हमेशा रहेंगे. 
6. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वे लोग तुमसे अच्छाई से पहले ही बुराई यानी अज़ाब की जल्दी कर रहे हैं. हालांकि उनसे पहले कई अज़ाब गुज़र चुके हैं. बेशक तुम्हारा परवरदिगार लोगों के लिए उनके ज़ुल्म के बावजूद बख़्शने वाला है. और बेशक तुम्हारा परवरदिगार ज़ालिमों को सख़्त अज़ाब देने वाला भी है.
7. और वे लोग कहते हैं कि इन रसूल पर उनके परवरदिगार की तरफ़ से कोई निशानी नाज़िल क्यों नहीं की गई. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम तो सिर्फ़ अल्लाह के अज़ाब से ख़बरदार करने वाले और हर क़ौम के लिए हादी यानी रहबर हो.
8. अल्लाह ही जानता है, जो हर मादा अपने पेट में रखती है और रहम जितने सिकुड़ते और बढ़ते हैं. और उसके पास हर चीज़ की मिक़दार मुक़र्रर है.
9. अल्लाह ही ग़ैब और ज़ाहिर का जानने वाला है. वह सबसे बड़ा व आला मर्तबे वाला है.
10. तुम में से जो शख़्स आहिस्ता से बात करे और जो शख़्स बुलंद आवाज़ में बात करे और जो रात की तारीकी में छुपा हो और जो दिन के उजाले में चलता फिरता हो, उसके लिए सब बराबर है. 
11. हर इंसान के लिए उसके आगे और उसके पीछे उसके निगेहबान फ़रिश्ते मुक़र्रर हैं, जो अल्लाह के हुक्म से उसकी हिफ़ाज़त करते हैं. बेशक अल्लाह उस वक़्त तक किसी क़ौम की हालत को नहीं बदलता, जब तक वे लोग ख़ुद में तब्दीली नहीं लाते. और जब अल्लाह किसी क़ौम के साथ बुराई यानी अज़ाब का इरादा करता है, तो उसे कोई टाल नहीं सकता और न उसके सिवा उनका कोई कारसाज़ है.
12. वह अल्लाह ही है, जो कभी तुम्हें डराने और कभी उम्मीद दिलाने के लिए बर्क़ यानी बिजली की चमक दिखाता है और पानी से भरे घने बादलों को उठाता है.
13. और बादलों की गरज और फ़रिश्ते उसके ख़ौफ़ से अल्लाह की हम्दो सना की तस्बीह करते हैं. और वह कड़कती बिजलियां भेजता है. फिर वह जिस पर चाहता है, उसे गिरा देता है. और वे लोग अल्लाह के बारे में झगड़ते रहते हैं. और वह सख़्त गिरफ़्त में लेने वाला है.
14. अल्लाह को पुकारना हक़ है और वे काफ़िर लोग उसके सिवा जिन्हें पुकारते हैं, वे उन्हें किसी बात का जवाब भी नहीं दे सकते. उनकी मिसाल तो सिर्फ़ उस शख़्स की मानिन्द है, जो अपनी दोनों हथेलियां पानी की तरफ़ फैला दे कि पानी ख़ुद उसके मुंह तक पहुंच जाए और वह पानी उस तक नहीं पहुंचेगा. और इसी तरह काफ़िरों की दुआ गुमराही में भटकने के सिवा कुछ नहीं.
15. और आसमानों और ज़मीन की तमाम मख़लूक़ अल्लाह ही को सजदा करती है, कुछ ख़ुशी से कुछ नागवारी से. और उनके साये भी सुबह व शाम उसी को सजदा करते हैं.
16. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम दरयाफ़्त करो कि आसमानों और ज़मीन का परवरदिगार कौन है? तुम कह ख़ुद ही दो कि अल्लाह है. फिर तुम उनसे दरयाफ़्त कि क्या तुमने अल्लाह के सिवा दूसरे सरपरस्त बना लिए हैं, जो अपने लिए न किसी नफ़े का इख़्तियार रखते हैं और न किसी नुक़सान का. तुम कह दो कि क्या अंधा और आंखों वाला बराबर हो सकता है. क्या तारीकी और नूर बराबर हो सकते हैं. क्या उन्होंने अल्लाह के ऐसे शरीक बनाए हैं, जिन्होंने अल्लाह की मख़लूक़ की तरह कुछ भी पैदा किया है और उस मख़लूक़ की वजह से उन्हें मुग़ालता हो गया हो. तुम कह दो कि अल्लाह ही हर चीज़ का ख़ालिक है. और वह वाहिद सब पर ग़ालिब है.
17. अल्लाह ने आसमान से पानी बरसाया. फिर वह मिक़दार के मुताबिक़ नदी व नालों में बहने लगा. फिर सैलाब की लहरों पर झाग आ गया. और जिन चीज़ों को ज़ेवर या दूसरे सामान बनाने के लिए आग में तपाते हैं, उन पर भी ऐसा ही झाग उठता है. इस तरह अल्लाह हक़ और बातिल की मिसालें बयान करता है. फिर झाग ख़ुश्क होकर ज़ाया हो जाता है, लेकिन जो कुछ लोगों के नफ़े के लिए होता है, वह ज़मीन में बाक़ी रहता है. इसी तरह अल्लाह लोगों को समझाने के लिए मिसालें बयान करता है.
18. जिन लोगों ने अपने परवरदिगार का हुक्म मान लिया, उनके लिए अच्छाई है और जिन्होंने उसका हुक्म नहीं माना अगर उनके पास वह सब हो, जो ज़मीन में है और उसके साथ इतना ही और भी हो, तो वे उसे अज़ाब से बचने के लिए बतौर फ़िदया दे दें, तब भी उनका हिसाब बुरा ही होगा. और उनका ठिकाना जहन्नुम है और वह बहुत बुरी जगह है.
19. भला वह शख़्स जो यह जानता है कि जो कुछ तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से तुम पर नाज़िल किया गया है वह हक़ है, तो क्या वह उस शख़्स की मानिन्द हो सकता है जो बिल्कुल अंधा है. सिर्फ़ अक़्लमंद लोग ही नसीहत हासिल करते हैं. 
20. जो लोग अल्लाह के अहद को पूरा करते हैं और अपने मुआहिदे को नहीं तोड़ते.
21. और जो लोग उन सबको जोड़े रखते हैं, जिन्हें जोड़े रखने का अल्लाह ने हुक्म दिया है और अपने परवरदिगार से डरते हैं और क़यामत के दिन बुरे हिसाब से ख़ौफ़ज़दा रहते हैं.
22. और जो लोग अपने परवरदिगार की ख़ुशनूदी हासिल करने के लिए सब्र करते हैं और पाबंदी से नमाज़ पढ़ते हैं और जो रिज़्क़ हमने उन्हें दिया है, उसमें से पोशीदा और ज़ाहिरी तौर पर अल्लाह की राह में ख़र्च करते हैं और अच्छाई के ज़रिये बुराई को दूर करते हैं. यही वे लोग हैं, जिनके लिए आख़िरत का अच्छा घर है. 
23. जहां सदाबहार बाग़ हैं, जिनमें वे दाख़िल होंगे और उनके बाप दादा और बीवियां और उनकी औलाद में से जो नेक हैं, वह सब भी. और फ़रिश्ते उनके पास जन्नत के हर दरवाजे़ से आएंगे.
24. फ़रिश्ते उनसे कहेंगे कि तुम पर सलामती हो. तुमने सब्र किया और अब आख़िरत का घर कितना अच्छा है. 
25. और जो लोग अल्लाह का अहद पुख़्ता करने के बाद तोड़ देते हैं और उन ताल्लुक़ात को क़तआ करते हैं, जिन्हें जोड़े रखने का अल्लाह ने हुक्म दिया है और ज़मीन में फ़साद फैलाते फिरते हैं. उन्हीं लोगों के लिए लानत है और उनके लिए बुरा घर यानी दोज़ख़ है.
26. अल्लाह जिसके लिए चाहता है रिज़्क़ कुशादा कर देता है और जिसके लिए चाहता है तंग कर देता है. और वे लोग दुनियावी ज़िन्दगी से बहुत ख़ुश हैं. हालांकि दुनियावी ज़िन्दगी आख़िरत के मुक़ाबले में बहुत हक़ीर साजो सामान के सिवा कुछ भी नहीं.
27. और कुफ़्र करने वाले लोग कहते हैं कि उन रसूल पर उनके परवरदिगार की तरफ़ से कोई निशानी नाज़िल क्यों नहीं की गई. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि बेशक अल्लाह जिसे चाहता है गुमराही में छोड़ देता है और जो उसकी तरफ़ रुजू करता है, तो उसे हिदायत देता है. यानी उसे अपनी तरफ़ आने की राह दिखा देता है. 
28. जो लोग ईमान लाए और उनके दिल अल्लाह के ज़िक्र से मुतमईन होते हैं. जान लो कि अल्लाह ही के ज़िक्र से दिलों को इत्मीनान मिलता है. 
29. जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो उनके लिए ख़ुशहाली और अच्छा मक़ाम है.
30. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! इसी तरह हमने तुम्हें ऐसी उम्मत में रसूल बनाकर भेजा है, जिससे पहले हक़ीक़त में तमाम उम्मतें गुज़र चुकी हैं, ताकि तुम उन्हें क़ुरआन पढ़कर सुनाओ, जो हमने वही के ज़रिये तुम्हारी तरफ़ भेजा है. और वे मेहरबान अल्लाह से कुफ़्र कर रहे हैं. तुम कह दो कि वही मेरा परवरदिगार है. उसके सिवा कोई माबूद नहीं. मैंने उस पर भरोसा किया है और मैं उसी की तरफ़ रुजू करता हूं.
31. और अगर कोई ऐसा क़ुरआन होता, जिसकी बरकत से पहाड़ चला दिए जाते या उसकी वजह से ज़मीन फट जाती और उसके ज़रिये मुर्दों से बात करवा दी जाती, तब भी वे लोग ईमान नहीं लाते. बल्कि सब काम अल्लाह ही के इख़्तियार में हैं. तो क्या ईमान वाले लोगों को यह इत्मीनान नहीं है कि अगर अल्लाह चाहता, तो सब लोगों को हिदायत दे देता और कुफ़्र करने वाले लोग अपने आमाल के बदले में किसी न किसी मुसीबत में मुब्तिला रहेंगे या उनके घरों के क़रीब आफ़त नाज़िल होगी, यहां तक कि अल्लाह का अज़ाब का वादा आ जाएगा. बेशक अल्लाह अपने वादे की ख़िलाफ़वर्ज़ी नहीं करता.
32. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुमसे पहले भी बहुत से रसूलों का मज़ाक़ उड़ाया गया है. फिर हमने कुफ़्र करने वाले लोगों को मोहलत दी. फिर हमने उन्हें अज़ाब की गिरफ़्त में ले लिया. फिर देख लो कि हमारा अज़ाब कैसा था.
33. क्या फिर वह अल्लाह जो हर शख़्स के आमाल की निगेहबानी करता है और उन लोगों ने अल्लाह के लिए शरीक ठहराए हैं. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम उनसे कह दो कि तुम उनके नाम तो बताओ. क्या तुम अल्लाह को उस चीज़ की ख़बर देते हो, जिसे वह सारी ज़मीन में नहीं जानता या ये सिर्फ़ ज़ाहिरी बातें हैं, बल्कि कुफ़्र करने वाले लोगों के लिए उनकी मक्कारियां आरास्ता कर दी गई हैं. और वे सीधे रास्ते से रोक दिए गए हैं. और जिसे अल्लाह गुमराही में छोड़ दे, तो उसे कोई हिदायत देने वाला नहीं है. 
34. उन लोगों के लिए दुनियावी ज़िन्दगी में भी अज़ाब है और यक़ीनन आख़िरत का अज़ाब बहुत सख़्त है. और उन्हें अल्लाह के अज़ाब से कोई बचाने वाला नहीं है. 
35. जिस जन्नत का परहेज़गारों से वादा किया गया है, उसकी मिसाल यह है कि उसके नीचे नहरें बहती होंगी और उसके फल दाइमी होंगे और साये भी हमेशा रहेंगे. यह उन लोगों का बेहतरीन अंजाम है, जिन्होंने परहेज़गारी इख़्तियार की और काफ़िरों का अंजाम दोज़ख़ है.
36. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और जिन लोगों को हमने किताब यानी तौरात अता कर चुके हैं, वे इस क़ुरआन से ख़ुश होते हैं, जो तुम्हारी तरफ़ नाज़िल किया गया है. और उन्हीं के फ़िरक़ों में से कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो इसके कुछ हिस्से से इनकार करते हैं. तुम कह दो कि बेशक मुझे तो यही हुक्म दिया गया है कि मैं अल्लाह ही की इबादत करूं और उसके साथ किसी को शरीक न ठहराऊं. उसी की तरफ़ मैं बुलाता हूं और उसकी तरफ़ ही मुझे लौटना है.      
37. और इस तरह हमने इस क़ुरआन को हुक्म बनाकर अरबी ज़बान में नाज़िल किया. ऐ इंसान ! अगर तूने उन काफ़िरों की ख़्वाहिशों की पैरवी की, इसके बावजूद कि तेरे पास इल्म आ चुका था, तो तेरे लिए अल्लाह के मुक़ाबले में न कोई तेरा सरपरस्त होगा और न कोई बचाने वाला. 
38. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और बेशक हमने तुमसे पहले भी बहुत से रसूलों को भेजा और हमने उनके लिए बीवियां भी बनाईं और उन्हें औलाद भी अता की. और किसी रसूल का यह काम नहीं कि वह अल्लाह की इजाज़त के बग़ैर कोई निशानी ले आए. हर मुद्दत यानी ज़माने के लिए एक तहरीर है. 
39. अल्लाह तहरीर में से जिसे चाहता है मिटा देता है और जिसे चाहता है बाक़ी रखता है. और उसके पास असल किताब यानी लौहे महफ़ूज़ है.
40. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और अगर हम इस अज़ाब का कुछ हिस्सा, जिसका हमने काफ़िरों से वादा किया है, तुम्हें दिखा दें या तुम्हें इससे पहले वफ़ात दें. तुम्हारी ज़िम्मेदारी तो सिर्फ़ हमारे अहकाम वाज़ेह तौर पर पहुंचाने तक ही है और हिसाब लेना हमारा काम है. 
41. क्या उन लोगों ने नहीं देखा कि हम ज़मीन को हर तरफ़ से घटाते जा रहे हैं. और अल्लाह ही हुक्म देता है. कोई उसके हुक्म को रद्द नहीं कर सकता. और वह जल्द हिसाब लेने वाला है.
42. और बेशक उन लोगों ने भी मक्कारियां की थीं, जो उनसे पहले गुज़रे हैं. फिर उस मकर को तोड़ना भी अल्लाह ही के इख़्तियार में है. वह उसे ख़ूब जानता है, जो कुछ हर शख़्स कमा रहा है. और काफ़िर अनक़रीब जान लेंगे कि आख़िरत का घर किसके लिए है. 
43. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और काफ़िर लोग कहते हैं कि तुम रसूल नहीं हो. तुम कह दो कि मेरे और तुम्हारे दरम्यान रिसालत की गवाही के लिए अल्लाह ही काफ़ी है और वह शख़्स काफ़ी है, जिसके पास आसमानी किताब का इल्म है.

Thursday, September 9, 2021

14 सूरह इब्राहीम

सूरह इब्राहीम मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 52 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अलिफ़ लाम रा. यह अज़ीम किताब है, जिसे हमने तुम्हारी तरफ़ नाज़िल किया है, ताकि तुम लोगों को कुफ़्र की तारीकियों से निकाल कर ईमान के नूर की तरफ़ ले आओ. और उनके परवरदिगार के हुक्म से उन्हें उसकी राह पर लाओ, जो बड़ा ग़ालिब सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं.
2. वह सब अल्लाह ही का है, जो कुछ आसमानों में है और जो कुछ ज़मीन में है. और काफ़िरों के लिए सख़्त अज़ाब की वजह से तबाही है.
3. यही वे लोग हैं, जो दुनियावी ज़िन्दगी को आख़िरत के मुक़ाबले में ज़्यादा पसंद करते हैं और लोगों को अल्लाह की राह से रोकते हैं और इसमें कजी यानी ख़ामियां तलाश करते हैं. वे लोग परले दर्जे की गुमराही में मुब्तिला हैं. 
4. और हमने ऐसा कोई रसूल नहीं भेजा, जो अपनी क़ौम की ज़बान में बात न करता हो, ताकि उसके लिए अल्लाह के अहकाम को वाज़ेह तौर पर बयान कर सके. अल्लाह जिसे चाहता है गुमराही में छोड़ देता है और जिसे चाहता है हिदायत देता है और वह बड़ा ग़ालिब बड़ा हिकमत वाला है.
5. और बेशक हमने मूसा अलैहिस्सलाम को अपनी निशानियों के साथ भेजा कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम ! तुम अपनी क़ौम को कुफ़्र की तारीकियों से निकाल कर ईमान के नूर की तरफ़ ले आओ और उन्हें अल्लाह के उन दिनों की याद दिलाओ, जो उन पर और उनसे पहले की उम्मतों पर गुज़रे हैं. बेशक इसमें सब्र और शुक्र करने वाले लोगों के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
6. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वह वक़्त याद करो कि जब मूसा अलैहिस्सलाम ने अपनी क़ौम से कहा कि तुम अपने परवरदिगार की उस नेअमत को याद करो कि जब उसने तुम्हें फ़िरऔन के लोगों से निजात दी, जो तुम्हें सख़्त अज़ाब देते थे और तुम्हारे बेटों को ज़िबह कर देते थे और तुम्हारी औरतों को अपनी ख़िदमत के लिए ज़िन्दा रहने देते थे. और इसमें तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से तुम्हारे सब्र की बड़ी भारी आज़माइश थी.
7. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वह वक़्त याद करो कि जब तुम्हारे परवरदिगार ने तुम्हें आगाह किया कि अगर तुम हमारा शुक्र अदा करोगे, तो हम तुम्हारी नेअमतों में ज़रूर इज़ाफ़ा करेंगे. और अगर तुमने कुफ़्र किया, तो बेशक हमारा अज़ाब बड़ा सख़्त है.
8. और मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि अगर तुम और ज़मीन पर बसने वाले तमाम लोग भी कुफ़्र करने लगें, तो अल्लाह बेनियाज़ और सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं. 
9. क्या तुम्हें उन लोगों की ख़बर नहीं मिली, जो तुमसे पहले गुज़र चुके हैं. वे नूह अलैहिस्सलाम की क़ौम और हूद अलैहिस्सलाम की क़ौम आद और सालेह अलैहिस्सलाम की क़ौम समूद और उनके बाद आने वाली क़ौमों के लोग थे. उन्हें अल्लाह के सिवा कोई नहीं जानता. उनके पास उनके रसूल वाज़ेह निशानियों के साथ आए, तो उन्होंने अपने हाथ मुंह में दे दिए और कहने लगे कि हम उससे कुफ़्र करते हैं, जिस हुक्म के साथ तुम भेजे गए हो. और बेशक हम उसकी निस्बत भी इज़्तिराब अंगेज़ शक में मुब्तिला हैं, जिसकी तरफ़ तुम हमें बुला रहे हो. 
10. उनके रसूलों ने कहा कि क्या तुम अल्लाह के बारे में शक में मुब्तिला हो, जो आसमानों और ज़मीन की तख़लीक़ करने वाला है. वह तुम्हें अपनी तरफ़ बुलाता है, ताकि तुम्हारे गुनाह बख़्श दे और उसने तुम्हें एक मुक़र्रर वक़्त तक मोहलत दे रखी है. वे लोग कहने लगे कि तुम तो सिर्फ़ हमारे जैसे ही बशर हो. तुम यह चाहते हो कि हमें उनसे रोक दे, जिन्हें हमारे बाप दादा पुकारा करते थे. फिर तुम हमारे पास कोई रौशन दलील लाओ. 
11. उनके रसूलों ने कहा कि अगरचे हम भी तुम्हारे जैसे ही बशर हैं, लेकिन अल्लाह अपने बन्दों में से जिस पर चाहता है अहसान करता है. और यह हमारे इख़्तियार में नहीं है कि अल्लाह के हुक्म के बग़ैर तुम्हारे पास कोई दलील ले आएं. और अल्लाह ही पर सब मोमिनों को भरोसा करना चाहिए.
12. और हमें क्या हुआ है कि हम अल्लाह पर भरोसा न करें. और उसी ने हमें हिदायत दी. और हम उस पर ज़रूर सब्र करेंगे, जो अज़ीयतें तुम हमें देते हो. और भरोसा करने वालों को अल्लाह ही पर भरोसा करना चाहिए.
13. और कुफ़्र करने वाले लोग अपने रसूलों से कहने लगे कि हम तुम्हें अपनी सरज़मीन से ज़रूर निकाल देंगे या तुम्हें हमारी मिल्लत यानी मज़हब की तरफ़ पलटना होगा. फिर उनके परवरदिगार ने उनकी तरफ़ वही भेजी कि हम ज़ालिमों को ज़रूर हलाक कर देंगे. 
14. और उनके बाद हम तुम्हें ज़रूर इस सरज़मीन में बसाएंगे. यह वादा हर उस शख़्स के लिए है, जो हमारे सामने खड़ा होने से डरता है और हमारे अज़ाब के वादे से ख़ौफ़ज़दा है.   
15. और रसूलों ने अल्लाह से फ़तह की दुआ मांगी और हर जाबिर ज़िद्दी नाकाम हो गया. 
16. उसके आगे जहन्नुम है और उसमें उसे पीप का पानी पिलाया जाएगा.
17. जिसे वह मुश्किल से घूंट-घूंट करके पिएगा और उसे हलक़ से नीचे नहीं उतार सकेगा. और उसे हर तरफ़ से मौत घेर लेगी और वह मर भी नहीं पाएगा. और फिर उसके आगे बड़ा सख़्त अज़ाब होगा.
18. जिन लोगों ने अपने परवरदिगार से कुफ़्र किया, उनके आमाल की मिसाल राख के ढेर की मानिन्द है जिसे आंधियों के दिन तेज़ हवा का झोंका उड़ा ले जाए. उन्हें उस पर ज़रा भी इख़्तियार न होगा, जो कुछ उन लोगों ने कमाया. यह परले दर्जे की गुमराही है.
19. ऐ इंसान ! क्या तूने नहीं देखा कि बेशक अल्लाह ने आसमानों और ज़मीन की हक़ के साथ तख़लीक़ की है. अगर वह चाहे, तो तुम्हें नाबूद करके नई मख़लूक़ ले आए. 
20. और अल्लाह के लिए यह कुछ भी मुश्किल नहीं है.
21. और क़यामत के दिन सब अल्लाह के सामने हाज़िर होंगे, तो कमज़ोर लोग मुताकब्बिरों से कहेंगे कि हम तुम्हारे ताबेदार थे, तो क्या तुम अल्लाह के अज़ाब से हमें बचा सकते हो. वे कहेंगे कि अगर अल्लाह हमें हिदायत देता, तो हम भी तुम्हें हिदायत की राह दिखाते. हमारे लिए सब बराबर है, अगरचे हम घबरायें या सब्र करें. हमारे लिए निजात नहीं है.
22. और शैतान सबका फ़ैसला होने के बाद कहेगा कि बेशक अल्लाह ने तुमसे सच्चा वादा किया था और मैंने भी वादा किया था. फिर मैंने वादाख़िलाफ़ी की और मेरा दुनिया में तुम पर कोई ज़ोर नहीं था, सिवाय इसके कि मैंने तुम्हें बातिल की तरफ़ बुलाया. फिर तुमने मेरा कहना मान लिया. अब तुम मुझ पर इल्ज़ाम न लगाओ, बल्कि ख़ुद की मलामत करो. आज न मैं तुम्हारी फ़रियादरसी कर सकता हूं और न तुम मेरी फ़रियादरसी कर सकते हो. इससे पहले जो तुम मुझे अल्लाह का शरीक ठहराते रहे हो, बेशक मैं उससे इनकार करता हूं. बेशक ज़ालिमों के लिए दर्दनाक अज़ाब है.
23. और जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, वे जन्नत के सदाबहार बाग़ों में दाख़िल किए जाएंगे, जिनके नीचे नहरें बहती हैं. वे उनमें अपने परवरदिगार के हुक्म से हमेशा रहेंगे और उनकी मुलाक़ात का तोहफ़ा सलाम होगा.
24. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! क्या तुमने नहीं देखा कि अल्लाह ने कितनी अच्छी मिसाल बयान की है कि कलमा तैयब उस पाकीज़ा शजर की मानिन्द है, जिसकी जड़ें ज़मीन में मज़बूत हैं और उसकी शाख़ें आसमान में हैं. 
25. वह दरख़्त अपने परवरदिगार के हुक्म से हर वक़्त फल दे रहा है और अल्लाह लोगों के लिए मिसालें बयान फ़रमाता है, ताकि वे ग़ौर व फ़िक्र करें.
26. और ख़बीस बात की मिसाल उस ख़बीस शजर की मानिन्द है, जिसे ज़मीन के ऊपर से ही उखाड़ कर फ़ेंक दिया जाए. उसके लिए ज़रा भी क़रार नहीं है यानी वह मुस्तहकम नहीं है.
27. अल्लाह ईमान वालों को पुख़्ता क़ौल यानी कलमा तैयब की बरकत से दुनियावी ज़िन्दगी में भी साबित क़दम रखता है और आख़िरत में भी. और अल्लाह ज़ालिमों को गुमराही में छोड़ देता है और अल्लाह जो चाहता है, वही करता है.
28. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! क्या तुमने उन लोगों को नहीं देखा, जिन्होंने अल्लाह की नेअमतों के बदले कुफ़्र किया और अपनी क़ौम को तबाही के घर में उतार दिया.
29. वह जहन्नुम है, जिसमें वे लोग झोंके जाएंगे और वह बहुत बुरा ठिकाना है.
30. और वे लोग अल्लाह के शरीक ठहराने लगे, ताकि वे लोगों को उसकी राह से भटका सकें. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि कुछ दिन फ़ायदा उठा लो. फिर बेशक तुम्हें दोज़ख की तरफ़ ही लौटना है.
31. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! मेरे ईमान लाने वाले बन्दों से कह दो कि पाबंदी से नमाज़ पढ़ा करो और जो रिज़्क़ हमने उन्हें दिया है, उसमें से अल्लाह की राह में पोशीदा या ज़ाहिरी तौर पर ख़र्च किया करो. इससे पहले कि क़यामत का वह दिन आ जाए, जब न ख़रीद फ़रोख़्त कुछ काम आएगी और न कोई दुनियावी दोस्ती ही काम आएगी.
32. अल्लाह ही है, जिसने आसमानों और ज़मीन की तख़लीक़ की. और आसमान से पानी बरसाया. फिर उसके ज़रिये तुम्हारे खाने के लिए फल उगाए. और उसने जहाज़ों और कश्तियों को तुम्हारे क़ाबू में किया, ताकि वे उसके हुक्म से समन्दर व दरिया में चलें और उसने समन्दर व दरिया को भी तुम्हारे काम में लगा दिया. 
33. और अल्लाह ने तुम्हारे लिए सूरज और चांद को काम पर लगा दिया, जो हमेशा अपने दायरे में घूमते रहते हैं. और उसने रात और दिन को भी तुम्हारे काम में लगा दिया.
 34. और अल्लाह ने तुम्हें हर वह चीज़ अता की, जो तुमने उससे मांगी. और अगर तुम उसकी नेअमतों को शुमार करना चाहो, तो उन्हें शुमार नहीं कर सकोगे. बेशक इंसान तू बड़ा ज़ालिम और बड़ा काफ़िर है.
35. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वह वक़्त याद करो कि जब इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने अर्ज़ किया कि ऐ मेरे परवरदिगार ! इस शहर मक्का को अमन की जगह बना दे और मुझे और मेरी औलाद को इससे बचा ले कि हम बुतों को पुकारने लगें. 
36. ऐ मेरे परवरदिगार ! बेशक उन बुतों ने बहुत से लोगों को गुमराह किया है. फिर जिसने मेरी पैरवी की, तो बेशक वह मेरा हो गया और जिसने मेरी नाफ़रमानी की, तो बेशक तू बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
37. ऐ मेरे परवरदिगार ! बेशक मैंने अपनी औलाद को मक्के की बिना खेती वाली बंजर वादी में तेरे हुरमत वाले घर काबा के क़रीब बसा दिया है. ऐ मेरे परवरदिगार ! ताकि वे पाबंदी से नमाज़ पढ़ा करें. फिर तू लोगों के दिलों को ऐसा कर दे कि उनकी तरफ़ माइल हो जाएं और उन्हें हर तरह के फलों का रिज़्क़ अता कर, ताकि वे लोग शुक्रगुज़ार बन जाएं.
38. ऐ मेरे परवरदिगार ! बेशक तू सब जानता है, जो कुछ हम पोशीदा रखते हैं और जो कुछ ज़ाहिर करते हैं. और अल्लाह से न ज़मीन में कोई चीज़ पोशीदा है और न आसमान में.  
39. अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं, जिसने मुझे ज़ईफ़ी में इस्माईल अलैहिस्सलाम और इसहाक़ अलैहिस्सलाम दो बेटे अता किए. बेशक मेरा परवरदिगार बड़ा दुआएं सुनने वाला है.
40. ऐ मेरे परवरदिगार ! मुझे और मेरी औलाद को पाबंदी से नमाज़ पढ़ने वाला बना दे और ऐ मेरे परवरदिगार ! और तू मेरी दुआओं को क़ुबूल फ़रमा.
41. ऐ मेरे परवरदिगार ! मुझे और मेरे वालिदैन और तमाम मोमिनों को उस वक़्त बख़्श देना, जिस दिन आमाल का हिसाब होगा. 
42. और हरगिज़ यह गुमान मत करना कि अल्लाह उससे ग़ाफ़िल है, जो कुछ ज़ालिम किया करते हैं. फिर वह उन्हें सिर्फ़ उस दिन तक की मोहलत दे रहा है, जब ख़ौफ़ से उनकी आंखें खुली रह जाएंगी.
43. वे लोग अपने सर उठाए हुए मैदाने हश्र की तरफ़ दौड़े चले जा रहे होंगे. उनकी पलकें भी न झुकती होंगी. और उनके दिल ख़ौफ़ से उड़े जा रहे होंगे. 
44. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम लोगों को उस दिन से ख़बरदार करो जब उन पर अज़ाब आएगा, तो ज़ुल्म करने वाले लोग फ़रियाद करेंगे कि ऐ हमारे परवरदिगार ! हमें एक दिन की थोड़ी सी मोहलत और दे दे कि हम तेरी दावत को क़ुबूल कर लें और सब रसूलों की पैरवी कर लें. उनसे कहा जाएगा कि क्या तुम वही लोग नहीं हो, जो पहले क़समें खाया करते थे कि तुम्हें कभी ज़वाल नहीं आएगा. 
45. और तुम उन लोगों के घरों में रहते थे, जिन्होंने अपनी जानों पर ज़ुल्म किया था. हालांकि तुम पर यह ज़ाहिर हो चुका था कि हमने उनके साथ क्या सुलूक किया और हमने तुम्हारे लिए मिसालें भी बयान की थीं.
46. और उन लोगों ने मक्कारियां कीं, जबकि अल्लाह के पास उनकी हर मक्कारी का तोड़ था. हालांकि उनकी मक्काराना तदबीरें ऐसी थीं कि पहाड़ भी अपनी जगह से हट जाएं.
47. फिर तुम हरगिज़ यह गुमान मत करना कि अल्लाह अपने रसूलों से वादा ख़िलाफ़ी करेगा. बेशक अल्लाह बड़ा ग़ालिब व इंतक़ाम लेने वाला है.
48. जिस दिन यह ज़मीन दूसरी ज़मीन से बदल दी जाएगी और आसमान भी बदल दिए जाएंगे और सब लोग अल्लाह के सामने हाज़िर होंगे, जो वाहिद सब पर ग़ालिब है. 
49. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम उस दिन देखोगे कि गुनाहगार ज़ंजीरों में जकड़े हुए होंगे. 
50. उन लोगों के लिबास गंधक के होंगे और उनके चेहरों को आग हर तरफ़ से ढक रही होगी.
51. ताकि अल्लाह हर शख़्स को उसका बदला दे, जो कुछ उसने कमाया. बेशक अल्लाह बहुत जल्द हिसाब लेने वाला है.
52. यह क़ुरआन लोगों के लिए अल्लाह का एक कामिल पैग़ाम है, ताकि उन्हें इसके ज़रिये अल्लाह के अज़ाब से ख़बरदार किया जाए और वे जान लें कि बस वही अल्लाह माबूदे यकता है और यह कि अक़्लमंद लोग नसीहत हासिल करें.

Wednesday, September 8, 2021

15 सूरह अल हिज्र

सूरह अल हिज्र मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 99 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अलिफ़ लाम रा. ये अल्लाह की किताब और रौशन क़ुरआन की आयते हैं.
2. एक वक़्त ऐसा भी आएगा कि जब काफ़िर चाहेंगे कि काश ! वे मुसलमान होते. 
3. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम उन्हें उनके हाल पर छोड़ दो कि वे लोग खाते व पीते रहें और ख़ूब फ़ायदा उठाएं. और उनकी झूठी उम्मीद उन्हें आख़िरत से ग़ाफ़िल रखे. फिर अनक़रीब वे अपना अंजाम जान लेंगे. 
4. और हमने किसी बस्ती को हलाक नहीं किया, सिवाय इसके कि उसकी तबाही के लिए पहले से एक वक़्त मुक़र्रर था. 
5. कोई भी उम्मत अपने मुक़र्रर वक़्त से न आगे बढ़ सकती है और न पीछे हट सकती है.
6. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वे काफ़िर तुमसे कहते हैं कि ऐ वे शख़्स, जिन पर ज़िक्रे अज़ीम यानी क़ुरआन नाज़िल किया गया है. बेशक तुम दीवाने हो. 
7. तुम हमारे पास फ़रिश्तों को क्यों नहीं लाते. अगर तुम सच्चे हो.
8. हम फ़रिश्तों को नाज़िल नहीं किया करते, लेकिन उन्हें हक़ के साथ अज़ाब देने के लिए भेजते हैं और उस वक़्त लोगों को ज़रा सी भी मोहलत नहीं दी जाती. 
9. बेशक हमने ही ज़िक्रे अज़ीम यानी क़ुरआन नाज़िल किया है और बेशक हम ही उसके मुहाफ़िज़ हैं.
10. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और बेशक हमने तुमसे पहले भी गुज़श्ता उम्मतों में रसूल भेजे हैं.
11. और उनके पास ऐसा कोई रसूल नहीं आया, जिनका उन लोगों ने मज़ाक़ न उड़ाया हो. 
12. इसी तरह हम इस गुमराही को गुनाहगारों के दिल में डाल देते हैं.
13. वे लोग इस क़ुरआन पर ईमान नहीं लाएंगे और पहले के लोगों में भी यही रविश रही है. 
14. और अगर हम उन लोगों पर आसमान का कोई दरवाज़ा खोल दें और वे आसमान पर चढ़ते रहें. 
15. तब भी वे लोग यही कहेंगे कि हमारी नज़र बंदी की गई है या हमारी क़ौम पर जादू किया गया है.
16. और बेशक हमने आसमान में बुर्ज बनाए और देखने वालों के लिए उसे सितारों से सजाया.
17. और हमने आसमान को हर शैतान मरदूद से महफ़ूज़ रखा.
18. लेकिन जो कोई चोरी से कुछ सुनने की कोशिश करे, तो दहकता हुआ शोला उसके पीछे लग जाता है.
19. और ज़मीन को हमने फैला दिया और हमने इसमें मज़बूत पहाड़ रख दिए और हमने उसमें हर क़िस्म की मुनासिब चीज़ें उगाईं.
20. और हमने ज़मीन में तुम्हारे लिए भी ज़िन्दगी के साजो सामान बनाए और उस मख़लूक़ के लिए भी जिन्हें तुम रिज़्क़ नहीं देते.
21. और कोई भी चीज़ ऐसी नहीं है, जो हमारे ख़ज़ाने में न हो. और हम उसे सिर्फ़ एक मुनासिब मिक़दार के मुताबिक़ ही नाज़िल करते हैं.
22. और हम बादलों से लबरेज़ हवाएं भेजते हैं. फिर हम आसमान से पानी बरसाते हैं. फिर हम वह पानी तुम्हें पिलाते हैं. और तुम उसके ख़ज़ाने रखने वाले नहीं हो. 
23. और बेशक हम ही ज़िन्दगी बख़्शते हैं और हम ही मौत देते हैं. और हम ही सबके वारिस हैं.
24. और बेशक हम उन लोगों को भी जानते हैं, जो तुमसे पहले गुज़र चुके हैं और बेशक हम तुम्हारे आने वाले लोगों को भी जानते हैं.
25. और बेशक तुम्हारा परवरदिगार ही है, जो उन सबको क़यामत के दिन जमा करेगा. बेशक वह बड़ा हिकमत वाला बड़ा साहिबे इल्म है. 
26. और बेशक हमने इंसान की इब्तिदाई तख़लीक़ खनखनाती हुई स्याह मिट्टी के सड़े हुए गारे से की है. 
27. और इससे पहले हमने जिन्नों को शदीद जलने वाली आग से पैदा किया, जिसमें धुआं नहीं था. 
28. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वह वक़्त याद करो कि जब तुम्हारे परवरदिगार ने फ़रिश्तों से कहा कि बेशक हम खनखनाती हुई स्याह मिट्टी के सड़े हुए गारे से एक आदमी की तख़लीक़ करने वाले हैं. 
29. जब हम उसे दुरुस्त कर लें और उसमें अपनी तरफ़ से रूह फूंक दें, तो तुम सब उसके सामने सजदे में गिर पड़ना.
30. फिर सब फ़रिश्तों ने उसे सजदा किया. 
31. सिवाय इबलीस के. उसने सजदा करने वालों के साथ शामिल होने से इनकार कर दिया. 
32. अल्लाह ने फ़रमाया कि ऐ इबलीस ! तुझे क्या गया है कि तू सजदा करने वालों के साथ शामिल नहीं हुआ.
33. इबलीस ने कहा कि मैं ऐसा नहीं हूं कि ऐसे बशर को सजदा करूं, जिसे तूने खनखनाती हुई स्याह मिट्टी के सड़े हुए गारे से बनाया है.
34. अल्लाह ने फ़रमाया कि तू यहां से निकल जा. बेशक तू मरदूद है.
35. और बेशक तुझ पर जज़ा और सज़ा के दिन तक लानत रहेगी. 
36. इबलीस ने कहा कि ऐ मेरे परवरदिगार !  तू मुझे उस दिन तक की मोहलत दे, जिस दिन मुर्दे ज़िन्दा करके क़ब्रों से उठाए जाएंगे.
37. अल्लाह ने फ़रमाया कि बेशक तुझे मोहलत दी जाती है.
38. एक मुक़र्रर दिन तक. 
39. इबलीस ने कहा कि ऐ मेरे परवरदिगार ! जिस तरह तूने मुझे गुमराह किया है, तो बेशक उसी तरह मैं भी ज़मीन में उनके लिए गुनाहों को आरास्ता कर दूंगा और सबको ज़रूर गुमराह करूंगा.
40. सिवाय तेरे मुख़लिस बन्दों के.  
41. अल्लाह ने फ़रमाया कि यही सीधा रास्ता है, जो मुझ तक पहुंचता है.
42. बेशक मेरे मुख़लिस बन्दों पर तेरा ज़ोर नहीं चलेगा, सिवाय उनके जो तेरी पैरवी करते हैं और भटके हुए हैं.
43. और बेशक उन सबके लिए वादे की जगह जहन्नुम है.
44. जहन्नुम के सात दरवाज़े हैं. हर दरवाज़े के लिए उनमें से गिरोह तक़सीम कर दिए गए हैं. 
45. और बेशक परहेज़गार जन्नत के बाग़ों और चश्मों के दरम्यान रहेंगे.
46. उनसे कहा जाएगा कि जन्नत में सलामती और अमन के साथ दाख़िल हो जाओ.
47. और हम उनके दिलों से सारा कीना निकाल देंगे और वे जन्नत में भाइयों की तरह आमने सामने तख़्त पर बैठे होंगे. 
48. उन लोगों को जन्नत में कोई तकलीफ़ नहीं होगी और न वे वहां से कभी निकाले जाएंगे. 
49. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम मेरे बन्दों को बता दो कि बेशक मैं बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान हूं.
50. और उन्हें इससे भी ख़बरदार कर दो कि बेशक मेरा अज़ाब भी बड़ा दर्दनाक अज़ाब है.
51. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और उन लोगों को इब्राहीम अलैहिस्सलाम के मेहमानों की ख़बर भी सुना दो.
52. जब वे फ़रिश्ते इब्राहीम अलैहिस्सलाम के पास आए, तो उन्होंने सलाम किया. इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने कहा कि बेशक हम तुमसे डरे हुए हैं. 
53. मेहमान फ़रिश्तों ने कहा कि आप डरो नहीं. बेशक हम आपको एक साहिबे इल्म बेटे की पैदाइश की ख़ुशख़बरी देते हैं.
54. इब्राहिम अलैहिस्सलाम ने कहा कि क्या तुम मुझे इस हाल में ख़ुशख़बरी दे रहे हो, जबकि मैं ज़ईफ़ हो चुका हूं. फिर तुम किस बात की ख़ुशख़बरी दे रहे हो.
55. फ़रिश्ते कहने लगे कि हम आपको बिल्कुल सच्ची ख़ुशख़बरी दे रहे हैं. फिर आप अल्लाह की रहमत से मायूस न हों. 
56. इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने कहा कि अपने परवरदिगार की रहमत से गुमराहों के सिवा कौन मायूस हो सकता है. 
57. फिर इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने दरयाफ़्त किया कि ऐ अल्लाह के भेजे हुए फ़रिश्तो ! और तुम्हारा क्या काम है, जिसके लिए तुम आए हो.
58. फ़रिश्तों ने कहा कि हम एक गुनाहगार क़ौम की तरफ़ अज़ाब नाज़िल करने के लिए भेजे गए हैं.
59. सिवाय लूत अलैहिस्सलाम के घरवालों के. बेशक हम उन्हें ज़रूर बचा लेंगे.
60. सिवाय लूत अलैहिस्सलाम की बीवी के. हम तय कर चुके हैं कि बेशक वह अज़ाब के लिए पीछे रह जाने वालों में से है.
61. फिर जब वे फ़रिश्ते लूत अलैहिस्सलाम के घरवालों के पास आए. 
62. लूत अलैहिस्सलाम ने कहा कि बेशक तुम अजनबी क़ौम के मालूम होते हो.
63. फ़रिश्तों ने कहा कि नहीं, बल्कि हम तो आपके पास वह अज़ाब लेकर आए हैं, जिसके बारे में आपके लोग शक में मुब्तिला हैं. 
64. और हम आपके पास हक़ के साथ आए हैं और बेशक हम बिल्कुल सच्चे हैं.
65. फिर आप रात के किसी हिस्से में अपने घरवालों को लेकर निकल जाएं और ख़ुद उनके पीछे चलें. और आप में से कोई भी मुड़कर पीछे न देखे. और आपको जहां जाने का हुक्म दिया गया है, वहां चले जाएं.
66. और हमने लूत अलैहिस्सलाम के पास वही के ज़रिये अपना हुक्म भेज दिया कि बेशक सुबह होते ही उन लोगों की जड़ काट दी जाएगी.
67. और शहर के बाशिन्दे मेहमानों की ख़बर सुनकर ख़ुशियां मनाते हुए आ गए.
68. लूत अलैहिस्सलाम ने कहा कि बेशक ये लोग मेरे मेहमान हैं, इसलिए तुम इन्हें सताकर मुझे शर्मसार न करो.
69. और अल्लाह से डरो और मुझे ज़लील व ख़्वार न करो.
70. वे लोग कहने लगे कि ऐ लूत अलैहिस्सलाम ! क्या हमने तुम्हें दुनियाभर के लोगों की हिमायत करने से मना नहीं किया था. 
71. लूत अलैहिस्सलाम ने कहा कि ये मेरी क़ौम की बेटियां हैं. अगर तुम कुछ करना चाहते हो, तो इनसे निकाह कर लो. 
72. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम्हारी जान की क़सम ! वे लोग अपनी मस्ती में मदहोश हो रहे थे.
73. सूरज निकलते ही ख़ौफ़नाक कड़क ने उन्हें अपनी गिरफ़्त में ले लिया. 
74. फिर हमने उनकी बस्ती को उलट पलट दिया और हमने उन पर कंकड़ व पत्थर बरसाए.
75. बेशक इस वाक़िये में ग़ौर व फ़िक्र करने वाले लोगों के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
76. और बेशक वह बस्ती मुस्तक़िल आमद व रफ़्त वाले रास्ते पर मौजूद है.
77. बेशक इस वाक़िये में मोमिनों के लिए अल्लाह की क़ुदरत की निशानी है.
78. और बेशक एैका यानी जंगल में रहने वाली क़ौमे शुऐब भी बहुत ज़ालिम थी. 
79. फिर हमने उनसे भी इंतक़ाम लिया और ये दोनों यानी लूत अलैहिस्सलाम की क़ौम और शुऐब अलैहिस्सलाम की क़ौम की बस्तियां एक खुले रास्ते पर मौजूद हैं.
80. और बेशक हिज्र की वादी में रहने वाली सालेह अलैहिस्सलाम की क़ौम समूद ने भी पैग़म्बरों को झुठलाया.
81. और हमने उन्हें भी अपनी निशानियां दीं, तो उन्होंने उनसे मुंह फेर लिया.  
82. और वे लोग पहाड़ों को तराश कर घर बनाते थे और अमन से रहते थे.
83. फिर उन्हें भी सुबह होते ही ख़ौफ़नाक कड़क ने अपनी गिरफ़्त में ले लिया.
84. फिर वह सब उनके कुछ काम नहीं आया, जो कुछ उन्होंने कमाया था.
85. और हमने आसमानों और ज़मीन और जो कुछ इनके दरम्यान है, उनकी हक़ के साथ तख़लीक़ की है. और बेशक क़यामत आने वाली है. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर तुम काफ़िरों को हुस्ने सुलूक के साथ दरगुज़र करते रहो. 
86. बेशक तुम्हारा परवरदिगार बड़ा ख़ालिक़ बड़ा साहिबे इल्म है.
87. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और बेशक हमने तुम्हें बार-बार दोहराई जाने वाली आयतें यानी सूरह फ़ातिहा और बड़ी अज़मत वाला क़ुरआन अता किया है.
88. तुम उन चीज़ों की तरफ़ निगाह उठाकर भी न देखना, जिन्हें हमने काफ़िरों के कुछ लोगों को ऐश व इशरत के लिए दिया है. और तुम उनकी गुमराही पर ग़मज़दा भी न हुआ करो और मोमिनों के लिए अपनी शफ़क़त की बाहें फैला दिया करो.  
89. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि बेशक मैं अल्लाह के अज़ाब से ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर हूं.
90. जैसा अज़ाब हमने तक़सीम करने वाले लोगों यानी यहूदी और ईसाइयों पर नाज़िल किया था. 
91. जिन्होंने क़ुरआन को टुकड़े-टुकड़े करके तक़सीम कर दिया.
92. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर तुम्हारे ही परवरदिगार की क़सम ! हम उन सबसे ज़रूर पूछगछ करेंगे.
93. उसके बारे में, जो कुछ वे लोग किया करते थे. 
94. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर तुम वे बातें ऐलानिया कह दो, जिनका तुम्हें हुक्म दिया गया है. 
और तुम मुशरिकों की तरफ़ से किनाराकशी कर लो.
95. बेशक उन लोगों के लिए हम काफ़ी हैं, जो तुम्हारा मज़ाक़ उड़ाया करते हैं. 
96. जो लोग अल्लाह के साथ दूसरा सरपरस्त बनाते हैं, तो अनक़रीब वे अपना अंजाम जान लेंगे.
97. और बेशक हम जानते हैं कि तुम उन बातों से तंगदिल होते, जो वे लोग कहते हैं. 
98. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर तुम अपने परवरदिगार की हम्दो सना की तस्बीह किया करो और उसकी बारगाह में सजदा करने वालों में से हो जाओ.
99. और अपने परवरदिगार की इबादत करते रहो, यहां तक कि तुम्हें मक़ामे यक़ीन मिल जाए यानी विसाल का वक़्त आ जाए. 

16 सूरह अन नहल

सूरह अन नहल मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 128 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अल्लाह का क़यामत का हुक्म क़रीब आ पहुंचा है. इसलिए तुम इसकी जल्दी न करो. अल्लाह पाक है और वह उनसे आला है, जिन्हें वे लोग उसका शरीक ठहराते हैं. 
2. अल्लाह ही फ़रिश्तों को वही के साथ अपने हुक्म से अपने बन्दों में से जिस पर चाहता है नाज़िल करता है कि लोगों को ख़बरदार करो कि हमारे सिवा कोई माबूद नहीं. इसलिए हमसे डरते रहो.
3. अल्लाह ने आसमानों और ज़मीन की हक़ के साथ तख़लीक़ की है. वह उन चीज़ों से आला हैं, जिन्हें वे लोग उसका शरीक ठहराते हैं.
4. अल्लाह ने इंसान को नुत्फ़े से पैदा किया. फिर वह सरीह झगड़ने वाला हो गया.
5. और अल्लाह ने तुम्हारे लिए चौपाये पैदा किए. उनमें तुम्हारे लिए जाड़ो का गर्म सामान यानी ऊन से बनी चीज़ें और दूसरे फ़ायदे भी हैं. और उनमें से कुछ को तुम खाते भी हो.     
6. और उन चौपायों में तुम्हारे लिए दिलकश मंज़र भी है, जब तुम शाम को चारागाह से उन्हें वापस घर लाते हो और जब तुम सुबह उन्हें चराने के लिए ले जाते हो.
7. और ये चौपाये तुम्हारे बोझ भी शहरों की तरफ़ ले जाते हैं, जहां तुम बिना हल्कान हुए नहीं पहुंच सकते. बेशक तुम्हारा परवरदिगार बड़ा शफ़क़त करने वाला बड़ा मेहरबान है.
8. और अल्लाह ने ही घोड़ों और ख़च्चरों और गधों को पैदा किया है, ताकि तुम उन पर सवारी कर सको और वे तुम्हारे लिए ज़ीनत का सामान भी हैं. और वह ऐसी चीज़ों को भी पैदा करता है, जिन्हें तुम नहीं जानते. 
9. और सीधी राह अल्लाह की बारगाह तक पहुंचती है. और इस राह में कई टेढ़े रास्ते भी निकलते हैं. और अगर वह चाहता, तो तुम सबको हिदायत दे देता.
10. वह अल्लाह ही है, जिसने तुम्हारे लिए आसमान से पानी बरसाया. इसमें से तुम सब पीते हो और इससे शजर व चारागाहें भी शादाब होती हैं, जिनमें तुम अपने चौपायों को चराते हो.
11. अल्लाह इसी पानी से तुम्हारे लिए खेती और जै़तून और खजूर और अंगूर उगाता है और हर क़िस्म के फल उगाता है. बेशक इसमें ग़ौर व फ़िक्र करने वाली क़ौम के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
12. और अल्लाह ने तुम्हारे लिए रात और दिन को और सूरज और चांद को काम में लगा रखा है. और सितारे भी उसी के हुक्म के पाबंद हैं. बेशक इसमें अक़्लमंद क़ौम के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
13. और जो कुछ भी उसने तुम्हारे लिए ज़मीन में मुख़्तलिफ़ रंगों में पैदा किया है, बेशक उसमें भी ग़ौर व फ़िक्र करने वाली क़ौम के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
14. और वह अल्लाह ही है, जिसने समन्दर और दरिया को भी तुम्हारे इख़्तियार में कर दिया, ताकि तुम उनमें से मछलियों का ताज़ा गोश्त खाओ और तुम उनमें से जे़वरात के लिए मोती वग़ैरह निकालो, जिन्हें तुम पहनते हो. और तुम जहाज़ों और कश्तियों को देखते हो, जो समन्दर व दरिया में पानी को चीरती हुई चलती हैं. और यह सब इसलिए किया, ताकि तुम उसका फ़ज़ल यानी रिज़्क़ तलाश करो और उसके शुक्रगुज़ार बन जाओ.
15. और उसी अल्लाह ने ज़मीन में भारी पहाड़ बना दिए, ताकि ज़मीन तुम्हें लेकर झुक न जाए. और उसने नहरें और रास्ते बनाए, ताकि तुम राह पा सको. 
16. और दिन में राह तलाश करने के लिए निशानियां बनाईं. और रात में लोग सितारों के ज़रिये भी राह पा लेते हैं.  
17. जो ख़ालिक़ सब कुछ पैदा करता है, क्या वह उसके बराबर हो सकता है, जो कुछ भी पैदा न कर सके. फिर तुम लोग ग़ौर व फ़िक्र क्यों नहीं करते. 
18. और अगर तुम अल्लाह की नेअमतों को शुमार करना चाहते हो, तो उन्हें पूरा शुमार नहीं कर सकोगे. बेशक  अल्लाह बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है. 
19. और अल्लाह उसे ख़ूब जानता है, जो कुछ तुम पोशीदा रखते हो और जो कुछ तुम ज़ाहिर करते हो.
20. और वे मुशरिक जिन्हें अल्लाह के सिवा पुकारते हैं, वे कुछ भी पैदा नहीं कर सकते, बल्कि वे ख़ुद पैदा किए गए हैं. 
21. वे बुत बेजान हैं, ज़िन्दा नहीं हैं. और उन्हें इतना भी शऊर नहीं कि लोग कब उठाए जाएंगे.
22. तुम्हारा माबूद, माबूदे यकता है. फिर जो लोग आख़िरत पर ईमान नहीं रखते उनके दिल ही मुनकिर हैं और वे मुताकब्बिर हैं.
23. यह हक़ है कि अल्लाह उसे ख़ूब जानता है, जो कुछ वे लोग पोशीदा रखते हैं और जो कुछ ज़ाहिर करते हैं. बेशक वह मुताकब्बिरों को पसंद नहीं करता.
24. और जब उनसे पूछा जाता है कि तुम्हारे परवरदिगार ने क्या नाज़िल किया है, तो वे कहते हैं कि पहले के लोगों के झूठे क़िस्से. 
25. वे क़यामत के दिन अपने गुनाह के पूरे बोझ उठाएंगे और कुछ बोझ उन लोगों के भी उठाएंगे, जिन्हें वे अपनी जहालत से गुमराह कर रहे हैं. जान लो कि वह बहुत बुरा बोझ है, जो वे लोग उठाने वाले हैं. 
26. बेशक उन लोगों ने भी मक्कारियां कीं, जो उनसे पहले थे. लिहाज़ा अल्लाह ने उनके मंसूबों की इमारत को बुनियाद से ही उखाड़ दिया, तो ऊपर से छत भी उन पर गिर पड़ी. और उन पर उस तरफ़ से अज़ाब आ पहुंचा, जिसका उन्हें इसका शऊर भी न था. 
27. फिर अल्लाह उन लोगों को क़यामत के दिन रुसवा करेगा और फ़रमाएगा कि हमारे वे शरीक कहां हैं, जिनके लिए तुम मोमिनों से झगड़ते थे. जिन्हें अल्लाह की तरफ़ से इल्म दिया गया है वे कहेंगे कि बेशक आज काफ़िरों के लिए रुसवाई और तबाही है. 
28. जिनकी रूहें फ़रिश्ते इस हालत में क़ब्ज़ करते हैं कि वे लोग अपनी जानों पर ज़ुल्म कर रहे हों, तो वे क़यामत के दिन इताअत का इज़हार करेंगे और कहेंगे कि हम दुनिया में कोई बुराई नहीं करते थे. उनसे कहा जाएगा कि क्यों नहीं. बेशक अल्लाह उन आमाल से ख़ूब वाक़िफ़ है, जो तुम किया करते थे. 
29. फिर तुम जहन्नुम के दरवाज़ों में दाख़िल हो जाओ और हमेशा उसमें रहोगे. मुताकब्बिरों का कितना बुरा ठिकाना है.
30. और जब परहेज़गार लोगों से पूछा जाता है कि तुम्हारे परवरदिगार ने क्या नाज़िल किया है, तो वे कहते हैं कि ख़ैर ही ख़ैर नाज़िल की है. जो लोग अच्छे काम करते रहे, तो उनके लिए इस दुनिया में भी अच्छाई है और आख़िरत में भी उनके लिए उम्दा घर है. और परहेज़गार लोगों का घर बहुत ही बेहतरीन है. 
31. उनके लिए सदाबहार हरे भरे बाग़ हैं, जिनमें वे दाख़िल होंगे. उनके नीचे नहरें बहती होंगी. और वहां उनके लिए वह सब होगा, जो कुछ वे चाहेंगे. इसी तरह अल्लाह परहेज़गारों को जज़ा दिया करता है.
32. जिनकी रूहें फ़रिश्ते इस हालत में क़ब्ज़ करते हैं कि वे लोग पाकीज़ा हों, तो फ़रिश्ते उनसे कहते हैं कि तुम पर सलामती हो. तुम जन्नत में दाख़िल हो जाओ, उन आमाल के बदले जो तुम किया करते थे.
33. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! क्या वे लोग इस इंतज़ार में हैं कि उनके पास मौत के फ़रिश्ते आ जाएं या तुम्हारे परवरदिगार के अज़ाब का हुक्म ही आ पहुंचे. यही सब उन लोगों ने भी किया था, जो उनसे पहले थे. और अल्लाह ने उन पर ज़ुल्म नहीं किया था, बल्कि वे लोग ख़ुद ही अपनी जानों पर ज़ुल्म करते रहे.
34. फिर जो आमाल उन्होंने किए थे, उन्हें उसकी सज़ा मिली और उसी अज़ाब ने उन्हें घेर लिया, जिसका वे मज़ाक़ उड़ाया करते थे.
35. और मुशरिक कहते हैं कि अगर अल्लाह चाहता, तो न हम उसके सिवा किसी और चीज़ को पुकारते और न हमारे बाप दादा और न हम उसके हुक्म के बग़ैर किसी चीज़ को हराम क़रार देते. यही सब उन लोगों ने भी किया, जो उनसे पहले थे. तो क्या रसूलों की ज़िम्मेदारी अल्लाह के अहकाम को वाज़ेह तौर पर पहुंचाने के अलावा कुछ और भी है. 
36. और बेशक हमने हर उम्मत में एक रसूल इस हुक्म के साथ भेजा कि तुम अल्लाह की इबादत करो और ताग़ूत यानी शैतान को पुकारने से बचो. फिर उनमें से कुछ लोगों को अल्लाह ने हिदायत दे दी और कुछ पर गुमराही मुसल्लत हो गई. फिर तुम लोग ज़मीन में चल फिर कर देखो कि झुठलाने वाले लोगों का क्या अंजाम हुआ.
37. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! अगर तुम उन लोगों के लिए हिदायत चाहते हो, तो जान लो कि बेशक अल्लाह जिसे गुमराही में छोड़ देता है, तो उसे हिदायत नहीं देता और उसका कोई मददगार भी नहीं होता. 
38. और वे लोग शिद्दत से अल्लाह की क़समें खाकर कहते हैं कि जो मर जाता है, तो अल्लाह क़यामत के दिन उसे दोबारा ज़िन्दा करके नहीं उठाएगा. क्यों नहीं, अल्लाह का वादा बरहक़ है, लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते.
39. मुर्दों को ज़िन्दा करके उठाया जाना इसलिए भी है, ताकि उनके लिए वह हक़ बात वाज़ेह कर दे, जिनमें वे लोग इख़्तिलाफ़ किया करते हैं और काफ़िर जान लें कि हक़ीक़त में वही झूठे हैं. 
40. हमारा फ़रमान तो किसी चीज़ के लिए सिर्फ़ इतना है कि जब हम उसका इरादा करते हैं, तो फ़रमाते हैं कि ‘हो जा’ तो वह ‘हो जाती’ है. 
41. और जिन लोगों ने ज़ुल्म सहने के बाद अल्लाह की राह में हिजरत की, तो अनक़रीब हम उन्हें दुनिया में भी बेहतर जगह देंगे और यक़ीनन आख़िरत का अज्र तो बहुत बड़ा है. काश वे लोग जानते. 
42. और यही वे लोग हैं, जो सब्र करते हैं और अपने परवरदिगार पर भरोसा करते हैं.
43. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हमने तुमसे पहले भी मर्दों को पैग़म्बर बनाकर भेजा, जिनकी तरफ़ हम वही भेजते थे. फिर तुम ज़िक्र करने वालों से दरयाफ़्त कर लिया करो. अगर तुम कुछ नहीं जानते हो.
44. हमने उन पैग़म्बरों को भी वाज़ेह दलीलों और किताबों के साथ भेजा था. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम्हारी तरफ़ ज़िक्रे अज़ीम यानी क़ुरआन नाज़िल किया है, ताकि लोगों के लिए वे अहकाम वाज़ेह तौर पर बयान कर दो, जो उनकी तरफ़ उतारे गए हैं. और ताकि वे लोग ग़ौर व फ़िक्र करें.
45. तो क्या वे मक्कारियां करने वाले लोग इससे बेख़ौफ़ हैं कि अल्लाह उन्हें ज़मीन में धंसा दे या उन पर किसी ऐसी जगह से अज़ाब आ जाए कि उन्हें उसका शऊर भी न हो. 
46. या उन्हें चलते फिरते ही अज़ाब की गिरफ़्त में ले ले. फिर वे लोग अल्लाह को आजिज़ नहीं कर सकते.
47. या उन लोगों को उनके ख़ौफ़ज़दा होने पर गिरफ़्त में ले ले, तो बेशक तुम्हारा परवरदिगार बड़ा शफ़क़त वाला बड़ा मेहरबान है.
48. क्या उन लोगों ने सायेदार चीज़ों की तरफ़ नहीं देखा, जिन्हें अल्लाह ने पैदा किया है. उनके साये दायीं और बायीं तरफ़ से झुक कर अल्लाह को सजदा करते हैं और वे इताअत और आजिज़ी का इज़हार करते हैं.
49. और आसमानों और ज़मीन के जानदार और फ़रिश्ते अल्लाह ही को सजदा करते हैं. और वे ज़रा भी तकब्बुर नहीं करते.
50. और वे सब अपने परवरदिगार से ख़ौफ़ज़दा रहते हैं, जो उनके ऊपर है. और जो हुक्म उन्हें दिया जाता है, उसकी फ़ौरन तामील करते हैं.
51. और अल्लाह ने फ़रमाया है कि दो माबूद न बनाओ. बेशक वही अल्लाह माबूदे यकता है. फिर तुम हमसे ही डरते रहो.
52. और जो कुछ आसमानों में हैं और जो कुछ ज़मीन में है, सब उसी का है और सबके लिए उसी की फ़रमानरवाई वाजिब है. तो क्या तुम अल्लाह के सिवा किसी और से भी डरते हो.
53. और तुम्हें जितनी नेअमतें मिल रही हैं, तो वह सब अल्लाह ही की तरफ़ से हैं. फिर जब तुम्हें तकलीफ़ पहुंचती है, तो तुम उसी के आगे गिर्या करते हुए फ़रियाद करने लगते हो.
54. फिर जब अल्लाह उस तकलीफ़ को तुमसे दूर कर देता है, तो तुममें से कुछ लोग अपने परवरदिगार से शिर्क करने लगते हैं.
55. ताकि वे लोग उन नेअमतों से कुफ़्र करें यानी उनकी नाशुक्री करें, जो हमने उन्हें अता की हैं. ऐ मुशरिको ! तुम कुछ दिन और फ़ायदा उठा लो. फिर अनक़रीब तुम अपना अंजाम जान लोगे. 
56. और यह उन झूठे सरपरस्तों के लिए जिनकी हक़ीक़त वे लोग ख़ुद भी नहीं जानते, उस रिज़्क़ में से हिस्सा मुक़र्रर करते हैं, जो हमने उन्हें दिया है. अल्लाह की क़सम ! तुमसे क़यामत के दिन उसकी पूछगछ ज़रूर की जाएगी, जो झूठे बोहतान तुम बांधा करते थे.
57. और वे लोग अल्लाह के लिए बेटियां मुक़र्रर करते हैं. अल्लाह इससे पाक है. और वे अपने लिए बेटे चाहते हैं, जिनकी उन्हें ख़्वाहिश है. 
58. और जब उनमें से किसी को लड़की की पैदाइश की ख़ुशख़बरी दी जाती है, तो रंज से उसका चेहरा स्याह हो जाता है और वह ग़ुस्से से भर जाता है. 
59. वह क़ौम से छुपा फिरता है, उस ख़बर की वजह से जो उसे सुनाई गई है. वह सोचता है कि उसे रुसवाई के साथ ज़िन्दा रखे या ज़िन्दा मिट्टी में दफ़न कर दे. जान लो कि तुम लोग कितना बुरा फ़ैसला करते हो.
60. जो लोग आख़िरत पर ईमान नहीं रखते, उनकी मिसाल बहुत ही बुरी है. और अल्लाह ही आला है. और वह बड़ा ग़ालिब बड़ा हिकमत वाला है. 
61. और अगर अल्लाह लोगों को उनके ज़ुल्म के बदले फ़ौरन गिरफ़्त में ले लेता, तो ज़मीन पर किसी जानदार को बाक़ी न छोड़ता. लेकिन वह एक मुक़र्रर वक़्त तक उन लोगों को मोहलत देता है. फिर जब उनका वक़्त आ जाता है, तो वे न एक घड़ी पीछे हट सकते हैं और न आगे बढ़ सकते हैं.
62. और वे लोग अल्लाह के लिए वह मुक़र्रर करते हैं, जो ख़ुद अपने लिए पसंद नहीं करते. और उनकी ज़बानें झूठ बोलती हैं कि आख़िरत में भी उनके लिए अच्छाई है. हरगिज़ नहीं, बेशक उनके लिए दोज़ख़ है और वे उसमें सबसे पहले डाले जाएंगे.
63. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! अल्लाह की क़सम ! यक़ीनन हमने तुमसे पहले भी बहुत सी उम्मतों के पास पैग़म्बर भेजे, तो शैतान ने उनके आमाल उन्हें आरास्ता करके दिखाए. फिर वही शैतान आज भी उनका दोस्त है. और उनके लिए दर्दनाक अज़ाब है.
64. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हमने तुम पर किताब यानी क़ुरआन इसलिए नाज़िल किया है, ताकि तुम उन बातों को वाज़ेह कर दो, जिनमें वे लोग इख़्तिलाफ़ किया करते हैं. और यह क़ुरआन उस क़ौम के लिए हिदायत और रहमत है, जो ईमान लाती है. 
65. और अल्लाह ने आसमान से पानी बरसाया, तो उसके ज़रिये मुर्दा ज़मीन को ज़िन्दा यानी बंजर ज़मीन को शादाब कर दिया. बेशक इसमें नसीहत सुनने वाली क़ौम के लिए अल्लाह की क़ुदरत की निशानी है.
66. और बेशक तुम्हारे लिए चौपायों में भी इबरत का सामान है. हम उनके पेट से गोबर और ख़ून के दरम्यान से ख़ालिस दूध निकालते हैं, जो पीने वालों के लिए इंतिहाई ख़ुशगवार चीज़ है.
67. और खजूर और अंगूर के फलों से तुम शीरा व उम्दा रिज़्क़ बनाते हो और बेशक इसमें अक़्लमंद क़ौम के लिए अल्लाह की क़ुदरत की निशानी है.
68. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम्हारे परवरदिगार ने शहद की मक्खी के ज़ेहन में यह बात डाल दी कि तू पहाड़ों और दरख़्तों और छतों में भी अपने घर बना, जिन्हें लोग ऊंचा बनाते हैं. 
69. फिर तू हर क़िस्म के फलों और फूलों से उनका अर्क़ चूसकर अपने परवरदिगार के बताए रास्ते पर औरों के लिए आसानी फ़राहाम करते हुए चलती रहना. मक्खियों के पेट से पीने की एक चीज़ निकलती है, वह शहद है. इसके मुख़्तलिफ़ रंग होते हैं. यह लोगों के लिए शिफ़ा है. बेशक इसमें ग़ौर व फ़िक्र करने वाली क़ौम के लिए अल्लाह की क़ुदरत की निशानी है.
70. और अल्लाह ने तुम्हें पैदा किया है. फिर वही तुम्हें मौत देता है. और तुममें से कुछ लोगों को इतने सख़्त बुढ़ापे की तरफ़ फेर दिया जाता है, ताकि वे बहुत कुछ जान लेने के बाद भी कुछ न जान सकें. बेशक अल्लाह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा क़ुदरत वाला है.
71. और अल्लाह ने तुममें से कुछ लोगों को दूसरे लोगों पर रिज़्क़ के मामले में फ़ज़ीलत दी है. लेकिन जिन लोगों को फ़ज़ीलत दी गई है, वे अपने रिज़्क़ में से उन्हें भी कुछ नहीं देते, जिनके वे मालिक हैं. हालांकि वे सब इसमें बराबर हैं. फिर क्या वे अल्लाह की नेअमतों का इनकार करते हैं.
72. और अल्लाह ने तुम्हीं में से तुम्हारे लिए बीवियां बनाई हैं और तुम्हारे जोड़ों से तुम्हारे लिए बेटे और पोते और नवासे पैदा किए. और तुम्हें पाकीज़ा रिज़्क़ दिया, तो क्या फिर भी वे लोग हक़ को छोड़कर बातिल पर ईमान रखते हैं और अल्लाह की नेअमत से कुफ़्र करते हैं.
73. और वे लोग अल्लाह के सिवा उन्हें पुकारते हैं, जो आसमानों और ज़मीन से उनके लिए रिज़्क़ देने का कुछ भी इख़्तियार नहीं रखते हैं और न रख सकते हैं.
74. फिर तुम लोग अल्लाह के लिए मिसालें न गढ़ो. बेशक अल्लाह सबकुछ जानता है और तुम नहीं जानते.
75. अल्लाह ने एक मिसाल बयान की है कि एक ग़ुलाम है, जो किसी चीज़ पर कुछ भी इख़्तियार नहीं रखता और दूसरा वह शख़्स है, जिसे हमने उसे अपनी बारगाह से उम्दा रिज़्क़ दिया है. फिर वह उसमें से पोशीदा और ज़ाहिरी तौर पर अल्लाह की राह में ख़र्च करता है. क्या वे दोनों बराबर हो सकते हैं. अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं, लेकिन उनमें से बहुत से लोग नहीं जानते.
76. और अल्लाह ने दो ऐसे आदमियों की मिसाल बयान की है, जिनमें से एक गूंगा है. उसका किसी चीज़ पर इख़्तियार नहीं है और वह अपने मालिक के लिए बोझ है. वह उसे जहां भी भेजता है, तो वह कोई ख़ैर लेकर नहीं आता. क्या वह गूंगा उस शख़्स के बराबर हो सकता है, जो लोगों को अदल व इंसाफ़ का हुक्म देता है और वह ख़ुद भी सीधे रास्ते पर क़ायम है.
77. और आसमानों और ज़मीन की सब ग़ैब की बातें अल्लाह के लिए ही हैं और क़यामत पलक झपकते ही आ जाएगी या बल्कि इससे भी जल्दी आएगी. बेशक अल्लाह हर चीज़ पर क़ादिर है.
78. और अल्लाह ने जब तुम्हें तुम्हारी माओं के पेट से निकाला, तब तुम कुछ नहीं जानते थे और उसने तुम्हारे लिए कान और आंखें और दिल बनाए, ताकि तुम उसके शुक्रगुज़ार बनो. 
79. क्या उन लोगों ने परिन्दों को नहीं देखा, जो अल्लाह के हुक्म से आसमान की फ़िज़ाओं में उड़ते रहते हैं. उन्हें अल्लाह के सिवा कोई संभालने वाला नहीं है. बेशक इसमें उस क़ौम के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं, जो ईमान रखती है.
80. और अल्लाह ही ने तुम्हारे घरों को तुम्हारे लिए रहने की जगह बनाया और तुम्हारे लिए चौपायों की खालों से ख़ेमे बनाए, जो तुम्हें सफ़र पर रवाना होते वक़्त और क़याम के वक़्त हल्के फुल्के महसूस होते हैं. और उनकी ऊन और उनके रोयें और उनके बालों से घरेलू इस्तेमाल के सामान बनाए, जो एक मुक़र्रर वक़्त तक के लिए हैं. 
81. और अल्लाह ने ही तुम्हारे लिए अपनी पैदा की हुई चीज़ों के साये बनाए और उसने तुम्हारे लिए पहाड़ों में पनाहगाहें बनाईं. और उसने तुम्हारे लिए कुछ ऐसे लिबास बनाए, जो तुम्हें गर्मी व सर्दी से महफ़ूज़ रखते हैं और कुछ ऐसे लिबास बनाए, जो जंग में दुश्मनों के वार से बचाते हैं. इसी तरह अल्लाह तुम पर अपनी नेअमत पूरी करता है, ताकि तुम उसके फ़रमाबरदार बनो. 
82. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर अगर वे लोग हक़ से मुंह फेर लें, तो तुम्हारी ज़िम्मेदारी हमारे अहकाम वाज़ेह तौर पर पहुंचाने तक ही है.
83. वे लोग अल्लाह की नेअमतों को पहचानते हैं. फिर उनसे कुफ़्र करते हैं और उनमें से बहुत से लोग काफ़िर हैं.
84. और जिस दिन हम हर उम्मत से उसके रसूल को गवाह बनाकर क़ब्रों से उठाएंगे, तो काफ़िरों को न कुछ कहने की इजाज़त दी जाएगी और न उनकी तौबा क़ुबूल की जाएगी. 
85. और जब ज़ालिम लोग अज़ाब देख देंगे, तो न उनसे अज़ाब हल्का किया जाएगा और न उन्हें मोहलत ही दी जाएगी.
86. और जब मुशरिक अपने ख़ुद के गढ़े हुए शरीकों को देख लेंगे, तो कहेंगे कि ऐ हमारे परवरदिगार ! यही हमारे शरीक थे, जिन्हें हम तुझे छोड़कर पुकारते थे. फिर वे शरीक उनकी बात को उन्हीं पर मढ़ते हुए कहेंगे कि बेशक तुम सरीह झूठे हो.
87. और वे मुशरिक उस दिन अल्लाह की बारगाह में आजिज़ी का इज़हार करेंगे और उनसे सारा बोहतान जाता रहेगा, जो वे बांधा करते थे. 
88. जिन लोगों ने कुफ़्र किया और दूसरे लोगों को अल्लाह की राह से रोका, तो हम उनके लिए अज़ाब पर अज़ाब बढ़ाते जाएंगे, क्योंकि वे फ़साद फैलाया करते थे.
89. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वह दिन याद करो कि जब हम हर उम्मत में उन्हीं में से ख़ुद उन पर एक गवाह उठाएंगे. हम तुम्हें उन सब पर गवाह बनाकर लाएंगे. और हमने तुम पर किताब यानी क़ुरआन नाज़िल किया है, जिसमें हर चीज़ वाज़ेह तौर पर बयान की गई है और वह मुसलमानों के लिए हिदायत और रहमत और बशारत है.
90. बेशक अल्लाह लोगों के साथ अदल और अहसान करने का हुक्म देता है और रिश्तेदारों को कुछ देते रहने और बेहयाई और नाशाइस्ता हरकतों और सरकशी करने से मना करता है. वह तुम्हें नसीहत करता है, ताकि तुम इसे याद रखो.
91. और तुम लोग अल्लाह का अहद पूरा किया करो, जब तुम अहद करो और क़समों को पुख़्ता करने के बाद उन्हें मत तोड़ा करो. हालांकि तुम अल्लाह को अपना ज़ामिन बना चुके हो. बेशक अल्लाह उन आमाल से ख़ूब वाक़िफ़ है, जो तुम किया करते हो.
92. और तुम लोग उस औरत की तरह न हो जाओ, जिसने अपना सूत मज़बूत कातने के बाद तोड़कर टुकड़े-टुकड़े कर दिया. तुम अपनी क़समों को अपने दरम्यान मक्कारी का ज़रिया बनाते हो, ताकि एक उम्मत दूसरी उम्मत से ज़्यादा फ़ायदा उठाने वाली हो जाए. दरअसल इस तरह अल्लाह तुम्हें आज़माता है. और वह क़यामत के दिन उन बातों को ज़रूर वाज़ेह कर देगा, जिनमें तुम इख़्तिलाफ़ किया करते थे. 
93. और अगर अल्लाह चाहता, तो तुम सबको एक ही उम्मत बना देता, लेकिन वह जिसे चाहता है गुमराही में छोड़ देता है और जिसे चाहता है हिदायत देता है और तुम लोगों से उन आमाल के बारे में ज़रूर पूछगछ की जाएगी, जो तुम किया करते थे. 
94. और तुम अपनी क़समों को आपस में मक्कारी का ज़रिया न बनाया करो, वरना लोगों के क़दम इस्लाम पर जम जाने के बाद लड़खड़ा जाएंगे. और तुम लोगों को अल्लाह की राह से रोकने की वजह से अज़ाब का ज़ायक़ा चखोगे और तुम्हारे लिए बड़ा सख़्त अज़ाब है. 
95. और अल्लाह के अहद थोड़ी सी क़ीमत यानी दुनियावी फ़ायदे के बदले में न बेचा करो. बेशक जो अज्र अल्लाह के पास है, वह तुम्हारे लिए कहीं बेहतर है. अगर तुम जानते हो. 
96. जो माल व दौलत तुम्हारे पास है वह ख़त्म हो जाएगा और जो अज्र अल्लाह के पास है, वह हमेशा बाक़ी रहेगा. और जिन लोगों ने दुनिया में सब्र किया, तो हम उन्हें उसका अज्र ज़रूर देंगे. यह उनके नेक आमाल का बदला होगा, जो वे किया करते थे.  
97. जो कोई नेक अमल करेगा अगरचे वह मर्द हो या औरत हो और वह मोमिन भी हो, तो हम उसे ज़रूर पाकीज़ा जिन्दगी अता करेंगे और उन्हें ज़रूर उन आमाल का बेहतर अज्र देंगे, जो वे किया करते थे.
98. फिर जब तुम क़ुरआन पढ़ो, तो शैतान मरदूद के वसवसों से बचने के लिए अल्लाह से पनाह मांग लिया करो.
99. बेशक उसका उन लोगों पर ज़ोर नहीं चलता, जो ईमान लाए और अपने परवरदिगार पर भरोसा करते हैं. 
100. बस उसका ज़ोर सिर्फ़ उन्हीं लोगों पर चलता है, जो उसे दोस्त बनाते हैं और जो अल्लाह के साथ शिर्क करते हैं.  
101. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और जब हम कोई आयत किसी दूसरी आयत से बदल देते हैं और अल्लाह ही बेहतर जानता है जो कुछ वह नाज़िल करता है. काफ़िर कहते हैं कि तुम ख़ुद ही गढ़ लेते हो, बल्कि उनमें से बहुत से लोग उसकी मसलेहत को नहीं जानते.  
102. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि इस क़ुरआन को रूहुल क़ुदूस यानी जिब्रईल अलैहिस्सलाम ने तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से हक़ के साथ नाज़िल किया है, ताकि ईमान लाने वाले लोगों को साबित क़दम रखे और यह मुसलमानों के लिए हिदायत और बशारत है.
103. और बेशक हम जानते हैं कि वे काफ़िर तुम्हारे बारे में कहते हैं कि उन्हें यह क़ुरआन कोई बशर ही सिखाता है. हालांकि जिस शख़्स का वे लोग हवाला दे रहे हैं, उसकी ज़बान अजमी है और यह क़ुरआन वाज़ेह अरबी ज़बान में है.
104. बेशक जो लोग अल्लाह की आयतों पर ईमान नहीं लाते, तो अल्लाह उन्हें हिदायत नहीं देता. और उनके लिए दर्दनाक अज़ाब है.
105. बेशक झूठे बोहतान वही लोग बांधा करते हैं, जो अल्लाह की आयतों पर ईमान नहीं लाते. और वही लोग झूठे हैं.
106. जो शख़्स अपने ईमान लाने के बाद कुफ़्र करे, सिवाय इसके कि उसे इंतिहाई मजबूर कर दिया गया हो, लेकिन उसका दिल ईमान से मुतमईन है. लेकिन जो शख़्स ईमान लाने के बाद कुफ़्र के लिए अपना सीना कुशादा करे यानी दिल खोलकर कुफ़्र करे, तो ऐसे लोगों पर अल्लाह का ग़ज़ब है और उनके लिए बड़ा सख़्त अज़ाब है.
107. यह इसलिए है कि उन लोगों ने दुनियावी ज़िन्दगी को आख़िरत पर तरजीह दी और इसलिए कि अल्लाह काफ़िरों की क़ौम को हरगिज़ हिदायत नहीं देता. 
108. यही वे लोग हैं कि अल्लाह ने उनके दिलों और उनके कानों और उनकी आंखों पर मुहर लगा दी है और यही लोग आख़िरत से ग़ाफ़िल हैं.
109. बेशक यही लोग आख़िरत में नुक़सान उठाने वाले हैं.
110. फिर बेशक तुम्हारा परवरदिगार उन लोगों के लिए जिन्होंने मुसीबतों में मुब्तिला होने के बाद हिजरत की और अल्लाह की राह में जिहाद किया और सब्र किया, तो उन आज़माइशों के बाद तुम्हारा परवरदिगार बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
111. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! वह दिन याद करो कि जब हर शख़्स सिर्फ़ ख़ुद को बचाने के लिए झगड़ता हुआ हाज़िर होगा. और हर किसी को उसका पूरा बदला दिया जाएगा, जो कुछ उसने किया होगा. और किसी पर कोई ज़ुल्म नहीं किया जाएगा.
112. और अल्लाह ने एक ऐसी बस्ती की मिसाल बयान की है, जो अमन और इत्मीनान से थी. उसका रिज़्क़ उसके पास हर जगह से कुशादगी के साथ आता था. फिर उस बस्ती के बाशिन्दों ने अल्लाह की नेअमतों का ज़ायक़ा चखने के बाद उनसे कुफ़्र किया, तो अल्लाह ने उसे भूख और ख़ौफ़ के अज़ाब का लिबास पहना दिया, उन आमाल के बदले, जो वे लोग किया करते थे.  
113. और बेशक उन लोगों के पास उन्हीं में से एक रसूल आया, तो उन्होंने उसे झुठलाया. फिर उन्हें अज़ाब ने अपनी गिरफ़्त में ले लिया और वे लोग ज़ालिम थे.
114. फिर जो हलाल और पाकीज़ा रिज़्क़ अल्लाह ने तुम्हें दिया है, तो तुम उसमें से खाओ व पियो. और अल्लाह की नेअमतों का शुक्र अदा करते रहो. अगर तुम उसकी इबादत करते हो. 
115. अल्लाह तुम पर सिर्फ़ मुर्दार और ख़ून और ख़ंज़ीर का गोश्त और वह जानवर जिस पर ज़िबह करते वक़्त अल्लाह के सिवा किसी और का नाम लिया गया हो, हराम किया है. फिर जो शख़्स इंतिहाई मजबूर हो और न वह सरकशी करने वाला हो और न हद से गुज़रने वाला हो, तो बेशक अल्लाह बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
116. और वह झूठ मत कहा करो, जो तुम्हारी ज़बानें बयान करती रहती हैं कि यह हलाल है और यह हराम है. इस तरह कि तुम अल्लाह पर झूठे बोहतान बांधो. बेशक जो लोग अल्लाह पर झूठे बोहतान बांधते हैं, वे कभी कामयाब नहीं होंगे. 
117. झूठ का फ़ायदा तो थोड़ा सा है और आख़िरत में उनके लिए बड़ा दर्दनाक अज़ाब है.
118. और यहूदियों पर हमने वे चीज़ें हराम कर दी थीं, जो हम तुमसे पहले बयान कर चुके हैं. और हमने उन पर ज़ुल्म नहीं किया था, लेकिन वे लोग ख़ुद ही अपनी जानों पर ज़ुल्म किया करते थे. 
119. फिर बेशक तुम्हारा परवरदिगार उन लोगों के लिए जो नादानी से गुनाह कर बैठे, फिर उसके बाद दिल से तौबा कर ली और अपनी इस्लाह कर ली, तो बेशक तुम्हारा परवरदिगार इसके बाद बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है.
120. बेशक इब्राहीम अलैहिस्सलाम लोगों के इमाम और अल्लाह के फ़रमाबरदार और बातिल से कतरा कर सिर्फ़ उसी के होकर रहने वाले थे. और वे मुशरिकों में से नहीं थे. 
121. इब्राहीम अलैहिस्सलाम अल्लाह की नेअमतों के शुक्रगुज़ार थे. अल्लाह ने उन्हें मुंतख़िब कर लिया है और उन्हें सीधे रास्ते की हिदायत अता की. 
122. और हमने इब्राहीम अलैहिस्सलाम को दुनिया में भी ख़ैर अता की और बेशक आख़िरत में भी वे स्वालिहीन में से होंगे. 
123. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर हमने तुम्हारी तरफ़ वही भेजी कि तुम इब्राहीम अलैहिस्सलाम के दीन की पैरवी करो, जो हर बातिल से जुदा थे. और वे मुशरिकों में से नहीं थे.
124. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! हफ़्ते का दिन सिर्फ़ उन्हीं लोगों पर मुक़र्रर किया गया था, जिन्होंने इसमें इख़्तिलाफ़ किया. और बेशक तुम्हारा परवरदिगार क़यामत के दिन उनके दरम्यान उन बातों का फ़ैसला कर देगा, जिनमें वे लोग इख़्तिलाफ़ किया करते थे.      
125. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम अपने परवरदिगार के रास्ते की तरफ़ लोगों को हिकमत और नसीहत के ज़रिये बुलाओ और उनसे बहस भी इस अंदाज़ में करो, जो बहुत हसीन हो. बेशक तुम्हारा परवरदिगार उस शख़्स से भी ख़ूब वाक़िफ़ है, जो उसकी राह से भटक गया है और वह उन लोगों को भी ख़ूब जानता है, जो हिदायत याफ़्ता हैं. 
126. और अगर तुम उन लोगों के साथ सख़्ती करो, तो उतनी ही सख़्ती करो, जितनी उन्होंने तुम पर की थी. और अगर तुम सब्र करो, तो यक़ीनन वह सब्र करने वालों के लिए बेहतर है. 
127. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम सब्र करो और तुम्हारा सब्र करना अल्लाह ही की मदद से है और तुम उनकी सरकशी पर रंज न किया करो और उनसे तंग दिल भी न हुआ करो, जो मक्कारियां वे लोग किया करते हैं.
128. और बेशक अल्लाह उन लोगों के साथ है, जो परहेज़गार हैं और दूसरों पर अहसान करते हैं.

Monday, September 6, 2021

17 सूरह बनी इस्राईल

सूरह बनी इस्राईल मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 111 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. वह अल्लाह पाक ज़ात है, जो अपने मुक़र्रिब बन्दे को रात में मस्जिदुल हराम यानी ख़ाना ए काबा से मस्जिदुल अक़सा तक ले गया, जिसके अतराफ़ हमने बरकतें नाज़िल की हैं, ताकि हम उसे अपनी क़ुदरत की निशानियां दिखाएं. बेशक वह अल्लाह ख़ूब सुनने वाला ख़ूब देखने वाला है.
2. और हमने मूसा अलैहिस्सलाम को किताब यानी तौरात अता की और हमने उसे बनी इस्राईल के लिए हिदायत बनाया और उन्हें हुक्म दिया कि तुम हमारे सिवा किसी को अपना वकील मत बनाओ. 
3. ऐ उन लोगों की औलाद, जिन्हें हमने नूह अलैहिस्सलाम के साथ कश्ती में सवार किया था. बेशक नूह अलैहिस्सलाम हमारे बड़े शुक्रगुज़ार बन्दे थे.
4. और हमने किताब यानी तौरात में बनी इस्राईल को इत्तला दे दी थी कि तुम लोग ज़मीन में ज़रूर दो मर्तबा फ़साद फैलाओगे और बड़ी सरकशी करोगे.
5. फिर जब उन दो फ़सादों में पहले का वक़्त आ गया, तो हमने तुम पर अपने ऐसे बन्दे मुसल्लत कर दिए, जो बड़े लड़ने वाले थे. फिर वे लोग तुम्हारी तलाश में तुम्हारे घरों तक में दाख़िल हो गए. और अल्लाह के अज़ाब का यह वादा पूरा होकर रहा.
6. फिर हमने तुम्हें दोबारा उन पर ग़लबा देकर तुम्हारे दिन फेर दिए और माल व औलाद से तुम्हारी मदद की और हमने तुम्हें बड़े लश्कर वाला बना दिया.
7. अगर तुम अच्छे काम करोगे, तो अपने ही हक़ में अच्छा करोगे और अगर तुम बुरे काम करोगे, तो भी अपने लिए ही बुरा करोगे. फिर जब दूसरे वादे का वक़्त आ गया, तो हमने ज़ालिमों को तुम पर मुसल्लत कर दिया, ताकि वे लोग मार-मारकर तुम्हारे चेहरे बिगाड़ दें. और मस्जिदुल अक़सा में उसी तरह दाख़िल हों, जिस तरह   उसमें हमलावर पहली मर्तबा दाख़िल हुए थे. और जिस पर ग़लबा पाएं, उसे तबाह व बर्बाद कर दें.
8. उम्मीद है कि तुम्हारा परवरदिगार तुम पर रहम करे और अगर तुमने फिर वही सरकशी की, तो हम तुम्हें फिर गिरफ़्त में लेंगे और हमने दोज़ख़ को काफ़िरों के लिए ज़िन्दान बना ही रखा है.
9. बेशक यह क़ुरआन उस रास्ते की हिदायत करता है, जो सबसे सीधा है. और जो मोमिन नेक अमल करते हैं, तो यह उन्हें ख़ुशख़बरी देता है कि उनके लिए बहुत बड़ा अज्र है.
10. और यह कि बेशक जो लोग आख़िरत पर ईमान नहीं रखते हैं, तो हमने उनके लिए दर्दनाक अज़ाब तैयार कर रखा है.
11. और इंसान कभी आजिज़ होकर अपने लिए बुराई की दुआ मांगने लगता है, जिस तरह वह अपने लिए भलाई की दुआ मांगता है. और इंसान बड़ा ही जल्दबाज़ है.
12. और हमने रात और दिन को अपनी क़ुदरत की दो निशानियां बनाया है. फिर हमने रात की निशानी को तारीक बनाया और दिन की निशानी को रौशन बनाया, ताकि तुम लोग अपने परवरदिगार का फ़ज़ल यानी रिज़्क़ तलाश कर सको और तुम बरसों का शुमार और हिसाब जान सको. और हमने हर चीज़ को ख़ूब तफ़सील से बयान कर दिया है.
13. और हमने हर इंसान के आमालनामे को उसकी गर्दन में लटका दिया है. और हम उसके लिए क़यामत के दिन यह आमालनामा निकालेंगे, जिसे वह अपने सामने खुली किताब की तरह पाएगा.
14. उस वक़्त उससे कहा जाएगा कि अपने आमालनामे को पढ़ ले. आज अपने हिसाब के लिए तू ख़ुद ही काफ़ी है.
15. जो शख़्स हिदायत हासिल करता है, तो बेशक वह अपने भले के लिए सीधे रास्ते पर चलता है और जो शख़्स गुमराह होता है, तो वह भटक कर अपना ही बुरा करता है. और कोई भी शख़्स किसी दूसरे के गुनाह का बोझ नहीं उठाएगा. और हम उस वक़्त तक किसी को अज़ाब नहीं देते, जब तक उसके पास रसूल भेजकर उसे ख़बरदार नहीं कर देते. 
16. और जब हम किसी बस्ती को हलाक करने का इरादा करते हैं, तो वहां के ख़ुशहाल लोगों को इताअत का हुक्म देते हैं. फिर वे लोग उसकी नाफ़रमानी करते हैं, तो हमारा अज़ाब का क़ौल वाजिब हो जाता है. फिर हम उस बस्ती को पूरी तरह तबाह व बर्बाद कर देते हैं. 
17. और नूह अलैहिस्सलाम के बाद हमने कितनी ही क़ौमों को हलाक कर दिया. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम्हारा परवरदिगार काफ़ी है. वह अपने बन्दों के गुनाहों से बड़ा बाख़बर ख़ूब देखने वाला है.
18. और जो शख़्स सिर्फ़ दुनिया की ख़ुशहाली चाहता है, तो हम इसी दुनिया में जिसे चाहते हैं, जितना चाहते हैं, जल्दी दे देते हैं. फिर हमने उसके लिए दोज़ख़ बना दी है, जिसमें वह मज़म्मत व रुसवाई के साथ डाला जाएगा. 
19. और जो शख़्स आख़िरत की ख़ुशहाली चाहता है और उसने इसके लिए कोशिश की और वह मोमिन भी है, तो ऐसे ही लोगों की कोशिशें मशकूर व मक़बूल होंगी.
20. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! हम हर किसी की मदद करते हैं. इस दुनिया को चाहने वाले की भी और आख़िरत चाहने वाले की भी. यह सब तुम्हारे परवरदिगार की अता है और तुम्हारे परवरदिगार की अता किसी के लिए बंद नहीं है.
21. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! देखो कि हमने किस तरह कुछ लोगों को दूसरे लोगों पर फ़ज़ीलत दी है और यक़ीनन आख़िरत के दर्जात और फ़ज़ीलत तो इससे कहीं बढ़कर है.
22. ऐ बन्दे ! अल्लाह के साथ किसी दूसरे को सरपरस्त मत बनाना, वरना तू मलामतज़दा होकर बेबस बैठा रह जाएगा.
23. और तुम्हारे परवरदिगार ने हुक्म दिया है कि तुम अल्लाह के सिवा किसी दूसरे को मत पुकारो और वालिदैन के साथ हुस्ने सुलूक करो. अगर तुम्हारे सामने दोनों में से कोई एक या दोनों ज़ईफ़ हो जाएं, तो उन्हें उफ़्फ़ भी न कहना और न उन्हें झिड़कना और उनके साथ अदब और नरमी से बात करना.
24. और उन दोनों के सामने ख़ाकसारी से पहलू झुकाए रखो और उनके हक़ में दुआ मांगो कि ऐ मेरे परवरदिगार ! इन दोनों पर रहम कर, जिस तरह इन्होंने बचपन में मुहब्बत व शफ़क़त से मेरी परवरिश की है.
25. तुम्हारा परवरदिगार उन बातों से ख़ूब वाक़िफ़ है, जो तुम्हारे दिलों में है. अगर तुम नेकसीरत हो जाओ, तो बेशक अल्लाह रुजू करने वालों के लिए बड़ा बख़्शने वाला है.
26. और तुम रिश्तेदारों और मिस्कीनों और मुसाफ़िरों को भी उनका हक़ दे दो और फ़ुज़ूल ख़र्च मत किया करो.
27. बेशक फ़ुज़ूल ख़र्च करने वाले शैतान के भाई हैं और शैतान अपने परवरदिगार से बड़ा कुफ़्र करने वाला है.
28. और अगर तुम्हें अपनी तंगदस्ती की वजह से मिस्कीनों से मुंह फेरना पड़े और तुम्हें अपने परवरदिगार की रहमत का इंतज़ार हो, तो उनसे नरमी से अपनी बात कह दिया करो.
29. और न अपने हाथ अपनी गर्दन से बंधे हुए रखो कि किसी को कुछ दो ही नहीं और न बिल्कुल खोल दो कि सब कुछ दे दो कि फिर तुम ख़ुद मलामतज़दा होकर ख़ाली हाथ बैठे रह जाओ.
30. बेशक तुम्हारा परवरदिगार जिसके लिए चाहता है रिज़्क़ कुशादा कर देता है और जिसके लिए चाहता है तंग कर देता है. बेशक वह अपने बन्दों से बड़ा बाख़बर ख़ूब देखने वाला है.
31. और तुम अपनी औलाद को ग़रीबी के ख़ौफ़ से क़त्ल न करो. हम उन्हें भी रिज़्क़ देते हैं और तुम्हें भी रिज़्क़ देते हैं. बेशक उन्हें क़त्ल करना बहुत सख़्त गुनाह है.
32. और तुम ज़िना के पास भी मत जाना. बेशक यह बड़ी बेहयाई का काम है और बहुत बुरा रास्ता है.
33. और तुम किसी जान को क़त्ल मत करना. अल्लाह ने इसे हराम क़रार दिया है, सिवाय उसके जिसका क़त्ल करना क़ानून के लिहाज़ से जायज़ हो. और जो शख़्स नाहक़ क़त्ल कर दिया गया, तो बेशक हमने उसके वारिस को क़सास यानी ख़ून का बदला लेने का हक़ दिया है. फिर वह क़त्ल करने यानी बदला लेने में ज़्यादती न करे. बेशक उसकी मदद की जाएगी.   
34. और तुम यतीम के माल व दौलत के पास भी न जाओ, सिवाय उस तरीक़े के, जो उसके हक़ में बेहतर हो, यहां तक कि वह जवान हो जाए. और बेशक इस अहद की पूछगछ होगी.
35. और जब कुछ नाप कर देना हो, तो पैमाने को पूरा भर दिया करो और जब तौल कर देना हो, तो बिल्कुल ठीक तराज़ू से तौला करो. यह अच्छा तरीक़ा है और अंजाम के लिहाज़ से भी बेहतर है.
36. ऐ बन्दे ! और तू उस बात की पैरवी न किया कर, जिसका तुझे सही इल्म नहीं है. बेशक क़यामत के दिन कान और आंखें और दिल इनमें से हर एक से पूछगछ होगी. 
37. और तू ज़मीन में अकड़ कर मत चला कर. बेशक तू न ज़मीन को चीर सकता और न बुलंदी में पहाड़ों के बराबर हो सकता है. 
38. इन सब बातों की बुराई तुम्हारे परवरदिगार के नज़दीक नापसंदीदा है.
39. यह हिकमत की उन बातों में से है, जो तुम्हारे परवरदिगार ने तुम्हारे पास वही के ज़रिये भेजी हैं. ऐ बन्दे ! और अल्लाह के साथ कोई दूसरा सरपरस्त न बनाना, वरना तू मलामतज़दा व ज़लील होकर जहन्नुम में डाल दिया जाएगा.
40. ऐ मुशरिको ! क्या तुम्हारे परवरदिगार ने बेटों के लिए तुम्हें चुन लिया है और अपने लिए उसने फ़रिश्तों को बेटियां बना लिया है. बेशक तुम बड़ी सख़्त बात कहते हो.
41. और बेशक हमने इस क़ुरआन में सबकुछ अंदाज़ बदल-बदल कर बयान किया है, ताकि लोग नसीहत हासिल करें. लेकिन इससे उनकी नफ़रत ही मज़ीद बढ़ती जाती है.
42. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि अगर अल्लाह के साथ कुछ और भी सरपरस्त होते, जैसा वे लोग कहते हैं, तो वे मिलकर मालिके अर्श तक पहुंचने की कोई राह ज़रूर तलाश लेते. 
43. अल्लाह पाक और आला है, उन बातों से जो वे कहते हैं. वह बहुत ही बुलंद व बालातर है. 
44. सातों आसमान और ज़मीन और जो कुछ इनके दरम्यान है, सब अल्लाह की तस्बीह करते हैं. और कोई शय ऐसी नहीं है, जो उसकी हम्दो सना की तस्बीह न करती हो. लेकिन तुम उनकी तस्बीह को नहीं समझ सकते. बेशक वह बड़ा हलीम बड़ा बख़्शने वाला है.
45. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और जब तुम क़ुरआन पढ़ते हो, तो हम तुम्हारे और उन लोगों के दरम्यान जो आख़िरत पर ईमान नहीं रखते, एक पोशीदा पर्दा डाल देते हैं.
46. और हम उनके कानों पर भी पर्दे डाल देते हैं कि वे उसे समझ न सकें और उनके कानों में बहरापन पैदा कर देते हैं, ताकि वे उसे सुन न सकें. और जब तुम क़ुरआन में अपने परवरदिगार का तन्हा ज़िक्र करते हो, तो वे नफ़रत करते हुए पीठ फेरकर भाग खड़े होते हैं.
47. हम ख़ूब जानते हैं कि वे लोग किस ग़र्ज़ के लिए तुम्हारी तरफ़ कान लगाकर तवज्जो से बातें सुनते हैं और सरगोशियां करते हैं. जब वे ज़ालिम लोग मुसलमानों से कहते हैं कि तुम तो महज़ एक ऐसे बशर की पैरवी करते हो, जिस पर जादू कर दिया गया है.
48. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! देखो कि वे लोग तुम्हारे बारे में कैसी-कैसी मिसालें देते हैं. फिर वे लोग इस तरह गुमराह हुए हैं कि अब वे सीधा रास्ता पा ही नहीं सकते.
49. और वे लोग कहते हैं कि जब हम मरने के बाद बोसीदा हड्डियां और रेज़ा-रेज़ा हो जाएंगे, तो क्या हमें नये सिरे से पैदा करके उठाया जाएगा ? 
50. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि तुम मरने के बाद चाहे पत्थर बन जाओ या लोहा.
51. या कोई और मख़लूक़, जो तुम्हारे गुमान में बड़ी सख़्त हो. फिर वे कहेंगे कि हमें कौन दोबारा ज़िन्दा करेगा. तुम कह दो कि वही अल्लाह, जिसने तुम्हें पहली मर्तबा पैदा किया था. फिर वे लोग तुम्हारे सामने अपने सर हिला देंगे और कहेंगे कि यह कब होगा? तुम कह दो कि शायद क़रीब ही हो जाए.
52. जिस दिन अल्लाह तुम्हें बुलाएगा, तो तुम उसकी हम्दो सना के साथ उसकी तामील करोगे और गुमान करोगे कि तुम दुनिया में बहुत ही कम ठहरे थे.
53. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम मेरे बन्दों से कह दो कि वे अच्छी बातें ही किया करें. बेशक शैतान बुरी बातों से लोगों के दरम्यान फ़साद पैदा कर देता है. बेशक शैतान इंसान का सरीह दुश्मन है.
54. तुम्हारा परवरदिगार तुम्हारे हाल को ख़ूब जानता है. अगर वह चाहे तो तुम पर रहम करे या अगर वह चाहे तो तुम पर अज़ाब नाज़िल कर दे. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हमने तुम्हें उन लोगों के आमाल का ज़िम्मेदार बनाकर नहीं भेजा है.
55. और तुम्हारा परवरदिगार उन्हें ख़ूब जानता है, जो आसमानों और ज़मीन में आबाद हैं. और बेशक हमने कुछ नबियों को दूसरे नबियों पर फ़ज़ीलत बख़्शी है और हमने दाऊद अलैहिस्सलाम को ज़ुबूर अता की.
56. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि तुम उन सबको बुला लो, जिन्हें तुम अल्लाह के सिवा सरपरस्त गुमान करते हो. फिर वे न तुम्हारी तकलीफ़ दूर नहीं कर सकते हैं और न उसे फेर ही सकते हैं.
57. वे लोग जिन्हें पुकारते हैं, वे ख़ुद अपने परवरदिगार की तरफ़ वसीला तलाश करते हैं कि उनमें से कौन ज़्यादा मुक़र्रिब हैं और वे ख़ुद उसकी रहमत की उम्मीद रखते हैं और वे उसके अज़ाब से ख़ौफ़ज़दा रहते हैं. बेशक तुम्हारे परवरदिगार का अज़ाब डरने की चीज़ है.
58. और ज़ुल्म करने वाले लोगों की कोई बस्ती ऐसी नहीं है, जिसे क़यामत से पहले हम हलाक नहीं करेंगे या उस पर सख़्त अज़ाब नाज़िल नहीं करेंगे. यह बात किताब यानी लौहे महफ़ूज़ में लिखी हुई है.
59. और हमें निशानियां भेजने से किसी चीज़ ने नहीं रोका, सिवाय इसके कि उन्हें पहले के लोगों ने झुठला दिया था. और हमने सालेह अलैहिस्सलाम की क़ौम समूद को ऊंटनी की खुली निशानी दी थी, तो उन्होंने उस पर ज़ुल्म किया. और हम सिर्फ़ अज़ाब से ख़बरदार करने के लिए ही निशानियां भेजा करते हैं. 
60. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वह वक़्त याद करो कि जब हमने तुमसे कहा कि बेशक तुम्हारे परवरदिगार ने सब लोगों को अपने अहाते में ले रखा है. और हमने शबे मेराज के उस मंज़र को जो हमने तुम्हें दिखाया, लोगों के लिए आज़माइश बनाया है. और ज़क़्क़ूम के उस शजर को भी, जिस पर क़ुरआन में लानत की गई है. और हम उन्हें ख़बरदार करते हैं, लेकिन इससे उनकी सरकशी मज़ीद बढ़ती ही जाती है.
61. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वह वक़्त याद करो कि जब हमने फ़रिश्तों को हुक्म दिया कि तुम आदम अलैहिस्सलाम को सजदा करो, तो इबलीस के सिवा सबने सजदा किया. उसने कहा कि क्या मैं उसे सजदा करूं, जिसे तूने मिट्टी से बनाया है.  
62. उसने यह भी कहा कि भला देखो तो सही कि यह वह शख़्स है, जिसे तूने मुझ पर फ़ज़ीलत दी है. अगर तू मुझे क़यामत के दिन तक की मोहलत दे, तो मैं कुछ लोगों के सिवा इसकी औलाद को हक़ से काटकर अलग कर दूंगा.
63. अल्लाह ने फ़रमाया कि जा तुझे मोहलत दी. फिर उनमें से जो भी तेरी पैरवी करेगा, तो बेशक जहन्नुम ही तुम सबकी मुकम्मल सज़ा है.
64. और जिस पर भी तेरा बस चले, तो उसे अपनी बातों से बहका ले और उन पर अपने लश्कर के सवार और पैदल दस्तों से हमला कर दे और उनके माल और औलाद में शरीक हो जा और उनसे झूठे वादे कर. और उनसे शैतान फ़रेब के सिवा कोई वादा नहीं कर सकता. 
65. बेशक जो मेरे बन्दे हैं, उन पर तेरा ज़ोर नहीं चल सकेगा और ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम !
तुम्हारा परवरदिगार अपने बन्दों की कारसाज़ी के लिए काफ़ी है.
66. तुम्हारा परवरदिगार वह है, जो तुम्हारे लिए समन्दर और दरिया में जहाज़ और कश्तियां चलाता है, ताकि तुम उसका फ़ज़ल यानी रिज़्क़ तलाश करो. बेशक वह तुम पर बड़ा मेहरबान है.
67. और जब समन्दर व दरिया में तुम्हें कोई तकलीफ़ पहुंचती है, तो वे ग़ायब हो जाते हैं, जिन्हें तुम अल्लाह के सिवा पुकारते हो. फिर जब अल्लाह तुम्हें बचाकर ख़ुश्क जगह तक पहुंचा देता है, तो तुम फिर उससे मूंह फेर लेते हो. और इंसान बड़ा ही नाशुक्रा है.
68. फिर क्या तुम इससे बेख़ौफ़ हो गए हो कि वह तुम्हें ख़ुश्की के किनारे यानी ज़मीन में धंसा दे या तुम पर पत्थर बरसाने वाली आंधी भेज दे. फिर तुम अपने लिए कोई कारसाज़ नहीं पाओगे.
69. या तुम इससे बेख़ौफ़ हो गए हो कि वह तुम्हें दोबारा उसी समन्दर व दरिया में ले जाए और तुम पर जहाज़ व कश्तियां तोड़ देने वाली आंधी भेज दे. फिर तुम्हें तुम्हारे कुफ़्र की वजह से ग़र्क़ कर दे. फिर तुम अपने लिए 
ग़र्क़ होने पर ऐसा कोई हिमायती नहीं पाओगे, जो हमारा पीछा करे और तुम्हें छुड़ा ले. 
70. और बेशक हमने आदम अलैहिस्सलाम की औलाद को इज़्ज़त बख़्शी और हमने उन्हें ख़ुश्की और तरी यानी ज़मीन और समन्दर व दरियाओं में जानवरों व कश्तियों के ज़रिये सवारी दी. और हमने उन्हें पाकीज़ा चीज़ों से रिज़्क़ दिया. और हमने उन्हें अपनी बहुत सी मख़लूक़ पर फ़ज़ीलत अता की.
71. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! उस दिन को याद करो कि जब हम लोगों के हर तबक़े को उनके इमामों के साथ बुलाएंगे. फिर जिन्हें उनके आमालनामे दायें हाथ में दिए जाएंगे, तो वे लोग ख़ुश होकर अपना आमालनामा पढ़ने लगेंगे और उन पर रेशा बराबर भी ज़ुल्म नहीं किया जाएगा.
72. और जो शख़्स इस दुनिया में हक़ से अंधा बना रहा, तो वह आख़िरत में भी अंधा और निजात की राह से भटका हुआ रहेगा. 
73. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और काफ़िर तो यही चाहते हैं कि तुम्हें क़ुरआन से फेर दें, जिसे हमने तुम्हारे पास वही के ज़रिये भेजा है, ताकि तुम इसके अलावा हम पर झूठी बातें गढ़ लो. और इस सूरत में वे लोग तुम्हें अपना दोस्त बना लें.
74. और अगर हम तुम्हें साबित क़दम न रखते, तो ज़रूर तुम भी अपनी नरम मिज़ाजी की वजह से उनके क़रीब हो जाते.
75. और अगर तुम ऐसा करते, तो उस वक़्त हम तुम्हें दोगुना ज़ायक़ा ज़िन्दगी में और दोगुना विसाल के बाद चखाते. फिर तुम अपने लिए हमारे मुक़ाबले में कोई मददगार नहीं पाते.
76. और वे लोग यह भी चाहते थे कि तुम्हें सरज़मीन मक्का से उखाड़ दें, ताकि वे तुम्हें यहां से निकाल सकें. और अगर ऐसा हो जाता, तो तुम्हारे बाद वे लोग भी वहां कुछ वक़्त से ज़्यादा नहीं ठहर पाते.
77. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! उन सब रसूलों के लिए हमारा यही दस्तूर रहा है, जिन्हें हमने तुमसे पहले भेजा था. और तुम हमारे दस्तूर में कोई तबदीली नहीं पाओगे. 
78. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम सूरज ढलने के वक़्त से लेकर रात की तारीकी तक जुहर, अस्र, मग़रिब और इशा की नमाज़ पढ़ा करो और फ़ज्र की नमाज़ के बाद क़ुरआन की तिलावत भी किया करो. बेशक फ़ज्र के वक़्त क़ुरआन की तिलावत में रात और दिन के फ़रिश्ते हाज़िर होते हैं.
79. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और रात के कुछ हिस्से में क़ुरआन के साथ तहज्जुद की नमाज़ पढ़ा करो. यह ख़ास तुम्हारे लिए नफ़ली इबादत है. यक़ीनन तुम्हारा परवरदिगार तुम्हें मक़ामे महमूद पर फ़ाईज़ करेगा. 
80. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम यह दुआ मांगो कि ऐ मेरे परवरदिगार ! मुझे ख़ुशनूदी के साथ दाख़िल फ़रमा, जहां भी दाख़िल करना चाहे और मुझे ख़ुशनूदी के साथ बाहर ला, जहां से भी लाना चाहे और मुझे अपनी बारगाह से ग़लबा और मदद अता फ़रमा.
81. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम कह दो कि हक़ आ गया और बातिल नाबूद हो गया. बेशक बातिल को मिटना ही था.
82. और हम क़ुरआन में वह सब नाज़िल कर रहे हैं, जो मोमिनों के लिए शिफ़ा और रहमत है और ज़ालिमों के लिए तो यह सिर्फ़ नुक़सान में इज़ाफ़े का ही सबब है.  
83. और जब हम इंसान को कोई नेअमत अता करते हैं, तो वह शुक्र करने की बजाय मुंह फेर कर पहलू बदल लेता है. और जब उसे कोई तकलीफ़ पहुंचती है, तो वह मायूस हो जाता है. 
84. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि हर कोई अपने तरीक़े पर अमल करता है. फिर तुम्हारा परवरदिगार ख़ूब जानता है कि कौन ज़्यादा सीधे रास्ते पर है. 
85. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और लोग तुमसे रूह के बारे में सवाल करते हैं, तुम कह दो कि रूह भी मेरे परदिगार के हुक्म से ही बनी है और तुम लोगों को बहुत ही थोड़ा सा इल्म दिया गया है.
86. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और अगर हम चाहें, तो जो क़ुरआन वही के ज़रिये तुम्हारी तरफ़ भेजा गया है, उसे दुनिया से उठा लें. फिर तुम इसके ले जाने पर हमारी बारगाह में कोई कारसाज़ नहीं पाओगे.
87. लेकिन यह तो तुम्हारे परवरदिगार की रहमत है कि उसने इसे क़ायम रखा. बेशक यह तुम पर अल्लाह का बहुत बड़ा फ़ज़ल है.
88. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि अगर तमाम इंसान और जिन्न इस बात पर जमा हो जाएं कि वे इस क़ुरआन जैसा कोई और कलाम बनाकर ले आएं, तब भी वे इस जैसा कलाम नहीं ला सकते. अगरचे वे एक दूसरे की कितनी ही मदद करें. 
89. और बेशक हमने लोगों के समझाने के लिए हर तरह की मिसालें बदल-बदल कर बार-बार बयान की हैं, लेकिन बहुत से लोगों ने इसे क़ुबूल नहीं किया. वे कुफ़्र के अलावा कुछ नहीं करते. 
90. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! वे काफ़िर तुमसे कहते हैं कि हम तुम पर हरगिज़ ईमान नहीं लाएंगे, यहां तक कि तुम हमारे लिए ज़मीन से कोई चश्मा ही जारी कर दो. 
91. या तुम्हारे पास खजूरों और अंगूरों का कोई बाग़ हो, तो तुम उसके दरम्यान बहती हुई नहरें ही जारी कर दो. 
92. या जैसा कि तुम्हारा ख़्याल है कि हम पर आसमान के चन्द टुकड़े ही गिरा दो या तुम अल्लाह और फ़रिश्तों को हमारे सामने ले आओ.
93. या तुम्हारा कोई सोने का घर हो या तुम आसमान पर चढ़ जाओ. फिर भी हम तुम्हारे आसमान पर चढ़ जाने पर हरगिज़ ईमान नहीं लाएंगे, यहां तक कि तुम वहां से हमारे ऊपर किताब ही नाज़िल कर दो, जिसे हम ख़ुद पढ़ सकें. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मेरा परवरदिगार पाक है, लेकिन मैं तो सिर्फ़ एक बशर हूं और अल्लाह का भेजा हुआ रसूल हूं.  
94. और जब उन लोगों के पास हिदायत आ गई, तो उन्हें ईमान लाने से इसके सिवा किसी ने नहीं रोका कि वे कहने लगे कि क्या अल्लाह ने एक बशर को रसूल बनाकर भेजा है.
95. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि अगर ज़मीन में इंसानों की बजाय फ़रिश्ते इत्मीनान से चलते फिरते, तो ज़रूर हम भी उन पर आसमान से किसी फ़रिश्ते को ही रसूल बनाकर उतारते.
96. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मेरे और तुम्हारे दरम्यान अल्लाह ही गवाही के लिए काफ़ी है. बेशक वह अपने बन्दों से बड़ा बाख़बर ख़ूब देखने वाला है.
97. और अल्लाह जिसे हिदायत दे, तो वही हिदायत याफ़्ता है और जिसे वह गुमराही में छोड़ दे, तो वह उसके सिवा किसी को अपना मददगार नहीं पाएगा. और हम उन्हें क़यामत के दिन औंधे मुंह उठाएंगे और वे अंधे और गूंगे और बहरे होंगे. उनका ठिकाना जहन्नुम है. जब भी उसकी आग बुझने लगेगी, तो हम उन लोगों को अज़ाब देने के लिए उसे और भड़का देंगे.
98. यह उन लोगों की सज़ा है, क्योंकि उन्होंने हमारी आयतों से कुफ़्र किया और वे कहते रहे कि जब हम मरने के बाद बोसीदा हड्डियां और रेज़ा-रेज़ा हो जाएंगे, तो क्या हम नये सिरे से पैदा करके उठाए जाएंगे.
99. क्या उन लोगों ने नहीं देखा कि जिस अल्लाह ने आसमानों और ज़मीन की तख़लीक़ की है, वह इस पर भी क़ादिर है कि वे उन्हें दोबारा पैदा करे और उसने उनके लिए एक वक़्त मुक़र्रर कर दिया है, जिसमें कोई शक नहीं है. फिर भी ज़ालिमों ने इसे क़ुबूल नहीं किया. वे कुफ़्र के अलावा कुछ नहीं करते.
100. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि अगर तुम मेरे परवरदिगार की रहमत के ख़ज़ानों के मालिक होते तब भी ख़र्च हो जाने के ख़ौफ़ से उन्हें बंद रखते. और इंसान बहुत ही तंग दिल है.
101. और बेशक हमने मूसा अलैहिस्सलाम को वाज़ेह निशानियां दीं, तो ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम बनी इस्राईल से दरयाफ़्त करो कि जब मूसा अलैहिस्सलाम उनके पास आए, तो फ़िरऔन ने उनसे कहा कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम ! बेशक मैं तो यही गुमान करता हूं कि तुम पर जादू किया गया है.
102. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि तू यह जानता है कि इन निशानियों को किसी और ने नहीं उतारा, बल्कि ये आसमानों और ज़मीन के परवरदिगार ने नाज़िल की हैं. और मैं तो यही ख़्याल करता हूं कि ऐ फ़िरऔन ! तू हलाक होने वाला है. 
03. फिर फ़िरऔन ने इरादा किया कि मूसा अलैहिस्सलाम और उनकी क़ौम बनी इस्राईल को मिस्र की सरज़मीन से निकाल कर बाहर कर दे. फिर हमने फ़िरऔन और उसके साथियों को ग़र्क़ कर दिया. 
104. और हमने उसके बाद बनी इस्राईल से कहा कि अब तुम इस सरज़मीन में आबाद हो जाओ. फिर जब आख़िरत के वादे का वक़्त आएगा, तो हम तुम सबको जमा करके ले जाएंगे.
105. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हक़ के साथ ही हमने इस क़ुरआन को नाज़िल किया है. और हमने तुम्हें जन्नत की ख़ुशख़बरी देने वाला और अज़ाब से ख़बरदार करने वाला रसूल बनाकर भेजा है.
106. और क़ुरआन को हमने जुदा-जुदा हिस्से में नाज़िल किया है, ताकि तुम उसे लोगों के सामने ठहर-ठहर कर पढ़ो और हमने इसे रफ़्ता-रफ़्ता हालात के हिसाब से नाज़िल किया है. 
107. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि तुम इस क़ुरआन पर ईमान लाओ या न लाओ. बेशक जिन लोगों को इससे पहले आसमानी किताबों का इल्म अता किया गया है, जब यह क़ुरआन उनके सामने पढ़ा जाता है, तो वे ठुड्डियों के बल सजदे में गिर पड़ते हैं.
108. और वे लोग कहते हैं कि हमारा परवरदिगार पाक है. बेशक हमारे परवरदिगार का वादा पूरा होना ही था.
109. और वे लोग ठुड्डियों के बल सजदे में गिर पड़ते हैं और ज़ारो क़तार रोते चले जाते हैं. और क़ुरआन उनकी आजिज़ी में मज़ीद इज़ाफ़ा करता है.
110. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि चाहे तुम अल्लाह कहकर पुकारो या रहमान कहकर पुकारो. तुम जिस नाम से भी अल्लाह को पुकारते हो, सब अच्छे नाम उसी के हैं. और न अपनी नमाज़ बहुत बुलंद आवाज़ में पढ़ो और न बहुत ही आहिस्ता से पढ़ो, बल्कि इसके दरम्यान का तरीक़ा इख़्तियार करो यानी दरमियानी आवाज़ में पढ़ो. 
111. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम कह दो कि अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं. जिसने न अपने लिए कोई औलाद बनाई और न उसकी सल्तनत व फ़रमानरवाई में कोई शरीक है और न कमज़ोरी की वजह से उसका कोई मददगार है. तुम उसकी बड़ाई करते रहा करो, जैसे उसका हक़ है.