Sunday, September 5, 2021

18 सूरह अल कहफ़

सूरह अल कहफ़ मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 110 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. अल्लाह ही सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं, जिसने अपने महबूब व मुक़र्रिब बन्दे मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम पर किताब यानी क़ुरआन नाज़िल किया और उसमें कोई कमी नहीं रखी.
2. यह सीधा रास्ता बताने वाली किताब है, ताकि वह मुनकिरों को अल्लाह की तरफ़ से आने वाले सख़्त अज़ाब से ख़बरदार करे और जिन मोमिनों ने अच्छे काम किए हैं, उन्हें ख़ुशख़बरी दे कि उनके लिए बहुत अच्छा अज्र है.
3. जिसमें वे हमेशा रहेंगे.
4. और उन लोगों को ख़बरदार करे, जो कहते हैं कि अल्लाह ने अपने लिए बेटा बना रखा है. 
5. इस बारे में न उन्हें कोई इल्म है और न उनके बाप दादाओं को ही कुछ इल्म था. यह बड़ी सख़्त बात है, जो उनके मुंह से निकल रही है. वे लोग झूठ के सिवा कुछ नहीं कहते. 
6. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तो क्या तुम उनके पीछे शिद्दते ग़म में ख़ुद को हलाक कर लोगे. अगर वे लोग इस हदीस पर ईमान नहीं लाए. 
7. बेशक हमने उन सब चीज़ों को जो ज़मीन पर हैं उसकी ज़ीनत बनाया, ताकि हम लोगों को आज़माएं कि उनमें से कौन अमल के ऐतबार से बेहतर है.
8. और बेशक हम क़यामत के दिन जो कुछ भी ज़मीन पर है, सबको नाबूद करके बंजर मैदान बना देंगे.
9. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! क्या तुम्हारा यह ख़्याल है कि कहफ़ व रक़ीम वाले हमारी क़ुदरत की निशानियों में से एक अजीब निशानी थे?
10. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! वह वक़्त याद करो कि जब चन्द नौजवान ग़ार में आए, तो अर्ज़ करने लगे कि ऐ हमारे परवरदिगार ! हमें अपनी बारगाह से रहमत अता कर और हमारे काम में बेहतरी फ़राहम कर.
11. फिर हमने उस ग़ार में उनके कानों पर कई बरसों के लिए पर्दे डाल दिए. यानी उन्हें सुला दिया.
12. फिर हमने उन्हें उठा दिया, ताकि यह देखें कि दोनों जमातों में अपने ठहरने की मुद्दत किसे ज़्यादा याद है.
13. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! अब हम तुम्हें उनका सही हाल सुनाते हैं. बेशक वे चन्द नौजवान थे, जो अपने परवरदिगार पर ईमान लाए थे और हमने उनके लिए हिदायत में ज़्यादा इज़ाफ़ा कर दिया था. 
14. और हमने उनके दिलों को मज़बूत व मुस्तहकम कर दिया. जब वे अपने मुशरिक बादशाह के सामने खड़े हुए, तो कहने लगे कि हमारा परवरदिगार तो आसमानों और ज़मीन का भी परवरदिगार है. हम उसके सिवा हरगिज़ किसी दूसरे सरपरस्त को नहीं पुकारेंगे. अगर हम ऐसा करेंगे, तो उस वक़्त हम ज़रूर बेजा बात करेंगे.   
15. ये हमारी क़ौम के लोग हैं, जिन्होंने अल्लाह के सिवा दूसरे सरपरस्त बना लिए हैं. फिर ये लोग उनके सरपरस्त होने की कोई सरीह दलील पेश क्यों नहीं करते ? फिर उससे बढ़कर ज़ालिम कौन होगा, जो अल्लाह पर झूठा बोहतान बांधे. 
16. और वे नौजवान आपस में कहने लगे कि जब तुमने उन लोगों से और उन झूठे सरपरस्तों से, जिन्हें वे अल्लाह के सिवा पुकारते हैं, किनाराकशी कर ली है, तो ग़ार में पनाह ले लो. तुम्हारा परवरदिगार तुम्हारे लिए अपनी रहमत कुशादा कर देगा और तुम्हारे लिए तुम्हारे काम में आसानी पैदा करेगा.
17. और तुम देखते हो कि जब सूरज तुलूअ होता है, तो उनकी ग़ार से दायीं तरफ़ कतरा कर निकल जाता है और जब सूरज ग़ुरूब होने लगता है, तो उससे बायीं तरफ़ झुक कर निकल जाता है और वे लोग ग़ार के अंदर कुशादा जगह लेटे हुए आराम कर रहे हैं. यानी सूरज अपना रास्ता बदल लेता है. ये अल्लाह की क़ुदरत की निशानियों में से है. जिसे अल्लाह हिदायत दे, वही हिदायत याफ़्ता है और जिसे वह गुमराह छोड़ दे, तो तुम उसका न कोई दोस्त पोअगे और न कोई रहनुमा ही पाओगे.
18. और तुम्हारा ख़्याल है कि वे जाग रहे हैं. हालांकि वे गहरी नींद में सो रहे हैं और हम उन्हें दायीं और बायीं तरफ़ करवटें बदलवाते रहते हैं. और उनका कुत्ता चौखट पर अपने दोनों पंजे फैलाए बैठा है. अगर तुम उन्हें झांक कर देख लो, तो उनसे पीठ फेरकर भाग जाओ और तुम्हारे दिल में उनका रौब समा जाए.
19. और उसी तरह हमने उन्हें उठा दिया, ताकि वे आपस में पूछगछ करें. उनमें एक शख़्स कहने लगा कि तुम यहां कितनी मुद्दत ठहरे हो ? उन्होंने कहा कि हम यहां एक दिन या इसका कुछ हिस्सा ही ठहरे हैं. फिर वे कहने लगे कि तुम्हारा परवरदिगार ही बेहतर जानता है कि तुम यहां कितना अरसा ठहरे हो. फिर तुम अपने में से किसी को चांदी का यह सिक्का देकर शहर की तरफ़ भेजो, तो वह देखे कि कौन सा खाना ज़्यादा हलाल और पाकीज़ा है. फिर उसमें से कुछ खाना तुम्हारे लिए ले आए और उसे चाहिए कि वह आहिस्ता और नरमी से काम ले और किसी को भी तुम्हारी ख़बर न होने दे.
20. बेशक अगर उन लोगों को तुम्हारी ख़बर हो गई, तो वे तुम्हें संगसार कर देंगे या तुम्हें भी अपनी मिल्लत यानी मज़हब की तरफ़ फेर लेंगे. और फिर तुम कभी कामयाब नहीं हो पाओगे. 
21. और इस तरह हमने उन्हें ख़बरदार कर दिया, ताकि वे लोग जान लें कि अल्लाह का वादा बरहक़ है और यह भी कि क़यामत के आने में कोई शक नहीं है. जब बस्ती वाले आपस में उनके मामले में झगड़ने लगे, तो उन्होंने कहा कि उनके ग़ार पर बतौर यादगार एक इमारत बना दो. उनका परवरदिगार उनके हाल को ख़ूब जानता है. ग़ालिब रहने वाले लोगों ने कहा कि हम उनके दरवाज़े पर एक मस्जिद बनाएंगे.
22. अब कुछ लोग कहेंगे कि वे तीन थे. उनमें से चौथा उनका कुत्ता था. और कुछ लोग कहेंगे कि वे पांच थे, उनमें से छठा उनका कुत्ता था. वे सब बिना देखे अंदाज़े लगाते हैं. और कुछ लोग कहेंगे कि वे सात थे और उनमें से आठवां उनका कुत्ता था. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मेरा परवरदिगार ही उनकी तादाद को जानता है और कुछ लोगों के सिवा उनकी सही तादाद का इल्म किसी को नहीं है. इसलिए तुम थोड़ी सी गुफ़्तगू के सिवा उनके बारे में किसी से बहस न किया करो और न उनके बारे में कुछ पूछगछ करो. 
23. और किसी चीज़ के बारे में यह हरगिज़ मत कहना कि मैं इस काम को कल करूंगा.
24. लेकिन यह कहो कि इंशा अल्लाह यानी अगर अल्लाह चाहेगा, तो करूंगा और जब कभी इंशा अल्लाह कहना भूल जाओ, तो अपने परवरदिगार का ज़िक्र करो और कहो कि मुझे उम्मीद है कि मेरा परवरदिगार मुझे इससे भी बेहतर हिदायत की राह दिखाएगा. 
25. और वे लोग ग़ार में तीन सौ नौ बरस रहे.
26. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि अल्लाह ही बेहतर जानता है कि वे नौजवान कितनी मुद्दत तक ग़ार में ठहरे थे. आसमानों और ज़मीन की ग़ैब की बातें अल्लाह ही जानता है. वह क्या ख़ूब देखने वाला है और क्या ख़ूब सुनने वाला है. उसके सिवा उन लोगों का न कोई कारसाज़ है और न वह अपने हुक्म में किसी को शरीक करता है. 
27. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम वह कलाम पढ़कर सुनाओ, जो तुम्हारे परवरदिगार की किताब में से तुम्हारी तरफ़ वही के ज़रिये भेजा गया है. इस क़ुरआन के कलाम को कोई बदल नहीं सकता 
और तुम उसके सिवा कहीं पनाह की जगह भी नहीं पाओगे.
28. ऐ हमारे बन्दो ! और ख़ुद को उन लोगों के साथ रखो, जो सुबह व शाम अपने परवरदिगार का ज़िक्र करते हैं और उसकी ख़ुशनूदी चाहते हैं. तुम्हारी मुहब्बत की निगाहें उनकी तरफ़ से न फिरें कि तुम दुनियावी ज़िन्दगी की आराइश के तलबगार बन जाओ और तुम उस शख़्स का कहना मत मानो, जिसके दिल को हमने अपने ज़िक्र से ग़ाफ़िल कर दिया है और वह अपनी ख़्वाहिशों की पैरवी करता है और उसका मामला हद से गुज़र गया है.   
29. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम कह दो कि यह हक़ तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से है. फिर जो चाहे ईमान ले आए और जो चाहे कुफ़्र करे. बेशक हमने ज़ालिमों के लिए दोज़ख़ की आग तैयार कर रखी है, जिसकी दीवारें उन्हें घेर लेंगी. और अगर वे लोग फ़रियाद करेंगे, तो उनकी फ़रियादरसी ऐसे खौलते हुए पानी से की जाएगी जो पिघले हुए ताम्बे की तरह होगा और वह उनके चेहरों को जला देगा. कितना बुरा पानी है और दोज़ख़ कितना बुरा ठिकाना है.
30. बेशक जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो यक़ीनन हम ऐसे लोगों का अज्र ज़ाया नहीं करते, जो अच्छे अमल करते हैं. 
31. यही वे लोग हैं, जिनके लिए जन्नत के सदाबहार बाग़ हैं, जिनके नीचे नहरें बहती हैं. उन्हें वहां सोने के कंगन पहनाए जाएंगे और उन्हें बारीक और दबीज़ रेशम का सब्ज़ लिबास पहनाया जाएगा. और वे तख़्तों पर तकिये लगाए बैठे होंगे. कितना अच्छा अज्र है और जन्नत कितनी अच्छी आरामगाह है.
32. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम उन लोगों से उन दो शख़्सों की मिसाल बयान करो, जिनमें से एक के लिए हमने अंगूर के दो बाग़ बनाए और हमने उनके अतराफ़ खजूर के दरख़्त लगा दिए और उन दोनों बाग़ों के दरम्यान खेती भी उगाई.
33. उन दोनों बाग़ों में ख़ूब फल हुए और उनकी पैदावार में कोई कमी नहीं रही और हमने उन दोनों बाग़ों के दरम्यान नहर भी जारी कर दी.
34. और उस शख़्स के पास बहुत से फल यानी माल व दौलत भी आ गई, तो उसने अपने ग़रीब साथी से बात करते हुए कहा कि मैं तुझसे माल व दौलत में कहीं ज़्यादा हूं और क़बीले और ख़ानदान के लिहाज़ से भी ज़्यादा इज़्ज़त वाला हूं.
35. और वह शख़्स बातें करता हुआ अपने बाग़ में पहुंचा, तो तकब्बुर की वजह से अपनी जान पर ज़ुल्म करते हुए कहने लगा कि मुझे तो गुमान ही नहीं कि कभी यह बाग़ तबाह होगा.
36. और न मैं यह गुमान करता हूं कि क़यामत बरपा होगी और अगर मैं अपने परवरदिगार की तरफ़ लौटाया भी गया, तो भी यक़ीनन मैं इन बाग़ों से बेहतर जगह पाऊंगा.
37. उसके साथी ने गुफ़्तगू करते हुए कहा कि क्या तूने अपने उस परवरदिगार से कुफ़्र किया है, जिसने तुझे पहले मिट्टी से पैदा किया. फिर नुत्फ़े से, फिर तुझे पूरा मर्द बनाया.
38. लेकिन मैं तो यही कहता हूं कि वही अल्लाह मेरा परवरदिगार है और मैं अपने परवरदिगार के साथ किसी को शरीक नहीं करता.
39. और जब तू अपने बाग़ में आया, तो यह क्यों नहीं कहा कि वही होता है, जो अल्लाह चाहता है. अल्लाह की मदद के बिना किसी में कुछ भी क़ूवत नहीं है. अगर तू माल और औलाद के ऐतबार से मुझे ख़ुद से कम देखता है, तो क्या हुआ. 
40. उम्मीद है कि मेरा परवरदिगार मुझे तेरे बाग़ों से कहीं बेहतर बाग़ अता कर दे. और तेरे बाग़ों पर आसमान से कोई अज़ाब नाज़िल कर दे. फिर वे बाग़ मिट्टी का बंजर मैदान बन जाएं. 
41. या बाग़ों का पानी ख़ुश्क हो जाए. फिर तू उसे तलाश भी न कर सके.  
42. और उसके बाग़ के सारे फल आफ़त में घेर लिए गए, तो वह उस माल पर अफ़सोस से हाथ मलने लगा, जो उसने बाग़ों की तैयारी में ख़र्च किया था. और बाग़ अपनी शाख़ों पर औंधा पड़ा हुआ था और वह कहने लगा कि  काश ! मैं अपने परवरदिगार के साथ किसी को शरीक नहीं ठहराता.
43. और अल्लाह के सिवा उसकी कोई जमात भी नहीं थी, जो उसकी मदद करती और न वह ख़ुद ही बदला ले सकता था. 
44. वह जान गया कि सब अल्लाह ही के इख़्तियार में है, जो बरहक़ है. वही बेहतर सवाब देने वाला है और वही बेहतर अंजाम करने वाला है.
45. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम उनसे दुनियावी ज़िन्दगी की मिसाल भी बयान करो, जो उस पानी की तरह है, जिसे हमने आसमान से बरसाया, तो उससे ज़मीन शादाब होकर सरसब्ज़ हो गई. फिर वह ख़ुश्क होकर रेज़ा-रेज़ा हो गई, जिसे हवायें उड़ाए फिरती हैं. और अल्लाह हर चीज़ पर कामिल क़ुदरत रखने वाला है.
46. माल और औलाद तो दुनियावी ज़िन्दगी की ज़ीनत हैं और बाक़ी रहने वाली तो नेकियां हैं, जो तुम्हारे परवरदिगार के नज़दीक सवाब के लिहाज़ से भी बेहतर हैं और आरज़ू के लिहाज़ से भी बेहतर हैं.
47. और वह दिन क़यामत का होगा, जब हम पहाड़ों को चलाएंगे और तुम ज़मीन को ख़ाली खुला मैदान देखोगे और हम सबको जमा करेंगे और उनमें से किसी को नहीं छोड़ेंगे.
48. और सब लोग तुम्हारे परवरदिगार के सामने क़तार दर क़तार हाज़िर किए जाएंगे. उस वक़्त उनसे कहा जाएगा कि बेशक तुम हमारे पास उसी तरह आए हुए हो जिस तरह हमने तुम्हें पहली मर्तबा पैदा किया था, जबकि तुम गुमान करते थे कि हम तुम्हारे लिए वादे का दिन मुक़र्रर नहीं करेंगे. 
49. और लोगों के सामने आमालनामे रख दिए जाएंगे. फिर तुम गुनाहगारों को देखोगे कि वे उन गुनाहों से डरे हुए होंगे, जो उनमें लिखे होंगे. और वे लोग कहेंगे कि हाय हमारी शामत ! इस आमालनामे को क्या हुआ है. इसने न कोई छोटा गुनाह छोड़ा है और न कोई बड़ा गुनाह. लेकिन उसने हर चीज़ को शुमार कर रखा है और वे लोग जो कुछ करते रहे हैं, वह सब अपने सामने हाज़िर पाएंगे. और तुम्हारा परवरदिगार किसी पर ज़ुल्म नहीं करेगा. 
50. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वह वक़्त याद करो कि जब हमने फ़रिश्तों को हुक्म दिया कि आदम अलैहिस्सलाम को सजदा करो, तो इबलीस के सिवा सबने सजदा किया. इबलीस जिन्नों में से था, तो वह अपने परवरदिगार की इताअत से बाहर निकल गया. क्या तुम हमें छोड़कर उसे और उसकी औलाद को दोस्त बनाते हो. हालांकि वह तुम्हारा सरीह दुश्मन है. यह ज़ालिमों के लिए क्या बुरा बदला है.
51. हमने न उन्हें आसमानों और ज़मीन की तख़लीक़ के वक़्त मदद के लिए बुलाया था और न ख़ुद उनकी तख़लीक़ के वक़्त. और न हम ऐसे थे कि गुमराह करने वालों को अपना बाज़ू यानी मददगार बनाते.    
52. और जिस दिन अल्लाह फ़रमाएगा कि तुम उन्हें पुकारो, जिन्हें तुम हमारा शरीक गुमान करते थे. फिर वे लोग उन्हें बुलाएंगे, लेकिन वे उन्हें कोई जवाब नहीं देंगे. और हम उनके दरम्यान हलाकत की जगह बना देंगे. 
53. और गुनाहगार दोज़ख़ की आग को देखेंगे, तो जान लेंगे कि यक़ीनन वे उसमें गिराए जाएंगे और उन्हें उससे निजात की कोई राह नहीं मिल पाएगी.
54. और बेशक हमने इस क़ुरआन में लोगों को समझाने के लिए हर तरह की मिसालें बदल-बदल कर बयान की हैं. और इंसान हर चीज़ से ज़्यादा झगड़ने वाला है.
55. और जब लोगों के पास हिदायत आ चुकी थी, तो उन्हें किसने रोका था कि वे ईमान न लाएं और अपने परवरदिगार से बख़्शीश न मांगे, सिवाय इस रविश कि वे पहले के लोगों की तरह हलाकत में पड़ जाएं या उनके सामने अज़ाब ही आ जाए. 
56. और हम रसूलों को सिर्फ़ ख़ुशख़बरी सुनाने और अज़ाब से ख़बरदार करने के लिए ही भेजते हैं. और कुफ़्र करने वाले लोग उनसे बातिल का सहारा लेकर झगड़ते हैं, ताकि उसके ज़रिये हक़ को ज़ायल सकें. और उन्होंने हमारी आयतों और जिस अज़ाब से उन्हें ख़बरदार किया जाता है, उसका मज़ाक़ बना रखा है. 
57. और उस शख़्स से बढ़कर ज़ालिम कौन होगा, जिसे उसके परवरदिगार की आयतें याद दिलाई जाएं, तो वह उनसे मुंह फेर ले और अपने उन आमाल को भूल जाए, जो उसके हाथ आगे भेज चुके हैं. बेशक हमने उनके दिलों पर पर्दे डाल दिए हैं कि वे हक़ को समझ ही न सकें और उनके कान बहरे कर दिए है कि वे हक़ को सुन ही न सकें. और अगर तुम उन्हें सीधे रास्ते की तरफ़ बुलाओगे, तो वे कभी हिदायत नहीं पाएंगे. 
58. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम्हारा परवरदिगार बड़ा बख़्शने वाला बड़ा मेहरबान है. अगर वह लोगों को उनके आमाल की सज़ा में गिरफ़्त में लेता, तो फ़ौरन दुनिया ही में उन पर अज़ाब नाज़िल कर देता, लेकिन उनके लिए एक वक़्त मुक़र्रर है. जब वह वक़्त आएगा, तो वे लोग अल्लाह के सिवा कहीं पनाह की जगह नहीं पाएंगे. 
59. और तुम्हारे सामने ये वे बस्तियां हैं, जब उनमें रहने वाले लोगों ने ज़ुल्म किया तो हमने उन्हें हलाक कर दिया और हमने उनकी हलाकत के लिए एक वक़्त मुक़र्रर कर रखा था. 
60. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! वह वाक़िया याद करो कि जब मूसा अलैहिस्सलाम ने अपने जवान ख़ादिम यूशा बिन नून से कहा कि मैं तब तक पीछे नहीं हट सकता जब तक दोनों दरियाओं के मिलने की जगह न पहुंच जाऊं या मुद्दतों चलता रहूं.
61. फिर जब वे दोनों दरियाओं के मिलने की जगह पहुंचे, तो वे अपनी भुनी हुई मछली वहीं भूल गए. फिर उस मछली ने ज़िन्दा होकर दरिया में सुरंग की तरह अपना रास्ता बना लिया. 
62. फिर जब वे दोनों आगे बढ़ गए, तो मूसा अलैहिस्सलाम ने अपने ख़ादिम यूशा बिन नून से कहा कि हमारा खाना लाओ. बेशक हमने अपने इस सफ़र में बहुत तकलीफ़ उठाई है. 
63. यूशा बिन नून ने कहा कि क्या आपने देखा कि जब हमने दरिया के किनारे पत्थर के पास आराम किया था, तो बेशक मैं वहां मछली भूल गया और शैतान ने मुझे इसका आपसे ज़िक्र करना भुला दिया. और उस मछली ने ज़िन्दा होकर दरिया में अजीब तरह से अपना रास्ता बना लिया था. 
64. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि यही वह जगह है, जिसे हम तलाश कर रहे थे. फिर वे दोनों अपने क़दमों के निशान देखते हुए वापस लौट आए. 
65. फिर वहां उन दोनों ने हमारे बन्दों में से एक ख़ास बन्दे ख़िज़्र अलैहिस्सलाम को पाया, जिन्हें हमने अपनी बारगाह से ख़ास रहमत अता की थी और हमने अपना इल्म सिखाया था. 
66. मूसा अलैहिस्सलाम ने ख़िज़्र अलैहिस्सलाम से कहा कि क्या मैं इस शर्त पर आपके साथ रह सकता हूं कि आप मुझे भी उस इल्म में से कुछ सिखा दें, जो नेकी व रहनुमाई का इल्म आपको सिखाया गया है.
67. ख़िज़्र अलैहिस्सलाम ने कहा कि बेशक आप मेरे साथ रहकर सब्र नहीं कर सकेंगे.
68. और आप उस पर कैसे सब्र कर सकते हैं, जो आपके इल्म के अहाते में नहीं है. यानी जिसका आपको कोई इल्म ही नहीं है. 
69. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि अल्लाह ने चाहा, तो आप मुझे साबिर पाएंगे और मैं आपकी नाफ़रमानी नहीं करूंगा. 
70. ख़िज़्र अलैहिस्सलाम ने कहा कि अगर आप मेरे साथ रहना चाहते हैं, तो मुझसे तब तक किसी चीज़ के बारे में सवाल मत करना जब तक मैं ख़ुद ही आपसे उसका ज़िक्र न करूं.
71. फिर वे दोनों चल पड़े, यहां तक कि जब दोनों कश्ती में सवार हुए, तो ख़िज़्र अलैहिस्सलाम ने कश्ती में सुराख़ कर दिया. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि क्या आपने कश्ती में इसलिए सुराख़ किया है कि लोगों को ग़र्क़ कर दें. बेशक आपने बड़ा अजीब काम किया है. 
72. ख़िज़्र अलैहिस्सलाम ने कहा कि क्या मैंने आपसे पहले ही नहीं कह दिया था कि आप मेरे साथ रहकर हरगिज़ सब्र नहीं कर सकेंगे.
73. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि आप मेरी भूल पर मेरी गिरफ़्त न करें और इस मामले में मुझे ज़्यादा मुश्किल में न डालें. 
74. फिर वे दोनों चल पड़े, यहां तक कि दोनों एक लड़के से मिले, तो ख़िज़्र अलैहिस्सलाम ने उसे क़त्ल कर दिया. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि क्या आपने एक मासूम शख़्स को क़त्ल कर दिया, जबकि उसने किसी की जान नहीं ली थी. यक़ीनन आपने एक नापसंदीदा काम किया है. 
75. ख़िज़्र अलैहिस्सलाम ने कहा कि क्या मैंने आपसे नहीं कहा था कि आप मेरे साथ रहकर हरगिज़ सब्र नहीं कर सकेंगे. 
76. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि अब अगर मैं इसके बाद आपसे किसी चीज़ के बारे में सवाल करूं, तो आप मुझे अपने साथ न रखिएगा. बेशक आप मेरी तरफ़ से माज़रत की हद को पहुंच चुके हैं. 
77. फिर वे दोनों चल पड़े, यहां तक कि जब वे एक बस्ती वालों के पास पहुंचे, तो वहां के बाशिन्दों से खाना तलब किया. बस्ती वालों ने उन्हें मेहमान बनाने से इनकार कर दिया. फिर उन दोनों ने वहां एक दीवार देखी, जो गिरना चाहती थी, तो ख़ि अलैहिस्सलाम ने उसे सीधा खड़ा कर दिया. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि अगर आप चाहते, तो इसका मेहनताना ले सकते थे.
78. ख़िज़्र अलैहिस्सलाम ने कहा कि मेरे और आपके दरम्यान जुदाई का वक़्त आ गया है. अब मैं आपको उन बातों की हक़ीक़त बताता हूं, जिन पर आप सब्र नहीं कर सके. 
 79. वह कश्ती चन्द ग़रीब लोगों की थी, जो दरिया में मेहनत मज़दूरी करके गुज़ारा करते थे. फिर मैंने चाहा कि उसे ऐबदार बना दूं, क्योंकि उसके पीछे एक ज़ालिम बादशाह था, जो अच्छी कश्तियों को जबरन छीन लेता था.
80. और वह जो लड़का था, तो उसके वालिदैन मोमिन थे, जिन्हें अंदेशा हुआ कि वह बड़ा होकर उन्हें भी सरकशी और कुफ़्र में मुब्तिला कर देगा.
81. फिर मैंने चाहा कि उनका परवरदिगार इसके बदले में उन्हें ऐसा बेटा अता करेगा, जो पाकीज़गी और रहम दिली में उससे बेहतर होगा.    
82. और वह जो दीवार थी, तो वह शहर में रहने वाले दो यतीम बच्चों की थी और उसके नीचे उन दोनों के लिए एक ख़ज़ाना गड़ा हुआ था और उनका वालिद एक नेक आदमी था. लिहाज़ा आपके परवरदिगार ने चाहा कि वे दोनों जवान हो जाएं, और आपके परवरदिगार की रहमत से अपना ख़ज़ाना निकाल लें. और मैंने जो कुछ किया, वह ख़ुद नहीं किया, बल्कि अल्लाह के हुक्म से किया. ये उन वाक़ियात की हक़ीक़त है, जिन पर आपसे सब्र नहीं हो सका.
83. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुमसे लोग ज़ुलक़रनैन के बारे में सवाल करते हैं. तुम कह दो कि मैं तुम्हें उसके हाल के बारे में तज़्किरा पढ़कर सुनाता हूं.
84. बेशक हमने उसे ज़मीन पर इख़्तेदार अता किया था और हमने उसे हर शय का साजो सामान दिया था. 
85. फिर ज़ुलक़रनैन एक राह पर चल पड़ा. 
86. यहां तक कि जब वह चलते-चलते सूरज के ग़ुरूब होने की जगह पहुंच गया, तो उसने सूरज के ग़ुरूब होने के मंज़र को देखकर महसूस किया कि गोया वह काली कीचड़ के चश्मे में डूब रहा हो और उसने वहां एक क़ौम को आबाद पाया. हमने कहा कि ऐ ज़ुलक़रनैन ! तुम चाहो तो उन्हें सज़ा दो या उनके साथ हुस्ने सुलूक करो. 
87. ज़ुलक़रनैन ने अर्ज़ किया कि जो शख़्स ज़ुल्म करेगा, तो मैं उसे ज़रूर सज़ा दूंगा. फिर वह अपने परवरदिगार की तरफ़ लौटाया जाएगा, तो वह उसे बड़ा सख़्त अज़ाब देगा. 
88. और जो शख़्स ईमान लाया और नेक अमल करता रहा, तो उसके लिए बेहतर अज्र है. और अनक़रीब हम उसे अपने कामों में से आसान काम करने को कहेंगे.
89. फिर ज़ुलक़रनैन दूसरी राह पर चल पड़ा.
90. यहां तक कि जब वह चलते-चलते सूरज के तूलूअ होने की जगह पर पहुंच गया, तो वहां उसने सूरज को ऐसे महसूस किया गोया वह एक क़ौम पर तुलूअ हो रहा हो, जिसके लिए हमने सूरज से बचाव की ख़ातिर कोई आड़ नहीं बनाई थी. 
91. वाक़िया इसी तरह है. और जो कुछ ज़ुलक़रनैन के पास था हमने अपने इल्म से उसका अहाता कर लिया. 
92. फिर ज़ुलक़रनैन एक और राह पर चल पड़ा.
93. यहां तक कि जब वह चलते-चलते दो पहाड़ों के दरम्यान पहुंच गया, तो उसने उन पहाड़ों के पीछे एक ऐसी क़ौम को आबाद पाया, जो किसी की ज़बान नहीं समझती थी.
94. उन लोगों ने किसी तरह कहा कि ऐ ज़ुलक़रनैन ! बेशक याजूज और माजूज ने इस सर में फ़साद फैला रखा है, तो क्या हम आपके लिए इस शर्त पर कुछ माल जमा कर दें कि आप हमारे और उनके दरम्यान एक बुलंद व मज़बूत दीवार बना दें.
95. ज़ुलक़रनैन ने कहा कि मुझे मेरे परवरदिगार ने जो इख़्तियार दिया है, वह बेहतर है. तुम सिर्फ़ अपनी क़ूवत से मेरी मदद करो, तो मैं तुम्हारे और उनके दरम्यान एक मज़बूत दीवार बना दूंगा.
96. तुम मुझे लोहे के बड़े-बड़े टुकड़े लाकर दो, यहां तक कि जब उसने दोनों पहाड़ों के दरम्यान एक दीवार बना दी, तो वह कहने लगा कि अब आग लगाकर इसे धौंको. जब उसने उस लोहे को धौंकते-धौंकते सुर्ख़ अंगारा बना दिया, तो वह कहने लगा कि इसे मेरे पास लाओ, मैं इस पर पिघला हुआ ताम्बा डालूंगा.
97. फिर उन याजूज और माजूज में न इतनी ताक़त थी कि वे उस दीवार पर चढ़ सकें और न वे उसमें सुराख़ ही कर सकते थे. 
98. ज़ुलक़रनैन ने कहा कि यह मेरे परवरदिगार की रहमत है. फिर जब मेरे परवरदिगार का क़यामत का वादा क़रीब आएगा, तो वह इस दीवार को ढहा कर हमवार कर देगा और मेरे परवरदिगार का वादा बरहक़ है.
99. और हम उस दिन याजूज और माजूज को आज़ाद कर देंगे और वे दरिया की मौजों की तरह एक दूसरे में समा जाएंगे. फिर सूर फूंका जाएगा, तो हम सबको जमा कर लेंगे. 
100. और हम उस दिन दोज़ख़ को काफ़िरों के सामने कर देंगे.
101. वे लोग जिनकी आंखें हमारे ज़िक्र से पर्दे में थीं और वे हमारा ज़िक्र सुन भी नहीं सकते थे.
102. तो क्या कुफ़्र करने वाले लोग यह गुमान करते हैं कि हमारे बन्दों को अपना सरपरस्त बना लेंगे. बेशक हमने काफ़िरों की मेहमानी के लिए जहन्नुम तैयार कर रखी है.
103. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि क्या हम तुम्हें ऐसे लोगों से ख़बरदार कर दें, जो आमाल के ऐतबार से नुक़सान उठाने वाले हैं.
104. यही वे लोग हैं, जिनकी सारी जद्दोजहद दुनियावी ज़िन्दगी में ही बर्बाद हो गई और वे गुमान करते रहे कि वे बड़े अच्छे काम कर रहे हैं.
105. यही वे लोग हैं, जिन्होंने अपने परवरदिगार की निशानियों और क़यामत के दिन उसके सामने हाज़िर होने से कुफ़्र किया है. इसलिए उनके सब आमाल बर्बाद हो गए. फिर हम उनके लिए क़यामत के दिन कोई वज़न क़ायम नहीं करेंगे. यानी उन्हें बिना हिसाब के सीधा दोज़ख़ में डाल दिया जाएगा.
106. यही जहन्नुम उनकी सज़ा है. ऐसा इसलिए है कि उन्होंने कुफ़्र किया और हमारी आयतों और हमारे रसूलों का मज़ाक़ उड़ाया.
107. बेशक जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो उनकी मेहमानी के लिए जन्नतुल फ़िरदौस के बाग़ होंगे. 
108. और वे लोग हमेशा उसमें रहेंगे. 
109. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि अगर समन्दर मेरे परवरदिगार के कलाम को लिखने के लिए रौशनाई बन जाए, तो वह समन्दर मेरे परवरदिगार का कलाम मुकम्मल होने से पहले ही ख़त्म हो जाएगा, अगरचे हम वैसा ही एक समन्दर उसकी मदद को ले आएं.
110. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मैं तो ज़ाहिरी तौर पर तुम्हारे जैसा ही एक बशर हूं. मेरे पास यह वही आई है कि तुम्हारा माबूद, माबूदे यकता ही है. फिर जो शख़्स अपने परवरदिगार से मुलाक़ात की उम्मीद रखता है, तो उसे चाहिए कि वे नेक अमल करे और अपने परवरदिगार की इबादत में किसी को शरीक न करे.

Saturday, September 4, 2021

19 सूरह मरयम

सूरह मरयम मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 98 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. काफ़ हा या ऐन साद.
2. यह तुम्हारे परवरदिगार की रहमत का ज़िक्र है, जो उसने अपने ख़ास बन्दे ज़करिया अलैहिस्सलाम पर की थी.
3. जब ज़करिया अलैहिस्सलाम ने अपने परवरदिगार को धीमी आवाज़ से पुकारा था.
4. ज़करिया अलैहिस्सलाम ने अर्ज़ किया कि ऐ मेरे परवरदिगार ! बेशक मेरी हड्डियां बहुत कमज़ोर हो गई हैं और बुढ़ापे की वजह से सर के बाल आग के बुझे शोले की तरह सफ़ेद हो गए हैं. और ऐ मेरे परवरदिगार ! मैं तेरी बारगाह में दुआ मांगकर कभी महरूम नहीं रहा.
5. और मैं अपनी मौत के बाद अपने रिश्तेदारों से डरता हूं कि वह दीन को बर्बाद न कर दें. और मेरी बीवी उम्मे कुलसूम भी बांझ है. फिर तू मुझे अपनी बारगाह से एक वारिस अता कर दे.
6. जो मेरा भी वारिस बने और याक़ूब अलैहिस्सलाम की औलाद के नबुवत के सिलसिले का भी वारिस हो. और ऐ मेरे परवरदिगार ! तू भी उससे राज़ी हो. 
7. उनसे कहा गया कि ऐ ज़करिया अलैहिस्सलाम ! बेशक हम तुम्हें एक बेटे की खुशख़बरी देते हैं, जिसका नाम यहया अलैहिस्सलाम होगा और हमने इससे पहले किसी को उसका हमनाम नहीं बनाया.
8. ज़करिया अलैहिस्सलाम ने अर्ज़ किया कि ऐ मेरे परवरदिगार ! मेरे यहां बेटा कैसे होगा, जबकि मेरी बीवी कुलसूम बांझ है और मैं खु़द बेइंतिहा बूढ़ा हो चुका हूं.
9. उनसे कहा गया कि ऐसा ही होगा. तुम्हारा परवरदिगार फ़रमाता है कि यह काम हमारे लिए बहुत आसान है. और बेशक हम इससे पहले तुम्हें भी पैदा कर चुके हैं, जबकि तुम कुछ भी नहीं थे.
10. ज़करिया अलैहिस्सलाम ने अर्ज़ किया कि ऐ मेरे परवरदिगार ! मेरे लिए कोई निशानी मुक़र्रर कर दे. उन्हें हुक्म दिया गया कि तुम बिल्कुल सेहतमंद होते हुए भी तीन रात व दिन लोगों से बात नहीं कर सकोगे.
11. फिर ज़करिया अलैहिस्सलाम अपने इबादत के हुजरे से निकल कर अपनी क़ौम के पास आए, तो उनकी तरफ़ इशारा किया कि तुम लोग सुबह व शाम अल्लाह की तस्बीह किया करो.
12. फिर जब यहया अलैहिस्सलाम पैदा हुए, तो उनसे कहा गया कि ऐ यहया अलैहिस्सलाम ! हमारी किताब यानी तौरात को मज़बूती से पकड़कर रखो. और हमने उन्हें बचपन ही से हिकमत और नबुवत अता की.
13. और अपनी बारगाह से उन्हें शफ़क़त और पाक़ीज़गी अता की. और वे बड़े परहेज़गाए थे.
14. वे अपने वालिदैन के साथ बड़ी नेकी करने वाले थे. और वे जाबिर और नाफ़रमान नहीं थे.
15. और यहया पर सलाम हो, उनकी पैदाइश के दिन और उनकी वफ़ात के दिन और जिस दिन वे दोबारा ज़िन्दा करके उठाए जाएंगे.
16. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और किताब यानी क़ुरआन में मरयम अलैहिस्सलाम का ज़िक्र करो कि जब वे घरवालों से अलग होकर इबादत के लिए मशरिक़ी मकान में आ गईं.
17. फिर मरयम अलैहिस्सलाम ने लोगों से पर्दा कर लिया, तो हमने उनके पास अपनी रूह जिब्रईल अलैहिस्सलाम को भेजा. फिर जिब्रईल अलैहिस्सलाम उनके सामने इंसान की सूरत में ज़ाहिर हुए. 
18. मरयम अलैहिस्सलाम ने कहा कि बेशक मैं तुझसे मेहरबान अल्लाह की पनाह चाहती हूं. अगर तू परहेज़गार है.
19. जिब्रईल अलैहिस्सलाम ने कहा मैं तो सिर्फ़ तुम्हारे परवरदिगार का भेजा हुआ फ़रिश्ता हूं, ताकि तुम्हें एक पाकीज़ा बेटा अता करूं.
20. मरयम अलैहिस्सलाम ने कहा कि मुझे बेटा कैसे हो सकता है, जबकि मुझे किसी इंसान से छुआ तक नहीं और न मैं बदकार हूं.
21. जिब्रईल अलैहिस्सलाम ने कहा कि ऐसा ही होगा. तुम्हारे परवरदिगार ने फ़रमाया है कि यह काम हमारे लिए आसान है. यह इसलिए होगा, ताकि इसे लोगों के लिए अपनी क़ु़दरत की निशानी और अपनी ख़ास रहमत बनाएं. और यह काम पहले से तयशुदा है.
22. फिर मरयम अलैहिस्सलाम हामिला हो गईं और वे लोगों से दूर एक मकान में चली गईं.
23. फिर दर्दे ज़ह उन्हें एक खजूर के सूखे दरख़्त की जड़ की तरफ़ ले आया और वे कहने लगीं कि काश ! मैं इससे पहले ही मर गई होती और भूली बिसरी हो जाती.
24. फिर मरयम अलैहिस्सलाम को आवाज़ आई कि तुम परेशान मत हो. बेशक तुम्हारे परवरदिगार ने तुम्हारे नीचे एक चश्मा जारी कर दिया है.
25. और खजूर की शाख़ को पकड़ कर अपनी तरफ़ हिलाओ. वह तुम पर ताज़ी खजूरें गिरा देगी. 
26. फिर तुम खजूर खाओ और चश्मे का पानी पियो. और अपने बेटे को देखकर अपनी आंखें ठंडी करो. फिर अगर तुम किसी बशर को देखो, तो इशारे से कह देना कि मैंने अल्लाह के लिए रोजे़ की नज़र मानी थी. इसलिए मैं आज किसी इंसान से बात नहीं कर सकती.
27. फिर मरयम अलैहिस्सलाम उस बच्चे को अपनी गोद में लिए हुए अपनी क़ौम के पास आ गईं, वे लोग कहने लगे कि ऐ मरयम अलैहिस्सलाम ! तुम बहुत बुरी चीज़ लाई हो.
28. ऐ हारून की बहन ! न तुम्हारा बाप बुरा आदमी था और न तुम्हारी मां ही बदकार थी.
29. तो मरयम अलैहिस्सलाम ने बच्चे की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि इससे पूछ लो. वे लोग कहने लगे कि हम गोद के बच्चे से कैसे बात करें?
30. बच्चे ने कहा कि बेशक मैं अल्लाह का बन्दा हूं. उसने मुझे किताब यानी इंजील अता की है और मुझे नबी बनाया है.
31. और मै जहां कहीं भी रहूं, उसने मुझे सरापा मुबारक बनाया है और मैं जब तक ज़िन्दा रहूं, उसने मुझे नमाज़ पढ़ने और ज़कात अदा करने का हुक्म दिया है. 
32. और उसने मुझे अपनी मां के साथ नेक सुलूक करने वाला बनाया है. और उसने मुझे जाबिर और बदनसीब नहीं बनाया.
33. और मुझ पर सलाम हो मेरी पैदाइश के दिन और मेरी वफ़ात के दिन और जिस दिन मैं ज़िन्दा करके उठाया जाऊंगा. 
34. यह मरयम अलैहिस्सलाम के बेटे ईसा अलैहिस्सलाम का सच्चा क़ौल है, जिस पर वे लोग शक किया करते हैं.
35. अल्लाह के शायाने शान नहीं है कि वह किसी को अपना बेटा बनाए. वह इससे पाक है. जब वह किसी काम का इरादा करता है, तो सिर्फ़ यही हुक्म देता है कि ‘हो जा’ तो वह ‘हो जाता’ है.
36. और बेशक अल्लाह ही मेरा परवरदिगार है और तुम्हारा भी परवरदिगार है, तो तुम उसी की इबादत किया करो. यही सीधा रास्ता है.
37. फिर उनके फ़िरक़े आपस में इख़्तिलाफ़ करने लगे. फिर काफ़िरों के लिए बड़े सख़्त दिन की हाज़िरी से तबाही है.
38. जिस दिन वे लोग हमारे सामने हाज़िर होंगे, तो ख़ूब सुनेंगे और देखेंगे, लेकिन ज़ालिम आज के दिन सरीह गुमराही में मुब्तिला हैं.
39. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम उन लोगों को हसरत व नदामत के दिन से ख़बरदार करो, जब हर चीज़ का फ़ैसला कर दिया जाएगा, लेकिन वे लोग ग़फ़लत में मुब्तिला हैं और ईमान नहीं लाते.
40. बेशक हम ही ज़मीन के भी वारिस हैं और उनके भी जो उस पर रहते हैं. और सबको हमारी तरफ़ ही लौटना है.
41. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम किताब यानी क़ुरआन में इब्राहीम अलैहिस्सलाम का ज़िक्र करो. बेशक वे सादिक़ नबी थे.   
42. जब इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने मुंह बोले वालिद यानी अपनी परवरिश करने वाले अपने चाचा आज़र से कहा कि ऐ अब्बा ! आप उन्हें क्यों पुकारते हैं, जो न सुन सकते हैं और न देख सकते हैं. और न आपके कुछ काम ही आ सकते हैं. 
43 ऐ मेरे अब्बा ! बेशक मेरे पास वह इल्म आ चुका है, जो आपके पास नहीं आया. लिहाज़ा आप मेरी पैरवी करें. मैं आपको दीन का सीधा रास्ता दिखाऊंगा.
44. ऐ मेरे अब्बा ! आप शैतान को मत पुकारो. बेशक शैतान मेहरबान अल्लाह का बड़ा नाफ़रमान है.
45. ऐ मेरे अब्बा ! बेशक मैं इससे डरता हूं कि कहीं मेहरबान अल्लाह का अज़ाब आ पहुंचे और आप शैतान के साथी बन जाओ.
46. इब्राहीम अलैहिस्सलाम के मुंह बोले वालिद यानी उनकी परवरिश करने वाले उनके चाचा आज़र ने कहा कि इब्राहीम अलैहिस्सलाम ! क्या तुम मेरे सरपरस्तों को नहीं मानते. अगर तुम इससे बाज़ नहीं आए, तो मैं तुम्हें ज़रूर संगसार करूंगा. और तुम एक लम्बे अरसे के लिए मुझसे दूर हो जाओ.
47. इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने कहा कि अल्लाह आपको सलामत रखे. मैं अपने परवरदिगार से आपकी बख़्शीश के लिए दुआ मांगूंगा. बेशक वह मुझ पर बड़ा मेहरबान है.  
48. और मैं तुम सबसे और तुम्हारे सरपरस्तों से जिन्हें तुम लोग अल्लाह के सिवा पुकारते हो किनाराकशी करता हूं और अपने परवरदिगार की इबादत करता हूं. उम्मीद है कि मैं अपने परवरदिगार की इबादत से महरूम नहीं रहूंगा.
49. फिर जब इब्राहीम अलैहिस्सलाम उन लोगों और उनके सरपरस्तों से जिन्हें वे लोग अल्लाह के सिवा पुकारते थे, जुदा हो गए, तो हमने उन्हें इसहाक़ अलैहिस्सलाम और याक़ूब अलैहिस्सलाम से नवाज़ा और उन्हें नबी बनाया.
50. और हमने उन्हें अपनी ख़ास रहमत अता की और हमने सच्ची ज़बान में उनका ज़िक्रे ख़ैर बुलंद किया.
51. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और इस किताब यानी क़ुरआन में मूसा अलैहिस्सलाम का भी ज़िक्र करो. बेशक वे मुख़लिस बन्दे थे और वे साहिबे रिसालत नबी थे.
52. और हमने उन्हें कोहे तूर की दाहिनी तरफ़ से आवाज़ दी और हमने उन्हें राज़ व नियाज़ की बातें करने के लिए अपने क़रीब बुलाया.
53. और हमने अपनी ख़ास रहमत से उनके भाई हारून को नबी बनाया. 
54. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और इस किताब यानी क़ुरआन में इस्माईल अलैहिस्सलाम का भी ज़िक्र करो. बेशक वे वादे के सच्चे थे और साहिबे रिसालत नबी थे.
55. और इस्माईल अलैहिस्सलाम अपने घरवालों को नमाज़ पढ़ने और ज़कात देने का हुक्म देते थे और अपने परवरदिगार की बारगाह में पसंदीदा नबी थे.
56. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और इस किताब यानी क़ुरआन में इदरीस अलैहिस्सलाम का भी ज़िक्र करो. बेशक वे सादिक़ नबी थे.
57. और हमने उन्हें बुलंद मक़ाम अता किया. 
58. ये सब वे अम्बिया हैं, जिन्हें अल्लाह ने ईनाम अता किए. ये नबी आदम अलैहिस्सलाम की औलाद में से हैं और उन मोमिनों में से हैं, जिन्हें हमने नूह अलैहिस्सलाम के साथ कश्ती में सवार किया था और इब्राहीम अलैहिस्सलाम और इस्राईल अलैहिस्सलाम यानी याक़ूब अलैहिस्सलाम की औलाद में से हैं और उन मुंतख़िब लोगों में से हैं, जिन्हें हमने हिदायत बख़्शी और बरगुज़ीदा किया. जब उनके सामने मेहरबान अल्लाह की आयतें पढ़ी जाती हैं, तो वे सजदे में गिर पड़ते हैं और ज़ारो क़तार रोते हैं. 
59. फिर उनके बाद वे नाख़लफ़ उनके जानशीन हुए, जिन्होंने नमाज़ें ज़ाया कर दीं और ख़्वाहिशों की पैरवी की. फिर अनक़रीब वे आख़िरत के अज़ाब का सामना करेंगे. 
60. सिवाय उस शख़्स के, जिसने तौबा कर ली और ईमान ले आया और नेक अमल करता रहा, तो ऐसे लोग जन्नत में दाख़िल होंगे और उन पर कोई जु़ल्म नहीं किया जाएगा.
61. वे जन्नत के सदाबहार बाग़ों में रहेंगे, जिनका मेहरबान अल्लाह ने अपने बन्दों से ग़ैब में वादा किया है. बेशक उसका वादा पूरा होने वाला है. 
62. वे लोग उसमें सलाम के सिवा कोई बेहूदा बात नहीं सुनेंगे. उनके लिए उनका रिज़्क़ उसमें सुबह व शाम मयस्सर होगा. 
63. यही वह जन्नत है, जिसका वारिस हम अपने बन्दों में से उसे बनाएंगे, जो परहेज़गार होगा. 
64. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फ़रिश्ते तुमसे कहते हैं कि हम आपके परवरदिगार के हुक्म के बग़ैर ज़मीन पर नहीं उतर सकते. और जो कुछ आपके सामने है और जो कुछ आपके पीछे है और जो कुछ उनके दरम्यान में है, सब उसी का है. और आपका परवरदिगार कुछ भी भूलने वाला नहीं है. 
65. अल्लाह आसमानों और ज़मीन और जो कुछ इनके दरम्यान है, सबका परवरदिगार है. फिर तुम उसकी इबादत करो और उसकी इबादत पर साबित क़दम रहो. क्या तुम उसका कोई हमनाम जानते हो. 
66. और इंसान कहता है कि क्या जब मैं मर जाऊंगा, तो अनक़रीब ज़िन्दा करके क़ब्र से निकाला जाऊंगा.
67. क्या इंसान यह याद नहीं करता कि बेशक हमने इससे पहले भी उसे पैदा किया था, जबकि वह कुछ भी नहीं था.
68. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर तुम्हारे परवरदिगार की क़सम ! हम उन्हें और शैतानों को क़यामत के दिन ज़रूर जमा करेंगे. फिर हम उन्हें जहन्नुम के गिर्द ज़रूर हाज़िर करेंगे. वे घुटनों के बल गिरे हुए होंगे.
69. फिर हम हर गिरोह में से ऐसे लोगों को अलग निकाल लेंगे, जो उनमें से मेहरबान अल्लाह से सरकशी करने वाला होगा. 
70. फिर हम उन लोगों को ख़ूब जानते हैं, जो दोज़ख़ में डाले जाने के ज़्यादा सज़ावार हैं.
71. और तुममे से कोई ऐसा नहीं है, जो दोज़ख़ से होकर नहीं गुज़रेगा. क्योंकि पुल सिरात उसी पर है. यह वादा तुम्हारे परवरदिगार पर लाज़िम है, जो पूरा होकर रहेगा.
72. फिर हम परहेज़गारों को निजात देंगे और ज़ालिमों को उसमें घुटनों के बल गिरा हुआ छोड़ देंगे.
73. और जब उनके सामने हमारी वाज़ेह आयतें पढ़ी जाती हैं, तो कुफ़्र करने वाले लोग ईमान वालों से कहते हैं दोनों फ़रीक़ों में से किसकी रिहाइश बेहतर है और किसकी मजलिस ज़्यादा अच्छी है.
74. और हमने उनसे पहले कितनी ही क़ौमों को हलाक कर दिया, जो साजो सामान और ज़ाहिरी शानो शौकत में उनसे कहीं बढ़कर थीं. 
75. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि जो शख़्स गुमराही में मुब्तिला है, तो मेहरबान अल्लाह उसे उम्र और ऐश में मोहलत देता रहता है, यहां तक कि जब वे लोग उस चीज़ को देख लेंगे, जिसका उनसे वादा किया गया है, चाहे वह अज़ाब हो या क़यामत हो, तो उस वक़्त वे जान लेंगे कि कौन रिहाइशगाह के ऐतबार से बदतर है और लश्कर के ऐतबार से कमज़ोर है.
76. और अल्लाह हिदायत याफ़्ता लोगों की हिदायत में इज़ाफ़ा करता है और बाक़ी रहने वाली नेकियां तुम्हारे परवरदिगार के नज़दीक अज्र व सवाब में भी बेहतर हैं और अंजाम में भी बेहतर हैं.
77. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! क्या तुमने उस शख़्स को देखा है, जिसने हमारी आयतों से कुफ़्र किया और कहने लगा कि क़यामत के दिन भी इसी तरह मुझे माल व औलाद ज़रूर दे दिए जाएंगे.
78. क्या वह ग़ैब का हाल जानता है या उसने अल्लाह से कोई अहद ले रखा है.
79. हरगिज़ नहीं. अब हम वह सब लिखते रहेंगे, जो वह कहता है और उसके लिए ज़्यादा अज़ाब बढ़ाते चले जाएंगे.
80. और जिस माल व औलाद के बारे में वह कह रहा है, उसके हम ही वारिस होंगे और वह हमारे पास अकेला ही आएगा. 
81. और उन लोगों ने अल्लाह के सिवा दूसरे सरपरस्त बना लिए हैं, ताकि वे उनकी इज़्ज़त बढ़ाएं.
82. हरगि़ज़ नहीं. अनक़रीब वे उनके पुकारने से ही इनकार कर देंगे और उनके दुश्मन हो जाएंगे.
83. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! क्या तुमने नहीं देखा कि बेशक हमने शैतानों को काफ़िरों पर मुसल्लत कर दिया है. वे हर वक़्त उन्हें हक़ के ख़िलाफ़ उकसाते रहते हैं.
84. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तो तुम उन काफ़िरों पर अज़ाब के लिए जल्दी न करो. हम ख़ुद ही उनके अज़ाब के लिए दिन गिन रहे हैं.
85. जिस दिन हम परहेज़गारों को जमा करके मेहरबान अल्लाह के सामने मेहमानों की तरह ले जाएंगे.
86. और गुनाहगारों को जहन्नुम की तरफ़ प्यासे हांक कर ले जाएंगे.
87. उस दिन वे लोग सिफ़ारिश का इख़्तियार नहीं रखेंगे, सिवाय उनके जिन्होंने मेहरबान अल्लाह से शफ़ाअत का अहद ले लिया है.
88. और वे लोग कहते हैं कि मेहरबान अल्लाह ने अपने लिए बेटा बना लिया है.
89. ऐ काफ़िरो ! बेशक तुमने बड़ी सख़्त बात कही है.
90. मुमकिन है कि इस बोहतान से तमाम आसमान फट पड़ें और ज़मीन टुकड़े-टुकड़े हो जाए और पहाड़ रेज़ा-रेज़ा होकर गिर पड़ें. 
91. कि उन लोगों ने मेहरबान अल्लाह के लिए बेटा क़रार दिया है.
92. और मेहरबान अल्लाह के शायाने शान नहीं कि वह किसी को अपना बेटा बना ले.
93. आसमानों और ज़मीन में कोई ऐसा नहीं है, जो मेहरबान अल्लाह की बारगाह में बन्दा बनकर हाज़िर होने वाला न हो. 
94. बेशक अल्लाह ने उन्हें अहाते में ले लिया है और उन्हें अच्छी तरह शुमार कर रखा है. 
95. और उनमें से हर एक क़यामत के दिन अल्लाह के हुज़ूर में अकेला आएगा. 
96. बेशक जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो मेहरबान अल्लाह लोगों के दिलों में उनके लिए मुहब्बत पैदा कर देगा.
97. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर बेशक हमने इस क़ुरआन को तुम्हारी अरबी ज़बान में आसान कर दिया है, ताकि तुम इसके ज़रिये परहेज़गारों को जन्नत की ख़ुशख़बरी दे दो और झगड़ालू क़ौम को अल्लाह के अज़ाब से ख़बरदार करो. 
98. और हमने उनसे पहले कितनी ही क़ौमों को हलाक कर दिया. क्या तुम उनमें से किसी को देखते हो या किसी की कोई आहट सुनते हो.

Friday, September 3, 2021

20 सूरह ताहा

सूरह ताहा मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 135 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. ता हा.
2. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! हमने तुम पर क़ुरआन इसलिए नाज़िल नहीं किया कि तुम मशक़्क़त में मुब्तिला हो जाओ.
3. लेकिन उस शख़्स की याद दहानी के लिए नाज़िल किया है, जो अल्लाह से ख़ौफ़ रखता है.
4. यह उस अल्लाह की तरफ़ से नाज़िल हुआ है, जिसने ज़मीन और बुलंद आसमानों की तख़लीक़ की है.
5. वह रहमान अर्श पर इख़्तियार व इख़्तेदार रखने वाला है.
6. जो कुछ आसमानों में और जो कुछ ज़मीन में और जो कुछ इनके दरम्यान है और जो कुछ ज़मीन के नीचे है, सब उसी का है.
7. और अगर तुम बुलंद आवाज़ में कोई बात कहो या आहिस्ता से वह सब सुनता है. बेशक वह दिलों में पोशीदा राज़ों और ख़ुफ़िया बातों से भी ख़ूब वाक़िफ़ है.
8. अल्लाह ही है, जिसके सिवा कोई माबूद नहीं. सब अच्छे नाम उसी के हैं.
9. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और क्या तुम तक मूसा अलैहिस्सलाम की ख़बर पहुंची है. 
10. जब मूसा अलैहिस्सलाम ने मदयन से वापस मिस्र आते हुए आग देखी, तो अपने घरवालों से कहने लगे कि तुम यहीं ठहरो. बेशक मैंने आग देखी है. शायद मैं उसमें से एक अंगारा तुम्हारे लिए ले आऊं या आग के पास से कोई राह पा लूं.
11. फिर जब मूसा अलैहिस्सलाम आग के पास आए, तो उन्हें आवाज़ आई कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम !
12. बेशक मैं ही तुम्हारा परवरदिगार हूं, तो तुम अपने जूते उतार दो. बेशक तुम तुआ की मुक़द्दस वादी में हो.
13. और हमने तुम्हें रिसालत के लिए मुंतख़िब किया है. लिहाज़ा तुम ग़ौर से सुनो, जो तुम्हें वही की जा रही है. 
14. बेशक मैं ही वह अल्लाह हूं. मेरे सिवा कोई माबूद नहीं. लिहाज़ा तुम मेरी ही इबादत किया करो और मेरी  याद में पाबंदी से नमाज़ पढ़ा करो.
15. बेशक क़यामत आने वाली है. और हम उसे पोशीदा रखना चाहते हैं, ताकि हर किसी को उस अमल की पूरी जज़ा दी दिया जाए, जिसके लिए वह कोशिश करता है. 
16. फिर तुम्हें वह शख़्स इस ख़्याल से ग़ाफ़िल न कर दे, जो ख़ुद इस पर ईमान नहीं रखता और वह अपनी ख़्वाहिश की पैरवी करता है. वरना तुम भी हलाक हो जाओगे.
17. और यह तुम्हारे दाहिने हाथ में क्या है ? ऐ मूसा अलैहिस्सलाम !
18. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि यह मेरा असा है. मैं इसका सहारा लेता हूं और इससे अपनी बकरियों के लिए दरख़्तों की पत्तियां झाड़ता हूं और इससे मेरे कई और काम व ज़रूरतें भी पूरी होती हैं.
19. उन्हें हुक्म दिया गया कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम ! इसे ज़मीन पर डाल दो. 
20. फिर मूसा अलैहिस्सलाम ने उस असा को ज़मीन पर डाल दिया, तो वह फ़ौरन अज़दहा बनकर इधर उधर दौड़ने लगा.
21. मूसा अलैहिस्सलाम को हुक्म दिया गया कि तुम इसे पकड़ लो और ख़ौफ़ज़दा न हो. हम इसे इसकी असल सूरत में लौटा देंगे. 
22. मूसा अलैहिस्सलाम को हुक्म दिया गया कि और अपने हाथों को समेट कर अपनी बग़ल में दबा लो. फिर देखो कि वह बग़ैर किसी ऐब के सफे़द होकर निकलेंगे. यह दूसरी निशानी है.
23. यह इसलिए कर रहे हैं, ताकि हम तुम्हें अपनी क़ुदरत की बड़ी-बड़ी निशानियां दिखाएं.
24. फिर तुम फ़िरऔन के पास जाओ. बेशक वह बहुत सरकश हो गया है.
25. मूसा अलैहिस्सलाम ने अर्ज़ किया कि ऐ मेरे परवरदिगार ! मेरे लिए मेरे सीने को कुशादा फ़रमा दे.
26. और रिसालत का मेरा काम मेरे लिए आसान फ़रमा दे.
27. और मेरी ज़बान की गिरह खोल दे.
28. ताकि लोग मेरी बात अच्छी तरह समझ सकें. 
29. और मेरे घरवालों में से एक वज़ीर बना दे. 
30. मेरे भाई हारून को मेरा वज़ीर बना दे.
31. उसके ज़रिये मेरी पुश्त मज़बूत कर दे यानी हिम्मत बढ़ा दे. 
32. और मेरे रिसालत के काम में उसे शरीक बना दे. 
33. ताकि हम दोनों मिलकर कसरत से तेरी तस्बीह किया करें.
34. और कसरत से तेरा ज़िक्र किया करें.
35. बेशक तू हमें ख़ूब देखने वाला है.
36. अल्लाह ने फ़रमाया कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम ! तुम्हारा हर सवाल पूरा कर दिया गया है.
37. और बेशक हमने तुम पर इससे पहले भी अहसान किया था.
38. जब हमने तुम्हारी वालिदा को इल्हाम के ज़रिये वह बात बताई, जो अब तुम्हें वही की जा रही है.
39. कि तुम मूसा अलैहिस्सलाम को संदूक़ में रखकर उसे दरिया के हवाले कर दो. फिर मौजें संदूक़ को साहिल पर पहुंचा देंगी. उसे हमारा और मूसा अलैहिस्सलाम का दुश्मन उठा लेगा. और हमने तुम पर अपनी मुहब्बत का अक्स डाल दिया, ताकि तुम्हारी परवरिश हमारी निगरानी में हो.
40. और जब तुम्हारी बहन कुलसूम संदूक़ के पीछे-पीछे चली और फ़िरऔन के घरवालों से कहने लगी कि क्या मैं तुम्हें ऐसी औरत के बारे में बताऊं, जो इसकी परवरिश कर दे. फिर हमने तुम्हें तुम्हारी वालिदा के पास वापस भेज दिया, ताकि उसकी आंखें ठंडी रहें और वह ग़मगीन न हो. और तुमने एक शख़्स को क़त्ल कर दिया था. फिर हमने तुम्हें उस ग़म से भी निजात दी. और हमने तुम्हें ख़ूब आज़माया. फिर तुम कई बरस तक मदयन में रहे. फिर तुम अल्लाह के मुक़र्रर किए वक़्त पर यहां आ गए. ऐ मूसा अलैहिस्सलाम !
41. और हमने तुम्हें अपने रिसालत के काम के लिए मुंतख़िब किया है.
42. तुम अपने भाई हारून अलैहिस्सलाम के साथ हमारी निशानियां लेकर जाओ और हमारे ज़िक्र में काहिली मत करना.
43. तुम दोनों फ़िरऔन के पास जाओ. बेशक वह बहुत सरकश हो गया है.
44. फिर तुम दोनों उससे नरमी से गुफ़्तगू करो. शायद वह नसीहत क़ुबूल करे या हमारे अज़ाब से ख़ौफ़ज़दा हो. 
45. मूसा अलैहिस्सलाम और हारून अलैहिस्सलाम दोनों ने अर्ज़ किया कि ऐ हमारे परवरदिगार ! बेशक हमें ख़ौफ़ है कि वह हम पर ज़्यादती करेगा या ज़्यादा सरकश हो जाएगा. 
46. उनसे कहा गया कि तुम ख़ौफ़ज़दा न हो. बेशक हम तुम दोनों के साथ हैं. हम सब सुनते और देखते हैं.
47. तुम दोनों फ़िरऔन के पास जाओ और कहो कि हम तेरे परवरदिगार के भेजे हुए रसूल हैं, तो तू बनी इस्राईल को हमारे साथ भेज दे और उन्हें मज़ीद अज़ीयत न पहुंचा. बेशक हम तेरे पास तेरे परवरदिगार की तरफ़ से निशानी लेकर आए हैं. और उस शख़्स पर सलामती हो, जिसने हिदायत की पैरवी की. 
48. बेशक हमारे पास अल्लाह की तरफ़ से वही भेजी गई है कि हर उस शख़्स पर अज़ाब होगा, जो हक़ को झुठलाए और उससे मुंह फेरे.
49. फ़िरऔन ने कहा कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम ! तुम दोनों का परवरदिगार कौन है?
50. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि हमारा परवरदिगार वह है, जिसने हर चीज़ की तख़लीक़ की. फिर उसे हिदायत दी.
51. फ़िरऔन ने कहा कि फिर पहले की क़ौमों का क्या हुआ?
52. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि इसका इल्म मेरे परवरदिगार के पास किताब यानी लौहे महफ़ूज़ में लिखा हुआ है. मेरा परवरदिगार न बहकता है और न भूलता है.
53. वह अल्लाह ही है, जिसने ज़मीन को तुम्हारे रहने के लिए फ़र्श बनाया और उसमें तुम्हारे लिए रास्ते बनाए और आसमान से पानी बरसाया. फिर हमने उस पानी से मुख़्तलिफ़ क़िस्मों के जोड़े बनाए.
54. तुम ख़ुद भी खाओ और अपने चौपायों को भी चराओ. बेशक इसमें अक़्लमंदों के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
55. ज़मीन की इसी मिट्टी से हमने तुम्हें पैदा किया था और मरने के बाद इसी में हम तुम्हें वापस ले जाएंगे. और क़यामत के दिन इसी में से हम तुम्हें दूसरी मर्तबा निकालेंगे. 
56. और बेशक हमने फ़िरऔन को अपनी वे तमाम निशानियां दिखा दीं, जो मूसा अलैहिस्सलाम और हारून अलैहिस्सलाम को दी गई थीं. लेकिन उसने सबको झुठलाया और मानने से इनकार कर दिया. 
57. फ़िरऔन कहने लगा कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम ! क्या तुम हमारे पास इसलिए आए हो कि तुम अपने जादू के ज़ोर से हमें हमारी सरज़मीन मिस्र से निकाल दो. 
58. फिर हम भी तुम्हारे सामने जादू पेश करेंगे. फिर तुम अपने और हमारे दरम्यान मुक़ाबले के लिए एक वक़्त मुक़र्रर कर लो, जिसकी ख़िलाफ़वर्ज़ी न हम करें और न तुम करो. और मुक़ाबला एक साफ़ खुले मैदान में हो.
59. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि तुम्हारे वादे का वक़्त ईद का दिन है. और उस दिन चाश्त के वक़्त सब लोग जमा किए जाएंगे. 
60. फिर फ़िरऔन दरबार से लौट गया. लिहाज़ा उसने अपनी तमाम तदबीरें जमा कीं. फिर मुक़ाबले के लिए आ गया. 
61. मूसा अलैहिस्सलाम ने जादूगरों से कहा कि तुम पर अफ़सोस है. अल्लाह पर झूठे बोहतान मत बांधना, वरना वह तुम्हें अपने अज़ाब से तबाह व बर्बाद कर देगा. और बेशक वह शख़्स नाकाम हुआ, जिसने अल्लाह पर झूठे बोहतान बांधे.    
62. फिर वे जादूगर अपने काम को लेकर आपस में झगड़ने लगे और सरगोशियां करने लगे.
63. वे जादूगर कहने लगे कि ये दोनों यक़ीनन जादूगर हैं, जो यह चाहते हैं कि तुम्हें अपने जादू के ज़ोर पर तुम्हारी सरज़मीन मिस्र से निकाल बाहर करें और तुम्हारे मिसाली तरीक़े यानी मज़हब को नाबूद कर दें. 
64. फिर तुम अपनी तमाम तदबीरें जमा कर लो. फिर सफ़ बांधकर मैदान में आ जाओ. और आज के दिन वही कामयाब होगा, जो ग़ालिब रहेगा. 
65. जादूगरों ने कहा कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम ! तुम अपनी चीज़ें डालो या फिर हम ही पहले डालते हैं. 
66. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि नहीं, बल्कि तुम ही डालो. फिर अचानक उनकी डाली रस्सियां और उनके असा उनके जादू के असर से मूसा अलैहिस्सलाम के गुमान में ऐसे दिखने लगें, जैसे वे सब दौड़ रहे हैं. 
67. फिर मूसा अलैहिस्सलाम ने अपने दिल में कुछ ख़ौफ़ महसूस किया.
68. हमने कहा कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम ! तुम ख़ौफ़ज़दा मत हो. बेशक तुम ही ग़ालिब रहोगे. 
69. और तुम्हारे दाहिने हाथ में जो असा है, उसे ज़मीन पर डाल दो. वह उस फ़रेब को निगल जाएगा, जो उन्होंने बना रखा है. जो कुछ उन्होंने बना रखा वह तो जादूगर का फ़रेब है. और जादूगर जहां कहीं भी जाएगा, कामयाबी नहीं पाएगा. (फिर ऐसा ही हुआ) 
70. फिर सब जादूगर सजदे में गिर पड़े और कहने लगे कि हम मूसा अलैहिस्सलाम और हारून अलैहिस्सलाम के परवरदिगार पर ईमान ले आए.
71. फ़िरऔन ने कहा कि तुम इन पर ईमान ले आए हो. इससे पहले कि मैं तुम्हें इजाज़त देता. बेशक वे मूसा तुम्हारे भी बड़े उस्ताद हैं, जिन्होंने तुम्हें जादू सिखाया है. मैं यक़ीनन तुम्हारे एक तरफ़ के हाथ और तुम्हारे दूसरी तरफ़ के पांव काट दूंगा और तुम्हें खजूर के तनों में सूली पर लटका दूंगा. और तुम ज़रूर जान लोगे कि हम में से कौन अज़ाब देने में ज़्यादा सख़्त और ज़्यादा मुद्दत तक बाक़ी रहने वाला है.
72. जादूगर कहने लगे कि हम तुझे हरगिज़ उन वाजे़ह दलीलों पर तरजीह नहीं देंगे, जो हमारे पास आ चुकी हैं. उस ख़ालिक़ की क़सम, जिसने हमें पैदा किया है. फिर तू वह कर, जो करने वाला है. बेशक तू सिर्फ़ दुनियावी ज़िन्दगी के बारे में ही फ़ैसला कर सकता है.
73. बेशक हम अपने परवरदिगार पर इसलिए ईमान लाए हैं, ताकि वह हमारी ख़तायें बख़्श दे और उसके लिए भी मुआफ़ कर दे, जिस जादूगरी के लिए तूने हमें मजबूर किया था. और अल्लाह ही बेहतरीन और हमेशा बाक़ी रहने वाला है.
74. बेशक जो शख़्स अपने परवरदिगार के पास मुजरिम बनकर आएगा, तो बिला शक उसके लिए जहन्नुम है. वह उसमें न मरेगा और न ज़िन्दा ही रहेगा यानी उसमें अज़ाब से तड़पता रहेगा.
75. और जो शख़्स उसकी बारगाह में मोमिन बनकर आएगा और उसने नेक अमल भी किए, तो उन्हीं लोगों के लिए बुलंद दर्जात हैं.
76. यानी जन्नत के सदाबहार बाग़ हैं, जिनके नीचे नहरें बहती हैं. वे लोग उनमें हमेशा रहेंगे. और यह उसकी जज़ा है, जो गुनाहों से पाक होगा. 
77. और बेशक हमने मूसा अलैहिस्सलाम के पास वही भेजी कि हमारे बन्दों यानी बनी इस्राईल को मिस्र से रातों रात लेकर चले जाओ. फिर दरिया में अपना असा मार कर उनके लिए एक ख़ुश्क रास्ता बना लो. फिर न पकड़े जाने का ख़ौफ़ होगा और न ग़र्क़ होने की दहशत.
78. फिर फ़िरऔन ने अपने लश्कर के साथ उनका पीछा किया. फिर दरिया की मौजों ने उन्हें ढक लिया, जितना वे ढक सकती थीं.
79. और फ़िरऔन ने अपनी क़ौम को गुमराह कर दिया और उन्हें हिदायत नहीं दी.
80. ऐ बनी इस्राईल ! बेशक हमने तुम्हें तुम्हारे दुश्मन से निजात दी और हमने तुमसे कोहे तूर की दाहिने तरफ़ आने का वादा किया और हमने तुम पर मन और सलवा नाज़िल किया.
81. और तुमसे कहा गया कि तुम पाक़ीज़ा चीज़ों में से खाओ व पियो, जो रिज़्क़ हमने तुम्हें अता किया है. और उसमें सरकशी न करो, वरना तुम पर हमारा ग़ज़ब नाज़िल हो जाएगा. और जिस पर हमारा ग़ज़ब वाजिब हुआ, तो वह वाक़ई हालाक हो गया. 
82. और बेशक हम बड़े बख़्शने वाले हैं उस शख़्स को, जो तौबा करे और ईमान लाए और नेक अमल करे. फिर हिदायत पर क़ायम रहे.
83. और जब मूसा अलैहिस्सलाम कुछ लोगों को लेकर चले और ख़ुद आगे बढ़ आए, तो हमने कहा कि ऐ मूसा अलैहिस्सलाम ! तुमने अपनी क़ौम से आगे चलने में जल्दी क्यों की.
84. मूसा अलैहिस्सलाम ने अर्ज़ किया कि वे लोग भी मेरे पीछे आ रहे हैं और मैंने तेरी बारगाह में पहुंचने में जल्दी इसलिए की, ताकि तू मुझसे राज़ी हो जाए.
85. उनसे कहा गया कि बेशक हमने तुम्हारे आने के बाद तुम्हारी क़ौम को फ़ितने में मुब्तिला कर दिया है और सामरी ने उन्हें गुमराह कर दिया.
86. फिर मूसा अलैहिस्सलाम अपनी क़ौम की तरफ़ ग़ज़बनाक और अफ़सोस करते हुए लौट गए और कहने लगे कि ऐ मेरी क़ौम ! क्या तुम्हारे परवरदिगार ने तुमसे एक अच्छा वादा नहीं किया था. क्या तुम पर वादा पूरा होने में तवील मुद्दत गुज़र गई थी. क्या तुमने यह चाहा कि तुम पर तुम्हारे परवरदिगार का ग़ज़ब वाजिब हो जाए ? फिर तुमने मेरे वादे की ख़िलाफ़वर्ज़ी की. 
87. वे लोग कहने लगे कि हमने अपने इख़्तियार से आपके वादे की ख़िलाफ़वर्ज़ी नहीं की, लेकिन हुआ यूं कि मिस्र से निकलते वक़्त फ़िरऔन की क़ौम के ज़ेवर के जो बोझ हम पर लादे गए थे, तो हमने उन्हें आग में डाल दिया. फिर उसी तरह सामरी ने भी अपने ज़ेवर आग में डाल दिए.
88. फिर सामरी ने उन लोगों के लिए उन गले हुए जे़वरात से एक बछड़े का मुजस्समा बनाया, जिसकी आवाज़ भी बछड़े जैसी थी. कुछ लोग कहने लगे कि यह तुम्हारा सरपरस्त है और मूसा अलैहिस्सलाम का भी सरपरस्त है, लेकिन वे भूल गए. 
89. फिर क्या वे इतना भी नहीं देखते कि वह बछड़ा उन्हें किसी बात का जवाब भी नहीं दे सकता और न वह उनके किसी नुक़सान और नफ़े का इख़्तियार रखता है.
90. और बेशक हारून अलैहिस्सलाम ने उन्हें इससे पहले कह दिया था कि ऐ मेरी क़ौम ! तुम इस बछड़े के ज़रिये फ़ितने में मुब्तिला हो गए हो. और बेशक तम्हारा परवरदिगार मेहरबान अल्लाह है. फिर तुम मेरी पैरवी करो और मेरा कहना मानो.
91. वे लोग कहने लगे कि हम तो इसी बछड़े को पुकारने पर ही जमे रहेंगे जब तक मूसा अलैहिस्सलाम हमारे पास वापस नहीं आ जाते. 
92. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि ऐ हारून अलैहिस्सलाम ! तुम्हें किस चीज़ ने रोके रखा जब तुमने देखा कि ये लोग गुमराह हो रहे हैं.
93. तुमने मेरी पैरवी क्यों नहीं की? क्या तुमने मेरे हुक्म की नाफ़रमानी की?
94. हारून अलैहिस्सलाम ने कहा कि ऐ मेरी मां के बेटे ! आप न मेरी दाढ़ी पकड़ें और न मेरे सर के बाल. मैं सख़्ती करने से डरता था कि आप यह न कहें कि तुमने बनी इस्राईल के दरम्यान तफ़रक़ा डाल दिया. और मेरे क़ौल का इंतज़ार नहीं किया.
95. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि ऐ सामरी ! तेरा क्या मामला है?
96. वह कहने लगा कि मैंने दो चीज़ें देखीं, जो उन लोगों ने नहीं देखी थीं. इसलिए मैंने फ़रिश्ते के क़दमों के निशान की एक मुट्ठी ख़ाक उठा ली. फिर उसे बछड़े के मुजस्समे पर डाल दिया, तो वह बोलने लगा. और मेरे नफ़्स ने मुझे यही सुझाया. 
97. मूसा अलैहिस्सलाम ने कहा कि फिर तू यहां से चला जा. बेशक तेरे लिए ज़िन्दगी में यह सज़ा है कि तू हर किसी से यही कहता फिरेगा कि मुझे मत छूना और बेशक आख़िरत में भी तेरे लिए अज़ाब का वादा है, जिसकी हरगिज़ ख़िलाफ़वर्ज़ी नहीं होगी. और तू अपने इस मनगढ़ंत सरपरस्त की तरफ़ देख, जिसे पुकारने पर तू जमकर बैठा रहा. हम ज़रूर उसे जला देंगे. फिर हम ज़रूर उसकी राख दरिया में बिखेर देंगे.
98. ऐ लोगो ! तुम्हारा माबूद सिर्फ़ वही अल्लाह है, जिसके सिवा कोई माबूद नहीं. वह हर चीज़ को अपने इल्म के अहाते में लिए हुए है. 
99. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! इसी तरह हम तुम्हारे सामने उन क़ौमों के वाक़ियात बयान करते हैं, जो पहले गुज़र चुकी हैं और बेशक हमने तुम्हें अपनी बारगाह से ज़िक्र यानी क़ुरआन अता किया है. 
100. जो उससे मुंह फेरेगा, तो बेशक वह क़यामत के दिन सख़्त बोझ उठाएगा.
101. वे लोग उस अज़ाब में हमेशा रहेंगे. और उनके लिए क़यामत के दिन बहुत बुरा बोझ होगा. 
102. जिस दिन सूर फूंका जाएगा और उस दिन हम गुनाहगारों को इस तरह जमा करेंगे कि दहशत से उनके जिस्म और आंखें नीली हो जाएंगी.
103. वे लोग आपस में आहिस्ता-आहिस्ता बातें कर रहे होंगे कि हम दुनिया में मुश्किल से दस दिन ही ठहरे होंगे.
104. हम ख़ूब जानते हैं कि जो कुछ वे लोग कहेंगे, जबकि उनमें सबसे होशियार शख़्स कहेगा कि तुम तो एक दिन के सिवा दुनिया में ठहरे ही नहीं हो.
105. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुमसे वे लोग पहाड़ों के बारे में सवाल करते हैं. फिर तुम कह दो कि मेरा परवरदिगार क़यामत के दिन उन्हें बिल्कुल रेज़ा-रेज़ा करके उड़ा देगा. 
106. और ज़मीन को एक साफ़ मैदान बना देगा. 
107. जिसमें तुम न कोई बस्ती देखोगे और न कोई बुलंदी.
108. उस दिन लोग पुकारने वाले के पीछे इस तरह दौड़ पड़ेंगे कि उसमें कुछ भी कजी नहीं होगी और मेहरबान अल्लाह के जलाल से सब आवाज़ें पस्त हो जाएंगी. फिर तुम हल्की सी आहट के सिवा कुछ नहीं सुनोगे.
109. उस दिन किसी की सिफ़ारिश कुछ काम नहीं आएगी, सिवाय उसके जिसे मेहरबान अल्लाह ने इजाज़त दी हो और जिसकी बात उसे पसंद आए. 
110. वह सब जानता है, जो कुछ उन लोगों के आगे है और जो कुछ उनके पीछे है. और वे लोग अपने इल्म से उसके इल्म का अहाता नहीं कर सकते.
111. और सबके चेहरे हमेशा रहने वाले अल्लाह के हुज़ूर में झुक जाएंगे. और बेशक वह नाकाम होगा, जिसने ज़ुल्म का बोझ उठाया. 
112. और जो शख़्स नेक अमल करता रहा और वह मोमिन भी है, तो उसे न किसी ज़ुल्म का ख़ौफ़ होगा और न किसी नुक़सान का.
113. और इसी तरह हमने क़ुरआन को अरबी ज़बान में नाज़िल किया है. और हमने इसमें अज़ाब से ख़बरदार करने की बातें बार-बार मुख़्तलिफ़ तरीक़े से बयान की हैं, ताकि वे लोग परहेज़गार बन जाएं या उनमें ज़िक्र का जज़्बा पैदा हो जाए.
114. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर अल्लाह आला मर्तबा है. वही हक़ीक़ी बादशाह है. और तुम क़ुरआन पढ़ने में जल्दी न किया करो, इससे पहले कि उसकी वही तुम पर पूरी नाज़िल कर दी जाए. और तुम दुआ मांगा करो कि ऐ मेरे परवरदिगार ! मेरे इल्म में इज़ाफ़ा कर दे. 
115. और हमने इससे बहुत पहले आदम अलैहिस्सलाम को एक हुक्म दिया था, लेकिन वह भूल गए. और हमने उनमें नाफ़रमानी का इरादा नहीं पाया. 
116. और जब हमने फ़रिश्तों से कहा कि आदम अलैहिस्सलाम को सजदा करो, तो सबने सजदा किया, सिवाय इबलीस के. उसने इनकार कर दिया. 
117. फिर हमने कहा कि ऐ आदम अलैहिस्सलाम ! बेशक यह शैतान तुम्हारा और तुम्हारी बीवी हव्वा का दुश्मन है. फिर कहीं यह तुम्हें जन्नत से न निकलवा दे. फिर तुम मशक़्क़त में मुब्तिला हो जाओगे.
118. बेशक तुम्हारे लिए इस जन्नत में राहत है कि तुम न भूखे रहोगे और न बरहना. 
119. और बेशक यहां तुम्हें न प्यास लगेगी और न धूप की तपिश होगी.
120. फिर शैतान ने उनके दिल में वसवसा डाल दिया और कहने लगा कि ऐ आदम अलैहिस्सलाम ! क्या मैं तम्हें ऐसी दाइमी ज़िन्दगी बसर करने का शजर और बादशाहत का राज़ बताऊं, जिसे न ज़वाल आएगा और न फ़ना होगी. 
121. फिर आदम अलैहिस्सलाम और हव्वा दोनों ने उस दरख़्त का फल खा लिया, तो उन पर उनकी शर्मगाहें ज़ाहिर हो गईं और दोनों जन्नत के दरख़्त के पत्तों से अपने जिस्म को ढकने लगे. और आदम अलैहिस्सलाम ने अपने परवरदिगार के हुक्म की ख़िलाफ़वर्ज़ी की, तो उन्होंने राह नहीं पाई. यानी वे जन्नत में दाइमी ज़िन्दगी न पा सके.
122. फिर उनके परवरदिगार ने उन्हें अपनी क़ुर्बत और नबुवत  के लिए मुंतख़िब कर लिया. फिर उन पर तवज्जो दी और उनकी तौबा क़ुबूल की और उन्हें हिदायत दी.  
123. उन्हें हुक्म दिया कि तुम सब यहां से नीचे उतर जाओ. तुम में से कुछ लोग कुछ लोगों के दुश्मन होंगे. फिर इसके बाद हमारी तरफ़ से तुम्हारे पास कोई हिदायत आए, तो जो हमारी हिदायत की पैरवी करेगा, तो वह न दुनिया में गुमराह होगा और न आख़िरत में बदनसीब होगा. 
124. और जो हमारे ज़िक्र से मुंह फेरेगा, तो बेशक उसके लिए दुनियावी ज़िन्दगी तंग हो जाएगी और क़यामत के दिन हम उसे अंधा करके उठाएंगे.
125. वह कहेगा कि ऐ मेरे परवरदिगार ! तूने मुझे आज अंधा क्यों उठाया. हालांकि दुनिया में मैं आंखों वाला था. 
126. उससे कहा जाएगा कि इसी तरह जब दुनिया में तेरे पास हमारी निशानियां आई थीं, तो तूने उन्हें झुठला दिया था. और आज इसी तरह तू भी झुठला दिया जाएगा.
127. और इसी तरह हम उस शख़्स को सज़ा देते हैं, जो सरकशी में हद से बढ़ जाता है और अपने परवरदिगार की आयतों पर ईमान नहीं लाता. और बेशक आख़िरत का अज़ाब बड़ा सख़्त और हमेशा रहने वाला है.
128. तो क्या उन लोगों को इस बात ने हिदायत नहीं दी कि हमने उनसे पहले कितनी ही क़ौमों को हलाक कर दिया, जिनके घरों में अब वे लोग चलते फिरते हैं. बेशक इसमें अक़्लमंदों के लिए अल्लाह की क़ुदरत की बहुत सी निशानियां हैं.
129. और अगर तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से एक बात पहले से तय न होती और अज़ाब का वक़्त मुक़र्रर न  होता, तो उन पर अज़ाब ज़रूर आ जाता. 
130. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! फिर तुम उस पर सब्र करो, जो कुछ वे काफ़िर कहते हैं. और सूरज के तुलूअ होने से पहले यानी फ़ज्र की नमाज़ में और सूरज के ग़ुरूब होने से पहले यानी अस्र की नमाज़ में अपने परवरदिगार की हम्दो सना की तस्बीह किया करो. और रात के इब्तियाई लम्हों में भी यानी मग़रिब और इशा की नमाज़ों में भी तस्बीह किया करो और दिन के किनारों यानी ज़ुहर की नमाज़ में भी तस्बीह किया करो, ताकि तुम राज़ी हो जाओ.
131. और तुम दुनियावी ज़िन्दगी में ऐशो आराम की उन चीज़ों की तरफ़ हैरत से मत देखो, जो हमने उन काफ़िरों में से कुछ लोगों को दी हैं ताकि हम उनके ज़रिये उनमें फ़ितना पैदा कर दें. और तुम्हारे परवरदिगार का रिज़्क़ उससे कहीं बेहतर और हमेशा बाक़ी रहने वाला है. 
132. और तुम अपने घरवालों को नमाज़ का हुक्म दो और तुम ख़ुद भी उसके पाबंद रहो. हम तुमसे रिज़्क़ तलब नहीं करते, बल्कि हम तो ख़ुद तुम्हें रिज़्क़ देते हैं और बेहतर अंजाम परहेज़गारी का ही है.
133. और काफ़िर कहते हैं कि ये रसूल हमारे पास अपने परवरदिगार की तरफ़ से कोई निशानी क्यों नहीं लाते. क्या उनके पास उनकी बातों की वाज़ेह निशानी क़ुरआन नहीं आ गया है, जिसका ज़िक्र पहले के आसमानी सहीफ़ों में मौजूद है. 
134. और अगर हम उन लोगों को इससे पहले ही किसी अज़ाब के ज़रिये हलाक कर देते, तो वे ज़रूर कहते कि ऐ हमारे परवरदिगार ! तूने हमारे पास किसी रसूल को क्यों नहीं भेजा कि हम तेरी आयतों की पैरवी कर लेते इससे पहले कि हम ज़लील व ख़्वार होते. 
135. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि हर शख़्स मुंतज़िर है. इसलिए तुम इंतज़ार करते रहो. फिर तुम अनक़रीब जान लोगे कि कौन सीधे रास्ते पर चलने वाले हैं और कौन हिदायत याफ़्ता हैं. 

Thursday, September 2, 2021

21 सूरह अल अम्बिया

सूरह अल अम्बिया मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 112 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. लोगों के लिए उनके हिसाब का वक़्त क़रीब आ गया है और वे ग़फ़लत में पड़े हक़ से मुंह फेरे हुए हैं.
2. उनके पास उनके परवरदिगार की तरफ़ से जब भी कोई नया ज़िक्र यानी हुक्म आता है, तो वे उसे बेपरवाही से सुनते हैं और फिर खेल तमाशे में लग जाते हैं.
3. उनके दिल ग़ाफ़िल हो चुके हैं और ज़ुल्म करने वाले लोग रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के ख़िलाफ़ आहिस्ता-आहिस्ता सरगोशियां करते हैं कि ये तो सिर्फ़ तुम्हारे जैसे ही बशर हैं. क्या फिर भी तुम उनके जादू के पास जाते हो. हालांकि तुम देख रहे हो. 
4. रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फ़रमाया कि मेरा परवरदिगार उन बातों को ख़ूब जानता है, जो आसमानों और ज़मीन में कही जाती हैं. और वह ख़ूब सुनने वाला बड़ा साहिबे इल्म है.
5. बल्कि वे लोग कहने लगे कि यह क़ुरआन परेशान ख़्वाबों का मजमुआ है, बल्कि रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने इसे ख़ुद ही गढ़ लिया है, बल्कि वे शायर हैं. फिर अगर वे रसूल सच्चे हैं, तो वे भी हमारे पास कोई निशानी लाएं, जिस तरह पहले के रसूल निशानियों के साथ भेजे गए थे. 
6. उनसे पहले हमने जिन बस्तियों को हलाक किया था, उनमें रहने वाले भी अल्लाह की निशानियों पर ईमान नहीं लाए थे. फिर क्या वे लोग ईमान लाएंगे.  
7. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हमने तुमसे पहले भी मर्दों को रसूल बनाकर भेजा था. हम उनके पास वही भेजते थे. ऐ लोगो ! तुम अहले ज़िक्र यानी आलिमों से दरयाफ़्त कर लिया करो. अगर तुम ख़ुद नहीं जानते हो.
8. और हमने उन रसूलों के जिस्म ऐसे नहीं बनाए थे कि वे खाना न खाते हों और न वे दुनिया में हमेशा रहने वाले थे.
9. फिर हमने उन्हें अपना अज़ाब का वादा सच्चा कर दिखाया. फिर हमने उन रसूलों और जिसे चाहा, उसे निजात बख़्शी और हमने हद से तजावुज़ करने वाले लोगों को हलाक कर दिया.
10. बेशक हमने तुम्हारी तरफ़ ऐसी किताब यानी क़ुरआन नाज़िल किया है, जिसमें तुम्हारे लिए ज़िक्रे ख़ैर है. क्या फिर भी तुम नहीं समझते.
11. और हमने कितनी ही बस्तियों को तबाह व बर्बाद कर दिया, जिनमें रहने वाले ज़ालिम थे. और उनके बाद हमने और क़ौमों को पैदा किया.
12. फिर जब उन लोगों ने हमारे अज़ाब की आहट महसूस की, तो उस वक़्त वे तेज़ी से भागने लगे. 
13. उनसे कहा गया कि तुम लोग भागो नहीं और उन्हीं बस्तियों और घरों में वापस लौट जाओ, जिनमें तुम चैन से रहते थे, ताकि तुमसे कुछ पूछगछ की जाए.
14. वे लोग कहने लगे कि हमारी शामत ! बेशक हम ज़ालिम थे.
15. फिर वे लोग यही दुआ करते रहे, यहां तक कि हमने उन्हें कटी हुई खेती की तरह और बुझी हुई आग की तरह कर दिया.
16. और हमने आसमान और ज़मीन और जो कुछ इनके दरम्यान है, उसकी खेल तमाशे के लिए बेकार तख़लीक़  नहीं की है.
17. अगर हम कोई खेल तमाशा बनाना चाहते, तो हम बना लेते. अगर वाक़ई हमें ऐसा करना होता.
18. बल्कि हम हक़ से बातिल को मारते हैं, तो उसका सर कुचल जाता है. फिर उसी वक़्त वह नाबूद हो जाता है. और तुम्हारे लिए उन बातों से तबाही है, जो तुम बयान करते हो.
19. और जो आसमानों और जो ज़मीन में हैं, सब अल्लाह ही की मख़लूक़ है. और जो क़ुर्बे इलाही में रहते हैं, वे न उसकी इबादत का तकब्बुर करते हैं और न उसकी इताअत से थकते हैं.
20. वे रात और दिन अल्लाह ही की तस्बीह किया करते हैं और कभी काहिली नहीं करते.
21. क्या उन काफ़िरों ने ज़मीन की चीज़ों में से ऐसे सरपरस्त बना लिए हैं, जो मुर्दों को ज़िन्दा करके उठा सकते हैं.
22. अगर ज़मीन और आसमान दोनों जगह अल्लाह के सिवा दूसरे सरपरस्त होते, तो वे दोनों कब के तबाह व बर्बाद हो जाते. फिर अर्श का परवरदिगार अल्लाह उन बातों से पाक है, जो वे लोग बयान करते हैं. 
23. अल्लाह से उसकी पूछगछ नहीं की जा सकती, जो कुछ वह करता है. और उन लोगों से हर काम की पूछगछ की जाएगी.
24. क्या काफ़िरों ने अल्लाह के सिवा और सरपरस्त बना लिए हैं? ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि अपनी दलील पेश करो. यह किताब यानी क़ुरआन भी मौजूद है, जिसमें मेरे ज़माने के लोगों का ज़िक्र है. वे ज़ुबूर, तौरात और इंजील भी मौजूद हैं, जिनमें मुझसे पहले के लोगों का ज़िक्र था. बल्कि उनमें से बहुत से लोग हक़ को नहीं जानते, इसलिए वे इससे मुंह फेरे हुए हैं.   
 25. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! हमने तुमसे पहले ऐसा कोई रसूल नहीं भेजा, जिस पर हमने वही नाज़िल न की हो कि हमारे सिवा कोई माबूद नहीं, इसलिए हमारी ही इबादत किया करो.
26. और वे लोग कहने लगे कि मेहरबान अल्लाह ने फ़रिश्तों को अपनी औलाद बना रखा है. अल्लाह की ज़ात पाक है, बल्कि वे फ़रिश्ते अल्लाह के मुअज़्ज़िज़ बन्दे हैं.
27. वे फ़रिश्ते किसी बात में अल्लाह से सबक़त नहीं करते और वे उसी के हुक्म की तामील करते हैं.
28. अल्लाह उसे ख़ूब जानता है, जो कुछ उनके सामने है और जो कुछ उनके पीछे है. और वे फ़रिश्ते उसकी बारगाह में किसी की शफ़ाअत भी नहीं कर करते, सिवाय उनके जिनसे अल्लाह राज़ी हो. और वे ख़ुद उसके ख़ौफ़ से सहमे रहते हैं.
29. और अगर उनमें से जो कोई यह कह दे कि अल्लाह के सिवा मैं भी माबूद हूं, तो हम उसे जहन्नुम की सज़ा देंगे. हम ज़ालिमों को ऐसे ही सज़ा दिया करते हैं.
30. क्या काफ़िरों ने नहीं देखा कि आसमान और ज़मीन सब आपस में जुड़े हुए थे. फिर हमने उन्हें अलग कर दिया. और हमने हर जानदार शय पानी से बनाई. क्या फिर भी वे लोग ईमान नहीं लाते.
31. और हमने ज़मीन में पहाड़ बना दिए, ताकि वह लोगों को लेकर किसी तरफ़ झुक न जाए. और हमने उसमें कुशादा रास्ते बनाए, ताकि वे हिदायत पाएं. यानी वे अपनी-अपनी मंज़िलों तक पहुंच सकें.
32. और हमने आसमान को एक महफ़ूज़ छत की तरह बनाया. और वे लोग उसकी निशानियों से मुंह फेरे हुए हैं.
33. और वह अल्लाह ही है, जिसने रात और दिन को बनाया और सूरज और चांद भी बनाए. सब सय्यारे अपने-अपने फ़लक में घूम रहे हैं.
34. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हमने तुमसे पहले भी किसी बशर को दुनिया में हमेशा रहने के लिए नहीं भेजा. फिर अगर तुम विसाल कर जाओगे, तो क्या वे लोग हमेशा रहेंगे.
35. हर जानदार को एक न एक दिन मौत का ज़ायक़ा चखना है. और हम तुम्हें बुरे और भले दोनों ही हालात में मुब्तिला करके आज़माते हैं. और तुम सबको हमारी तरफ़ ही लौटना है. 
36. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और जब काफ़िर तुम्हें देखते हैं, तो तुम्हारा मज़ाक़ उड़ाते हुए कहते हैं कि क्या यही वे हज़रत हैं, जो तुम्हारे सरपरस्तों को बुरा कहते हैं. और वे लोग ख़ुद मेहरबान अल्लाह के ज़िक्र से कुफ़्र कर रहे हैं.
37. इंसान को फ़ितरतन जल्दबाज़ पैदा किया गया है. हम अनक़रीब ही तुम्हें अपनी क़ुदरत की निशानियां दिखाएंगे. फिर तुम हमसे जल्दी न किया करो. 
38. और वे लोग कहते हैं कि क़यामत का वादा कब पूरा होगा ? अगर तुम सच्चे हो.
39. अगर कुफ़्र करने वाले लोग उस वक़्त को जान लेते, जब वे दोज़ख़ की आग को न अपने चेहरों से हटा सकेंगे और न अपनी पीठ से और न उनकी कोई मदद ही की जाएगी.
40. बल्कि क़यामत उन लोगों पर अचानक आ जाएगी और उन्हें बदहवास कर देगी. फिर वे लोग न उसे रद्द कर सकेंगे और न उन्हें मोहलत ही दी जाएगी.
41. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और बेशक तुमसे पहले के रसूलों का भी मज़ाक़ उड़ाया गया है. फिर मज़ाक़ उड़ाने वाले लोगों को उस अज़ाब ने अपनी गिरफ़्त में ले लिया, जिसका वे मज़ाक़ उड़ाया करते थे. 
42. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मेहरबान अल्लाह के अज़ाब से बचाने के लिए रात और दिन कौन तुम्हारी निगेहबानी कर सकता है, बल्कि वे लोग अपने परवरदिगार के ज़िक्र से मुंह फेरे हुए हैं.
43. क्या हमारे सिवा उनके और भी सरपरस्त हैं, जो उन्हें अज़ाब से बचा सकें. वे तो ख़ुद अपनी भी मदद नहीं सकते और न हमारी तरफ़ से कोई उनका साथ देगा.
44. बल्कि हमने उन्हें और उनके बाप दादाओं को ऐश व इशरत का सामान दिया, यहां तक कि उनकी उम्रें भी दराज़ हो गईं. फिर क्या वे लोग नहीं देखते कि हम ज़मीन को चारों तरफ़ से घटाते चले जा रहे हैं. तो क्या वे ग़ालिब होने वाले हैं.
45. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि बेशक मैं तो सिर्फ़ तुम लोगों को वही के ज़रिये अल्लाह के अज़ाब से ख़बरदार करता हूं. और बहरे पुकार को नहीं सुनते, जब भी उन्हें ख़बरदार किया जाता है. 
46. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और अगर उन्हें तुम्हारे परवरदिगार के अज़ाब की ज़रा सी लपट भी लग गई, तो वे ज़रूर कहने लगेंगे कि हाय हमारी शामत ! बेशक हम ही ज़ालिम थे.
47. और हम क़यामत के दिन अदल व इंसाफ़ के तराज़ू रख देंगे. फिर किसी पर कोई ज़ुल्म नहीं किया जाएगा. और अगर किसी का अमल राई के दाने के बराबर भी होगा, तो हम उसे हाज़िर कर लेंगे और हम हिसाब करने के लिए काफ़ी हैं.
48. और बेशक हमने मूसा अलैहिस्सलाम और हारून अलैहिस्सलाम को हक़ व बातिल में फ़र्क़ करने वाली किताब यानी तौरात अता की, जो परहेज़गारों के लिए ज़िक्र यानी नसीहत है. 
49. जो लोग अपने परवरदिगार से ग़ायबाना ख़ौफ़ रखते हैं और क़यामत से भी डरते हैं.
50. और यह क़ुरआन एक मुबारक ज़िक्र है, जिसे हमने नाज़िल किया है. फिर क्या तुम इससे इनकार करते हो. 
51. और बेशक हमने पहले से ही इब्राहीम अलैहिस्सलाम को हिदायत अता की थी और हम उनकी हालत को ख़ूब जानते थे.
52. जब उन्होंने मुंह बोले वालिद यानी अपनी परवरिश करने वाले अपने चाचा आज़र और अपनी क़ौम से कहा कि ये मुजस्समे कैसे हैं, जिन्हें पुकारने पर तुम आमादा हो.
53. वे लोग कहने लगे कि हमने अपने बाप दादाओं को इन्हीं मुजस्स्मों को पुकारते हुए पाया है.
54. इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने कहा कि बेशक तुम और तुम्हारे बाप दादा सरीह गुमराही में मुब्तिला हो.
55. वे लोग कहने लगे कि क्या तुम हमारे पास हक़ लेकर आए हो या तुम यूं ही तमाशा करने वालों में से हो.
56. इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने कहा कि बल्कि तुम्हारा परवरदिगार आसमानों और ज़मीन का भी परवरदिगार है, जिसने उन सबको पैदा किया है और मैं इसकी गवाही देने वालों में से हूं.
57. इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने दिल में सोचा कि और अल्लाह की क़सम ! मैं तुम्हारे बुतों के साथ ज़रूर कोई तदबीर ज़रूर करूंगा. इसके बाद कि तुम पीठ फेरकर चले जाओ. 
58. फिर इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने उन बुतों को तोड़कर रेज़ा-रेज़ा कर दिया, सिवाय उनके बड़े बुत के, ताकि वे लोग उसकी तरफ़ रुजू करें.
59. काफ़िर कहने लगे कि किसने हमारे सरपरस्तों का यह हाल किया है. बेशक वह ज़रूर जालिमों में से है. 
60. कुछ लोग कहने लगे कि हमने एक नौजवान के बारे में सुना है, जो इन्हें बुरा कहता है. उसे इब्राहीम अलैहिस्सलाम कहा जाता है.
61. वे लोग कहने लगे कि इब्राहीम अलैहिस्सलाम को सबके सामने ले आओ, ताकि वे उन्हें देख लें.
62. जब इब्राहीम अलैहिस्सलाम आए, तो वे लोग कहने लगे कि ऐ इब्राहीम अलैहिस्सलाम ! क्या तुमने ही हमारे सरपरस्तों का यह हाल किया है. 
63. इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने कहा कि बल्कि यह काम बड़े बुत ने किया होगा. फिर तुम उन बुतों से ही पूछ लो, अगर वे बोल सकते हैं. 
64. फिर वे लोग दिल में सोचने लगे और ख़ुद से कहने लगे कि बेशक तुम ख़ुद ही ज़ालिम हो.
65. फिर उन लोगों ने अपने सर झुका लिए और कहने लगे कि बेशक तुम जानते हो कि ये बुत बोलते नहीं हैं.
66. इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने कहा कि फिर क्या तुम लोग अल्लाह के सिवा ऐसी चीज़ों को पुकारते हो, जो न तुम्हें कुछ नफ़ा दे सकती हैं और न तुम्हें कुछ नुक़सान ही पहुंचा सकती हैं.
67. तूफ़्फ़ है तुम पर भी और उन चीज़ों पर भी, जिन्हें तुम अल्लाह के सिवा पुकारते हो. क्या फिर भी तुम नहीं समझते.
68. वे लोग आपस में कहने लगे कि इब्राहीम अलैहिस्सलाम को जला दो और अपने तबाह व बर्बाद सरपरस्तों की मदद करो. अगर तुम कुछ करने वाले हो.
69. जब उन लोगों ने इब्राहीम अलैहिस्सलाम को आग में डाल दिया, तो हमने हुक्म दिया कि ऐ आग ! बिल्कुल ठंडी हो जा और इब्राहीम अलैहिस्सलाम के लिए सरापा सलामती बन जा.
70. और उन लोगों ने इब्राहीम अलैहिस्सलाम के साथ फ़रेब का इरादा किया, तो हमने उन्हें बुरी तरह नाकाम करके नुक़सान में डाल दिया.
71. और हमने इब्राहीम अलैहिस्सलाम और लूत अलैहिस्सलाम को ज़ालिमों से निजात देकर इराक़ से सरज़मीन शाम की तरफ़ ले गए, जिसमें हमने आलम वालों के लिए बरकतें रखी हैं. 
72. और हमने इब्राहीम अलैहिस्सलाम को इसहाक़ अलैहिस्सलाम जैसा बेटा और याक़ूब अलैहिस्सलाम जैसा पोता इनायत किया. हमने सबको स्वालिहीन बनाया.
73. और हमने उन सबको इमाम बनाया. वे हमारे हुक्म से हिदायत करते थे. और हमने उनके पास भलाई के काम करने और पाबंदी से नमाज़ पढ़ने और ज़कात अदा करने के अहकाम की वही भेजी थी. और वे सब हमारे इबादत गुज़ार बन्दे थे. 
74. और लूत अलैहिस्सलाम को भी हमने हिकमत और इल्म अता किया था. और हमने उन्हें उस बस्ती से निजात दी, जहां के लोग बदकारियां करते थे. बेशक वह बहुत बुरी व बदकार क़ौम थी.
75. और हमने लूत अलैहिस्सलाम को अपनी रहमत में दाख़िल कर लिया. बेशक वे स्वालिहीन बन्दों में से थे.
76. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और नूह अलैहिस्सलाम को याद करो कि जब इससे पहले उन्होंने हमसे दुआ मांगी, तो हमने उसे क़ुबूल किया. और उन्हें और उनके घरवालों और उनके साथियों को बड़ी तकलीफ़ से निजात दी. 
77. और हमने उस क़ौम के मुक़ाबले में नूह अलैहिस्सलाम की मदद की, जो हमारी आयतों को झुठलाती थी. 
बेशक वह क़ौम भी बहुत बुरी थी. फिर हमने उन सब लोगों को ग़र्क़ कर दिया. 
78. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और दाऊद अलैहिस्सलाम और सुलेमान अलैहिस्सलाम का वाक़िया याद करो कि जब वे दोनों एक खेती के बारे में फ़ैसला कर रहे थे, जिसे रात में एक क़ौम की बकरियां उजाड़ गई थीं. और हम उस फ़ैसले के गवाह थे.
79. फिर हमने सुलेमान अलैहिस्सलाम को फ़ैसला करने का तरीक़ा सिखाया. और हमने उन सबको हिकमत और इल्म अता किया था. और हमने पहाड़ों और परिन्दों को दाऊद अलैहिस्सलाम के ताबे कर दिया था. वे उनके साथ अल्लाह की तस्बीह किया करते थे. और हम ही यह सब करने वाले थे. 
80. और हमने दाऊद अलैहिस्सलाम को जंगी लिबास ज़िरह बनाना सिखाया, ताकि वह जंग में तुम्हें एक दूसरे के वार से बचाए. फिर क्या तुम उसके शुक्रगुज़ार हो. 
81. और हमने तेज़ हवाओं को सुलेमान अलैहिस्सलाम के ताबे कर दिया था. वे उनके हुक्म से सरज़मीन शाम की तरफ़ चला करती थीं, जिसमें हमने बरकतें रखी थीं. और हम हर चीज़ के जानने वाले हैं. 
82. और हमने कुछ शैतानों यानी जिन्नों और देवों को भी सुलेमान अलैहिस्सलाम के ताबे कर दिया था, जो उनके लिए समन्दर व दरिया में ग़ोते लगाते थे. और इसके अलावा उनके और काम भी किया करते थे. और हम ही उनकी हिफ़ाज़त करने वाले थे.
83. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और अय्यूब अलैहिस्सलाम का वाक़िया याद करो कि जब उन्होंने अपने परवरदिगार से फ़रियाद की कि मुझे तकलीफ़ हो रही है और तू बेहतरीन रहम करने वाला है. 
84. फिर हमने उनकी दुआ क़ुबूल की और उनकी तकलीफ़ को दूर कर दिया. और उन्हें उनके घरवाले अता कर दिए और उनके साथ उतने ही और भी दे दिए. यह हमारी तरफ़ से ख़ास रहमत और इबादत गुज़ार बन्दों के लिए ज़िक्र यानी नसीहत है. 
85. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और इस्माईल अलैहिस्सलाम और इदरीस अलैहिस्सलाम और ज़लकिफ़ली अलैहिस्सलाम के वाक़ियात याद करो कि वे सब साबिरों में से थे.
86. और हमने उन सबको अपनी रहमत में दाख़िल कर लिया. बेशक वे स्वालिहीन बन्दों में से थे.
87. और ज़वाल ए नून यानी मछली वाले यूनुस अलैहिस्सलाम को याद करो कि जब वह अपनी क़ौम पर ग़ज़बनाक होकर चल दिए. फिर उन्होंने यह गुमान कर लिया कि हम उन पर तंगी नहीं करेंगे, तो हमने उन्हें मछली के पेट में पहुंचा दिया. फिर उन्होंने अंधेरे से घबराकर फ़रियाद की कि ऐ मेरे परवरदिगार ! तेरे सिवा कोई माबूद नहीं. तेरी ज़ात पाक है. बेशक मैं ही ज़ालिमों में से हूं.
88. फिर हमने उनकी दुआ क़ुबूल कर ली और हमने उन्हें ग़म से निजात दी. और हम मोमिनों को ऐसे ही निजात दिया करते हैं.
89. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और ज़करिया अलैहिस्सलाम को याद करो कि जब उन्होंने अपने परवरदिगार से फ़रियाद की कि ऐ मेरे परवरदिगार ! मुझे तन्हा मत छोड़ और तू बेहतरीन वारिस है.
90. फिर हमने उनकी दुआ क़ुबूल कर ली और उन्हें यहया अलैहिस्सलाम सा बेटा अता किया और हमने उनके लिए उनकी बीवी को भी अच्छा कर दिया. बेशक वे सब भलाई के कामों में जल्दी करते थे और हमें उम्मीद और ख़ौफ़ के साथ पुकारते थे और हमारी बारगाह में आजिज़ी किया करते थे.
91. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और उस पाकीज़ा बीबी मरयम अलैहिस्सलाम को याद करो, जिन्होंने अपनी अस्मत की हिफ़ाज़त की, तो हमने उनमें अपनी रूह फूंक दी और उन्हें और उनके बेटे ईसा अलैहिस्सलाम को तमाम आलमों के लिए अपनी क़ुदरत की निशानी बना दिया.
92. बेशक यह तुम्हारी उम्मत है. सब एक ही उम्मत है और मैं तुम्हारा परवरदिगार हूं. फिर तुम मेरी ही इबादत किया करो.
93. और उन अहले किताब ने आपस में इख़्तिलाफ़ करके अपने दीन को टुकड़े-टुकड़े कर दिया. उन सबको हमारी तरफ़ ही लौटना है.
94. फिर जो नेक अमल करेगा और मोमिन भी हो, तो उसकी कोशिश के अज्र से कुफ़्र नहीं किया जाएगा और हम उसके सब आमाल लिखते जाते हैं.
95. और जिस बस्ती को हमने हलाक कर दिया. मुमकिन नहीं कि उसके लोग मरने के बाद हमारे पास लौटकर न आएं.
96. यहां तक कि जब याजूज और माजूज आज़ाद कर दिए जाएंगे और वे हर बुलंदी से फिसलते हुए आएंगे.
97. और क़यामत का सच्चा वादा क़रीब आ जाएगा, तो फिर कुफ़्र करने वालों की आंखें खुली रह जाएंगी और वे कहने लगेंगे कि हाय हमारी शामत ! हम इससे ग़फ़लत में रहे, बल्कि हम ही ज़ालिम थे.
98. उनसे कहा जाएगा कि ऐ काफ़िरो !  बेशक अल्लाह के सिवा जिन्हें तुम पुकारते हो, वे सब जहन्नुम का ईंधन हैं और तुम सबको उसमें डाला जाएगा.
99. अगर वे सच्चे सरपरस्त होते, तो उन्हें दोज़ख़ में नहीं डाला जाता और वे सब उसमें हमेशा रहेंगे.
100. दोज़ख़ में उन लोगों की चीख़ पुकार होगी और वे किसी की बात भी नहीं सुन सकेंगे.
101. बेशक जिन लोगों के लिए पहले से ही हमारी तरफ़ से अच्छाई मुक़र्रर हो चुकी है, वे सब दोज़ख़ से दूर रखे जाएंगे.
102. वे लोग दोज़ख़ की आहट भी नहीं सुनेंगे और वे अपनी मनचाही नेअमतों में हमेशा चैन व सुकून से रहेंगे.
103. क़यामत की सबसे बड़ी दहशत भी उन्हें ग़मगीन नहीं करेगी और फ़रिश्ते उनका इस्तक़बाल करेंगे और कहेंगे कि यह तुम्हारा ही दिन है, जिसका दुनिया में तुमसे वादा किया जाता था.
104. उस दिन हम आसमानों को इस तरह लपेटेंगे जैसे लिखे हुए काग़ज़ों को लपेट दिया जाता है. जिस तरह हमने कायनात की पहली बार तख़लीक़ की थी, उसी तरह दोबारा तख़लीक़ करेंगे. यह वादा पूरा करना लाज़िमी है और हम इसे ज़रूर पूरा करेंगे. 
105. और बेशक हमने ज़ुबूर में ज़िक्र के बाद लिख दिया था कि आख़िरत की ज़मीन के वारिस सिर्फ़ हमारे स्वालिहीन बन्दे होंगे.
106. बेशक इस क़ुरआन में इबादत गुज़ार क़ौम के लिए अल्लाह के अहकाम हैं.
107. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हमने तुम्हें तमाम आलमों के लिए सरापा रहमत बनाकर भेजा है.
108. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि मेरे पास सिर्फ़ यह वही की जाती है कि तुम्हारा माबूद सिर्फ़ माबूदे यकता है. फिर क्या तुम उसके मुसलमान यानी फ़रमाबरदार हो.
109. फिर अगर वे लोग मुंह फेरें, तो तुम कह दो कि मैंने तुम सबको यकसां तौर पर बराबर ख़बरदार कर दिया है और मैं नहीं जानता कि वह अज़ाब क़रीब है या अभी दूर है, जिसका तुमसे वादा किया जाता है.
110. बेशक अल्लाह उसे भी जानता है, जो बात पुकार कर कही जाती है और वह उससे भी ख़ूब वाक़िफ़ है, जिसे तुम छुपाते हो.
111. और मैं नहीं जानता कि शायद यह अज़ाब में देरी तुम्हारे लिए एक फ़ितना हो और तुम्हें एक मुक़र्रर मुद्दत तक चैन से रहने की मोहलत दी गई हो.
112. हमारे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने अर्ज़ किया कि ऐ मेरे परवरदिगार ! तू हमारे और काफ़िरों के दरम्यान हक़ के साथ फ़ैसला कर दे. और हमारा परवरदिगार बड़ा मेहरबान है. ऐ काफ़िरो ! उसी से मदद तलब की जाती है उन दिल आज़ार बातों पर, जो तुम बयान करते हो. 

Wednesday, September 1, 2021

22 सूरह अल हज

सूरह अल हज मक्का में नाज़िल हुई और इसकी 78 आयतें हैं.
अल्लाह के नाम से शुरू, जो बड़ा मेहरबान निहायत रहम वाला है
1. ऐ इंसानो! अपने परवरदिगार से डरते रहो. बेशक क़यामत का ज़लज़ला बड़ी सख़्त चीज़ है.
2. जिस दिन तुम उसे देखोगे कि हर दूध पिलाने वाली औरत अपने दूध पीते बच्चे को भूल जाएगी और हर हामिला औरत अपना हमल गिरा देगी. और लोग मदहोश नज़र आएंगे. हालांकि वे नशे में नहीं होंगे, लेकिन अल्लाह का अज़ाब इतना सख़्त होगा कि उसकी दहशत से लोग बदहवास हो जाएंगे.
3. और कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो अल्लाह के बारे में बग़ैर इल्म के झगड़ते हैं और हर सरकश शैतान की पैरवी करते हैं.
4. जिस शैतान के बारे में लिख दिया गया है कि जो उससे दोस्ती करेगा, तो बेशक वह उसे गुमराह कर देगा और दोज़ख़ के अज़ाब का रास्ता दिखाएगा.
5. ऐ इंसानो ! अगर तुम्हें मरने के बाद दोबारा ज़िन्दा करके उठाए जाने में शक है, तो अपनी तख़लीक़ पर ग़ौर व फ़िक्र करो. बेशक हमने तुम्हारी इब्तिदाई तख़लीक़ मिट्टी से की है. फिर नुत्फ़े से उसके बाद जमे हुए ख़ून से फिर लोथड़े से, जिसमें कोई मुकम्मल हो जाता है और कोई अधूरा ही रह जाता है, ताकि हम तुम्हारे लिए अपनी क़ुदरत को ज़ाहिर कर दें. और हम जिसे चाहते हैं, रहमों में मुक़र्रर मुद्दत तक ठहराये रखते हैं. फिर हम तुम्हें बच्चा बनाकर बाहर ले आते हैं. फिर तुम्हारी परवरिश करते हैं, ताकि तुम जवानी को पहुंच जाओ. फिर तुममें से कुछ लोग जल्दी मर जाते हैं और कुछ लोग ज़ईफ़ी की उम्र तक पहुंच जाते हैं, ताकि वे देख लें कि सबकुछ जानने के बाद भी कुछ नहीं जानते. और तुम बंजर ज़मीन को देखते हो. फिर जब हम पानी बरसा देते हैं, तो वह शादाब होकर लहलहाने और उभरने लगती है. और उसमें हर क़िस्म की ख़ु़शनुमा चीज़ें उगने लगती हैं. 
6. यह सबकुछ इसलिए होता है, ताकि तुम जान लो कि अल्लाह ही बरहक़ है और बेशक वही मुर्दों को ज़िन्दा करता है और यक़ीनन वह हर चीज़ पर क़ादिर है.
7. और बेशक क़यामत आने वाली है. इसमें कोई शक नहीं है. और बेशक अल्लाह उन लोगों को दोबारा ज़िन्दा करके उठाएगा, जो क़ब्रों में होंगे. 
8. और लोगों में से कुछ ऐसे भी हैं, जो अल्लाह के बारे में झगड़ते रहते हैं, बगै़र इल्म के और बगै़र हिदायत व दलील के और बगै़र रौशन किताब के, जो आसमान से नाज़िल हुई हो.
9. जो तकब्बुर से अपनी गर्दन मोड़े हुए है, ताकि दूसरों को अल्लाह के रास्ते से भटका दे, तो उसके लिए दुनिया में भी रुसवाई है और क़यामत के दिन भी हम उसे दोज़ख़ की भड़कती हुई आग के अज़ाब का ज़ायक़ा चखाएंगे.
10. उससे कहा जाएगा कि यह उसकी सज़ा है, जो कुछ तेरे हाथ आगे भेज चुके हैं. और बेशक अल्लाह अपने बन्दों पर कोई जु़ल्म नहीं करता.
11. और लोगों में से कोई ऐसा भी होता है, जो दीन के एक किनारे पर रहकर अल्लाह की इबादत करता है. फिर अगर उसे कोई भलाई पहुंचती है, तो वह मुतमईन हो जाता है. और अगर वह किसी आज़माइश में मुब्तिला हुआ, तो वह फ़ौरन कुफ़्र की तरफ़ पलट जाता है. उसने दुनिया में भी नुक़सान उठाया और आख़िरत में भी. यही तो सरीह नुक़सान है.
12. वह शख़्स अल्लाह के सिवा उन्हें पुकारता है, जो न उसे नुक़सान पहुंचा सकते हैं और न कुछ नफ़ा ही पहुंचा सकते हैं. यही तो परले दर्जे की गुमराही है.
13. वह उसे पुकारता है जिसका नुक़सान उसके नफ़े से ज़्यादा क़रीब है. बेशक वह बुरा सरपरस्त और बुरा साथी है.
14. बेशक जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो अल्लाह उन्हें जन्नत के बाग़ों में दाख़िल करेगा, जिनके नीचे नहरें बहती हैं. बेशक अल्लाह जो चाहता है, वह करता है.
15. जो शख़्स यह गुमान करता है कि अल्लाह अपने महबूब रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की दुनिया और आख़िरत में मदद नहीं करेगा, तो उसे चाहिए कि वह एक रस्सी के ज़रिये आसमान की तरफ़ बढ़े और फिर उस रस्सी को काट दे. फिर देखे कि यह तदबीर उस चीज़ को दूर कर सकती है या नहीं, जो उसे ग़ुस्सा दिला रही है.
16. और इसी तरह हमने इस कु़रआन को वाजे़ह निशानियों की सूरत में नाज़िल किया है. और बेशक अल्लाह जिसे चाहता है, हिदायत देता है.
17. बेशक जो लोग ईमान लाए और जो यहूदी हो गए और सितारा परस्त और नसरानी यानी ईसाई और आतिश परस्त और मुशरिक हो गए, बेशक अल्लाह क़यामत के दिन उन लोगों के दरम्यान फ़ैसला कर देगा. बेशक अल्लाह हर चीज़ का गवाह है.
18. क्या तुमने नहीं देखा कि सारी मख़लूक़ अल्लाह को सजदा करती है, जो आसमानों में है और जो ज़मीन में है और सूरज और चांद और सितारे और पहाड़ और दरख़्त और चौपाये और बहुत से इंसान भी. और बहुत से लोग ऐसे भी हैं, जिन पर कुफ़्र की वजह से अज़ाब का हुक्म सादिर हो चुका है. और अल्लाह जिसे ज़लील कर दे, तो उसे कोई इज़्ज़त देने वाला नहीं है. बेशक अल्लाह जो चाहता है, वह करता है.
19. मोमिन और काफ़िर ये दो फ़रीक़ हैं, जो अपने परवरदिगार के बारे में झगड़ते रहते हैं. फिर जो लोग काफ़िर हो गए, उनके लिए दोज़ख़ की आग के कपड़े काटकर सील दिए गए हैं. उनके सरों पर खौलता हुआ पानी डाला जाएगा.
20. जिसकी गर्मी से उनके पेट के अंदर की चीज़ें और खालें गल जाएंगी.
21. और उन्हें मारने के लिए लोहे के हथौड़े होंगे.
22. जब वे लोग अज़ाब से बचकर भागना चाहेंगे, तो उन्हें वापस लौटा दिया जाएगा और उनसे कहा जाएगा कि आग के अज़ाब का ज़ायक़ा चखो.
23. बेशक जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, अल्लाह उन्हें जन्नत के सदाबहार बाग़ों में दाख़िल करेगा, जिनके नीचे नहरें बहती हैं. और जन्नत में उन्हें सोने के कंगन और मोतियों के हार पहनाए जाएंगे और वहां उनका लिबास रेशम का होगा.
24. और दुनिया में उन्हें पाकीज़ा क़ौल यानी कलमा ए तौहीद की हिदायत की गई और उन्हें अल्लाह का रास्ता दिखाया गया है, जो सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं.
25. बेशक जो लोग कुफ़्र करते हैं और दूसरों को अल्लाह के रास्ते और मस्जिदे हराम यानी ख़ाना ए काबा से रोकते हैं, जिसे हमने सबके लिए बराबर क़रार दिया है, अगरचे वे मक़ामी हों या बैरूनी सबका हक़ बराबर है. और जो इसमें ज़ुल्म के साथ गुमराह करने का इरादा करेगा, तो हम उसे दर्दनाक अज़ाब का ज़ायक़ा चखाएंगे.
26. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वह वक़्त याद करो कि जब हमने इब्राहीम अलैहिस्सलाम के लिए ख़ाना ए काबा की तामीर की जगह मुहैया कर दी और उनसे कहा कि हमारे साथ किसी चीज़ को शरीक न ठहराना और हमारे घर को तवाफ़ करने वालों और क़याम करने वालों और रुकू करने वालों और सजदे करने वालों के लिए पाक साफ़ रखना.
27. और लोगों के दरम्यान हज का ऐलान कर दो कि वे तुम्हारे पास पैदल और दुबले ऊंटों पर सवार होकर दूर दराज़ के रास्तों से चले आएं.
28. ताकि वे दुनिया व आख़िरत के फ़ायदे के लिए हाज़िर हों और चन्द मुक़र्रर दिनों के अंदर अल्लाह का नाम लेकर उन चौपायों को ज़िबह करें, जो अल्लाह ने उन्हें अता किए हैं. फिर तुम लोग क़ुर्बानी का गोश्त खु़द भी खाओ और बदहाल फ़क़ीरों को भी खिलाओ.
29. फिर लोगों को चाहिए कि वे अपनी कशाफ़्त दूर करें और अपनी नज़रें पूरी करें और अल्लाह के क़दीम घर ख़ाना ए काबा का तवाफ़ करें. 
30. यही हुक्म है. और जो अल्लाह की हुरमत वाली चीज़ों की ताज़ीम करता है, तो यह उसके पrवरदिगार के यहां उसके लिए बेहतर है. और तुम्हारे लिए तमाम चौपाये हलाल कर दिए गए हैं, सिवाय उन जानवरों के जिनकी तफ़सील तुम्हें पढ़कर सुना दी गई है. लिहाज़ा तुम बुतों की निजासत से बचा करो और झूठी बातों से भी परहेज़ किया करो.
31. तुम सिर्फ़ अल्लाह ही के होकर रहो. उसके साथ किसी को शरीक न ठहराओ. और जो अल्लाह के साथ किसी को शरीक करता है, तो वह ऐसा है जैसे आसमान से गिर पड़े. फिर उसे कोई परिन्दा उचक ले जाए या हवा उसे किसी दूर दराज़ की जगह पर ले जाकर फेंक दे.
32. यही हुक्म है. और जो अल्लाह की निशानियों की ताज़ीम करता है, तो बेशक यह ताज़ीम भी दिलों के तक़वे से ही हासिल होती है.
33. तुम्हारे लिए इन क़ुर्बानी के चौपायों में मुक़र्रर मुद्दत तक बहुत से फ़ायदें हैं. फिर उन्हें क़ुर्बानी के लिए क़दीमी घर ख़ाना ए काबा तक पहुंचना है.
34. और हमने हर उम्मत के लिए क़ुर्बानी मुक़र्रर कर दी है, ताकि वे उन चौपायों को ज़िबह करते वक़्त अल्लाह का नाम लें, जो अल्लाह ने उन्हें अता किए हैं. लिहाज़ा तुम्हारा माबूद माबूदे यकता है. फिर तुम उसी के फ़रमाबरदार बन जाओ. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम आजिज़ी करने वालों को जन्नत की खु़शख़बरी सुना दो.
35. ये वे लोग हैं कि जब उनके सामने अल्लाह का ज़िक्र किया जाता है, तो उनके दिल सहम जाते हैं और जब उन पर कोई मुसीबत आ जाती है, तो सब्र करते हैं. और पाबंदी से नमाज़ पढ़ते हैं और हमने जो कुछ उन्हें अता किया है, उसमें से अल्लाह की राह में ख़र्च करते हैं.
36. और हमने क़ुर्बानी के ऊंट को भी अल्लाह की निशानियों में से क़रार दिया है. इसमें तुम्हारे लिए ख़ैर है. फिर तुम उन्हें क़तार में खड़ा करके अल्लाह का नाम लो. फिर जब वे ज़िबह होकर पहलू के बल ज़मीन पर गिर जाएं, तो उनके गोश्त में से तुम खु़द भी खाओ और सवाल न करने वाले मोहताजों को भी खिलाओ और सवाल करने वाले मोहताजों को भी खिलाओ. इसी तरह हमने उन्हें तुम्हारे ताबे कर दिया है, ताकि तुम शुक्रगुज़ार बनो.
37. अल्लाह को न क़ुर्बानी का गोश्त पहुंचता है और न उसका ख़ून. लेकिन अल्लाह की बारगाह में तुम्हारा तक़वा पहुंचता है. अल्लाह ने चौपायों को इसलिए तुम्हारे क़ाबू में किया है, ताकि तुम उन्हें ज़िबह करते वक़्त अल्लाह की तकबीर कहो, जैसे उसने तुम्हें हिदायत दी है. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और तुम मोहसिनों को जन्नत की ख़ु़शख़बरी सुना दो.
38. बेशक अल्लाह मोमिनों से शैतान के शर को दूर करता रहता है. बेशक अल्लाह किसी ख़यानत करने वाले नाशुक्रे को पसंद नहीं करता.
39. उन लोगों को जिहाद की इजाज़त दे दी गई है, जिनसे नाहक़ जंग की जा रही है और उन पर ज़ुल्म किए जा रहे हैं. और बेशक अल्लाह उन मज़लूमों की मदद पर क़ादिर है.
40. ये वे लोग हैं, जो अपने घरों से नाहक़ निकाल दिए गए, क्योंकि वे कहते थे कि हमारा परवरदिगार अल्लाह है. और अगर अल्लाह कुछ तबक़ों को दूसरे तबक़ों के ज़रिये नहीं हटाता, तो ख़ानक़ाहें, गिरजे और यहूदियों के इबादत ख़ाने और मजूस के इबादत ख़ाने और मस्जिदें यानी तमाम इबादतगाहें, जिनमें कसरत से अल्लाह का ज़िक्र किया जाता है, सब ढहाकर वीरान कर दी जातीं. और जो अल्लाह के दीन की मदद करता है, तो बेशक अल्लाह उसकी मदद करता है. बेशक अल्लाह बड़ा क़ूवत वाला बड़ा ग़ालिब है.
41. ये वे लोग हैं कि अगर हम इन्हें ज़मीन में इख़्तेदार दे दें, तो वे नमाज़ का निज़ाम क़ायम करें, और ज़कात की अदायगी का इंतज़ाम करें और अच्छे काम का हुक्म करें और लोगों को बुराई से रोकें. और सब कामों का अंजाम अल्लाह ही के इख़्तियार में है.
42. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और अगर ये काफ़िर तुम्हें झुठलाते हैं, तो कोई ताज्जुब नहीं है. इससे पहले नूह अलैहिस्सलाम की क़ौम और हूद अलैहिस्सलाम की क़ौम आद और सालेह अलैहिस्सलाम की क़ौम समूद ने भी अपने रसूलों को झुठलाया था. 
43. और इब्राहीम अलैहिस्सलाम की क़ौम और लूत अलैहिस्सलाम की क़ौम ने भी अपने रसूलों को झुठलाया था.  
44. और मदयन के रहने वाले लोग भी अपने रसूलों को झुठला चुके हैं. और मूसा अलैहिस्सलाम को भी झुठलाया गया है. फिर हम उन सब काफ़िरों को मोहलत देते रहे. फिर हमने उन्हें अज़ाब में गिरफ़्तार कर लिया, तो उन्होंने देख लिया कि हमारा अज़ाब कैसा था.
45. फिर कितनी ही बस्तियां ऐसी हैं, जिन्हें हमने हलाक कर दिया कि उनमें रहने वाले लोग ज़ालिम थे. फिर उन्हें पलट दिया, तो वे अपनी छतों पर ढह गईं. और कितने कुएं बेकार हो गए और कितने ही मज़बूत महल भी उजड़ गए.
46. क्या वे लोग ज़मीन में चले फिरे नहीं कि खंडहरों को देखकर उनके लिए ऐसे दिल हो जाते हैं, जो हक़ को समझ सकते या उनके कान ऐसे हो जाते होते, जिनके ज़रिये हक़ को सुन सकते. बेशक ऐसे लोगों की आंखें अंधी नहीं होतीं, लेकिन दिल अंधे हो जाते हैं, जो सीनों में हैं.
47. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और वे लोग तुमसे अज़ाब में जल्दी के तलबगार हैं और अल्लाह हरगिज़ अपने वादे की ख़िलाफ़वर्ज़ी नहीं करेगा. और बेशक क़यामत का एक दिन तुम्हारे परवरदिगार के नज़दीक तुम्हारे शुमार के हिसाब से एक हज़ार बरस के बराबर है.
48. और कितनी बस्तियां ऐसी हैं, जिन्हें हमने मोहलत दी और उनमें रहने वाले ज़ालिम थे. फिर हमने उन्हें अज़ाब में गिरफ़्तार कर लिया. और सबको हमारी तरफ़ ही लौटना है.
49. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! तुम कह दो कि ऐ लोगो ! मैं तो सिर्फ़ तुम्हें अल्लाह के अज़ाब से ख़बरदार करने वाला पैग़म्बर हूं. 
50. फिर जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, तो उनके लिए मग़फ़िरत और इज़्ज़त का रिज़्क़ है.
51. और जो लोग हमारी आयतों को झुठला कर हमें आजिज़ करने की कोशिश करते हैं, तो वही लोग असहाबे जहन्नुम हैं.
52. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और हमने तुमसे पहले कोई ऐसा रसूल या नबी नहीं भेजा कि जब भी उसने अल्लाह का कलाम पढ़ा, तो शैतान ने सुनने वाले लोगों के ज़ेहन में उस कलाम के बारे में वसवसे डाल दिए. फिर शैतान जो वसवसे डालता है, अल्लाह उन्हें मिटा देता है और अपनी आयतों को मुस्तहकम कर देता है. और अल्लाह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा हिकमत वाला है. 
53. यह इसलिए होता है, ताकि अल्लाह लोगों के ज़ेहनों में डाले गए शैतान के वसवसों को उनकी आज़माइश का ज़रिया बना दे, जिनके दिलों में कुफ़्र का मर्ज़ है और जिनके दिल सख़्त हैं. और बेशक ज़ालिम बड़ी शदीद मुख़ालिफ़त में मुब्तिला हैं.
54. और यह इसलिए भी होता है, ताकि जिन लोगों को इल्म अता किया गया है, वे जान लें कि बेशक तुम्हारे परवरदिगार की तरफ़ से नाज़िल हुई वही बरहक़ है. फिर वे लोग इस पर ईमान ले आएं और फिर उनके दिल अल्लाह की बारगाह में आजिज़ी का इज़हार करें. और बेशक अल्लाह ईमान वालों को सीधे रास्ते की हिदायत देता है.
55. और कुफ़्र करने वाले लोग हमेशा क़ुरआन के हवाले से शक व शुबहा में मुब्तिला रहेंगे, यहां तक कि अचानक उन पर क़यामत आ जाए या सख़्त मनहूस दिन का अज़ाब नाज़िल हो जाए, जिससे निजात का कोई इमकान नहीं.
56. उस दिन सिर्फ़ अल्लाह ही की बादशाहत होगी. वही उनके दरम्यान फ़ैसला करेगा. फिर जो लोग ईमान लाए और नेक अमल करते रहे, वे जन्नत के नेअमतों से सराबोर बाग़ों में रहेंगे.
57. और जिन लोगों ने कुफ़्र किया और हमारी आयतों को झुठलाया, तो उनके लिए ज़िल्लत अंगेज़ अज़ाब होगा. 
58. और जिन लोगों ने अल्लाह की राह में अपने वतन से हिजरत की, फिर क़त्ल कर दिए गए या उन्हें मौत आ गई, तो अल्लाह उन्हें यक़ीनन उम्दा रिज़्क़ देगा. और बेशक अल्लाह बेहतरीन रिज़्क़ देने वाला है.
59. अल्लाह यक़ीनन उन्हें ऐसी जगह दाख़िल करेगा, जिससे वे ख़ुश हो जाएंगे. और बेशक अल्लाह बड़ा साहिबे इल्म बड़ा हलीम है.
60. यही हुक्म है. और जिसने अपने दुश्मन से उतना ही बदला लिया, जितनी उसे अज़ीयत दी गई थी. फिर दोबारा दुश्मन की तरफ़ से उस पर ज़्यादती की जाए, तो अल्लाह उस मज़लूम की ज़रूर मदद करेगा. बेशक अल्लाह बड़ा मुआफ़ करने वाला बड़ा बख़्शने वाला है. 
61. यह इसलिए है कि अल्लाह बड़ा क़ादिर है. वही रात को दिन में दाख़िल करता है और दिन को रात में दाख़िल करता है. और बेशक अल्लाह ख़ूब सुनने वाला ख़ूब देखने वाला है.
62. और यह इसलिए भी है कि अल्लाह ही बरहक़ है. और बेशक काफ़िर अल्लाह के सिवा जिन्हें पुकारते हैं, वे सब बातिल हैं. और यक़ीनन अल्लाह ही आला व सबसे बड़ा है.
63. क्या तुमने नहीं देखा कि अल्लाह आसमान से पानी बरसाता है, तो ज़मीन सर सब्ज़ व शादाब हो जाती है. बेशक अल्लाह बड़ा लतीफ़ बड़ा बाख़बर है.
64. जो कुछ आसमानों में और जो कुछ ज़मीन में है, सब उसी का है. और बेशक अल्लाह बेनियाज़ सज़ावारे हम्दो सना है यानी तमाम तारीफ़ें अल्लाह ही के लिए हैं.
65. क्या तुमने नहीं देखा कि जो कुछ ज़मीन में है, सबको अल्लाह ने तुम्हारे क़ाबू में कर दिया है. और कश्तियों को भी, जो उसके हुक्म से समन्दर व दरिया में चलती हैं. और वही तो आसमान को ज़मीन पर गिरने से रोके हुए है. लेकिन जब उसका हुक्म होगा, तो वह गिर पडे़गा. बेशक अल्लाह लोगों पर शफ़क़त करने वाला निहायत रहम करने वाला है.
66. और वह अल्लाह ही है, जिसने तुम्हें ज़िन्दगी बख़्शी. फिर तुम्हें मौत देता है. फिर तुम्हें दोबारा ज़िन्दा करेगा. बेशक इंसान बड़ा ही कुफ़्र करने वाला व नाशुक्रा है. 
67. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! हमने हर उम्मत के लिए एक तरीक़ा मुक़र्रर कर दिया है. उन्हें उसी पर चलना है. लिहाज़ा दीन के बारे में लोगों को तुमसे झगड़ा नहीं करना चाहिए. और तुम उन्हें अपने परवरदिगार की तरफ़ बुलाते रहो. बेशक तुम हिदायत के सीधे रास्ते पर क़ायम हो.
68. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम !  और अगर वे लोग तुमसे झगड़ा करें, तो तुम कह दो कि अल्लाह उन आमाल से खू़ब वाक़िफ़ है, जो तुम कर रहे हो.
69. अल्लाह क़यामत के दिन उन तमाम बातों का फ़ैसला कर देगा, जिनमें तुम इख़्तिलाफ़ किया करते हो. 
70. ऐ मेरे महबूब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! क्या तुम नहीं जानते कि बेशक अल्लाह उसे ख़ूब जानता है, जो कुछ आसमानों और ज़मीन में है. बेशक यह सब किताब यानी लौहे महफ़ूज़ में दर्ज है. बेशक यह सब अल्लाह के लिए बहुत आसान है. 
71. और वे लोग अल्लाह के सिवा जिन्हें पुकारते हैं, जिनकी उसने कोई सनद नाज़िल नहीं की और न उन्हें उसका कुछ इल्म है. और क़यामत के दिन ज़ालिमों का कोई मददगार नहीं होगा.
72. ऐ रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ! और जब हमारी वाज़ेह आयतें उन लोगों के सामने पढ़ी जाती हैं, तो तुम उन काफ़िरों के चेहरों पर नागवारी के आसार देख सकते हो. ऐसा लगता है कि वे उन लोगों पर हमला कर देंगे, जो उन्हें हमारी आयतें पढ़कर सुनाते हैं. तुम कह दो कि क्या मैं तुम्हें इससे भी ज़्यादा बदतर चीज़ से आगाह कर दूं. वह दोज़ख़ की आग है, जिसका अल्लाह ने काफ़िरों से वादा किया है. और वह बहुत ही बुरा ठिकाना है.
73. ऐ इंसानो ! एक मिसाल बयान की जाती है, इसलिए इसे ग़ौर से सुनो. बेशक जिन्हें तुम अल्लाह के सिवा पुकारते हो, वे सब मिलकर भी एक मक्खी तक पैदा नहीं कर सकते. और अगर मक्खी उनसे कुछ छीन कर ले जाए, तो उससे उसे छुड़ा भी नहीं सकते. कितना बेबस है तालिब भी और मतलूब भी.
74. उन काफ़िरों ने अल्लाह की क़द्र नहीं की, जैसी उसकी क़द्र करनी चाहिए थी. बेशक अल्लाह बड़ा क़ूवत वाला बड़ा ग़ालिब है.
75. अल्लाह फ़रिश्तों में से भी और इंसानों में से भी अपने पैग़ाम पहुंचाने के लिए रसूलों को मुंतख़िब कर लेता है. बेशक अल्लाह ख़ूब सुनने वाला ख़ूब देखने वाला है.
76. और अल्लाह उसे ख़ूब जानता है, जो कुछ उनके सामने है और जो कुछ उनके पीछे है. और तमाम काम अल्लाह की तरफ़ ही रुजू होते हैं. 
77. ऐ ईमान वालो ! तुम अल्लाह की बारगाह में रुकू करो और सजदे करो और अपने परवरदिगार की इबादत करो और भलाई के काम करो, ताकि तुम कामयाबी पा सको.
78. और अल्लाह की राह में जिहाद करो, जैसा कि उसके जिहाद का हक़ है. यानी ख़ुद की और मुआशरे की बुराइयों से लड़ो और अल्लाह की मख़लूक़ के साथ हुस्ने सुलूक करो. उसने तुम्हें मुंतख़िब किया है और उसने तुम पर दीन में किसी तरह की ज़हमत नहीं दी. यही तुम्हारे बाप इब्राहीम का दीन है. उसी अल्लाह ने तुम्हारा नाम मुसलमान रखा है. इससे पहले की किताबों में भी और क़ुरआन में भी, ताकि ये रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम तुम्हारे गवाह हो जाएं. और तुम पाबंदी से नमाज़ पढ़ा करो और ज़कात देते रहो और अल्लाह के अहकाम को मज़बूती से थामे रहो. और अल्लाह ही तुम्हारा मौला है और वही बेहतरीन मौला और वही बेहतरीन मददगार है.